LIVE

आज की ताजा खबर 5 नवंबर-2024 हिंदी न्यूज़: सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला- हर निजी संपत्ति का अधिग्रहण नहीं कर सकती सरकार, सलमान खान को फिर जान से मारने की धमकी मिली; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

आयुष सिन्हाUpdated Nov 5, 2024, 18:30 IST

आज की ताजा खबर लाइव 5 नवंबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: क्या सरकार आम भलाई के लिए वितरण हेतु निजी संपत्तियों को अपने अधीन ले सकता है? सर्वोच्च न्यायालय की नौ न्यायाधीशों की पीठ ने इस मामले पर निर्णय देते हुए कि कहा कि सभी निजी संपत्तियां भौतिक संसाधन नहीं हैं और इसलिए राज्यों द्वारा उन पर अधिकार नहीं किया जा सकता। सर्वोच्च न्यायालय ने बहुमत के निर्णय द्वारा यह नियम बनाया कि सभी निजी संपत्तियां संविधान के अनुच्छेद 39(बी) के तहत 'समुदाय के भौतिक संसाधनों' का हिस्सा नहीं बन सकतीं और राज्य प्राधिकारियों द्वारा "आम भलाई" के लिए उन पर अधिकार नहीं किया जा सकता। वहीं बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को एक और धमकी मिली है तथा धमकी देने वाले ने उनसे पांच करोड़ रुपये की मांग की है। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धमकी वाला यह संदेश मुंबई पुलिस की हेल्पलाइन पर आया है और एक अधिकारी को आधी रात के समय यह संदेश दिखा। पुलिस अधिकारी ने कहा कि धमकी देने वाले ने व्यक्ति ने दावा किया कि वह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई है। संदेश में कहा गया, ‘‘सलमान खान को अगर जिंदा रहना है तो उसे हमारे (बिश्नोई समाज) मंदिर में आकर माफी मांगनी चाहिए या पांच करोड़ रुपये देने चाहिए। अगर वह ऐसा नहीं करता है तो हम उसे मार देंगे, हमारा गैंग अब भी सक्रिय है।’’ अमेरिका की बागडोर आने वाले चार वर्षों के लिए किसके हाथों में होगी, इसके लिए आज का दिन निर्णायक भूमिका अदा करने वाला है। आज अमेरिका में नए राष्ट्रपति को चुनने के लिए मतदान शुरू होगा। देर रात तक शायद तय हो जाएगा कि वहां का अगला राष्ट्रपति बनने की उम्मीद किसके लिए ज्यादा है। वैसे तो अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में कुल आठ प्रत्याशी हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्याशी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारतीय मूल की उप राष्ट्रपति व डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रत्याशी कमला हैरिस के बीच हो रहा है। ये देखना दिलचस्प होगा कि राष्ट्रपति की कुर्सी तक कौन पहुंचेगा? वहीं दिल्ली के एम्स में आईसीयू में भर्ती बिहार की प्रसिद्ध लोकगीत गायिका शारदा सिन्हा की तबीयत सोमवार शाम अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शारदा सिन्हा के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। पीएम मोदी ने शारदा सिन्हा के बेटे को फोन किया और उनसे उनकी मां के स्वास्थ्य के बारे में जाना। शारदा सिन्हा के बेटे अंशुमन सिन्हा को पीएम मोदी ने फोन किया और कहा कि बिलकुल मजबूती से इलाज कराएं। आज सुबह पीएम मोदी ने फोन कर शारदा सिन्हा का हालचाल जाना।

आज की ताजा खबर 5 नवंबर-2024 हिंदी न्यूज़: सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला- हर निजी संपत्ति का अधिग्रहण नहीं कर सकती सरकार, सलमान खान को फिर जान से मारने की धमकी मिली; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें
आज की ताजा खबर 5 नवंबर-2024 हिंदी न्यूज़: सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला- हर निजी संपत्ति का अधिग्रहण नहीं कर सकती सरकार, सलमान खान को फिर जान से मारने की धमकी मिली; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

