LIVE
ताजा खबर 6 अक्टूबर-2024 हिंदी न्यूज़: लेबनान से नागरिकों को सुरक्षित निकालने की कोशिशें जारी, भोपाल की एक फैक्ट्री से 1,800 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद, तिरुमाला मंदिर के प्रसाद में मिले कीड़े, मंदिर प्रशासन ने खारिज किया दावा
ताजा खबर 6 अक्टूबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: महाराष्ट्र के मुंबई में एक बार फिर आग का तांडव देखने को मिला। जहां रविवार सुबह करीब 5 बजे चेंबूर में एक दुकान में आग लगने से 3 बच्चों समेत 7 लोगों की मौत हो गई। इसकी जानकारी बीएमसी ने साझा की है। डॉ. अजीत, एएमओ, राजावाड़ी अस्पताल से जानकारी ली गई, कुल 7 घायल बताए गए। सभी को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं तिरुपति के लड्डुओं में जानवरों की चर्बी की कथित मौजूदगी को लेकर विवाद के बीच, भक्तों ने अब दावा किया है कि आंध्र प्रदेश के तिरुमाला मंदिर में उन्हें परोसे जाने वाले प्रसाद में कीड़े पाए गए। हालांकि, मंदिर की देखभाल करने वाले ट्रस्ट तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने ऐसे दावों को खारिज कर दिया है। इसके अलावा हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में मतदान खत्म हो चुका है, अब दोनों राज्यों में हुए चुनावों के नतीजों का इंतजार हर कोई बड़ी ही बेसब्री से कर रहा है। दोनों राज्यों की 90 विधानसभा सीटों के लिए हुए मतदान के बाद अब 8 अक्टूबर को नतीजे आएंगे। इससे पहले एग्जिट पोल्स के नतीजों में भाजपा को तदड़ा झटका लगता नजर आ रहा है। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुडा, कांग्रेस प्रत्याशी विनेश फोगाट और जजपा के दुष्यंत चौटाला जैसें 1027 अन्य उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला राज्य की जनता ने ईवीएम ने कैद कर दिया है।
ताजा खबर (Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 6 अक्टूबर 2024 और बड़ी खबरें : यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 6 अक्टूबर 2024 की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार: जानिए आज की बड़ी खबरों पर हर अपडेट।
अहम और बड़ी खबरें पढें
- श्रद्धालुओं का दावा, तिरुमाला मंदिर के प्रसाद में मिले कीड़े, मंदिर प्रशासन ने खंडन किया
- मुंबई के चेंबूर के सिद्धार्थ कॉलोनी में लगी आग में मरने वालों की संख्या 7 पहुंची
- मेघालय में अचानक आई बाढ़ में 10 लोगों की मौत हो गई
- आरजी कर हत्याकांड के विरोध में कनिष्ठ चिकित्सकों ने कोलकाता में आमरण अनशन शुरू किया
OCT 06, 2024 18:37 IST
आज की ताजा खबर: इमरान खान की पार्टी के 30 से अधिक समर्थकों की हुई गिरफ्तारी; 200 के खिलाफ मामला दर्ज
जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) के नेतृत्व वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) पार्टी के 30 से अधिक समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनमें वकील भी शामिल हैं। वे लोग शनिवार देर रात अपने नेता की रिहाई की मांग को लेकर ऐतिहासिक मीनार-ए-पाकिस्तान परिसर में घुस गये थे। लाहौर पुलिस ने बताया कि उसने खान सहित पीटीआई के 200 से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ आतंकवाद के आरोपों के तहत मामला दर्ज किया है।
OCT 06, 2024 17:43 IST
आज की ताजा खबर: शरद पवार को छोड़ने का अफसोस हो रहा है- बोले अजित पवार के साथ गए नेता,
महाराष्ट्र में चुनाव से पहले शरद पवार अपनी पार्टी को धीरे-धीरे मजबूत करते दिख रहे हैं। पहले ही बीजेपी में सेंध लगा चुके शरद पवार अब अजित पवार को तोड़ने की तैयारी में हैं। अजित पवार के साथ गए एक बड़े नेता ने शरद पवार का साथ छोड़ने पर अफसोस जारी किया है। एनसीपी के वरिष्ठ नेता रामराजे नाइक निंबालकर एक बार फिर से शरद पवार के साथ जाने की तैयारी कर रहे हैं।
