देश

जरा सी भी शर्म है तो स्वाति मालीवाल इस्तीफा दे दें- अपने ही राज्यसभा सांसद पर भड़के दिलीप पांडे, लगाया भाजपा का स्क्रिप्ट पढ़ने का आरोप

मंगलवार को आप ने अपना नया विधायक दल के नेता चुनते हुए आतिशी को दिल्ली के नए सीएम के रूप में नामित किया है। इसी को लेकर स्वाति मालीवाल ने आप पर निशाना साधा है।

Image

स्वाति मालीवाल ने आप ने मांगा इस्तीफा

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • कभी केजरीवाल की खास थी स्वाति मालीवाल
  • दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष के बाद गई थी राज्यसभा
  • अब केजरीवाल के खिलाफ ही मोर्चा खोल चुकी है स्वाति मालीवाल

आम आदमी पार्टी ने अब सीधे-सीधे अपनी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से इस्तीफा मांग लिया है। स्वाति मालीवाल ने हाल के दिनों में आप से बगावत कर ली है और केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार पर मारपीट करने का आरोप भी लगाया है। मंगलवार को स्वाति मालीवाल ने, आतिशी के दिल्ली के नए सीएम चुने जाने पर भी नाखुशी जाहिर की थी और अपनी ही पार्टी पर निशाना साधा था, जिसके बाद आप नेता दिलीप पांडे ने कहा कि अगर स्वाति मालीवाल के पास थोड़ी सी भी शर्म है तो वो राज्यसभा से इस्तीफा दे दें और बीजेपी से राज्यसभा जाएं।

स्वाति मालीवाल पर क्यों भड़के दिलीप पांडे

आप सांसद स्वाति मालीवाल द्वारा आतिशी के माता-पिता पर अफ़ज़ल गुरु को बचाने के लिए राष्ट्रपति को पत्र लिखने के आरोपों पर आप नेता दिलीप पांडे ने तल्ख लहजे में प्रतिक्रिया दी है। आम आदमी पार्टी के विधायक दिलीप पांडे ने कहा कि स्वाति मालीवाल राज्यसभा आप से सांसद बनकर जाती हैं, लेकिन भाजपा की स्क्रिप्ट पढ़ती हैं। उन्हें अब भाजपा से राज्यसभा का टिकट लेने की कोशिश करनी चाहिए। अगर जरा सी भी शर्म और नैतिकता बची है तो वह इस्तीफा दें।

क्या है स्वाति मालीवाल का दावा

दरअसल, आप सांसद स्वाति ने ट्वीट किया था कि आतिशी के माता-पिता ने अफ़जल गुरु की फांसी का विरोध किया था और राष्ट्रपति को दया याचिका भेजी थी। आतिशी को लेकर स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा, "दिल्ली के लिए आज बहुत दुखद दिन है। आज दिल्ली की मुख्यमंत्री एक ऐसी महिला को बनाया जा रहा है, जिनके परिवार ने आतंकवादी अफ़ज़ल गुरु को फांसी से बचाने की लंबी लड़ाई लड़ी। उनके माता-पिता ने आतंकी अफ़ज़ल गुरु को बचाने के लिए माननीय राष्ट्रपति को दया याचिकाएं लिखी। उनके हिसाब से अफ़ज़ल गुरु निर्दोष था और उसको राजनीतिक साज़िश के तहत फंसाया गया था। वैसे तो आतिशी सिर्फ़ 'डमी सीएम’ हैं, फिर भी ये मुद्दा देश की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। भगवान दिल्ली की रक्षा करें।"
Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article