देश

केजरीवाल को लेकर AAP नेता का बड़ा दावा, क्या ममता और नीतीश को किया जाएगा किनारे?

  • Authored by: रवि वैश्य
  • Updated Aug 30, 2023, 06:45 PM IST

I.N.D.I.A. गठबंधन से पीएम नरेंद्र मोदी के सामने विपक्ष प्रधानमंत्री के चेहरे के तौर पर किसे प्रोजेक्ट करेगा, ये बड़ा सवाल सामने आ रही है, AAP संयोजक केजरीवाल का भी नाम इस रेस में शामिल हो गया है।

BJP नीत NDA गठबंधन को टक्कर देने के लिए विपक्ष ने I.N.D.I.A. गठबंधन बनाया है, इस गठबंधन की अब तक दो बैठकें हो चुकी हैं,अगली बैठक मुंबई में होने वाली है। अबतक ये सवाल सबके मन में है कि कौन सा वो नेता होगा जिसे ये गठबंधन पीएम नरेंद्र मोदी के सामने प्रधानमंत्री के चेहरे के तौर पर प्रोजेक्ट करेगा।

अब तक बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का नाम आ चुका है, यानी कि इनकी पार्टी के नेताओं ने दावेदारी की थी। लेकिन अब दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल का भी नाम इस रेस में शामिल हो गया है।

आप प्रवक्ता ने केजरीवाल को PM पद का उम्मीदवार बनाने की पैरवी की

आम आदमी पार्टी के दो नेताओं ने विपक्षी गठबंधन 'I.N.D.I.A' के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में अरविंद केजरीवाल के नाम की पैरवी करते हुए बुधवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने ऐसा मॉडल दिया है जिससे पूरे देश को लाभ मिल सकता है।

इसके कुछ घंटों बाद दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने स्पष्ट किया कि केजरीवाल को प्रधानमंत्री पद की आकांक्षा नहीं है।

ये टिप्पणियां विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’की मुंबई में होने वाली बैठक से पहले आयी हैं जिसमें विपक्षी नेताओं के 2024 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का मुकाबला करने के लिए संयुक्त प्रचार रणनीति तथा अपने सदस्यों के बीच मतभेदों को हल करने पर चर्चा करने की संभावना है।

'केजरीवाल ने हमेशा लोगों के मुद्दे उठाए हैं'

यह पूछे जाने पर कि 'इंडिया' गठबंधन के लिए प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार किसे होना चाहिए, इस पर 'आप' की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, 'एक प्रवक्ता के तौर पर मैं हमारे राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नाम का प्रस्ताव रखना चाहूंगी।' उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने हमेशा लोगों के मुद्दे उठाए हैं और 'ऐसा मॉडल दिया है' जिससे दिल्ली में न्यूनतम महंगाई बढ़ी है।

'गठबंधन के सभी सदस्य बैठक करेंगे और जो भी फैसला होगा, हम उसके अनुसार आगे बढ़ेंगे'

'आप' की मुख्य प्रवक्ता ने कहा, 'उन्होंने ऐसा मॉडल दिया है जिससे लोगों को फायदा मिला है। मैं चाहूंगी कि ऐसा हो, लेकिन फैसला मेरे हाथ में नहीं है।'जब आप के दिल्ली संयोजक और पर्यावरण मंत्री गोपाल राय से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, 'हर पार्टी चाहती है कि उसका नेता प्रधानमंत्री बने। आप सदस्य भी चाहते हैं कि उनके राष्ट्रीय संयोजक प्रधानमंत्री बनें। 'इंडिया' गठबंधन के सभी सदस्य बैठक करेंगे और जो भी फैसला होगा, हम उसके अनुसार आगे बढ़ेंगे।'

'अरविंद केजरीवाल गठबंधन का हिस्सा हैं'

यह पूछे जाने पर कि क्या 'आप' प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के लिए केजरीवाल के नाम का प्रस्ताव रखेगी, इस पर उन्होंने कहा, 'नाम देने जैसा कुछ नहीं है। हम उसका हिस्सा हैं, अरविंद केजरीवाल गठबंधन का हिस्सा हैं।'बहरहाल, आतिशी ने कहा कि केजरीवाल प्रधानमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं।कक्कड़ की टिप्पणियों पर एक सवाल के जवाब में दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने कहा, 'मैं आधिकारिक रूप से कह रही हूं कि अरविंद केजरीवाल देश का प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में नहीं हैं।'

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!