OCT 06, 2024 17:26 IST
आज की ताजा खबर: भोपाल की एक फैक्ट्री से 1,800 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) गुजरात ने एक संयुक्त अभियान में लगभग 1,800 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त की है। मध्य प्रदेश में भोपाल के पास एक फैक्ट्री में छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद की गई। छापेमारी में एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स बरामद हुई, जो फैक्ट्री में बनाई जा रही थी। अधिकारियों ने अवैध ड्रग उत्पादन के सिलसिले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
OCT 06, 2024 17:26 IST
आज की ताजा खबर: सीएम योगी ने महाकुंभ 2025 का LOGO, वेबसाइट और ऐप किया लॉन्च
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को महाकुंभ-2025 के लोगो का अनावरण किया। इसके साथ ही उन्होंने महाकुंभ-2025 वेबसाइट और मोबाइल एप भी लॉन्च की है। महाकुंभ-2025 के लोगो में इस बार भी कुछ खास है, लोगो में एक कलश है जिस पर 'ॐ' लिखा है और पीछे संगम का दृश्य है। इसके अलावा, लोगो में नगर कोतवाल हनुमान जी का चित्र और एक मंदिर है। सीएम योगी ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह मौजूदगी में लोगो का अनावरण किया।
OCT 06, 2024 17:07 IST
IND W VS PAK W, टी20 लाइव क्रिकेट मैच स्कोर: ऑलआउट होने के करीब पहुंची पाकिस्तान की टीम
महिला टी20 वर्ल्ड कप का रोमांच शुरू हो चुका है। टूर्नामेंट के सातवें मुकाबले में टीम इंडिया का सामना पाकिस्तान से हो रहा है। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम है। एक तरफ जहां भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तान के खिलाफ करारी हार का सामना करके आ रही है। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ जीतकर विजयी आगाज किया है। मैच में भारतीय टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) के पास है वहीं पाकिस्तान की कमान फातिमा सना (Fatima sana) संभाल रही है।
OCT 06, 2024 17:06 IST
आज की ताजा खबर: छात्रा ने कॉलेज की चौथी मंजिल से कूदकर की आत्महत्या की कोशिश, हालत गंभीर,
दिल्ली में एक छात्रा ने आत्महत्या करने की कोशिश की। छात्रा ने कॉलेज की चौथी मंजिल से कूदकर अपनी जान देने का प्रयास किया। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया। छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है।
OCT 06, 2024 15:34 IST
आज की ताजा खबर: अमेरिका के बाद अब यूरोप में पहुंचेगा AMUL
अमूल और गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन संघ लिमिटेड (जीसीएमएमएफ) के एमडी जयेन मेहता ने कहा है कि अमूल द्वारा हाल ही में अमेरिका में पेश किया गया दूध ‘बेहद सफल’ रहा है और अब वह यूरोपीय बाजार में उतरने को तैयार है। उन्होंने कहा कि ऐसा होता है तो यह इस ब्रांड के लिए ऐतिहासिक पल होगा। शनिवार को यहां प्राइवेट बिजनेस मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट एक्सएलआरआई द्वारा आयोजित ‘अमूल मॉडल: लाखों के जीवन में बदलाव’ विषय पर 11वें डॉ. वर्गीज कुरियन स्मृति व्याख्यान में मेहता ने कहा, ‘‘भारत अब दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक है और आगामी वर्षों में दुनिया के कुल दूध उत्पादन का एक-तिहाई भारत में होगा।’’
OCT 06, 2024 15:34 IST
आज की ताजा खबर: लेबनान से नागरिकों को सुरक्षित निकालने की कोशिशें जारी
