नोएडा

लाखों रुपये की ठगी करने वाला फर्जी रेलवे अधिकारी हुआ गिरफ्तार, नौकरी दिलाने के नाम पर कर रहा था धोखाधड़ी

Fake Railway Officer Arrested: नोएडा के सेक्टर 63 में पुलिस ने एक बड़ी धोखाधड़ी का पर्दाफाश करते हुए एक फर्जी रेलवे अधिकारी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी खुद को रेलवे अधिकारी बताकर कई लोगों से नौकरी दिलाने और शस्त्र लाइसेंस बनवाने के नाम पर ठगी कर रहा था।

Image

नोएडा में पुलिस ने फर्जी रेलवे अधिकारी को किया गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Fake Railway Officer Arrested: नोएडा के सेक्टर 63 में पुलिस ने एक बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा करते हुए एक नकली रेलवे अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रशांत कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। आरोपी ने खुद को रेलवे विभाग में टीटीई और प्रशासनिक अधिकारी बताकर लोगों को ठगा। उसने नौकरी दिलाने और शस्त्र लाइसेंस बनवाने के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपये वसूले।

पुलिस के मुताबिक, प्रशांत पीड़ितों से संपर्क कर खुद को रेलवे अधिकारी बताता था और नौकरी दिलाने का झांसा देता था। विश्वास दिलाने के लिए वो नकली नियुक्ति पत्र भी दिखाता था। एक मामले में उसने एक व्यक्ति से शस्त्र लाइसेंस के नाम पर 71,000 रुपये, और उसके भांजे को रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 1 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

8-10 लोगों से धोखाधड़ी कर चुका था आरोपी

जानकारी के अनुसार, जब पीड़ित ने अपने काम की स्थिति जाननी चाही, तो आरोपी ने बहाने बनाकर टालमटोल करना शुरू कर दिया और बाद में उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत थाना सेक्टर 63 में दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की और पाया कि आरोपी पहले भी 8-10 लोगों के साथ इसी तरह की धोखाधड़ी कर चुका है, जिससे कुल मिलाकर लाखों रुपये की ठगी की गई है।

ऐसे पकड़ा गया आरोपी

पुलिस ने स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर बहलोलपुर अंडरपास के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 7 नकली नियुक्ति पत्र, 3 मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किए गए। आरोपी ने फर्जी ढंग से कई लोगों को अपनी चाल का शिकार बनाया था, जो अब पुलिस की गिरफ्त में है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article