LIVEहिंदी समाचार, 30 जून 2024: विराट-रोहित के बाद रविंद्र जडेजा ने भी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा; केदारनाथ के पास हिमस्खलन

हिंदी समाचार, 30 जून 2024: विराट-रोहित के बाद रविंद्र जडेजा ने भी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा; केदारनाथ के पास हिमस्खलन
हिंदी न्यूज़ लाइव 30 जून 2024 और बड़ी खबरें: भारत के अनुभवी हरफनमौला रविंद्र जडेजा ने भी विश्व कप जीतने के बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा की तरह रविवार को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षकों में शुमार जडेजा ने कहा कि वह टेस्ट और वनडे खेलते रहेंगे। पैंतीस बरस के जडेजा ने इंस्टाग्राम पर टी20 विश्व कप ट्रॉफी के साथ अपनी तस्वीर डालकर लिखा, 'मैं पूरी कृतज्ञता के साथ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा ले रहा हूं। गर्व से सरपट दौड़ने वाले दृढ घोड़े की तरह मैने हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देश को दिया है और बाकी प्रारूपों में आगे भी देता रहूंगा।' वहीं केदारनाथ से चार किलोमीटर ऊपर बर्फीले इलाके में रविवार तड़के एक तेज आवाज के साथ हिमस्खलन हुआ। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह हिमस्खलन सुबह पांच बजकर छह मिनट पर केदारनाथ घाटी के ऊपरी छोर पर स्थित हिमाच्छादित मेरु-सुमेरु पर्वत श्रृंखला के नीचे चौराबाड़ी हिमनद में गांधी सरोवर के ऊपरी क्षेत्र में हुआ। देश-दुनिया की अन्य खबरों पर रहेगी हमारी नजर, जानिए क्या हैं आज की बड़ी खबरें।
राम पथ के निर्माण में लापरवाही की जांच के लिये समिति गठित
शुरुआती बारिश में ही लगभग एक दर्जन स्थानों पर धंसने की वजह से चर्चा में आये राम पथ के निर्माण में घोर लापरवाही की जांच के लिए अयोध्या प्रशासन ने एक समिति गठित की है। अयोध्या के मंडलायुक्त गौरव दयाल ने रविवार को बताया, ‘‘सभी संबंधित विभागों की एक समिति गठित की गई है, जो जांच करेगी और 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। यह समिति उन सीवेज चैंबर/मैनहोल के निर्माण से संबंधित गड़बड़ियों की जांच करेगी जिनमें गड्ढे हो गये हैं।’’ दयाल ने कहा कि राम पथ करीब 14 किलोमीटर लंबा है और इसका निर्माण मानकों के अनुसार गुणवत्ता के साथ किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘इस पथ में एक क्षेत्र ऐसा है, जहां सीवर लाइन बिछाई गई थी। ऐसे ही छह-सात स्थानों पर गड्ढे हो गये हैं।’’ उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दो वर्षों में पूरी अयोध्या में करीब 5,500 सीवर चैंबर बनाए गए हैं, जिनमें से केवल आठ या नौ स्थानों पर ही ऐसी समस्या आई है, वह भी अत्यधिक बारिश के कारण ऐसा हुआ है। मंडलायुक्त ने कहा कि जिले में पूरे बरसात के मौसम की लगभग 30 प्रतिशत बारिश सिर्फ दो दिन में हो गई जिसकी वजह से यह समस्या हुई है। राज्य सरकार ने इस मामले के संबंध में अहमदाबाद स्थित ठेकेदार ‘भुवन इंफ्राकॉम प्राइवेट लिमिटेड’ को नोटिस भी जारी किया है। सरकार ने अयोध्या में नवनिर्मित राम पथ के कई हिस्सों में सड़क धंसने और जलभराव के बाद घोर लापरवाही के लिए छह अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।
युवती के साथ दुष्कर्म के आरोप में व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने 20 साल की युवती के साथ बलात्कार करने और उसकी किडनी बेचने का प्रयास करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी राहुल ने अपने साथियों वसीम, चंदन और कुंदन कुमार के साथ मिल कर कुछ दिन पहले नालासोपारा स्थित अपने घर में महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया था। अधिकारी ने बताया कि युवती के अंग की तस्करी करने के लिए राहुल दो अन्य महिलाओं के संपर्क में था । अधिकारी ने बताया कि राहुल ने इस ‘काम’ को पूरा करने के लिये दोनों महिलाओं को धमकी दी थी, जिसके बाद शनिवार को दोनों महिला, पीड़ित युवती को आरोपी को सौंपने के लिए अस्पताल लेकर आयी, हालांकि उनकी योजना असफल रही। इस बीच एक अन्य चौथी महिला को राहुल की गतिविधियों की भनक लग गई और उसने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। उन्होंने बताया कि उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने राहुल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के तहत दुष्कर्म और मानव तस्करी का मामला दर्ज किया है।