लेबनान से लोगों को सुरक्षित निकालने के अभियान के तहत दूसरी डच फ्लाइट आइंडहोवन शहर के एयरपोर्ट पर उतरी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, प्लेन शनिवार को रात 9 बजे (स्थानीय समयानुसार) से ठीक पहले पहुंचा। विमान में 170 यात्री सवार थे, जिनमें 100 से ज़्यादा डच नागरिक थे। बाकी यात्री बेल्जियम, फ्रांस, ऑस्ट्रिया और स्पेन के नागरिक थे, जिन्हें उनकी संबंधित सरकारों के अनुरोध पर लाया गया। पिछली शाम को 100 से ज्यादा डच नागरिकों के साथ पहली डच फ्लाइट शहर में उतरी थी। डच मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस समय लेबनान से डच लोगों को वापस लाने के लिए कोई और फ्लाइट निर्धारित नहीं है। हालांकि विदेश मंत्रालय ने इस हफ्ते की शुरुआत में कहा था कि कई सौ डच नागरिकों को निकाला जाएगा।
OCT 06, 2024 14:54 IST
भाजपा के डबल इंजन का मतलब महंगाई और भ्रष्टाचार है: अरविंद केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को भाजपा पर कटाक्ष किया। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा की 'डबल इंजन सरकार' का नतीजा केवल 'महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार' है। अरविंद केजरीवाल ने 'आप की जनता की अदालत' में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, "हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में भाजपा के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार खत्म होने वाली है। डबल इंजन का सिद्धांत पूरे देश में विफल हो गया है। एक इंजन जून में टूट गया था, जब उन्हें सिर्फ 240 सीटें मिलीं थीं। अब दूसरा इंजन हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र और झारखंड में फेल हो जाएगा।"
OCT 06, 2024 14:34 IST
लेबनान से नागरिकों को सुरक्षित निकालने की कोशिशें जारी
लेबनान से लोगों को सुरक्षित निकालने के अभियान के तहत दूसरी डच फ्लाइट आइंडहोवन शहर के एयरपोर्ट पर उतरी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, प्लेन शनिवार को रात 9 बजे (स्थानीय समयानुसार) से ठीक पहले पहुंचा। विमान में 170 यात्री सवार थे, जिनमें 100 से ज़्यादा डच नागरिक थे। बाकी यात्री बेल्जियम, फ्रांस, ऑस्ट्रिया और स्पेन के नागरिक थे, जिन्हें उनकी संबंधित सरकारों के अनुरोध पर लाया गया। पिछली शाम को 100 से ज्यादा डच नागरिकों के साथ पहली डच फ्लाइट शहर में उतरी थी। डच मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस समय लेबनान से डच लोगों को वापस लाने के लिए कोई और फ्लाइट निर्धारित नहीं है। हालांकि विदेश मंत्रालय ने इस हफ्ते की शुरुआत में कहा था कि कई सौ डच नागरिकों को निकाला जाएगा। यहां पढ़ें पूरी खबर
OCT 06, 2024 14:33 IST
पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी को लेकर महंत नरसिंहानंद के खिलाफ एक और FIR दर्ज
Yati Narsinghanand: महाराष्ट्र में ठाणे पुलिस ने पैगंबर मोहम्मद पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर विवादित महंत यति नरसिंहानंद के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। यति नरसिंहानंद के खिलाफ पहले ही इस मामले को लेकर कई स्थानों पर प्राथमिकियां दर्ज कराई गई हैं। पुलिस के अनुसार, उन्होंने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 29 सितंबर को हिंदी भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। यहां पढ़ें पूरी खबर
OCT 06, 2024 13:54 IST
रेल पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से दो बच्चियों की मौत
उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के सतरिख क्षेत्र में अपने रिश्तेदार के घर एक मांगलिक कार्यक्रम में आयी दो बच्चियों की रेल पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह घटना शुक्रवार को हुई जब मोहन प्रजापति की बेटियां कीर्ति (तीन) और जाह्नवी (पांच) पटरी पर पहुंच गयी और गोरखपुर एक्सप्रेस की चपेट में आ जाने से दोनों की मौत हो गयी। बच्चियां अपने माता-पिता के साथ एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए अपने परदादा रामसेवक के घर आई थीं। बच्चियों का घर रेल पटरी की दूसरी तरफ है। मोहन ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर लगभग 12 बजे दोनों बच्चियां बिना किसी को बताए वापस अपने घर जा रही थी। इस पर वह उन्हें लेने के लिये उनके पीछे गया लेकिन जब तक वह उनके करीब पहुंचता तब तक बच्चियां रेल पटरी पार करने लगीं। उन्होंने बताया कि इसी दौरान दोनों बच्चियां वहां से गुजर रही गोरखपुर एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं। र्कीति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि जाह्नवी की अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई। मोहन मिट्टी के बर्तन और खिलौने बनाकर अपना गुजारा करते हैं। वह पटरी के एक तरफ रहते हैं जबकि दूसरी तरफ करीब 100 मीटर दूर उनके दादा रहते हैं। इस घटना से मोहन और उसकी पत्नी रीना निःसंतान हो गए हैं। करीब 10 महीने पहले उनकी बड़ी बेटी अनुष्का (10) की किसी बीमारी के कारण मौत हो गई थी।
OCT 06, 2024 13:53 IST
हरियाणा में सरकार निपट गई, हार गई : राकेश टिकैत
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में किसानों और मजदूरों की महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान इको गार्डन पहुंचे। किसानों की मांग को लेकर इस महापंचायत का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद जारी एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया जाहिर की। किसान नेता राकेश टिकैत ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद जारी एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हरियाणा में सरकार निपट गई, हार गई। मालूम हो कि एग्जिट पोल में भाजपा बहुमत के आंकड़े से काफी दूर नजर आ रही है और राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती हुई दिख रही है। हालांकि, भाजपा का दावा है कि एग्जिट पोल गलत साबित होंगे और प्रदेश में भाजपा की ही सरकार बनेगी। राकेश टिकैत ने आगे कहा कि वर्तमान में किसानों की फसलों को लूटा जा रहा है और उनकी जमीनों पर भी खतरा मंडरा रहा है। सर्किल रेट नहीं बढ़ रहा है। लखनऊ में तो कहा जाता है कि भुगतान हो गया है, लेकिन धरातल पर यह सच नहीं है। उन्होंने कहा कि महापंचायत के जरिए किसान इकट्ठा होकर अपनी बात सरकार तक पहुंचाएंगे। किसानों के मुद्दों पर बात करना जरूरी है और हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारी मांगें सुनवाई के योग्य हों।" टिकैत ने एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) के मुद्दे पर भी सरकार को चिट्ठी लिखने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इस विषय पर राज्य सरकार को भारत सरकार को पत्र लिखना चाहिए, ताकि हमारे अधिकारों की रक्षा हो सके। उन्होंने आगे कहा कि वह चीफ सेक्रेटरी और अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। महापंचायत में ब्लॉक प्रमुख कुलदीप तोमर, राजेंद्र चौधरी, मनोज कुमार, नरेंद्र, युवा जिलाध्यक्ष धीरज राठी, रामकुमार, पूर्व प्रधान धर्मेंद्र राठी, राजीव प्रधान, संजय छिल्लर, प्रवेंद्र राठी, अंकुर राठी, पवन सहित कई अन्य लोग भी उपस्थित रहेंगे।
OCT 06, 2024 13:15 IST
प्रदर्शनकारी डॉक्टरों का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी
कोलकाता के एस्प्लेनेड में छह जूनियर डॉक्टरों का आमरण अनशन रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। ये डॉक्टर सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अपनी सहकर्मी के साथ हुए बलात्कार और हत्या के विरोध में आमरण अनशन पर बैठे हैं। आमरण अनशन पर बैठे छह जूनियर डॉक्टरों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष हैं। वहीं उनके सहकर्मी अपने-अपने मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में मरीजों की सेवा करने के लिए ड्यूटी पर लौट आए हैं। पश्चिम बंगाल जूनियर डॉक्टर्स फ्रंट के एक प्रतिनिधि ने कहा, ''हमने मरीजों के हित को ध्यान में रखते हुए अपनी काम रोकने की हड़ताल वापस ले ली है। लेकिन साथ ही हम छह लोगों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है ताकि राज्य सरकार को यह संदेश दिया जा सके कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, हम झुकने वाले नहीं हैं।''
OCT 06, 2024 13:10 IST
मेरठ में मस्जिद के बाहर मौलाना पर गोलीबारी
उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले के संवेदनशील थाना क्षेत्र लिसाड़ी गेट में मस्जिद के बाहर एक मौलाना को गोली मारे जाने की घटना सामने आई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर क्षेत्र) आयुष विक्रम सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में रविवार सुबह मस्जिद के बाहर खड़े मौलाना नईम (35) को गोली मार दी गयी जो उनके कान को छूती हुई निकल गयी। नईम की हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि सरताज नामक व्यक्ति को इस मामले में आरोपी बनाया गया है और उसकी गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, घनी आबादी वाले क्षेत्र में हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अभी यह पता नहीं चल सकता है कि यह हमला क्यों किया गया और हमलावर की गिरफ्तारी के बाद ही इसका खुलासा हो सकेगा।
OCT 06, 2024 13:09 IST
श्रद्धालुओं का दावा, तिरुमाला मंदिर के प्रसाद में मिले कीड़े
Tirumala Prasadam Row: श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया है कि आंध्र प्रदेश के तिरुमाला मंदिर में उन्हें परोसे गए प्रसाद में कीड़े मिले। मंदिर के अधिकारियों ने ऐसे दावों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है। पढ़ें पूरी खबर
OCT 06, 2024 13:08 IST
दुबई की एयरलाइन ने पेजर और वॉकी-टॉकी पर लगाया बैन
दुबई की एमिरेट्स एयरलाइन ने अपने यात्रियों के लिए पेजर और वॉकी-टॉकी ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। पिछले महीने लेबनान में हुए पेजर और वॉकी-टॉकी पर विस्फोटों के बाद यह फैसला लिया गया है। रॉयटर्स के मुताबिक एयरलाइन ने शुक्रवार को अपनी वेबसाइट पर एक बयान में कहा, "दुबई से आने-जाने वाले या दुबई से होकर जाने वाले सभी यात्रियों को चेक किए गए या केबिन बैगेज में पेजर और वॉकी-टॉकी ले जाने की मनाही है।" बयान में कहा गया कि कोई भी प्रतिबंधित वस्तु पाए जाने पर उसे दुबई पुलिस द्वारा जब्त कर लिया जाएगा। मध्य पूर्व की सबसे बड़ी एयरलाइन ने यह भी घोषणा की कि इराक और ईरान के लिए फ्लाइट्स मंगलवार तक निलंबित रहेंगी, जबकि जॉर्डन के लिए सेवाएं रविवार को फिर से शुरू होंगी। ईरान समर्थित हिजबुल्लाह के खिलाफ बढ़ते इजरायली हमलों के कारण लेबनान के लिए फ्लाइट्स 15 अक्टूबर तक निलंबित रहेंगी।
OCT 06, 2024 12:25 IST
उत्तर प्रदेश के एटा में एक अज्ञात युवती का शव पाया गया
