LIVE

8 अगस्त 2024: लोकसभा में विपक्षी सदस्यों ने वक्फ संशोधन विधेयक का किया विरोध

अमित कुमार मंडलUpdated Aug 8, 2024, 18:21 IST

8 अगस्त 2024: लोकसभा में विपक्षी सदस्यों ने वक्फ संशोधन विधेयक का किया विरोध
8 अगस्त 2024: लोकसभा में विपक्षी सदस्यों ने वक्फ संशोधन विधेयक का किया विरोध

आज की ताजा खबर 8 अगस्त 2024, हिंदी न्यूज़ और बड़ी खबरें

  • बीएसएफ ने पश्चिम बंगाल में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर करीब 120-140 बांग्लादेशी नागरिकों के एक समूह को रोका,
  • नोबेल पुरस्कार से सम्मानित अर्थशास्त्री मोहम्मद यूनुस आज बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख के तौर पर शपथ लेंगे
  • हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और मंडी जिलों में 31 जुलाई की मध्य रात्रि को बादल फटने से अचानक आई बाढ़ में अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है

AUG 08, 2024 18:05 IST

विनेश फोगाट को राज्यसभा भेजा जाना चाहिए: भूपेंद्र हुड्डा

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगर राज्य विधानसभा में कांग्रेस के पास संख्याबल होता तो वह पहलवान विनेश फोगाट को राज्यसभा के लिए मनोनीत करते। विनेश ने बृहस्पतिवार को अपने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती करियर को अलविदा कहते हुए कहा कि उनमें इसे जारी रखने की ताकत नहीं है। पेरिस ओलंपिक में 50 किलोग्राम वर्ग प्रतिस्पर्धा के फाइनल मुकाबले से पहले 100 ग्राम अधिक वजन होने के कारण अयोग्य करार दिए जाने के बाद संन्यास की घोषणा करते हुए फोगाट (29) ने उनका समर्थन करने वालों से माफी मांगी। हुड्डा ने दिल्ली में पत्रकारों से कहा, “जल्द ही राज्यसभा चुनाव होने वाले हैं। यदि हमारे पास बहुमत होता तो हम उन्हें प्रेरित करने के लिए नामांकित करते। उन्होंने हम सभी को गौरवान्वित किया है।’’ भूपेंद्र हुड्डा के बेटे एवं लोकसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि उनके लोकसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद हरियाणा की एक राज्यसभा सीट रिक्त हुई है। उन्होंने कहा कि विनेश फोगाट को राज्यसभा भेजा जाना चाहिए।
AUG 08, 2024 18:04 IST

बाड़मेर: युवक की पीट-पीट कर हत्या, पांच आरोपी हिरासत में

राजस्थान के बाड़मेर जिले के वीरम नगर में बुधवार रात एक युवक की कथित तौर पर लाठियों से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली ने बृहस्पतिवार को बताया कि वीरम नगर में इमाम खान (45) का अपने पड़ोस की एक महिला के साथ अवैध संबंध था और बुधवार देर रात वह उससे (महिला से) मिलने घर गया था। उन्होंने बताया कि महिला के परिजनों ने उसे देख लिया था और उस पर लाठियों से हमला कर दिया जिससे उसकी (इमाम की) मौत हो गई। अली ने बताया कि इमाम के भाई ने इस संबंध में दस लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है जिसके बाद पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। थानाधिकारी दिनेश लखावत ने बताया कि संबंधित महिला के पति की कुछ समय पूर्व मौत हो गई थी। लखावत के मुताबिक दो बच्चे का पिता इमाम ट्रक चालक था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
AUG 08, 2024 18:04 IST

