देश

घुटने के दर्द के इलाज के बाद महिला का काटना पड़ा पैर, अब TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ दर्ज हुआ मामला

Bengal Health Camp: पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य देखभाल पहल 'सेवाश्रय' शिविर में घुटने के दर्द के इलाज के बाद एक महिला के अपना पैर गंवाने को लेकर दायर शिकायत पर तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Image

तृणमूल कांग्रेस महासचिव अभिषेक बनर्जी (फाइल फोटो)

Bengal Health Camp: पश्चिम बंगाल में कुछ महीने पहले शुरू की गई स्वास्थ्य देखभाल पहल 'सेवाश्रय' शिविर में घुटने के दर्द के इलाज के बाद एक महिला के अपना पैर गंवाने को लेकर दायर शिकायत पर तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

डायमंड हार्बर से सांसद बनर्जी ने 2 जनवरी को इस शिविर की शुरुआत की थी। उस समय पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की सरकार थी। पूर्व में भी 'सेवाश्रय' स्वास्थ्य शिविरों में कथित अनियमितताओं के संबंध में उनके खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज हुई है।

अभिषेक के खिलाफ मामला दर्ज

तीसरी प्राथमिकी दक्षिण 24 परगना जिले के महेशतला निवासी मालती बिस्वास की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई। महिला ने कुछ दिन पहले पुलिस में शिकायत की थी कि उसके इलाके में आयोजित एक 'सेवाश्रय' स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकीय लापरवाही के कारण उसे अपना एक पैर गंवाना पड़ा।

क्या है पूरा मामला?

शिकायत के अनुसार, मालती बिस्वास कुछ महीने पहले, घुटने के दर्द की शिकायत के साथ इस स्वास्थ्य शिविर में गई थीं। वहां चिकित्सकों ने उन्हें कुछ दवाइयों का सेवन करने की सलाह दी थी। इसके बाद, उन्होंने दवाइयों का सेवन शुरू किया। हालांकि, उनकी हालत बिगड़ गई, जिससे उन्हें एक और सेवाश्रय शिविर में जाना पड़ा। महिला ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि दूसरे शिविर के चिकित्सकों ने इलाज के लिए मोटी रकम मांगी और जब उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो उन्हें सरकारी अस्पताल भेज दिया।

    पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार, बाद में बिस्वास को एक सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने पाया कि उनके दाहिने पैर को अपूरणीय नुकसान हुआ है। इसके बाद उनका वह पैर काटना पड़ा। रवींद्रनगर थाने के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि कुछ दिन पहले मिली शिकायत के आधार पर अभिषेक बनर्जी और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

    Anurag Gupta
    अनुराग गुप्ताauthor

    अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

    और पढ़ें
    End of Article