LIVEताजा खबर, 6 जनवरी 2024: सूरज के पास पहुंचा इसरो का आदित्य L1; ज्ञानवापी सर्वे रिपोर्ट पर 24 जनवरी को आएगा फैसला

ताजा खबर, 6 जनवरी 2024: सूरज के पास पहुंचा इसरो का आदित्य L1; ज्ञानवापी सर्वे रिपोर्ट पर 24 जनवरी को आएगा फैसला
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 6 जनवरी 2024 और बड़ी खबरें: वाराणसी के ज्ञानवापी मामले में अब से कुछ देर में कोर्ट की सुनवाई शुरू होगी। ASI सर्वे की रिपोर्ट सार्वजनिक करने को लेकर आज फैसला आएगा। ASI ने सर्वे रिपोर्ट को चार हफ्ते तक सार्वजनिक ना करने की अपील की है। वहीं दिल्ली में ठंड का प्रभाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। कड़ाके की ठंड में दिल्लीवाले कांपते हुए नजर आ रहे हैं। ठिठुरन भरी इस ठंड में अब बारिश की भी संभावना है। आगामी दिनों में दिल्ली के लोगों को ठंड से राहत मिलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। इतना ही नहीं दिल्ली में पिछले दो दिन से कोल्ड डे की स्थिति भी रही है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने दो दिन का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा राजस्थान की नयी भजनलाल शर्मा सरकार ने राज्य के प्रशासनिक ढांचे में पहला बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 72 और राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के 121 अधिकारियों के तबादले किए हैं। राज्य के कार्मिक विभाग ने शुक्रवार देर रात इस बारे में आदेश जारी किए। इसके तहत चुरू के जिला कलेक्टर सिद्धार्थ सिहाग को मुख्यमंत्री का संयुक्त सचिव, केकड़ी के जिला कलेक्टर विश्व मोहन शर्मा को आयुक्त मिड डे मील, राजस्थान राज्य भंडारण निगम के प्रबंध निदेशक ओमप्रकाश बुनकर को महिला अधिकारिता विभाग में आयुक्त पद पर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अनेक जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। वहीं, आरएएस अधिकारियों में अधिकांश अतिरिक्त जिला कलेक्टर व उपखंड अधिकारी स्तर के अधिकारी बदले गए हैं। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 6 जनवरी (शनिवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार।
आगरा में 10 जनवरी के नहीं होगा ई-रिक्शा का पंजीकरण
आगरा में 10 जनवरी के बाद से नए ई-रिक्शा का पंजीकरण नहीं होगा। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ)- प्रशासन ने इसको लेकर आज ई-रिक्शा और ऑटो एजेंसियों के मालिकों के साथ बैठक की।एआरटीओ (प्रशासन) एन. सी. शर्मा ने बताया कि इलेक्ट्रिक ऑटो और रिक्शा वाहन एजेंसी के स्वामियों को 10 जनवरी तक इस श्रेणी के वाहनों के पंजीकरण होने की जानकारी दी गयी। उसके बाद इन वाहनों का पंजीकरण नहीं किया जाएगा।
9-10 जनवरी को हिमाचल में बारिश व बर्फबारी की संभावना
शिमला मौसम विज्ञान कार्यालय ने हिमाचल प्रदेश में नौ और 10 जनवरी को वर्षा एवं हिमपात की संभावना का शनिवार को अनुमान व्यक्त किया।मौसम कार्यालय ने रविवार को मंडी, बिलासपुर, उना, कांगड़ा, सिरमौर (पोंटा साहिब और धौलाकुंआ) और सोलन (बड्डी एवं नालागढ़) में सुबह के वक्त घना कोहरा छाये रहने की भी चेतावनी दी है।उसने कहा कि एक और पश्चिमी विक्षोभ आठ जनवरी से पश्चिमोत्तर भारत पर असर डाल सकता है।
दिल्ली: मोदी मिल फ्लाईओवर पर आग से मथुरा रोड पर भीषण जाम
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि मथुरा रोड पर आश्रम चौक से अपोलो अस्पताल की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित है क्योंकि मथुरा रोड के साथ मोदी मिल फ्लाईओवर के नीचे भीषण आग लग गई है। मथुरा रोड स्थित मोदी मिल फ्लाईओवर के पास जंगल में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। कुल 7 फायर टेंडर मौके पर पहुंचे। अब तक किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिजिकली नामांकन दाखिल कर सकेंगे संजय सिंह
दिल्ली शराब घोटाले में जेल में चल रहे आप नेता संजय सिंह को कोर्ट ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए फिजिकली नामांकन दाखिल करने की छूट दे दी है। बता दें, आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर से संजय सिंह को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है।