आज की ताजा खबर लाइव 5 नवंबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: क्या सरकार आम भलाई के लिए वितरण हेतु निजी संपत्तियों को अपने अधीन ले सकता है? सर्वोच्च न्यायालय की नौ न्यायाधीशों की पीठ ने इस मामले पर निर्णय देते हुए कि कहा कि सभी निजी संपत्तियां भौतिक संसाधन नहीं हैं और इसलिए राज्यों द्वारा उन पर अधिकार नहीं किया जा सकता। सर्वोच्च न्यायालय ने बहुमत के निर्णय द्वारा यह नियम बनाया कि सभी निजी संपत्तियां संविधान के अनुच्छेद 39(बी) के तहत 'समुदाय के भौतिक संसाधनों' का हिस्सा नहीं बन सकतीं और राज्य प्राधिकारियों द्वारा "आम भलाई" के लिए उन पर अधिकार नहीं किया जा सकता। वहीं बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को एक और धमकी मिली है तथा धमकी देने वाले ने उनसे पांच करोड़ रुपये की मांग की है। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धमकी वाला यह संदेश मुंबई पुलिस की हेल्पलाइन पर आया है और एक अधिकारी को आधी रात के समय यह संदेश दिखा। पुलिस अधिकारी ने कहा कि धमकी देने वाले ने व्यक्ति ने दावा किया कि वह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई है। संदेश में कहा गया, ‘‘सलमान खान को अगर जिंदा रहना है तो उसे हमारे (बिश्नोई समाज) मंदिर में आकर माफी मांगनी चाहिए या पांच करोड़ रुपये देने चाहिए। अगर वह ऐसा नहीं करता है तो हम उसे मार देंगे, हमारा गैंग अब भी सक्रिय है।’’ अमेरिका की बागडोर आने वाले चार वर्षों के लिए किसके हाथों में होगी, इसके लिए आज का दिन निर्णायक भूमिका अदा करने वाला है। आज अमेरिका में नए राष्ट्रपति को चुनने के लिए मतदान शुरू होगा। देर रात तक शायद तय हो जाएगा कि वहां का अगला राष्ट्रपति बनने की उम्मीद किसके लिए ज्यादा है। वैसे तो अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में कुल आठ प्रत्याशी हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्याशी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारतीय मूल की उप राष्ट्रपति व डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रत्याशी कमला हैरिस के बीच हो रहा है। ये देखना दिलचस्प होगा कि राष्ट्रपति की कुर्सी तक कौन पहुंचेगा? वहीं दिल्ली के एम्स में आईसीयू में भर्ती बिहार की प्रसिद्ध लोकगीत गायिका शारदा सिन्हा की तबीयत सोमवार शाम अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शारदा सिन्हा के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। पीएम मोदी ने शारदा सिन्हा के बेटे को फोन किया और उनसे उनकी मां के स्वास्थ्य के बारे में जाना। शारदा सिन्हा के बेटे अंशुमन सिन्हा को पीएम मोदी ने फोन किया और कहा कि बिलकुल मजबूती से इलाज कराएं। आज सुबह पीएम मोदी ने फोन कर शारदा सिन्हा का हालचाल जाना।

आज की अहम और बड़ी खबरें पढें लाइव

  • सलमान खान को एक और धमकी मिली, पांच करोड़ रुपये की मांग
  • सुप्रीम कोर्ट ने अपने ही फैसले को पलटा, 'हर निजी संपत्ति को अधिग्रहित नहीं कर सकती सरकार'
  • अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए आज वोटिंग, ट्रंप और हैरिस के बीच मुख्य मुकाबला
  • सुप्रीम कोर्ट ने यूपी मदरसा बोर्ड एक्ट को बताया संवैधानिक, हाई कोर्ट का फैसला पलटा
  • एम्स में भर्ती शारदा सिन्हा की तबीयत अचानक बिगड़ी, वेंटिलेटर पर किया गया शिफ्ट

NOV 05, 2024 18:29 IST

पंजाब के होशियारपुर में एक बैंक्वेट हॉल में लगी आग

पंजाब के होशियारपुर जिले में सैला खुर्द गांव स्थित एक बैंक्वेट हॉल में मंगलवार को आग लग गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। उसने बताया कि आग तेजी से फैली और कुछ ही मिनट में पूरे बैंक्वेट हॉल को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने बताया कि गढ़शंकर, कुआंतम पेपर मिल, सैला खुर्द और शहीद भगत सिंह नगर से दमकल गाड़ियों को मौके पर आग बुझाने के लिए भेजा गया।
NOV 05, 2024 17:54 IST