जम्मू में भूस्खलन के कारण किश्तवाड़-पाडर मार्ग अवरुद्ध
जम्मू संभाग में रविवार को हल्की से मध्यम बारिश के बीच भूस्खलन के कारण किश्तवाड़-पाडर मार्ग अवरुद्ध हो गया। बारिश के बाद लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण हुए भूस्खलन के चलते आज दोपहर किश्तवाड़ जिले के पथरनाकी के पास किश्तवाड़-पाडर मार्ग प्रभावित हुआ, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। उन्होंने बताया कि सड़क को जल्द से जल्द साफ करने के लिए कई मशीन घटनास्थल पर भेजी गई हैं। जम्मू क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में पूरे दिन बादल छाए रहे तथा विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर किश्तवाड़, डोडा, राजौरी, पुंछ, उधमपुर और रामबन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। जम्मू शहर में भी रविवार को सुबह हल्की बारिश हुई। आज शाम भी जिले के कुछ इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सामान्य तापमान है। उन्होंने बताया कि रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए आधार शिविर कटरा में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रवक्ता ने तीन जुलाई तक जम्मू संभाग के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। इसके बाद चार से सात जुलाई तक अधिकांश स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में सड़क दुर्घटना में सात लोगों की मौत
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में एक तेज रफ्तार वाहन के एक ट्रेलर ट्रक से टकराकर पलट जाने से चार बच्चों सहित कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना प्रांतीय राजधानी कराची में उस समय हुई जब ट्रेलर ट्रक ने यू-टर्न लिया और पीछे से आ रही मिनी बस उससे टकराकर पलट गयी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों में एक ही परिवार के चार बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं। वे सभी हॉक्सबे समुद्र तट पर घूमने गए थे। उन्होंने बताया, 'जिस बस में वे यात्रा कर रहे थे वह ट्रेलर से टकराने के बाद पलट गयी। वहीं, इस दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।' मौरीपुर के थाना प्रभारी चौधरी तुफैल ने बताया कि इस घटना में अन्य छह लोग भी घायल हुए हैं और उनमें दो बच्चे शामिल हैं। आपातकालीन प्रतिक्रिया दल ने घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की। मृतकों के शवों को आगे की कानूनी प्रक्रियाओं के लिए सिविल अस्पताल कराची (सीएचके) में स्थानांतरित कर दिया गया है। सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने इस घटना में मारे गए लोगों के प्रति दुख जताया। एक बयान में उन्होंने सीएचके, जिन्ना पोस्टग्रेजुएट मेडिकल सेंटर और एसएमबी इंस्टिट्यूट ऑफ ट्रॉमा के प्रशासन को घायल यात्रियों को उचित इलाज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
जम्मू-कश्मीर के रियासी में उपासना स्थल पर 'तोड़फोड़'
जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में अज्ञात लोगों ने एक उपासना स्थल पर कथित रूप से तोड़फोड़ की। इस घटना के खिलाफ रविवार को हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उपायुक्त विशेष पॉल महाजन ने कहा कि पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। धरमाड़ी क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की शाम को एक आगंतुक द्वारा उपासना स्थल पर तोड़फोड़ की गई, जिससे तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और स्वतःस्फूर्त विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि दोषियों की पहचान की जाये और उन्हें दंडित किया जाये। हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के सदस्यों ने संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं जिले में सदियों पुराने भाईचारे को नुकसान पहुंचाने के लिए उनके बीच दरार पैदा करने का जानबूझकर किया गया एक प्रयास है। अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर और धरना देकर जिले की मुख्य सड़क को अवरूद्ध कर दिया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जब प्रदर्शनकारियों को बताया कि इस सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और दोषियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं, तो वे शांतिपूर्वक वहां से चले गए। उपायुक्त ने कहा, ‘‘शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। यह सांप्रदायिक सौहार्द के साथ-साथ विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने और तोड़फोड़ करने का प्रयास है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरी गारंटी है.... हम जिले में शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेंगे।’’
अनंतनाग में सड़क दुर्घटना में दो अमरनाथ तीर्थयात्री घायल
जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले में रविवार को एक सड़क दुर्घटना में कम से कम दो अमरनाथ तीर्थयात्री घायल हो गए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना चंदनवाड़ी में उस समय हुई जब तीर्थयात्री एक वैन में सवाल होकर गुफा मंदिर की ओर जा रहे थे। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) कश्मीर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, "आज, श्री अमरनाथ जी यात्रियों को ले जा रही एक वैन चंदनवाड़ी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तीर्थयात्रियों के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत बीएसएफ क्यूआरटी द्वारा नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।" बीएसएफ ने पोस्ट किया, "बीएसएफ की त्वरित प्रतिक्रिया ने तीर्थयात्रियों की कीमती जान बचायी।"
दिल्ली में अगले दो दिन भारी बारिश की संभावना, जानें आज कैसा रहा मौसम
राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुछ दिन पहले दिल्ली में 228.1 मिमी बारिश हुई थी, जिससे शहर में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था और कई लोगों की जान भी चली गई थी। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में रविवार को नौ मिमी बारिश हुई, जबकि शाम साढ़े पांच बजे आर्द्रता का स्तर 60 प्रतिशत दर्ज किया गय़ा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राजधानी में सोमवार और मंगलवार को बादल छाए रहने तथा भारी बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। साथ ही विभाग ने यह भी कहा कि दिल्ली और इससे सटे राज्यों के कुछ स्थानों पर भी भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली में रविवार रात तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बताया कि दिल्ली में रविवार शाम छह बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 118 दर्ज किया गया जो ‘मध्यम' श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
एनआईए ने युवाओं को ‘चरमपंथी' बनाने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया
केंद्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने रविवार को तमिलनाडु में युवाओं को चरमपंथी बनाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी अंतरराष्ट्रीय इस्लामिक संगठन हिज्ब-उत-तहरीर से जुड़े हैं। एनआईए द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान तंजावुर जिले के अब्दुल रहमान और मुजीबुर रहमान उर्फ मुजीबुर रहमान अल्थम साहिब के रूप में की गई है। इसमें कहा गया कि दक्षिणी राज्य के पांच जिलों में 10 स्थानों पर व्यापक तलाशी के बाद गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी हिज्ब-उत-तहरीर के सदस्य हैं, जो एक अंतरराष्ट्रीय इस्लामिक और कट्टरपंथी संगठन है। एनआईए ने कहा कि यह संगठन इस्लामी खिलाफत की पुनर्स्थापना और अपने संस्थापक तकी अल-दीन अल-नभानी द्वारा लिखे गए संविधान को लागू करने के लिए काम कर रहा था। बयान में कहा गया है, ‘‘एनआईए जांच से पता चला कि वे चरमपंथी विचारधारा के प्रति युवाओं को कट्टरपंथी बनाने, लोकतंत्र और भारतीय संविधान, कानून और न्यायपालिका आदि को इस्लाम विरोधी के रूप में दुष्प्रचारित करने के लिए गुप्त कक्षाएं आयोजित करने में शामिल थे।’’ एनआईए ने कहा कि प्रशिक्षुओं को सिखाया गया कि भारत अब ‘दारुल कुफ्र’ (इस्लाम को नहीं मानने वालों की भूमि) है और हिंसक जिहाद छेड़कर देश में इस्लामिक राज्य की स्थापना करके इसे ‘दारुल इस्लाम’ में बदलना उनका कर्तव्य है।
'केंद्र ने स्मार्ट सिटी मिशन का विस्तार मार्च 2025 तक किया'
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी की ओर से हाल ही में की गई सकारात्मक अपील के जवाब में केंद्र सरकार ने ‘स्मार्ट सिटी मिशन’ को मार्च 2025 तक विस्तारित कर दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि अपने हालिया दिल्ली दौरे के दौरान रेड्डी ने ने केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की और उनसे ‘स्मार्ट सिटी मिशन’ की समय सीमा जून, 2025 तक बढ़ाने का अनुरोध किया। जनता के व्यापक हित में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने काम पूरा होने तक ‘स्मार्ट सिटी मिशन’ के विस्तार के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया। विज्ञप्ति में कहा गया है कि एक सकारात्मक प्रतिक्रिया के तहत केंद्र सरकार ने शनिवार को राज्यों को एक पत्र लिखकर ‘स्मार्ट सिटी मिशन’ को 31 मार्च, 2025 तक बढ़ा दिया। केंद्र ने ‘स्मार्ट सिटी मिशन’ को पहले जून के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा था। राज्य में ‘स्मार्ट सिटी मिशन’ के तहत वारंगल और करीमनगर में कई कार्य शुरू किए गए हैं। वारंगल में 45 कार्य पहले ही पूरे हो चुके हैं जबकि 518 करोड़ रुपये की लागत से अन्य 66 कार्य प्रगति पर हैं।
केरल में AIIMS की स्थापना को लेकर थरूर और राजीव चंद्रशेखर के बीच वाकयुद्ध
केरल में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता राजीव चंद्रशेखर के बीच वाकयुद्ध जारी रहा। थरूर ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि तिरुवनंतपुरम लोकसभा क्षेत्र के लिए उनके भरसक प्रयासों के बावजूद, केंद्र सरकार ने कोझिकोड जिले में एम्स स्थापित करने के केरल सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा कि राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने राज्य विधानसभा को सूचित किया है कि केंद्र ने कोझिकोड के किनालूर में एम्स स्थापित करने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। थरूर ने कहा, 'मैंने चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि कोई भी सांसद अपनी पसंद के किसी भी स्थान पर एम्स स्थापित करने का वादा नहीं कर सकता। यह इस बात पर निर्भर करता है कि राज्य सरकार क्या प्रस्ताव देती है और केंद्र सरकार उस पर सहमत होती है या नहीं।' उन्होंने कहा, 'मेरे काफी प्रयासों और निर्वाचन क्षेत्र में एम्स के लिए गहन पैरवी के बावजूद मैंने मतदाताओं को ईमानदारी से बताया था कि राज्य सरकार ने कोझिकोड को चुना है और केंद्र के पास यही एकमात्र विकल्प था।' थरूर ने कहा, ' ऐसे में उन भाजपा उम्मीदवारों को शर्म आनी चाहिए जिन्होंने झूठे वादे कर मतदाताओं को गुमराह किया है।' अपनी प्रतिक्रिया में चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस सांसद ने 15 वर्ष तक तिरुवनंतपुरम का प्रतिनिधित्व किया है लेकिन उन्होंने अपना कोई भी वादा पूरा नहीं किया है।
