LIVE

आज की ताजा खबर 30 जुलाई 2026 LIVE: अमेरिका-सऊदी ने ईरान पर किए ताबड़तोड़ हमले, बांकीपुर-दतिया उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी

अमित कुमार मंडलUpdated Jul 30, 2026, 09:42 IST

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar 30 जुलाई), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज), [पीएम मोदी] [राहुल गांधी] [ईरान-अमेरिका युद्ध] [बांकीपुर उपचुनाव] [कॉकरोज जनता पार्टी] [सौरव दास] [एंटी पेपर लीक बिल] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। जनसुराज सुप्रीमो प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान में उतरने से सभी की नजरें इस सीट पर लगी हैं। लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (BJP) का अभेद्य किला मानी जाने वाली इस सीट पर चुनावी जंग बेहद दिलचस्प हो गई है। इसके साथ ही आज दतिया उपचुनाव के लिए भी मतदान हो रहा है। वहीं, एंटी-पेपर लीक बिल चर्चा के लिए गुरुवार को राज्यसभा में आएगा। उच्च सदन में इस संशोधन विधेयक पर लोकसभा की तरह तीखी बहस होने की उम्मीद है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों दलों के सांसद छात्रों को लेकर एक दूसरे को निशाना बनाते हुए तीखे हमले कर सकते हैं। वहीं, अमेरिका और ईरान के बीच रुक-रुक कर चल रहा सैन्य संघर्ष अब एक नए और खतरनाक दौर में प्रवेश कर चुका है। इस युद्ध में पहली बार सऊदी अरब सार्वजनिक रूप से अमेरिका के साथ सीधे सैन्य अभियानों में शामिल हो गया है। दोनों देशों ने इराक में ईरान-समर्थित लड़ाकों के ठिकानों पर संयुक्त एयरस्ट्राइक की हैं। जानिए देश-दुनिया की हर खबरों पर अपडेट।

आज की ताजा खबर 30 जुलाई 2026 LIVE: अमेरिका-सऊदी ने ईरान पर किए ताबड़तोड़ हमले, बांकीपुर-दतिया उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी
आज की ताजा खबर 30 जुलाई 2026 LIVE: अमेरिका-सऊदी ने ईरान पर किए ताबड़तोड़ हमले, बांकीपुर-दतिया उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी

  • बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी
  • इसके साथ ही आज दतिया उपचुनाव के लिए भी हो रहा है मतदान
  • एंटी-पेपर लीक बिल चर्चा के लिए आज गुरुवार को राज्यसभा में आएगा
  • अमेरिका और ईरान के बीच रुक-रुक कर चल रहा सैन्य संघर्ष खतरनाक दौर में
  • कांवड़ यात्रा 2026 - दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान जारी किया

JUL 30, 2026 09:42 IST

नोएडा में साइबर जालसाजी के तीन मामले, बुजुर्ग से 2.35 करोड़ रुपये की ठगी

नोएडा में सेक्टर-21 के जलवायु विहार में रहने वाले 73 वर्षीय व्यक्ति से शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 2.35 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की गई है।
पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) शैव्या गोयल ने बताया कि पीड़ित आनंद ने बुधवार रात साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज करायी कि जून में व्हाट्सऐप के माध्यम से उनसे संपर्क कर शेयर बाजार में निवेश का झांसा दिया गया। केवाईसी कराने और एक ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराने के बाद आरोपियों ने उन्हें रियायती दर पर आईपीओ में निवेश का लालच दिया। शिकायत में कहा गया है कि 15 जून से 21 जुलाई के बीच उन्होंने विभिन्न बैंक खातों में कुल 2,35,51,136 रुपये हस्तांतरित कर दिए। ऐप पर निवेश की राशि छह करोड़ रुपये से अधिक दिखाई गई। जब उन्होंने 1.85 करोड़ रुपये निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने कर के नाम पर 62.51 लाख रुपये और जमा करा लिए और बाद में 37 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक अन्य मामले में सेक्टर-50 निवासी विनोद कुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी अनुमति के बिना जियोमार्ट पर उनके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर 7,10,499 रुपये की खरीदारी कर ली गई। उन्होंने किसी के साथ ओटीपी, कार्ड विवरण या अन्य बैंकिंग जानकारी साझा नहीं की थी। डीसीपी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
JUL 30, 2026 09:15 IST