नंदन कानन एक्सप्रेस मेंं चली गोली

Nandan Kanan Express: ओडिशा के भद्रक जिले में मंगलवार को अज्ञात लोगों द्वारा एक चलती ट्रेन में कथित तौर पर गोलियां चलाने से हड़कंप मच गया। इसके बाद जीआरपी को जांच शुरू करनी पड़ी। अधिकारियों ने कहा कि चरंपा स्टेशन के पास हुई इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। रेलवे द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने नंदन कानन एक्सप्रेस की सुरक्षा करते हुए उसे पुरी तक पहुंचाया। साथ ही कहा कि मामले की जांच अब जीआरपी द्वारा की जा रही है।
NOV 05, 2024 16:36 IST

संसद का शीतकालीन सत्र 25 नवंबर से 20 दिसंबर तक चलेगा

Parliament Winter Session 2024: संसद का शीतकालीन सत्र 25 नवंबर 2024 से शुरू होगा और 20 दिसंबर तक चलेगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने आज यह जानकारी दी। रिजिजू ने कहा कि संविधान को अपनाने की 75वीं वर्षगांठ मनाने के लिए 26 नवंबर को संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में एक विशेष उत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसे संविधान दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
NOV 05, 2024 16:23 IST

कोडरमा रैली में गरजे सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को झारखंड में चुनाव रैली के दौरान हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन पर माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया और लोगों से भाजपा को वोट देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद माफिया को जमींदोज कर दिया जाएगा। सीएम आदित्यनाथ ने कहा कि उनके गृह राज्य उत्तर प्रदेश में माफिया के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यह भाजपा ही है जो लोगों को सुरक्षा की गारंटी दे सकती है।
NOV 05, 2024 15:45 IST

जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा से पुलिस ने पकड़ा आतकंवादी का सहयोगी, भारी मात्रा में हथियार बरामद

Jammu Kashmir: जम्मू एवं कश्मीर के हंदवाड़ा में घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने आतंकवादी के एक सहयोगी को धर दबोचा। पुलिस ने 22आरआर और 92 बीएन सीआरपीएफ के साथ मिलकर आशिक हुसैन वानी नाम के एक आतंकवादी सहयोगी को पकड़ा है। इसके कब्जे से एक पिस्तौल, एक मैगजीन और 7 जिंदा राउंड बरामद किए गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी है।
NOV 05, 2024 13:48 IST

मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने थाना परिसरों के अंदर मंदिर निर्माण पर रोक लगाई

मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने राज्य के विभिन्न थानों के परिसरों में मंदिरों के निर्माण पर सोमवार को रोक लगा दी और सरकार को नोटिस जारी किया। इस मामले में याचिकाकर्ता का प्रतिनिधित्व कर रहे एक वकील ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्य न्यायाधीश एस के कैत और न्यायमूर्ति विवेक जैन की खंडपीठ ने मध्यप्रदेश के थानों के परिसरों में मंदिरों के निर्माण को चुनौती देने वाली याचिका पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और अन्य को नोटिस भी जारी किये। उच्च न्यायालय के विस्तृत आदेश की प्रतीक्षा है। सेवानिवृत सरकारी कर्मी और वकील ओम प्रकाश यादव ने थाना परिसरों में मंदिरों के निर्माण को चुनौती देते हुए याचिका दायर की है। यादव के वकील सतीश वर्मा ने संवाददाताओं को यह जानकारी दी। वर्मा ने दलील दी कि जिन खुली जगहों पर इन मंदिरों का निर्माण किया जा रहा है वह सार्वजिनक स्थल है। उन्होंने उच्चतम न्यायालय के हाल के एक आदेश का हवाला दिया जिसमें सार्वजनिक स्थलों पर धार्मिक ढांचों के निर्माण पर रोक लगा दी गयी है। वर्मा का कहना है कि ऐसे में मध्य प्रदेश में थाना परिसरों में मंदिरों का यह निर्माण उच्चतम न्यायालय के आदेश का उल्लंघन है। याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि संवैधानिक प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन करते हुए कुछ थानों में मंदिर पहले ही बनाये जा चुके हैं। वर्मा ने कहा कि याचिकाकर्ता ने अपनी याचिका के साथ कुछ तस्वीरें भी संलग्न की हैं, जिनके बारे में उन्होंने कहा है कि कुछ थानों के अंदर मंदिर बनाए गए हैं।
NOV 05, 2024 13:48 IST

