देश

Congress MLA Arrest: ईडी ने कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर को 5 स्टार होटल से किया गिरफ्तार

ED अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे उन्हें खुफिया सूचना मिली थी कि छौक्कर कुछ लोगों के साथ होटल के बार में मौजूद है।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

Photo : PTI

प्रवर्तन निदेशालय ने हरियाणा से कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर को दिल्ली में पांच सितारा होटल से मामूली झड़प के बाद गिरफ्तार कर लिया है। एजेंसी के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पूर्व विधायक छौक्कर फरार थे। उन्हें रविवार रात नौ बजे के बाद मध्य दिल्ली के शांगरी-ला होटल के 'ग्रेप्पा बार' से हिरासत में लिया गया।

ईडी अधिकारियों ने बताया कि गुरुग्राम की विशेष पीएमएलए अदालत द्वारा उन्हें भगोड़ा अपराधी घोषित करने के अलावा उनके खिलाफ जारी सात गैर-जमानती वारंट के अनुसरण में एजेंसी के एक अधिकारी शीघ्र ही घटनास्थल पर पहुंचे।अधिकारियों ने आरोप लगाया कि जब छौक्कर का ईडी अधिकारी से सामना हुआ, तो वह बाहर की ओर भागने लगे। अधिकारी ने ईडी के गुरुग्राम जोन के संयुक्त निदेशक नवनीत अग्रवाल के साथ मिलकर पूर्व विधायक का पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि छौक्कर ने ईडी अधिकारियों और होटल के कर्मचारियों पर हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों को बुलाया गया।जांच एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने स्थानीय पुलिस को बुलाया और जल्द ही एक कांस्टेबल वहां पहुंचा, जिसके बाद छौक्कर को दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय ले जाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि छौक्कर को सोमवार को गुरुग्राम की एक अदालत में पेश किया जाएगा।पानीपत जिले की समालखा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक छौक्कर को पिछले साल हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने उसी सीट से प्रत्याशी बनाया था, लेकिन वह चुनाव में हार गए थे।छौक्कर, उनके बेटों विकास छौक्कर और सिकंदर छौक्कर पर घर खरीदने वाले 1,500 लोगों के साथ धोखाधड़ी करने और उनसे 500 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हड़पने का आरोप है।

सिकंदर को पिछले साल ईडी ने गिरफ्तार किया था

सिकंदर को पिछले साल ईडी ने गिरफ्तार किया था और वह फिलहाल जमानत पर बाहर है, जबकि विकास छौक्कर फरार है।विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम अदालत ने धर्म सिंह छौक्कर और विकास छौक्कर के खिलाफ कई गैर-जमानती वारंट जारी किए हैं।ईडी ने मार्च में कहा था कि एजेंसी ने उन्हें 19 मई को अदालत के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया था।

धन शोधन का यह मामला गुरुग्राम पुलिस द्वारा साई आईना फार्म्स और उससे जुड़ी कंपनियों के खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी पर आधारित है।

ईडी ने कहा, 'यह धोखाधड़ी गुरुग्राम के सेक्टर 68, 103 और 104 में किफायती आवास परियोजनाओं के वादे के संबंध में की गई थी और कंपनी ने 3,700 घर खरीदारों से लगभग 616 करोड़ रुपये एकत्र किए थे।' उसने कहा था, 'कंपनी निर्धारित समय सीमा के भीतर मकान देने में विफल रही और धन का दुरुपयोग किया।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article