तम्बाकू किसानों ने सरकार से शुल्क वापसी योजना के तहत क्षेत्र को शामिल करने की मांग की
तम्बाकू निर्यातकों ने सरकार से अनुरोध किया है कि निर्यात को बढ़ावा देने के लिए शुल्क वापसी योजना आरओडीटीईपी को इस क्षेत्र में भी लागू किया जाए। शनिवार को हैदराबाद में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ बैठक में व्यापारियों ने कहा कि तम्बाकू निर्यातक किसी भी ऐसी योजना के अंतर्गत नहीं आते हैं जो निर्यात प्रोत्साहन प्रदान करती हो। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "उन्होंने तंबाकू निर्यातकों को आरओडीटीईपी योजना के अंतर्गत शामिल करके उन्हें समर्थन देने का अनुरोध किया है।" उन्होंने भारत में चबाने वाली तंबाकू के अनधिकृत उत्पादन और उपयोग को रोकने में सरकार से मदद का भी अनुरोध किया। इसके कारण सरकारी खजाने को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि अवैध सिगरेट की बिक्री में वृद्धि हुई है। निर्यातित उत्पादों पर शुल्कों और करों की छूट (आरओडीटीईपी) योजना में निर्यातकों द्वारा वस्तुओं के विनिर्माण और वितरण की प्रक्रिया में दिए गए करों और शुल्कों की वापसी का प्रावधान करती है। बैठक में गोयल ने बताया कि गैर-विनिर्मित तम्बाकू और तम्बाकू उत्पादों का निर्यात मूल्य सभी रिकॉर्डों को पार करते हुए 12,005.80 करोड़ रुपये (1.5 अरब डॉलर) हो गया।
'रॉकस्टार' रविंद्र जडेजा ने भी टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा
भारत के अनुभवी हरफनमौला रविंद्र जडेजा ने भी विश्व कप जीतने के बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा की तरह रविवार को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षकों में शुमार जडेजा ने कहा कि वह टेस्ट और वनडे खेलते रहेंगे। पैंतीस बरस के जडेजा ने इंस्टाग्राम पर टी20 विश्व कप ट्रॉफी के साथ अपनी तस्वीर डालकर लिखा, 'मैं पूरी कृतज्ञता के साथ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा ले रहा हूं । गर्व से सरपट दौड़ने वाले दृढ घोड़े की तरह मैने हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देश को दिया है और बाकी प्रारूपों में आगे भी देता रहूंगा।' घुड़सवारी के शौकीन जडेजा ने कहा, 'टी20 विश्व कप जीतना सपना सच होने जैसा था । यह मेरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का शिखर था । यादों, हौसलाअफजाई और समर्थन के लिये धन्यवाद। जय हिंद।' गुजरात के जामनगर में छह दिसंबर 1988 को जन्में जडेजा ने श्रीलंका के खिलाफ 2009 में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। जडेजा को घुड़सवारी का बहुत शौक है और वह अक्सर अपने घोड़ों केसर, धनराज और गंगा की सवारी करते हैं। उन्होंने 74 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 515 रन बनाये और 54 विकेट लिये हैं। टी20 में वह 2008 में राजस्थान रॉयल्स की ऐतिहासिक आईपीएल जीत के साथ सुर्खियों में आये जब एक युवा हरफनमौला के रूप में उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से महत्वपूर्ण योगदान दिया और साथ ही टूर्नामेंट में बेहतरीन क्षेत्ररक्षण भी किया। जिससे उनकी फ्रेंचाइजी के दिवंगत कप्तान शेन वार्न ने उन्हें ‘रॉकस्टार’ नाम दिया।
भीड़ हिंसा में मारे गये युवक समेत नौ के खिलाफ डकैती का मामला दर्ज
अलीगढ़ की मामू-भांजा कॉलोनी में एक युवक की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किये जाने के मामले के करीब दो हफ्ते बाद मृतक समेत नौ लोगों के खिलाफ डकैती समेत भारतीय दंड संहिता की अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, भीड़ द्वारा हिंसा किए जाने के मामले में गिरफ्तार राहुल मित्तल की मां लक्ष्मी मित्तल की शिकायत पर यह प्राथमिकी दर्ज की गयी है। भीड़ द्वारा हिंसा की यह घटना मित्तल के घर के बाहर हुई थी। लक्ष्मी मित्तल ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि 18 जून की रात को मोहम्मद फरीद उर्फ औरंगजेब (35) ने उसके घर में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की