राजकोट में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे नड्डा और पटेल

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल स्वतंत्रता दिवस समारोहों के तहत 10 अगस्त को राजकोट में तिरंगा यात्रा में हिस्सा लेंगे। पार्टी के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। राजकोट के भाजपा प्रमुख मुकेश दोशी ने कहा कि स्थानीय प्रशासन द्वारा आयोजित इस पदयात्रा में नड्डा शामिल होंगे। इससे पहले, राजकोट निगम आयुक्त डी. पी. देसाई ने दो किलोमीटर लंबे मार्ग पर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। देसाई ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल उन गणमान्य व्यक्तियों में शामिल हैं जो इस पैदल मार्च में भाग लेंगे। यह यात्रा रेस कोर्स से शुरू होकर जुबली गार्डन में समाप्त होगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत पहली तिरंगा यात्रा 10 अगस्त को राजकोट में आयोजित की जाएगी। गुजरात के मुख्यमंत्री के अलावा, हमें पता चला है कि कुछ केंद्रीय मंत्री भी इसमें शामिल होंगे।’’ भाजपा की गुजरात इकाई के उपाध्यक्ष गोरधन झडफिया ने बुधवार को कहा था कि 10 अगस्त से राज्य के सभी प्रमुख शहरों में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा।
AUG 08, 2024 18:03 IST

जयपुर के एसएमएस अस्पताल में बिजली की आंख मिचौली से कई सेवाएं प्रभावित

जयपुर में सरकारी क्षेत्र के प्रमुख सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में बिजली की आंख मिचौली से कई तरह की सेवाएं प्रभावित हुईं। हालांकि बिजली विभाग के अधिकारियों ने बाद में बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी। अधिकारियों ने कहा कि लगातार बारिश के बीच विद्युत आपूर्ति बार-बार बाधित होने से एक्स रे और सोनोग्राफी जांच प्रभावित हुई जबकि बाह्य रोग विभाग (ओपीडी) में मरीजों को पंजीकरण में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अस्पताल के अधीक्षक डा. सुशील भाटी ने बताया कि बारिश के कारण अस्पताल के कई ब्लॉक में बार-बार 'गड़बड़ी' सामने आयी जिसे बिजली विभाग के कर्मचारियों ने दुरुस्त कर दिया। उन्होंने बताया कि बिजली कर्मचारियों को 'गड़बड़ी' को दूर करने में 40-45 मिनट का समय लगा। उनके अनुसार उस दौरान बिजली नहीं आने से कई ब्लाक में सेवाएं कुछ समय के लिये प्रभावित हुईं, हालांकि अस्पताल में ‘ऑपरेशन थियेटर’ और आपातकालीन सेवाओं पर कोई असर नहीं पडा।
AUG 08, 2024 16:39 IST

सदन की स्थायी समिति के पास भेजा जाए वक्फ संशोधन विधेयक: मायावती

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने केंद्र सरकार द्वारा संसद में पेश वक्फ (संशोधन) विधेयक को लेकर उत्पन्न आशंकाओं और आपत्तियों पर बेहतर विचार के लिये इसे सदन की स्थायी समिति के पास भेजने की मांग की है। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, 'केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मस्जिद, मदरसा, वक्फ आदि मामलों में जबरदस्ती की दखलअंदाजी तथा मंदिर व मठ जैसे धार्मिक मामलों में अति-दिलचस्पी लेना संविधान व उसकी धर्मनिरपेक्षता के सिद्धान्त के विपरीत है, अर्थात ऐसी संकीर्ण व स्वार्थ की राजनीति क्या जरूरी है? सरकार राष्ट्रधर्म निभाए।' उन्होंने इसी पोस्ट में कहा, 'मंदिर-मस्जिद, जाति, धर्म व साम्प्रदायिक उन्माद आदि की आड़ में कांग्रेस व भाजपा आदि ने बहुत राजनीति कर ली और उसका चुनावी लाभ भी काफी उठा लिया, किन्तु अब देश में खत्म हो रहे आरक्षण व गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, पिछड़ापन आदि पर ध्यान केन्द्रित करके सच्ची देशभक्ति साबित करने का समय आ गया है।' मायावती ने कहा, 'आज संसद में पेश वक्फ (संशोधन) विधेयक पर जिस प्रकार से इसको लेकर संदेह, आशंकाएं व आपत्तियां सामने आयी हैं, उसके मद्देनजर इस विधेयक को बेहतर विचार के लिए सदन की स्थायी (स्टैण्डिंग) समिति को भेजना उचित। ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर सरकार अगर जल्दबाजी न करे तो बेहतर होगा।' गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक पेश किया। विपक्ष ने इसे मुसलमानों के हितों पर हमला बताते हुए इसका कड़ा विरोध किया है।
AUG 08, 2024 16:38 IST

बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा का विरोध, हिंदू महासभा ने सौंपा ज्ञापन

उत्तर प्रदेश के मेरठ में हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को बांग्लादेश में हिंदुओं के प्रति हिंसा का विरोध किया और कहा कि संकटग्रस्त देश में सताए गए समुदाय के लोगों को तुरंत भारतीय नागरिकता दी जानी चाहिए। यहां बड़ी संख्या में लोग कंकरखेड़ा बाईपास फ्लाईओवर के नीचे एकत्र हुए और उन्होंने 'बांग्लादेशी कट्टरपंथियों' का पुतला भी जलाया। सचिन सिरोही नामक एक प्रदर्शनकारी ने कहा, 'हम प्रधानमंत्री से मांग करते हैं कि बांग्लादेश में रहने वाले सभी सनातनी हिंदुओं को तत्काल प्रभाव से भारतीय नागरिकता दी जाए। बांग्लादेश के जो सनातनी हिंदू भारत में रहना चाहते हैं, उन्हें यहां लाया जाना चाहिए। नहीं तो वहीं पर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।' इस बीच, हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को संबोधित इस ज्ञापन में बांग्लादेश में जारी संकट को रोकने और वहां हिंदुओं की सुरक्षा के लिए सरकार से हस्तक्षेप की अपील की गई। बांग्लादेश में पिछले दिनों बड़े पैमाने पर हिंसा फैलने के दौरान वहां की प्रधानमंत्री शेख हसीना को इस्तीफा देकर देश छोड़ना पड़ा था। हसीना के जाने के बाद सैकड़ों लोगों ने उनके आवास में घुसकर तोड़फोड़ और लूटपाट की। बांग्लादेश में पिछले एक पखवाड़े में 400 से अधिक लोग मारे गए हैं। खबरों के मुताबिक हिंसा में हिंदू समुदाय, मंदिर और प्रतिष्ठान भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
AUG 08, 2024 16:36 IST

पंजाब में दो तस्कर गिरफ्तार, छह किग्रा से अधिक हेरोइन जब्त

पंजाब पुलिस ने फिरोजपुर जिले में महिला समेत दो लोगों के कब्जे से छह किलोग्राम से अधिक हेरोइन कथित तौर पर बरामद करने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि पुलिस ने उनके पास से छह लाख रुपये नकद भी बरामद किये हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोगा निवासी सिमरन कौर उर्फ ​​इंदु (38) और मोगा के जैमल वाला निवासी गुरजोत सिंह (28) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि है। सिमरन के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) और जेल अधिनियम आदि से संबंधित कम से कम 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। डीजीपी यादव ने बताया कि फिरोजपुर पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि सिमरन और गुरजोत ने सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से गिराई गई मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप हासिल की है और वह इसे अपनी कार में रख कर किसी को देने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पुराने मुदकी रोड पर नाकेबंदी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी कार में छिपाकर रखी गई 6.65 किलोग्राम हेरोइन तथा छह लाख रुपये की नकदी जब्त कर ली गई। डीजीपी ने कहा कि इस मामले में जांच की जा रही है।
AUG 08, 2024 16:35 IST