उत्तर प्रदेश में एटा जिले के जशरथपुर क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 40 वर्षीय अज्ञात युवती का शव पाया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जशरथपुर थाना क्षेत्र के चंदनपुर गांव के एक खेत में रविवार को करीब 40 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिला। सुबह खेत में गये लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। शव की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सुधांशु शेखर ने बताया कि शव पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। संबंधित थानाध्यक्ष से मामले की विस्तार से जांच करने को कहा गया है।
OCT 06, 2024 12:03 IST
मध्य गाजा में एक मस्जिद पर इजराइली हवाई हमले में कम से कम 18 लोगों की मौत
मध्य गाजा में एक इजराइली हवाई हमले में रविवार तड़के कम से कम 18 लोगों की मौत हो गयी। फलस्तीनी चिकित्सा अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ‘अल-अक्सा शहीद अस्पताल’ ने एक बयान में बताया कि ‘देर अल-बला’ शहर में स्थित इस अस्पताल के समीप मस्जिद में शरण लेने वाले विस्थापित लोगों पर हमला किया गया। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के एक पत्रकार ने अस्पताल के मुर्दाघर में शवों की गिनती की। अस्पताल के रिकॉर्ड से पता चलता है कि सभी मृतक पुरुष थे। दो अन्य पुरुष गंभीर रूप से घायल हैं। इजराइली सेना ने अभी मस्जिद पर हमले के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की है। फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इन ताजा हमलों से गाजा में फलस्तीनियों की मृतक संख्या अब 42,000 के करीब पहुंच गयी है। मंत्रालय ने यह नहीं बताया कि इनमें से कितने आम नागरिक और आतंकवादी हैं, लेकिन मृतकों में कई महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। यह हमला रविवार तड़के किया गया। इससे पहले इजराइल ने शनिवार को लेबनान में बमबारी करते हुए हिजबुल्ला और हमास, दोनों के लड़ाकों को निशाना बनाया। लेबनान में फलस्तीनी शरणार्थियों सहित हजारों लोगों का क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष के कारण पलायन जारी है जबकि गाजा में युद्ध शुरू होने के एक साल पूरे होने के मद्देनजर दुनिया भर में रैलियां आयोजित की गईं। शनिवार को जोरदार विस्फोट आधी रात के करीब शुरू हुए और रविवार को भी जारी रहे। इससे पहले इजराइल की सेना ने बेरूत के दक्षिणी छोर पर मुख्य रूप से शिया बहुल उपनगर दहियाह में निवासियों से इलाके को खाली करने का अनुरोध किया था।
OCT 06, 2024 11:57 IST
यूट्यूब ने बग समस्या के बाद सभी चैनलों को बहाल किया
गूगल के स्वामित्व वाले यूट्यूब ने बताया कि उसने सभी चैनल और अधिकांश वीडियो को फिर से बहाल कर दिया है, जिन्हें तकनीकी गड़बड़ी या बग के कारण हटाया गया था। एक बग के कारण कुछ चैनलों को गलत तरीके से स्पैम के रूप में चिह्नित करने और उन्हें हटा देने के बाद, यूट्यूब ने इस समस्या को ठीक करने पर काम करना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर रविवार को यूट्यूब ने लिखा, "यह बताते हुए खुशी हो रही है कि सभी चैनल और अधिकांश वीडियो जिन्हें गलत तरीके से हटा दिया गया था, उन्हें बहाल कर दिया गया है और सदस्यता बहाल कर दी गई है (हम अभी भी अंतिम कुछ पर काम कर रहे हैं, कृपया धैर्य रखें)।" कंपनी ने आगे कहा, "हम जानते हैं कि इससे कुछ व्यवधान उत्पन्न हुआ है, और हम इसे सुलझाने तक आपके धैर्य की सराहना करते हैं।" इससे पहले यूट्यूब ने कहा था कि उनकी टीमें "गलत तरीके से हटाए गए चैनलों और सदस्यता बहाली के काम में जुटी हुई हैं। परेशानी के लिए खेद है! प्लेलिस्ट जैसी कुछ सामग्री में देरी हो सकती है, लेकिन यह सब वापस आ जाएगा। जब तक हम इस पर काम करते हैं, तब तक आपके धैर्य के लिए धन्यवाद।"