इसरो का आदित्य एल1 मिशन सफल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर बताया कि भारत ने एक और उपलब्धि हासिल की। भारत की पहली सौर वेधशाला आदित्य-एल1 अपने गंतव्य तक पहुंच गई है।
ज्ञानवापी पर अब 24 जनवरी को आएगा फैसला
ज्ञानवापी सर्वे रिपोर्ट को सार्वजनिक करने पर अब कोर्ट 24 जनवरी को फैसला सुनाएगा।
कल गुजरात दौरे पर अरविंद केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कल गुजरात दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है, जब शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की अटकलें सबसे ज्यादा हैं।
BJP MLA सुनील कांबले के खिलाफ मामला दर्ज
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को थप्पड़ मारने के आरोप में बीजेपी विधायक सुनील कांबले के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक, विधायक पर पुणे पुलिस के बंडगार्डन पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 353 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी, कई हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी व कोहरे का दौर जारी है और बीते चौबीस घंटे में कई जगह शीत लहर का प्रकोप देखा गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जयपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार शुक्रवार रात को सीकर में न्यूनतम तापमान दो डिग्री और सिरोही में 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बीकानेर में छह डिग्री, गंगानगर में 6.5 डिग्री, जैसलमेर में 6.7 डिग्री, राजधानी जयपुर में 7.4 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 7.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बीते चौबीस घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा और कई जगहों पर शीतलहर का अहसास महसूस किया गया। विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान में कई जगह शीतलहर दर्ज की गई। राज्य में आठ और जनवरी के दौरान सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गरज के साथ छींटे और बारिश होने का अनुमान है।
गोवा के निजी दौरे पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी निजी दौरे पर गोवा पहुंची हैं। पार्टी के एक स्थानीय पदाधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष शुक्रवार को तटीय राज्य पहुंचीं। पुलिस उपाधीक्षक सलीम शेख ने कहा, 'सोनिया गांधी एक नियमित उड़ान से कल अपराह्न करीब दो बजकर 40 मिनट पर दाबोलिम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचीं। इसके बाद वह दक्षिणी गोवा में एक रिजॉर्ट में गयीं।' उन्होंने कहा, 'यह उनका निजी दौरा है क्योंकि अभी तक किसी आधिकारिक कार्यक्रम की सूचना नहीं है।' कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी ने बताया कि गोवा के दौरे पर सोनिया गांधी का पार्टी की किसी भी बैठक या नेताओं से बातचीत का कोई कार्यक्रम नहीं है। इस पर गोवा प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष अमित पाटकर की टिप्पणी नहीं मिल पायी है।
पश्चिम बंगाल में घायल ईडी अधिकारियों की हालत स्थिर
पश्चिम बंगाल में एक दिन पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक नेता के आवास पर छापेमारी के दौरान भीड़ द्वारा किए गए हमले में घायल हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के तीन अधिकारियों की स्वास्थ्य स्थिति में सुधार हुआ है और अब उनकी हालत स्थिर है। अस्पताल के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। चिकित्सकों ने बताया कि दो घायल अधिकारियों को आज (शनिवार को) छुट्टी दी जा सकती है। अधिकारी ने बताया कि वे तीसरे ईडी अधिकारी की अंतिम दौर की जांच करेंगे और उसके बाद तय करेंगे कि उन्हें रविवार को छुट्टी दी जाए या उसके एक दिन बाद। ईडी के तीसरे अधिकारी के सिर में चोट लगी थी। अस्पताल के अधिकारी ने कहा, ''यहां भर्ती सभी तीन अधिकारियों की हालत स्थिर है। दो अधिकारी, जिन्हें मामूली चोटें आई थीं उन्हें आज छुट्टी दे दी जाएगी। तीसरे ईडी अधिकारी, जिनके सिर में चोट लगी थी उन्हें एचडीयू में भर्ती कराया गया और उनकी हालत भी ठीक है। हम उन्हें कल या एक दिन बाद छुट्टी दे सकते हैं।'