ईरान के विदेश मंत्री पश्चिम एशिया और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा के लिए पाकिस्तान पहुंचे

पश्चिम एशिया में व्याप्त तनाव और द्विपक्षीय संबंधों सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के लिए ईरान के विदेश मंत्री मंगलवार को दो दिवसीय सरकारी दौरे पर इस्लामाबाद पहुंचे। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। ईरान के विदेश मेंत्री अब्बास अरागची का विमान आधी रात के बाद इस्लामाबाद के पास एक हवाई अड्डे पर उतरा जहां पाकिस्तान के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। वह मंगलवार को पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, उप प्रधानमंत्री इशाक डार और विदेश मंत्रालय के अन्य अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। ईरान के विदेश मंत्री की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब उसके और इजराइल के बीच गतिरोध बढ़ रहा है। ईरानी अधिकारी 26 अक्टूबर को अपने यहां इजराइल द्वारा किए गए हमले के बाद उसके खिलाफ एक और हमला करने की धमकी दे रहे हैं। 26 अक्टूबर के हमले में सैन्य ठिकानों और अन्य स्थानों को निशाना बनाया गया था जिसमें कम से कम पांच लोग मारे गए थे। पाकिस्तान ने तब इजराइल के हमलों की निंदा की थी। ईरान के विदेश मंत्री अरागची की यात्रा को लेकर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह यात्रा "व्यापार, ऊर्जा और सुरक्षा समेत कई क्षेत्रों में पाकिस्तान एवं ईरान के बीच सहयोग तथा बातचीत को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है।" ईरान ने ऊर्जा संकट से जूझ रहे पाकिस्तान को ईरानी प्राकृतिक गैस की आपूर्ति करने के लिए 2013 में शुरू की गई कई अरब डॉलर की गैस पाइपलाइन परियोजना को आगे बढ़ाने के वास्ते वर्षों से प्रयास किया है। यह परियोजना 2014 से रुकी हुई है। इस परियोजना का अमेरिका ने यह कह कर विरोध किया है कि यह तेहरान पर उसके परमाणु कार्यक्रम के कारण लगाए गए प्रतिबंधों का उल्लंघन है।
NOV 05, 2024 13:00 IST

सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला- हर निजी संपत्ति का अधिग्रहण नहीं कर सकती सरकार

क्या सरकार आम भलाई के लिए वितरण हेतु निजी संपत्तियों को अपने अधीन ले सकता है? सर्वोच्च न्यायालय की नौ न्यायाधीशों की पीठ ने इस मामले पर निर्णय देते हुए कि कहा कि सभी निजी संपत्तियां भौतिक संसाधन नहीं हैं और इसलिए राज्यों द्वारा उन पर अधिकार नहीं किया जा सकता। सर्वोच्च न्यायालय ने बहुमत के निर्णय द्वारा यह नियम बनाया कि सभी निजी संपत्तियां संविधान के अनुच्छेद 39(बी) के तहत 'समुदाय के भौतिक संसाधनों' का हिस्सा नहीं बन सकतीं और राज्य प्राधिकारियों द्वारा "आम भलाई" के लिए उन पर अधिकार नहीं किया जा सकता। पढ़ें पूरी खबर
NOV 05, 2024 12:59 IST