वक्फ विधेयक लोकसभा में पेश, संयुक्त समिति के पास भेजने का प्रस्ताव

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बृहस्पतविार को लोकसभा में वक्फ बोर्डों को नियंत्रित करने वाले कानून में संशोधन से संबंधित विधेयक पेश किया और फिर इसे संयुक्त संसदीय समिति के पास भेजने का प्रस्ताव दिया। रीजीजू ने सदन में ‘वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024’ को पेश किया और विभिन्न दलों की मांग के अनुसार विधेयक को संयुक्त संसदीय समिति के पास भेजने का प्रस्ताव किया। विपक्षी सदस्यों ने विधेयक का पुरजोर विरोध किया और कहा कि यह संविधान, संघवाद और अल्पसंख्यकों पर हमला है। विपक्षी सदस्यों द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि विधेयक में किसी धार्मिक स्वतंत्रता में हस्तक्षेप नहीं किया जा रहा है तथा संविधान के किसी भी अनुच्छेद का उल्लंघन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, 'वक्फ संशोधन पहली बार सदन में पेश नहीं किया गया है। आजादी के बाद सबसे पहले 1954 में यह विधेयक लाया गया। इसके बाद कई संशोधन किए गए।'
AUG 08, 2024 16:34 IST

दिल्ली की अदालत ने केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 20 अगस्त तक बढ़ाई

दिल्ली की एक अदालत ने कथित आबकारी घोटाले के सिलसिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज भ्रष्टाचार के एक मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 20 अगस्त तक बढ़ा दी। विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अदालत में पेश किये जाने के बाद केजरीवाल की हिरासत अवधि बढ़ा दी। अदालत इस मामले में केजरीवाल के खिलाफ सीबीआई द्वारा दायर पूरक आरोपपत्र पर 12 अगस्त को विचार कर सकती है।
AUG 08, 2024 14:43 IST

वक्फ विधेयक मुस्लिम विरोधी नहीं, पारदर्शिता के लिए लाया गया: जद (यू)

जनता दल (यूनाइटेड) ने बृहस्पतिवार को कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक मुस्लिम विरोधी नहीं है और इसे सिर्फ वक्फ संस्थाओं के कामकाज में पारदर्शिता के लिए लाया गया है। जद(यू) के नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने लोकसभा में कहा, ‘‘कई (विपक्षी) सदस्यों की बातों से लग रहा है कि यह विधेयक मुसलमान विरोधी है। यह कैसे मुसलमान विरोधी है?’’ उन्होंने कहा कि विपक्षी सदस्यों ने मंदिरों की बात की है, लेकिन मंदिर और संस्था में अंतर है। ललन सिंह ने कहा कि मस्जिदों के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। जद (यू) सांसद ने कहा, ‘‘वक्फ संस्था को पारदर्शी बनाने के लिए यह संशोधन लाया जा रहा है।’’
AUG 08, 2024 14:42 IST

देशभर में दोबारा रिलीज होगी ‘लैला मजनू'

साजिद अली निर्देशित फिल्म ‘लैला मजनू’ श्रीनगर में रिलीज होने के कुछ दिन बाद शुक्रवार को देशभर के सिनेमाघरों मे रिलीज होने के लिए तैयार है। फिल्म के लेखक इम्तियाज अली ने यह जानकारी दी। साल 2018 में बनी इस फिल्म में अविनाश तिवारी और तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। रोमांस-ड्रामा से भरपूर इस फिल्म को इम्तियाज अली ने लिखा है और इसका निर्माण अली की पूर्व पत्नी प्रीति और फिल्म निर्माता एकता कपूर ने किया है। मशहूर लोककथा पर आधारित ‘लैला मजनू’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नही कर पाई थी, लेकिन बाद में इसे बहुत तारीफ मिली। बुधवार को एक इंस्टाग्राम पोस्ट में, इम्तियाज ने प्रशंसकों को उनके प्यार के लिए धन्यवाद दिया । उन्होंने लिखा, 'भारी मांग पर लैला मजनू वापस आ गई, आपके प्यार का आभार जो इस फिल्म को छह साल बाद फिर से सिनेमाघरों में खींच लाया। नौ अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में फिल्म पुन: रिलीज किए जाने के लिए ‘लैला मजनू’ की टीम को बधाई।' जम्मू कश्मीर में इस फिल्म की शूटिंग की गई और 2 अगस्त को श्रीनगर में इसे पुन: रिलीज किया गया।
AUG 08, 2024 14:35 IST