दिल्ली में 18 वर्षीय युवक गिरफ्तार, लॉरेंस-गोल्डी गिरोह से था प्रेरित
दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-23 इलाके में 18 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से दो अवैध आग्नेयास्त्र और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान उत्तराखंड के प्रदीप सिंह (18) के रूप में की गयी है। उसने आठवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी, वह गैंगस्टर लॉरेंस-गोल्डी बराड़ गिरोह से प्रेरित था और उनके जैसा बनना चाहता था। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदीप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लॉरेंस-गोल्डी बराड़ गिरोह के संपर्क में आया और उन्होंने उसे आग्नेयास्त्र उपलब्ध कराए तथा आगे के निर्देशों का इंतजार करने को कहा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रदीप को रोहिणी के सेक्टर-23 से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से दो अवैध आग्नेयास्त्र और आधा दर्जन जिंदा कारतूसों बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान प्रदीप ने पुलिस को बताया कि वह बेरोजगार है।
अधीर रंजन के चलते कांग्रेस की दुश्मन बनेंगी ममता बनर्जी?
'अधीर रंजन चौधरी बीजेपी के एजेंट हैं।', ऐसा दावा तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने किया है। दरअसल, ये अधीर रंजन की उस बयान पर पलटवार था, जिसमें उन्होंने ईडी के अधिकारियों पर हुए हमले को लेकर ममता सरकार को भला-बुरा कह दिया था। गौर करने वाली बात ये है कि कांग्रेस और टीएमसी दोनों ही विपक्षी दलों के गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस (INDIA) में सहयोगी हैं।
पढ़ें पूरी खबरज्ञानवापी केस में आज आएगा अदालत का फैसला
वाराणसी के ज्ञानवापी मामले में अब से कुछ देर में कोर्ट की सुनवाई शुरू होगी। ASI सर्वे की रिपोर्ट सार्वजनिक करने को लेकर आज फैसला आएगा। ASI ने सर्वे रिपोर्ट को चार हफ्ते तक सार्वजनिक ना करने की अपील की है।
गौ तस्करों के साथ मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी सहित चार लोग घायल
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में कथित तौर पर गौ तस्करों के साथ पुलिस की मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी समेत चार लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि मीरानपुर कटरा थाने को सूचना मिली कि खैरपुर की नहर के पास दो पशु खेतों में बंधे हुए हैं और वहां कई गौ तस्कर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसे देखते ही गौ तस्करों ने पुलिस पर गोली चला दी, जिससे सिपाही भूरा तोमर घायल हो गए। अधिकारी ने बताया की पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गौ तस्कर रेहान, मुन्ना और अखिल भी पुलिस की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। मीणा ने बताया की घटना शुक्रवार मध्य रात्रि की है। उन्होंने बताया कि दो पशुओं को पुलिस ने मुक्त कराया और घायल सिपाही समेत चारों लोगों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
दिल्ली में सुबह हल्का कोहरा रहा, न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज
दिल्ली में शनिवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से दो डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली के मुख्य मौसम विज्ञान केंद्र सफदरजंग और पालम में सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गयी। राष्ट्रीय राजधानी में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 100 प्रतिशत रही। अधिकारियों के मुताबिक, कोहरे के कारण ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं और दिल्ली आने वाली 14 ट्रेन देरी से चल रही हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 315 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बेहद खराब’ तथा 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
