महाराष्ट्र में एमवीए गठबंधन में सीटों को लेकर बवाल मचा दिख रहा है। सपा ने धमकी देते हुए कहा कि अगर समझौता नहीं हुआ तो 20 से 25 सीटों पर उम्मीदवार उतार देंगे। समाजवादी पार्टी कुछ सीटों के लिए कैंडिडेट भी घोषित कर चुकी है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
सपा नेता अबू आजमी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत दौरान कांग्रेस पर अतीत में उनकी पार्टी को ‘धोखा’ देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बातचीत को लंबा खींचती है और फिर दावा करती है कि विचार-विमर्श चल रहा है। आजमी ने कहा कि सपा ने भायकला और वर्सोवा सीट पर दावा किया है।
पांच कैंडिडेट सपा कर चुकी है घोषित
सपा पहले ही पांच सीट पर उम्मीदवार उतार चुकी है तथा सात और सीट की मांग कर रही है। आजमी ने कहा, ‘‘(शरद) पवार साहब ने हमें कल तक का समय दिया है। अगर वे हमें पांच सीट देते हैं और एक या दो सीटें और देते हैं तो हम गठबंधन में बने रहेंगे। अन्यथा मैं 20-25 उम्मीदवार मैदान में उतारूंगा। तब मैं परिणामों के लिए जिम्मेदार नहीं रहूंगा।’’
नामांकन फॉर्म तैयार- आजमी
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके राज्य के नेता एमवीए के अन्य दलों के साथ सीट बंटवारे के मुद्दे पर पार्टी के शीर्ष नेताओं से मिलने के लिए बार-बार दिल्ली जा रहे हैं। आजमी ने कहा, ‘‘मैं भीख मांगने वालों में से नहीं हूं। अगर मेरी सीट पर कोई फैसला नहीं होता है तो मेरे ए और बी फॉर्म तैयार हैं।’’