और उसने घर से कीमती सामान भी लूट लिया। लक्ष्मी मित्तल ने इस शिकायत में मोहम्मद फरीद, सलमान मोहम्मद जकी और छह अन्य का भी नाम लिया है। उसने अपनी शिकायत में कहा है कि जब उसके परिवार के सदस्य उसे बचाने के लिए दौड़े और उन्होंने आरोपियों को वहां से भगाया, तभी फरीद का संतुलन बिगड़ गया और वह सीढ़ियों से नीचे गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर मृतक और अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (महिला को निर्वस्त्र करने के इरादे से आपराधिक बल का प्रयोग) और 395 (डकैती) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आधिकारिक तौर पर इस बात का कोई कारण नहीं बताया है कि लूट का मामला घटना के इतने दिनों बाद क्यों दर्ज किया गया।
विदेश मंत्री जयशंकर एक दिवसीय यात्रा पर कतर पहुंचे
विदेश मंत्री एस जयशंकर रविवार को एक दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर कतर की राजधानी दोहा पहुंचे। इस दौरान वह कतर के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जसीम अल थानी के साथ बातचीत करेंगे, जिसमें व्यापार, निवेश और ऊर्जा के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग के विस्तार के तरीके तलाशने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। जयशंकर की यह यात्रा भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कर्मियों को कतर द्वारा रिहा किये जाने के साढ़े चार महीने बाद हो रही है, जिन्हें अगस्त 2022 में गिरफ्तार होने के बाद मौत की सजा सुनाई गई थी। कतर में भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “विदेश मंत्री एक दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर दोहा पहुंचे। प्रोटोकॉल प्रमुख महामहिम इब्राहिम फखरू ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।’’ यात्रा के दौरान जयशंकर प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान से मुलाकात करेंगे, जिनके पास विदेश मंत्री का भी प्रभार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 14 से 15 फरवरी तक कतर का दौरा किया और कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से चर्चा की थी।
बाबरपुर इलाके के एक रेस्तरां में लूटपाट करने के मामले में पांच लोग गिरफ्तार
दिल्ली के बाबरपुर इलाके में बंदूक के बल पर रेस्तरां के कर्मचारी से 65 हजार रुपये लूटने के मामले में पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि पांचों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वे पहले भी डकैती, हत्या, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की पहचान रिंकू (39), सनी (27), सचिन (23), शिवम (25) और हिमांशु (24) के रूप में की है। पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमित गोयल ने बताया कि 11 जून को बाबरपुर इलाके में हथियारबंद बदमाशों द्वारा ‘नजीर’ रेस्तरां में लूटपाट किए जाने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया, ‘‘दो लोगों ने बंदूक दिखाकर रेस्तरां के कैशियर और वेटर से कथित तौर पर 65 हजार रुपये और तीन मोबाइल फोन लूट लिए।’’ गोयल ने बताया कि अपराध शाखा ने वेलकम पुलिस के साथ मिलकर जांच शुरू की। डीसीपी ने कहा, ‘‘सनी और रिंकू को 10 दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि तीसरा व्यक्ति शिवम भी उनके साथ इस अपराध में शामिल था। उन्होंने पुलिस को बताया कि सचिन भी इसमें शामिल था, जिसे 22 जून को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।’’ उन्होंने बताया कि शिवम को भी उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार हिमांशु को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से दो देसी पिस्तौल बरामद की गईं। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी के साथ कुल सात मामले सुलझा लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जांच की जा रही है।