भाजपा के 21 राष्ट्रीय नेता ओडिशा की 21 लोकसभा सीटों पर करेंगे प्रचार
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 21 राष्ट्रीय नेता चुनाव से पहले ओडिशा की 21 लोकसभा सीटों पर प्रचार करेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता जयनारायण मिश्रा ने यह जानकारी दी। राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता मिश्रा ने कहा कि केंद्रीय और राज्य नेताओं को सभी 147 विधानसभा क्षेत्रों का प्रभारी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव से पहले ओडिशा का दौरा करेंगे। मिश्रा ने कहा, 'आम चुनाव से पहले 21 केंद्रीय नेता राज्य के 21 संसदीय क्षेत्रों का दौरा करेंगे। केंद्रीय और राज्य के नेताओं को राज्य के 147 विधानसभा क्षेत्रों का प्रभारी बनाया जाएगा।' मिश्रा ने कहा कि यह फैसला हाल ही में दिल्ली में हुई एक बैठक में लिया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी बूथ स्तर पर अपना जनाधार मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है और सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) को हराने के लिए विधानसभा क्षेत्र-विशेष रणनीति बनाई जा रही है। ओडिशा में लोकसभा चुनाव आमतौर पर विधानसभा के साथ ही होते हैं।
इसरो का आदित्य-एल1 अंतरिक्ष यान आज अंतिम गंतव्य कक्षा में पहुंचेगा
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) सूर्य का अध्ययन करने के लिए देश के पहले अंतरिक्ष आधारित मिशन ‘आदित्य एल1’ यान को आज यानी शनिवार को पृथ्वी से लगभग 15 लाख किलोमीटर दूर इसकी अंतिम गंतव्य कक्षा में स्थापित करेगा। इसरो अधिकारियों के अनुसार, अंतरिक्ष यान पृथ्वी से लगभग 15 लाख किलोमीटर दूर सूर्य-पृथ्वी प्रणाली के ‘लैग्रेंज प्वाइंट 1’ (एल 1) के आसपास एक प्रभामंडल कक्षा में पहुंचेगा। ‘एल1 प्वाइंट’ पृथ्वी और सूर्य के बीच की कुल दूरी का लगभग एक प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि ‘एल1 प्वाइंट’ के चारों ओर प्रभामंडल कक्षा में उपग्रह से सूर्य को लगातार देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि इससे वास्तविक समय में सौर गतिविधियों और अंतरिक्ष मौसम पर इसके प्रभाव का अवलोकन करने में अधिक लाभ मिलेगा। ‘लैग्रेंज प्वाइंट’ वह क्षेत्र है जहां पृथ्वी और सूर्य के बीच गुरुत्वाकर्षण निष्क्रिय हो जाता है। प्रभामंडल कक्षा, एल 1 , एल 2 या एल 3 ‘लैग्रेंज प्वाइंट’ में से एक के पास एक आवधिक, त्रि-आयामी कक्षा है।
शादी से इनकार करने पर भाई ने बहन को चाकू मारकर किया घायल
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में शादी से इनकार करने पर एक युवक ने अपनी फुफेरी बहन (बुआ की लड़की) के गले में चाकू से प्रहार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) लक्ष्मी निवास मिश्रा ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र की डीएम कॉलोनी में अपने मामा के मकान में रहकर एलएलबी (कानून) की पढ़ाई कर रही 25 वर्षीय पीड़िता को उसके मामा के बेटे ज्ञान प्रकाश (26) ने शुक्रवार शाम करीब छह बजे चाकू से गले में प्रहार कर घायल कर दिया। अधिकारी ने बताया कि पीड़िता जालौन जिले की रहने वाली है। उन्होंने बताया कि युवती को गंभीर हालत में इलाज के लिए बांदा के राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जिसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अधिकारी ने बताया कि युवती और उसका ममेरा भाई ज्ञान प्रकाश एक साथ एक ही कॉलेज में कानून की पढ़ाई करते हैं। उन्होंने बताया, 'जांच में यह सामने आया कि आरोपी ज्ञान प्रकाश युवती से शादी करना चाहता था लेकिन युवती के इनकार करने पर उसने इस घटना को अंजाम दिया।' पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
बांग्लादेश में बेनापोल एक्सप्रेस ट्रेन में आगजनी की घटना, CID ने जुटाए सबूत