दक्षिणी यूरोप में जंगल की आग का कहर, तीन दमकलकर्मियों की मौत

दक्षिण-पश्चिम फ्रांस में पेरिस से चार गुना बड़े क्षेत्र में फैली जंगल की आग पर अब तक काबू नहीं पाया जा सका है और बुधवार को इसके फिर भड़कने का खतरा है। इस बीच, यूनान में तीन दमकलकर्मियों की मौत हो गई तथा दक्षिणी यूरोप के विभिन्न हिस्सों में राहत दल भीषण गर्मी, सूखे और तेज हवाओं के बीच आग पर काबू पाने में जुटे हैं।
क्रीट में हुई इन मौतों ने अटलांटिक तट से पूर्वी भूमध्यसागर तक फैले जंगल की आग के संकट को और गंभीर बना दिया है। फ्रांस और स्पेन में लाखों लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। अधिकारियों ने कहा कि फ्रांस के गिरोंद क्षेत्र में लगी देश की सबसे बड़ी जंगल की आग रात में और नहीं फैली लेकिन बुधवार दोपहर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने और हवाएं तेज होने के साथ ही यह राहत अल्पकालिक साबित होने का खतरा पैदा हो गया। फ्रांस के विभिन्न हिस्सों और यूरोपीय सहयोगी देशों से आए दलों की मदद से 2,200 से अधिक दमकलकर्मी और 20 से ज्यादा विमान आग बुझाने के काम में जुटे रहे। भीषण गर्मी से वनस्पति की नमी खत्म हो जाती है और हवा में आर्द्रता कम हो जाती है, जिससे घास, झाड़ियां और जंगल में गिरे सूखे पत्ते तेजी से आग पकड़ने वाले ईंधन में बदल जाते हैं।
JUL 30, 2026 08:52 IST

मध्य प्रदेश में किसानों का धरना-प्रदर्शन खत्म

मध्य प्रदेश सरकार ने पात्र किसानों से 60 प्रतिशत मूंग की फसल खरीदने पर सहमति जताई है, खरीद की समय सीमा बढ़ा दी है और उर्वरक वितरण के लिए ई-टोकन प्रणाली को रोक दिया है। इसके चलते भोपाल में आंदोलन कर रहे किसानों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया है। यह घोषणा बुधवार रात राज्य सचिवालय में राज्य सरकार के प्रतिनिधियों और किसान नेताओं के बीच हुई बातचीत के बाद की गई। इससे कुछ घंटे पहले ही हजारों प्रदर्शनकारी केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर के बाहर प्रदर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास से लगभग एक किलोमीटर दूर तक मार्च करते हुए पहुंचे थे। सरकार ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि उसने किसानों के व्यापक हित में प्रत्येक पात्र किसान से मूंग की फसल की खरीद को मौजूदा 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है। सरकार ने कहा कि यह निर्णय नर्मदापुरम, सीहोर और हरदा जैसे जिलों में प्रति एकड़ लगभग तीन क्विंटल मूंग का उत्पादन करने वाले किसानों के लिए तत्काल प्रभाव से लागू होगा। बयान में यह भी कहा गया है कि अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे।
JUL 30, 2026 08:05 IST

ब्राज़ील के दिग्गज फुटबॉलर नेमार ने किया संन्यास का ऐलान

Neymar Retirement: ब्राज़ील के दिग्गज खिलाड़ी नेमार ने पुष्टि कर दी है कि वे अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से रिटायर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब वे ब्राज़ील का प्रतिनिधित्व नहीं करना चाहते। कोपा सुदामेरिकाना में सैंटोस की वेनेजुएला के यूनिवर्सिडैड सेंट्रल पर 4-2 की जीत के बाद नेमार ने कहा कि ब्राज़ील के साथ उनका इंटरनेशनल करियर खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि उन्होंने नेशनल टीम के साथ इतिहास रचा है। अपने सफ़र को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने ब्राज़ील और पीली जर्सी के लिए अपना सब कुछ दिया, लेकिन अब वे देश का प्रतिनिधित्व जारी नहीं रखना चाहते।
JUL 30, 2026 08:01 IST

