देश

राम मंदिर चढ़ावा विवाद: AAP ने चलाया देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान; केजरीवाल ने PM पर साधा निशाना, कहा- आरोपियों को बचाने...

Ram Mandir Donation Theft Row: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा।

Image

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (फोटो साभार: @AamAadmiParty)

Photo : Twitter

Ram Mandir Donation Theft Row: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चढ़ावा चोरी मामले में कथित तौर पर शामिल लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।

देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान की हुई शुरुआत

केजरीवाल ने दिल्ली के रोहिणी स्थित जापानी पार्क से आम आदमी पार्टी के देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड पाठ से हुई। इस दौरान, अरविंद केजरीवाल के साथ उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल और वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे।

केजरीवाल ने कहा कि लोगों को उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री किसी भी चोर को नहीं छोड़ेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें सख्त से सख्त सजा मिले, लेकिन पिछले कुछ दिनों की घटनाओं से ऐसा लग रहा है कि चोरों और डकैतों को बचाने की कोशिशें हो रही हैं।

प्रधानमंत्री पर जमकर बरसे केजरीवाल

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि कथित जमीन घोटाले या निर्माणकार्य से जुड़े कमीशन की कोई जांच नहीं हुई और चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी और एफआईआर को महज जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश करार दिया। उन्होंने कहा, ''जमीन घोटाले और मंदिर निर्माणकार्य में कमीशनखोरी की कोई जांच नहीं हो रही है। चढ़ावा चोरी की कुछ छोटी-मोटी जांच हुई, एक नकली एसआईटी बनाई गई और एक नकली एफआईआर दर्ज की गई। लोगों को अब विश्वास नहीं रहा कि प्रधानमंत्री कार्रवाई करेंगे।''

उन्होंने दावा किया कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि में जो डकैती हुई, उससे पूरी दुनिया में राम भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि परिसर के भीतर 40 दिनों में चोरी की 70 घटनाएं सीसीटीवी में कैद हुईं और आठ महीने की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग भी कथित रूप से हटा दी गई।

केजरीवाल ने कहा, ''हम मांग करते रहे। हमें लगा, ऊपर बैठे लोग कुछ करेंगे, लेकिन अब यह साफ है कि वे कुछ नहीं करेंगे, क्योंकि उनकी अपनी पार्टी और उनके साथी संगठनों के लोग इसमें शामिल हैं। पूरा सिस्टम डकैतों और चोरों को बचाने में लगा हुआ है।''

केजरीवाल ने रामभक्तों से की यह अपील

केजरीवाल ने रामभक्तों से अभियान में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि आज हमने सुंदरकांड का आयोजन किया। ऐसे में हर भक्त को यह प्रण लेना चाहिए कि जिन लोगों ने भगवान राम के घर में डकैती की, जब तक हम उन्हें फांसी की सजा नहीं दिला देते, हम चुप नहीं बैठेंगे।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article