रूसी रॉकेट ने ईरानी उपग्रहों को कक्षा में स्थापित किया

रूस के एक रॉकेट ने मंगलवार को ईरान के दो उपग्रहों को कक्षा में ले जाने के लिए सफलतापूर्वक उड़ान भरी। यह प्रक्षेपण मॉस्को और तेहरान के बीच बढ़ते सहयोग को दर्शाता है। सोयूज रॉकेट ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुदूर पूर्वी रूस में वोस्तोचन प्रक्षेपण स्थल से उड़ान भरी और प्रक्षेपण के नौ मिनट बाद उपग्रहों को निर्दिष्ट कक्षा में स्थापित कर दिया। यह दो रूसी अवलोकन उपग्रहों और दो ईरानी उपग्रहों सहित कई दर्जन छोटे उपग्रह अपने साथ लेकर गया। मंगलवार का प्रक्षेपण तब हुआ जब रूस और ईरान ने विभिन्न क्षेत्रों में संबंधों का विस्तार किया है। यूक्रेन और पश्चिमी देशों ने तेहरान पर यूक्रेन में युद्ध के मैदान में उपयोग के लिए मॉस्को को सैकड़ों ड्रोन उपलब्ध कराने तथा रूस में उनका उत्पादन शुरू करने में मदद करने का आरोप लगाया है।
NOV 05, 2024 10:09 IST

सलमान खान को फिर मिली जान से मारने की धमकी, लॉरेंस के नाम से आया मैसेज

सलमान खान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। लॉरेंस बिश्नोई के नाम से मुंबई पुलिस की ट्रैफिक कंट्रोल सेल को बॉलीवुड एक्टर सलमान के लिए मैसेज आया। जिसमें खुलेआम उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इस मैसेज में धमकी देने वाले ने क्या लिखा है? पढ़ें पूरी खबर
NOV 05, 2024 10:04 IST

यूपी में डीजीपी की नियुक्ति के लिए नयी नियमावली पर मंत्रिमंडल ने लगाई मुहर

उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पद पर तैनाती के लिए नयी नियमावली तैयार की है। राज्य मंत्रिमंडल ने इस पर मुहर भी लगा दी है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि राज्य मंत्रिमंडल ने सोमवार को अपनी एक बैठक में ‘पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश (उत्तर प्रदेश के पुलिस बल प्रमुख) चयन एवं नियुक्ति नियमावली 2024’ को मंजूरी दी। राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक इस नियमावली का मकसद पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति के लिए एक स्वतंत्र और पारदर्शी तंत्र स्थापित करना है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यह चयन ‘राजनीतिक या कार्यकारी हस्तक्षेप’ से मुक्त हो और उत्तर प्रदेश की विशिष्ट दशाओं तथा पुलिस प्रणाली की आवश्यकताओं के अनुरूप भी हो। बयान के अनुसार डीजीपी के चयन और नियुक्ति के लिए उच्च न्यायालय के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जाएगी। इसमें प्रदेश के मुख्य सचिव के साथ-साथ संघ लोक सेवा आयोग द्वारा नामित एक प्रतिनिधि, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष या एक नामित प्रतिनिधि, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव और राज्य के एक सेवानिवृत पुलिस महानिदेशक सदस्य होंगे। नियमावली के मुताबिक डीजीपी का कार्यकाल न्यूनतम दो साल का होगा। इस पद पर उसी अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी जिसकी सेवा अवधि कम से कम छह महीने बची हो। नियमावली में यह भी प्रावधान किया गया है कि एक बार नियुक्ति के लिए चुने जाने के बाद डीजीपी को न्यूनतम दो साल का कार्यकाल जरूर दिया जाएगा।
NOV 05, 2024 10:03 IST