सलमान रुश्दी पर हुए जानलेवा चाकूबाजी केस में आरोपी दोषी ठहराया गया

अमेरिका की एक अदालत ने 2022 में न्यूयॉर्क में प्रसिद्ध लेखक सलमान रुश्दी पर हुए जानलेवा चाकूबाजी के मामले में एक अमेरिकी नागरिक को संघीय आतंकवाद के आरोपों में दोषी ठहराया है। बफ़ेलो (Buffalo) की एक संघीय जूरी ने बुधवार को न्यू जर्सी के फेयरव्यू के रहने वाले 28 वर्षीय हादी मतार को विदेशी आतंकवादी संगठन हिजबुल्लाह को सामग्री सहायता प्रदान करने का प्रयास करने, राष्ट्रीय सीमाओं से परे आतंकवाद के कृत्य में शामिल होने और आतंकवादियों को सहायता मुहैया कराने का दोषी पाया। पश्चिमी न्यूयॉर्क जिला के अमेरिकी अटॉर्नी माइकल डिगियाकोमो ने कहा, अमेरिका में जन्मे और पले-बढ़े हादी मतार ने अपने मूल्यों को ईरान के नेताओं के आतंकवादी मूल्यों के साथ जोड़ने का फैसला किया, जो अक्सर हिंसा और हत्या को बढ़ावा देते हैं। मतार ने कई महीनों तक सलमान रुश्दी की हत्या करने की योजना बनाई थी। उन्होंने आगे कहा कि मतार का यह आतंकी प्रयास विफल रहा और जनता व कानून प्रवर्तन अधिकारियों की बहादुरी के कारण सलमान रुश्दी की जान बच गई और मतार को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
JUL 30, 2026 07:56 IST

बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान जारी

Bankipur Bypoll Live Updates: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। जनसुराज सुप्रीमो प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान में उतरने से सभी की नजरें इस सीट पर लगी हैं। लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (BJP) का अभेद्य किला मानी जाने वाली इस सीट पर चुनावी जंग बेहद दिलचस्प हो गई है। इसका मुख्य कारण चुनाव रणनीतिकार से नेता बने 'जन सुराज पार्टी' (JSP) के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) का खुद चुनावी मैदान में उतरना है। उन्होंने सीधे तौर पर बीजेपी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के वर्चस्व को चुनौती दी है।
JUL 30, 2026 07:55 IST

कांवड़ यात्रा 2026- दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का प्लान जारी

कांवड़ यात्रा 2026 को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान जारी किया है। यह योजना 30 जुलाई से 11 अगस्त तक लागू रहेगी। इसका उद्देश्य कांवड़ियों की सुरक्षित और सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ-साथ आम लोगों के लिए भी ट्रैफिक को व्यवस्थित बनाए रखना है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 9 से 11 अगस्त के बीच कांवड़ियों की सबसे ज्यादा आवाजाही रहने की संभावना है। इसी वजह से 9 अगस्त सुबह 7 बजे से कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन और सड़क बंद करने की व्यवस्था लागू होगी। यह व्यवस्था 12 अगस्त रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी। 11 अगस्त को श्रावण शिवरात्रि के मौके पर जलाभिषेक के कारण भी भारी भीड़ रहने की उम्मीद है।
JUL 30, 2026 07:55 IST

एंटी-पेपर लीक बिल पर आज राज्यसभा में चर्चा

Debate on anti paper leak Bill in Rajyasabha: एंटी-पेपर लीक बिल चर्चा के लिए गुरुवार को राज्यसभा में आएगा। उच्च सदन में इस संशोधन विधेयक पर लोकसभा की तरह तीखी बहस होने की उम्मीद है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों दलों के सांसद छात्रों को लेकर एक दूसरे को निशाना बनाते हुए तीखे हमले कर सकते हैं। बता दें कि लोकसभा ने बुधवार को 'लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026’ को मंजूरी दे दी। हालांकि, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर सदन में भारी हंगामा हुआ। भाजपा ने अपने बयान के लिए राहुल से माफी की मांग की है।
JUL 30, 2026 07:54 IST

अमेरिका और ईरान युद्ध खतरनाक मोड़ पर

US Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच रुक-रुक कर चल रहा सैन्य संघर्ष अब एक नए और खतरनाक दौर में प्रवेश कर चुका है। इस युद्ध में पहली बार सऊदी अरब सार्वजनिक रूप से अमेरिका के साथ सीधे सैन्य अभियानों में शामिल हो गया है। दोनों देशों ने इराक में ईरान-समर्थित लड़ाकों के ठिकानों पर संयुक्त एयरस्ट्राइक की हैं। दूसरी ओर, दोनों दुश्मन देशों के बीच गहराते अविश्वास के कारण शांति बहाली की कोशिशें पूरी तरह से ठप हो चुकी हैं। बीते 24 घंटों के भीतर हुए ताजा सैन्य हमलों ने पूरे क्षेत्र में पूर्ण युद्ध के खतरे को एक बार फिर से बढ़ा दिया है।