उद्धव ठाकरे दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल के घर गए, उनकी पत्नी से मिले

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर जाकर उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल से मुलाकात की। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री के साथ उनके बेटे आदित्य ठाकरे और पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय राउत भी थे। ठाकरे की सुनीता केजरीवाल से मुलाकात के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और राघव चड्ढा भी मौजूद थे। केजरीवाल की आप और ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) की घटक हैं। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख विपक्षी गठबंधन के नेताओं से मिलने और महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आगे की रणनीति पर चर्चा करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में हैं।
AUG 08, 2024 14:34 IST

बंगाल में तेजी से बढ़ रहे डेंगू के मामले, सरकार ने कहा स्थिति नियंत्रण में

पश्चिम बंगाल में डेंगू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। जुलाई के अंतिम सप्ताह में ग्रामीण क्षेत्रों के लगभग 500 लोग मच्छर जनित इस संक्रमण की चपेट में आए। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रित हैं। राज्य में जनवरी से अब तक कम से कम 2640 लोगों में यह वायरल संक्रमण पाया गया,जिसमें उत्तर 24 परगना जिले में सबसे अधिक 363 मामले हैं। पश्चिम बंगाल में 24 से 31 जुलाई के बीच डेंगू के लगभग 500 मामले सामने आए, इसमें मुर्शिदाबाद जिले के 68 और उत्तर 24 परगना जिले के 50 मामले शामिल हैं। अधिकारी ने बताया, 'जुलाई के अंतिम सप्ताह से डेंगू के मामलों में वृद्धि देखी गई है। यह मुख्य रूप से बरसात के कारण है। हम लगभग हर साल इस समय डेंगू के मामलों में इतनी वृद्धि देखते हैं। चिंता की कोई बात नहीं है। स्थिति नियंत्रण में है।' जुलाई के अंतिम सप्ताह में मालदा जिले में डेंगू के 53 मामले सामने आए, उसके बाद हुगली में 50, पूर्व बर्धमान में 44 और दक्षिण 24 परगना में डेंगू के 32 मामले सामने आए। इस अवधि में कोलकाता और उसके आस-पास के इलाकों में 18 मामले सामने आए। अधिकारी ने बताया, 'हर साल की तरह इस साल भी जनवरी से अब तक डेंगू के सबसे अधिक मामले उत्तर 24 परगना जिले से सामने आए हैं। इस साल यह संख्या 363 है।'
AUG 08, 2024 14:26 IST

मोहम्मद यूनुस अंतरिम सरकार का कार्यभार संभालने के लिए पेरिस से बांग्लादेश लौटे

नोबेल पुरस्कार से सम्मानित मोहम्मद यूनुस बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख के तौर पर शपथ लेने के लिए बृहस्पतिवार को पेरिस से स्वदेश लौट आए। यूनुस ऐसे समय में अंतरिम सरकार के प्रमुख के तौर पर शपथ लेंगे जब बांग्लादेश में छात्रों के सरकार विरोधी प्रदर्शनों के कारण तीन दिन पहले शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और देश छोड़कर चली गई थीं। यूनुस (84) को 2004 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने मंगलवार को संसद भंग की थी और मोहम्मद यूनुस को अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त किया था। यूनुस ओलंपिक खेलों के लिए पेरिस में मौजूद थे। वे दुबई के रास्ते बांग्लादेश लौटे। वह सीधे प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास बंगभवन जाएंगे।
बांग्लादेश में निर्वाचित सरकार बनने तक यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार देश की कमान संभालेगी। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन अंतरिम सरकार को शपथ दिलाएंगे।
AUG 08, 2024 14:17 IST