राहुल गांधी आज हैदराबाद में जाति जनगणना बैठक में हिस्सा लेंगे

कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को पार्टी की तेलंगाना इकाई द्वारा जाति जनगणना के विषय पर आयोजित एक बैठक में हिस्सा लेंगे। यह बैठक राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए जाति सर्वेक्षण को लेकर आयोजित की जा रही है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) को दिए गए यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, गांधी उत्तर प्रदेश के फुरसतगंज हवाई अड्डे से विशेष विमान से शाम चार बजकर 45 मिनट पर यहां पहुंचेंगे। टीपीसीसी के सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता सीधे यहां बोवेनपल्ली स्थित गांधीवादी विचारधारा केंद्र पहुंचेंगे और शाम साढ़े छह बजे तक जाति जनगणना पर राज्यस्तरीय परामर्श में हिस्सा लेंगे। बाद में, वह विमान से राष्ट्रीय राजधानी लौट जाएंगे। टीपीसीसी अध्यक्ष बी. महेश कुमार गौड़ के अनुसार, प्रदेश इकाई जाति सर्वेक्षण पर हितधारकों से सुझाव लेने के लिए बैठक आयोजित करेगी। राज्य सरकार ने पिछले साल विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी द्वारा किए गए वादे के अनुसार व्यापक सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक, रोजगार, राजनीतिक और जातिगत सर्वेक्षण कराने की कवायद शुरू की है। सर्वेक्षण बुधवार को शुरू होगा।
NOV 05, 2024 09:08 IST

पीएम मोदी ने शारदा सिन्हा के बेटे को फोन कर उनकी मां के स्वास्थ्य के बारे में जाना

दिल्ली के एम्स में आईसीयू में भर्ती बिहार की प्रसिद्ध लोकगीत गायिका शारदा सिन्हा की तबीयत सोमवार शाम अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शारदा सिन्हा के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। पीएम मोदी ने शारदा सिन्हा के बेटे को फोन किया और उनसे उनकी मां के स्वास्थ्य के बारे में जाना। शारदा सिन्हा के बेटे अंशुमन सिन्हा को पीएम मोदी ने फोन किया और कहा कि बिलकुल मजबूती से इलाज कराएं। आज सुबह पीएम मोदी ने फोन कर शारदा सिन्हा का हालचाल जाना।
NOV 05, 2024 08:30 IST

शिवसेना (यूटीबी) उम्मीदवार और संजय राउत के भाई सुनील राउत के खिलाफ FIR

महाराष्ट्र में हो रहे विधानसभा चुनाव के बीच उद्धव खेमे के उम्मीदवार को झटका लगा है। शिवसेना (UBT) के उम्मीदवार और संजय राउत के भाई सुनील राउत के खिलाफ मामला दर्ज हो गया है। मुंबई के विक्रोली पुलिस स्टेशन में सुनील राउत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79, 351(2) और 356(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिवसेना यूबीटी के उम्मीदवार और संजय राउत के भाई सुनील राउत ने हाल ही में महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की है। उन्होंने शिवसेना शिंदे गुट की महिला उम्मीदवार को "बकरी" कहकर संबोधित किया था। जिसके बाद से ही उन पर लगातार जुबानी हमले हो रहे थे। शिवसेना (यूबीटी) ने मुंबई की विक्रोली सीट से पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय राउत के भाई और मौजूदा विधायक सुनील राउत को टिकट दिया है। सुनील राउत इस सीट से 2014 से विधायक हैं।
NOV 05, 2024 07:46 IST

कमला हैरिस की जीत के लिए उनके पैतृक गांव थुलासेंद्रपुरम में की गई प्रार्थना

अमेरिकी राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस की जीत के लिए उनके पैतृक गांव तमिलनाडु के थुलासेंद्रपुरम में प्रार्थना की गई। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव 5 नवंबर को होने वाले हैं, जिसमें हैरिस का मुकाबला पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति और रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप से होगा।
NOV 05, 2024 07:45 IST

हम हटिया और झारखंड में भारी मतों के अंतर से जीतने जा रहे: सीएम हिमंत

असम के मुख्यमंत्री और झारखंड भाजपा विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा कहते हैं, "बैठक में कई बातों पर चर्चा हुई। 10 तारीख को पीएम मोदी का कार्यक्रम है, उस पर भी चर्चा हुई। हम हटिया और झारखंड में भारी मतों के अंतर से जीतने जा रहे हैं।"
NOV 05, 2024 07:42 IST

दिल्ली: छठ पूजा का त्योहार शुरू होते ही भक्त कालिंदी कुंज छठ घाट पर अनुष्ठान करते हुए

NOV 05, 2024 06:15 IST

पुरी जगन्नाथ मंदिर की चारदीवारी में दरारें दिखीं, ASI को सर्वेक्षण कराने का आग्रह

