Adhir Ranjan Choudhary: प. बंगाल में टीएमसी नेता वो पूर्व सीएम ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने करारा तंज कसा है। अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि बंगाल में राजनीतिक हिंसा बंद होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सत्ता में कोई भी पार्टी हो, गुंडागर्दी का माहौल लगातार बना हुआ है। उन्होंने सांप और सपेरे का जिक्र करते हुए अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले पर तंज भी कसा।
अधीर रंजन चौधरी ने कसा अभिषेक बनर्जी और टीएमसी पर तंज
टीएमसी के राज में हमने गुंडागर्दी का दौर देखा
अधीर रंजन चौधरी ने कहा, देखिए, बंगाल में उन्होंने जिस तरह का माहौल बनाया है, अब वे खुद ही उसी के शिकार हो रहे हैं। जिस तरह की गुंडागर्दी टीएमसी करती थी, अब वही बीजेपी कर रही है। यह बिल्कुल एक जैसी बात है। बंगाल में टीएमसी (TMC) के राज में हमने गुंडागर्दी का जो दौर देखा था, वह अभी खत्म नहीं हुआ है। वह अब भी जारी है। मेरा कहना है कि यह सब बंद होना चाहिए। सपेरे की मौत सांप के हाथ होती है। हमने जो गुंडागर्दी होते बंगाल में देखी है, वह दौर अभी चल रहा है। यह सब बंद होना चाहिए।
अभिषेक बनर्जी पर बरसाए अंडे-जूते
पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। यहां उन पर स्थानीय लोगों ने तब हमला किया, जब वे चुनावी हिंसा के पीड़ितों के परिवारों से मिलने सोनारपुर गए थे। इस दौरान, लोगों ने टीएमसी सांसद पर लोगों ने पत्थर, जूते और अंडे भी फेंके। साथ ही उन पर लात-घूंसे बरसाने की कोशिश भी की। इस दौरान नाराज लोगों ने अभिषेक बनर्जी के खिलाफ 'चोर-चोर' के नारे भी लगाए।
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद अभिषेक बनर्जी पहली बार इस तरह से किसी से सार्वजनिक रूप से मिलने जा रहे थे। शुक्रवार रात को ही इस बारे में ऐलान किया गया था कि अभिषेक बनर्जी शनिवार को सोनारपुर नगरपालिका इलाके के वार्ड नंबर नौ में विवेकानंदनगर इलाके में चुनावी हिंसा के शिकार संजू कर्मकार के परिवार से मिलने जाएंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जैसे ही अभिषेक बनर्जी अपनी गाड़ी से बाहर निकले, लोगों ने चोर-चोर के नारे लगाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी हाथों में अंडे लेकर उनके विरोध के लिए इकट्ठी हुईं थीं। इस दौरान लोगों ने सवाल किया कि वे यहां क्या करने आए हैं, जब आरजीकर में डॉक्टर के साथ रेप और हत्या हुई तब वे क्यों नहीं आए?
