IPL Final Security: आईपीएल 2026 का आज फाइनल मुकाबला है। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस (RCB Vs GT) के बीच खिताबी भिड़ंत होने जा रही है। मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में है।
मैच के मद्देनजर शहर भर में 3,043 कर्मियों की एक विशाल बल तैनात की गई है। इसमें 3 आईजीपी, 11 डीसीपी, 21 एसीपी, 47 पुलिस इंस्पेक्टर, 140 सब-इंस्पेक्टर और 2,823 अन्य अधिकारी शामिल हैं। क्राइम ब्रांच, स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी), बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीडीएस) और एंटी-ड्रोन टीमों सहित विशेष इकाइयां प्रमुख स्थानों पर तैनात हैं।
फाइनल मुकाबले से पहले टिकटों की कालाबाजारी (Black Marketing) का बड़ा मामला सामने आया है। इस हाई-प्रोफाइल मैच को लेकर दर्शकों के भारी उत्साह का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे टिकट ब्लैकर्स के खिलाफ अहमदाबाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।
टिकट की कालाबाजारी के खिलाफ एक्शन
क्रिकेट फैंस के भारी हुजूम और टिकटों की अप्रत्याशित मांग को देखते हुए अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जी. एस. मलिक ने शनिवार को एक विशेष अधिसूचना (Notification) जारी की। इस आदेश के तहत शहर में आईपीएल फाइनल मैचों की टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
यह आदेश शनिवार रात 12:00 बजे से लेकर रविवार (31 मई) की आधी रात तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान किसी भी व्यक्ति को तय कीमत से अधिक दाम पर टिकट बेचने या ब्लैक करने के उद्देश्य से टिकटों का स्टॉक रखने की अनुमति नहीं है।
5 आरोपी गिरफ्तार
स्टेडियम और शहर के अलग-अलग इलाकों में पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्थानीय थानों की टीमों ने जाल बिछाकर कुल 5 लोगों को टिकटों की कालाबाजारी करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
न्यू सीजी रोड पर चांदखेड़ा पुलिस ने सूचना के आधार पर ईशान भट्ट (21 वर्ष) और निर्मलकुमार गुंडेचा (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया। ये दोनों आने-जाने वाले लोगों को ₹3,500 की मूल कीमत वाली टिकट ₹15,000 प्रति टिकट (लगभग चार गुना दाम) में बेचने की कोशिश कर रहे थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इन्हें ये टिकट बापूनगर की एक होटल में ठहरे ऋषभचंद्र जैन (19 वर्ष) ने मुहैया कराई थीं, जिसके बाद पुलिस ने ऋषभ को भी दबोच लिया।
अहमदाबाद शहर की क्राइम ब्रांच ने सिंधु भवन रोड के पास से दो अन्य युवकों को गिरफ्तार किया। इनमें बोदकदेव का रहने वाला बीए थर्ड ईयर का छात्र मान पटेल (19 वर्ष) और गोमतीपुर का रहने वाला इवेंट मैनेजर शफीक अंसारी (24 वर्ष) शामिल हैं। ये दोनों ₹3,500 की टिकट को ₹10,000 में बेच रहे थे। पुलिस ने इनके पास से 4 टिकटें और करीब सवा लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