ओडिशा के पुरी स्थित 12वीं सदी के जगन्नाथ मंदिर की चारदीवारी में दरारें पाए जाने के बाद प्राधिकारियों ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से इसका वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने का सोमवार को आग्रह किया। एएसआई मंदिर का संरक्षक है। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के मुख्य प्रशासक अरबिंद पाढी ने एएसआई को एक पत्र लिखकर कहा कि मंदिर परिसर के चारों ओर की दीवार पर दरारें देखी गई हैं। पाढी ने एएसआई से ‘मेघनाद पचेरी’ की तत्काल मरम्मत करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि एसजेटीए की सिविल निर्माण शाखा ने दीवार पर पानी के रिसाव को रोकने के लिए कदम उठाए हैं। पाढी ने बताया कि आनंद बाजार की जल निकासी व्यवस्था में सुधार के लिए निविदा प्रक्रिया भी शुरू की गई है। आनंद बाजार मंदिर के अंदर एक स्थान है जहां लोग प्रसाद ग्रहण करते हैं। मंदिर प्रशासन ने मरम्मत कार्य में एएसआई को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया है।
NOV 05, 2024 06:14 IST

प्रधानमंत्री मोदी झारखंड में 10 नवंबर को रैलियों को संबोधित करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चुनावी राज्य झारखंड का 10 नवंबर को फिर से दौरा करेंगे और कम से कम दो रैलियों को संबोधित करेंगे। यह जानकारी असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को दी। प्रधानमंत्री मोदी ने गढ़वा और चाईबासा में सोमवार को दो जनसभाओं को संबोधित किया। शर्मा ने बताया, ‘‘प्रधानमंत्री 10 नवंबर को झारखंड का दौरा करेंगे। वह दो रैलियों को संबोधित करेंगे जिसमें वह बोकारो या रांची में या फिर बोकारो और गुमला में रैलियों को संबोधित करेंगे और रांची में एक रोड शो करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि रैलियों के स्थल के बारे में अभी अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है। झारखंड विधानसभा चुनाव दो चरणों में 13 नवंबर और 20 नवंबर को कराए जाएंगे जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी।
NOV 05, 2024 06:13 IST

अदालती कार्यवाही के सीधा प्रसारण वीडियो को सोशल मीडिया पर अवैध रूप से साझा करने पर रोक

मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने अदालती कार्यवाही का सीधा प्रसारण वीडियो को सोशल मीडिया मंचों पर अवैध रूप से साझा करने, संपादित करने, उपयोग करने और बदलाव करने पर सोमवार को रोक लगा दी। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने सोशल मीडिया मंच से ऐसे वीडियो हटाने के अनुरोध वाली एक याचिका पर केंद्र और राज्य सरकारों और उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल को भी नोटिस जारी किया। दमोह के एक व्यवसायी डॉ. विजय बजाज ने अदालती कार्यवाही के सीधा प्रसारण वीडियो सोशल मीडिया मंचों पर अवैध रूप से साझा करने, संपादित करने और उसे प्रसारित करने के खिलाफ एक याचिका दायर की थी। बजाज की पैरवी करने वाले वकील उत्कर्ष अग्रवाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि यह मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की कार्यवाही के सीधा प्रसारण से संबंधी नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा, ‘‘याचिका में अदालत से यह भी अनुरोध किया गया है कि अदालती कार्यवाही के सीधा प्रसारण वीडियो को सोशल मीडिया मंचों पर अवैध रूप से साझा करके इन वीडियो पर मिली व्यूवरशिप (देखने वाले लोगों की संख्या) के जरिये धन अर्जित करने वालों से उक्त धन की वसूली के लिए भी निर्देश जारी किया जाए। कॉपीराइट का उल्लंघन करके अवैध रूप से अपलोड किए गए कुछ वीडियो विशेष रूप से प्रस्तुत किए गए।’’ मुख्य न्यायाधीश एस. के. कैत और न्यायमूर्ति विवेक जैन की खंडपीठ ने याचिका पर सुनवाई की। अग्रवाल ने बताया कि याचिका की सुनवाई के दौरान यूट्यूब और एक्स को नोटिस जारी किया गया है।