शेख हसीना के बेटे सजीब वाजिद जॉय ने भारत सरकार का आभार जताया

मेरी मां को सुरक्षा देने के लिए भारत सरकार को धन्यवाद देना चाहता हूं, मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दिल से आभार व्यक्त करता हूं : शेख हसीना के बेटे सजीब वाजिद जॉय ने कहा।
AUG 08, 2024 13:48 IST

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को वायनाड के भूस्खलन प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को केरल के वायनाड के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। केरल के पर्वतीय वायनाड जिले में गत 30 जुलाई को तड़के कई जगहों पर हुई भूस्खलन की घटनाओं के बाद मृतकों की संख्या 226 हो गई है। क्षेत्र के भूस्खलन प्रभावित इलाकों में अभी भी तलाश अभियान जारी है और आज शव खोजी कुत्तों को अधिक संख्या में आपदा स्थलों पर मलबे के नीचे दबे अवशेषों की तलाश में लगाया गया। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 10 अगस्त को दोपहर कलपेट्टा पहुंचेंगे और उसके बाद प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा भी करेंगे। बुधवार की स्थिति के अनुसार, भूस्खलन में लापता लोगों की संख्या करीब 138 है और 226 से अधिक लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।
AUG 08, 2024 13:28 IST

लोकसभा में विपक्षी सदस्यों ने वक्फ संशोधन विधेयक का किया विरोध

लोकसभा में विपक्षी सदस्यों ने वक्फ संशोधन विधेयक पेश किए जाने का विरोध किया, इसे संविधान और संघवाद के खिलाफ बताया।
AUG 08, 2024 12:54 IST

झारखंड : आईईडी विस्फोट में कोबरा बटालियन का जवान घायल

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में माओवादियों के खिलाफ तलाशी अभियान के दौरान बृहस्पतिवार को एक आईईडी विस्फोट में कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि यह घटना छोटानागरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत सारंडा जंगल में सुबह साढ़े सात बजे हुई। इसमें कहा गया है कि कोबरा 209 बटालियन के उप-निरीक्षक जितेंद्र दानी को हेलीकॉप्टर की मदद से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। बयान में कहा गया है, छोटानागरा थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को तलाशी अभियान के दौरान, सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर माओवादियों द्वारा लगाए गए एक आईईडी में विस्फोट हो गया, जिससे कोबरा 209 बटालियन के उप-निरीक्षक जितेंद्र दानी घायल हो गए।
AUG 08, 2024 12:28 IST

राजस्थान से भाजपा विधायक अमृत लाल मीणा का निधन

राजस्थान के उदयपुर की सलूम्बर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अमृत लाल मीणा का बुधवार रात हृदयाघात से निधन हो गया। वह 65 वर्ष के थे। राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ,पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित तमाम नेताओं ने मीणा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। पार्टी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि सीने में दर्द होने के बाद मीणा को उदयपुर के एमबी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार रात उनका निधन हो गया। मीणा 2013 से तीन बार विधायक रहे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधायक के निधन पर शोक व्यक्त किया।
AUG 08, 2024 12:28 IST

बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन से स्तब्ध और दुखी हूं: ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन पर शोक व्यक्त किया। ममता बनर्जी ने कहा कि वह भट्टाचार्य के निधन से स्तब्ध और दुखी हैं। माकपा की प्रदेश इकाई के सचिव मोहम्मद सलीम ने बताया कि पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री का बृहस्पतिवार को कोलकाता स्थित अपने आवास में निधन हो गया। वह वृद्धावस्था से संबंधित बीमारियों से पीड़ित थे। ममता बनर्जी ने एक्स पर कहा, पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के आकस्मिक निधन से स्तब्ध और दुखी हूं। मैं उन्हें पिछले कई दशकों से जानती थी और पिछले कुछ वर्षों में जब वह बीमार थे और घर पर थे तब मैंने उनसे कई बार मुलाकात की थी। दुख की इस घड़ी में मीरा दी और सुचेतन के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। हमने पूरे सम्मान से उनका अंतिम संस्कार कराने का निर्णय लिया है।