Maharashtra: महाराष्ट्र की राजनीति में शुक्रवार को फिर से एक नया मोड़ देखने को मिला है। दिल्ली के सीएम और आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल मुंबई के दौरे पर हैं। इस दौरे पर उनके साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी है। शुक्रवार को शाम केजरीवाल अपने साथियों के साथ मातोश्री पहुंचे, जहां उन्होंने उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे से मुलाकात की।
मातोश्री में उद्धव ठाकरे के साथ अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान
भाजपा के खिलाफ चक्रव्यूह
2024 में लोकसभा का चुनाव होना है। महाराष्ट्र की गद्दी और शिवसेना के नाम छिन जाने के बाद से उद्धव ठाकरे भाजपा और अपने पुराने सहयोगी एकनाथ शिंदे पर भड़के हुए हैं। जिसमें उन्हें कांग्रेस और एनसीपी का भी साथ मिल रहा है। उधर पंजाब जीत के बाद से केजरीवाल मिशन 2024 पर आक्रमक तरीके से काम रहे है। इसी क्रम में वो मुंबई पहुंचे थे जहां उन्होंने उद्धव ठाकरे से मुलाकात की है। इस मुलाकात के दौरान बातचीत भी भाजपा के खिलाफ रणनीति बनाने पर ही हुई है।
क्या कहा केजरीवाल ने
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे से आज मुलाकात के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वो इस रिश्ते को आगे बढ़ाएंगे। बैठक के बाद उद्धव ठाकरे और अरविंद केजरीवाल ने संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान केजरीवाल ने कहा- "लंबे समय से, मेरी इच्छा उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे से मिलने की थी। हम इस रिश्ते को आगे बढ़ाएंगे। उद्धव जी एक शेर (बालासाहेब) के बेटे हैं। मुझे उम्मीद है कि उद्धव ठाकरे को न्याय मिलेगा। राज्य के कई मुद्दे पर बातचीत हुई, देश पर चर्चा की गई है।"
मोदी सरकार को घेरा
केंद्र की बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी सिर्फ गुंडागर्दी करती है। ईडी और सीबीआई कायर लोग इस्तेमाल करते हैं। दिल्ली की जनता ने हमें एमसीडी में बहुमत दिया। स्टैंडिंग कमेटी में हमारा बहुमत है। बीजेपी सिर्फ सोचती है चुनाव।
और कौन-कौन थे साथ
केजरीवाल के साथ इस मुलाकात के दौरान पंजाब के सीएम भगवंत मान भी थे। इनके अलावा पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और राघव चड्ढा भी इस मुलाकात के दौरान मौजूद रहे।