आजमगढ़ में जमीनी विवाद को लेकर हमले में एक महिला की मौत, छह घायल
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में जमीनी विवाद को लेकर एक पक्ष द्वारा किए गए हमले में दूसरे पक्ष की एक महिला की मौत हो गयी और करीब छह लोग घायल हो गये। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मामले में चार महिलाओं समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। उसने बताया कि सरायमीर थाना क्षेत्र के कटघर जलाल गांव निवासी वीरेंद्र कुमार गौतम की ओर से दर्ज करायी गयी प्राथमिकी के अनुसार गांव में शनिवार रात जमीनी विवाद को लेकर एक पक्ष ने उनके घर पर आकर लाठी डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसमें उनकी मां केवलपत्ती देवी (60), वह खुद, उनके भाई पारसनाथ, भतीजी विशाखा, शशि देवल सहित कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) चिराग जैन ने संवाददाताओं से कहा कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जैन ने बताया कि रविवार को उपचार के दौरान महिला की मौत हो गयी और घायलों का उपचार जारी है। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर अरविंद, राधेश्याम, अजय, विनय और अविनाश तथा चार महिलाओं समेत कुल 13 लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 504 (शांतिभंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना), 506 (आपराधिक धमकी), 452 (घर में घुसकर हमला), 308 (गैर इरादतन हत्या करने का प्रयास) और अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
DMRC चौथा चरण विस्तार: सभी तीनों गलियारों में 50 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरा
दिल्ली मेट्रो विस्तार के तहत चौथे चरण की परियोजना के सभी तीन प्राथमिकता वाले गलियारों पर 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। डीएमआरसी ने रविवार को यह जानकारी दी। कहा गया है कि 2026 तक नए 65 किलोमीटर नेटवर्क को चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। दिल्ली मेट्रो रेल कोरपोरेशन (डीएमआरसी) के आधिकारियों ने बताया कि विस्तार के चौथे चरण की परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है और 65 किलोमीटर नयी लाइनों वाले सभी तीन प्राथमिकता वाले गलियारों को 2026 तक संचालित करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि विस्तार के चौथे चरण की परियोजना पर हालांकि दिसंबर 2019 में कार्य शुरू हुआ था, लेकिन कोरोना महामारी और पेड़ों को काटने की अनुमति मिलने में देरी के कारण 2020 से 2022 तक प्रगति काफी प्रभावित हुई। एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि विस्तार परियोजना पर पिछले डेढ़- दो साल से ही काम चल रहा है...। डीएमआरसी के कॉरपोरेट संचार के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने कहा, "फिलहाल, तीनों गलियारों पर 50 प्रतिशत से अधिक काम हो चुका है। मजलिस पार्क-मौजपुर गलियारे पर लगभग 80 प्रतिशत सिविल कार्य पूरा हो चुका है।" उन्होंने कहा, "एरोसिटी-तुगलकाबाद (गोल्डन लाइन) और जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम मार्ग (मैजेंटा लाइन) कॉरिडोर के विभिन्न हिस्सों पर सुरंग बनाने का काम प्रगति पर है।" उन्होंने कहा कि मजलिस पार्क-मौजपुर कॉरिडोर भी अगले साल खुलने की संभावना है। प्राथमिकता वाले कॉरिडोर के शेष हिस्से 2026 तक चरणबद्ध तरीके से खुलने की उम्मीद है। अधिकारी ने हालांकि दावा किया कि कुछ स्थानों पर पेड़ों की कटाई और भूमि अधिग्रहण के लिए कुछ अनुमतियां अब भी लंबित हैं।
केदारनाथ के पास हिमस्खलन, जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं
केदारनाथ से चार किलोमीटर ऊपर बर्फीले इलाके में रविवार तड़के एक तेज आवाज के साथ हिमस्खलन हुआ। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह हिमस्खलन सुबह पांच बजकर छह मिनट पर केदारनाथ घाटी के ऊपरी छोर पर स्थित हिमाच्छादित मेरु-सुमेरु पर्वत श्रृंखला के नीचे चौराबाड़ी हिमनद में गांधी सरोवर के ऊपरी क्षेत्र में हुआ। रूद्रप्रयाग जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने संवाददाताओं को बताया कि चौराबाड़ी हिमनद में सुबह हुए हिमस्खलन से जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है और केदारनाथ सहित पूरा क्षेत्र सुरक्षित है। इस इलाके में हिमस्खलन एक सामान्य प्राकृतिक घटना है। सुबह केदारनाथ मंदिर में दर्शन के लिए गए श्रद्धालुओं ने भी इस घटना को देखा और कई ने इसे अपने मोबाइल में कैद भी किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।वीडियो में चोराबाड़ी ग्लेशियर और गांधी सरोवर से ऊपर हिमस्खलन से बर्फ का भारी गुबार तेज रफ्तार के साथ नीचे खिसकते हुए दिखाई दे रहा है जो गहरी खाई में समा गया। इस दौरान मंदिर और अन्य क्षेत्रों में मौजूद यात्री और अन्य लोगों में कौतूहल बना रहा। धाम में मौजूद गढ़वाल मंडल विकास निगम के कर्मचारी गोपाल सिंह रौथाण ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘लगभग पांच मिनट तक इस प्राकृतिक घटना को देखने के लिए लोगों में खासा कौतूहल दिखाई दिया।’’ उन्होंने बताया कि आठ जून को भी चौराबाड़ी हिमनद में हिमस्खलन हुआ था।
हेमंत सोरेन ने 'सामंती ताकतों' को खदेड़ने के लिए 'विद्रोह' की घोषणा की
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने “सामंती ताकतों” के खिलाफ “विद्रोह” की रविवार को घोषणा की और कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पूरे देश से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बाहर कर देगा। सोरेन ने यहां ‘हूल दिवस’ के मौके पर एक रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि जेल से उनकी रिहाई के बाद भाजपा ‘‘घबरा गयी’’ है और उसके नेता फिर से उनके खिलाफ ‘‘साजिश’’ रच रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अपनी रिहाई के बाद मैं पहली बार ‘हूल दिवस’ पर आपको संबोधित करने के लिए अपने घर से बाहर निकला हूं। यह हम सभी के लिए प्रेरणा का दिन है। अंग्रेजों के खिलाफ संथाल विद्रोह की तरह हम झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश से सामंती ताकतों को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए ‘हूल विद्रोह’ का ऐलान करते हैं।’’ सोरेन ने कहा, ‘‘मुझे झूठे मामलों में फंसाया गया... केंद्र सरकार अपने खिलाफ आवाज उठाने वालों को प्रताड़ित करने के लिए अपनी जांच एजेंसियों को लगा देती है। मुझे जेल से बाहर आए अभी दो दिन ही हुए हैं, लेकिन भाजपा घबराई हुई है। पार्टी के शीर्ष नेता झारखंड में बार-बार आ रहे हैं और मेरे खिलाफ फिर से साजिश रच रहे हैं।’’
झारखंड के गिरिडीह में निर्माणाधीन पुल का गर्डर गिरा
झारखंड के गिरिडीह जिले में अरगा नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक गर्डर भारी बारिश के कारण गिर गया और एक पिलर भी झुक गया। रविवार को अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना झारखंड की राजधानी रांची से 235 किलोमीटर दूर देवरी प्रखंड में हुई। यह पुल डुबरीटोला और करिहरी गांव को जोड़ने के लिए फतेहपुर-भेलवाघाटी मार्ग पर बनाया जा रहा है। गिरिडीह से सड़क निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता विनय कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘पुल का निर्माण कार्य किया जा रहा है। शनिवार रात भारी बारिश के कारण पुल का ‘सिंगल-स्पैन’ गर्डर गिर गया और एक पिलर झुक गया। ठेकेदार को उस हिस्से को दोबारा बनाने के लिए कहा गया है।’’ हालांकि, उन्होंने पुल के निर्माण की लागत के बारे में नहीं बताया। सूत्रों ने बताया कि लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया जा रहा है और यह झारखंड के गिरिडीह और बिहार के जमुई जिले के दूरदराज के गांवों को जोड़ेगा। एक अन्य अभियंता ने बताया कि करीब एक हफ्ते पहले गर्डर को तैयार किया गया था और इसमें मजबूती आने के लिए कम से कम 28 दिन का समय लगता है।