LIVEआज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 29 मार्च 2024 : मुख्तार अंसारी के बेटे की SC में अर्जी, जनाजे में शामिल होने की मांगी इजाजत; मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने नियुक्त किए लोकसभा प्रभारी

आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 29 मार्च 2024 : मुख्तार अंसारी के बेटे की SC में अर्जी, जनाजे में शामिल होने की मांगी इजाजत; मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने नियुक्त किए लोकसभा प्रभारी
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Khabar), हिंदी न्यूज़ 29 मार्च 2024 और बड़ी खबरें : मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी ने सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल कर पिता के जनाजे में शामिल होने की अनुमति मांगी है। देर रात माफिया डॉन मुख्तार अंसारी का कार्डिएक अरेस्ट से निधन हो गया। वह लंबे समय से जेल में बंद था। आज तीन डॉक्टरों का पैनल वीडियो कैमरे की निगरानी में मुख्तार अंसारी का पोस्टमार्टम करेगा। उधर, सुरक्षा के मद्देनजर सरकार ने पूरे यूपी में हाईअलर्ट घोषित करने के साथ-साथ धारा 144 भी लागू कर दी है। वहीं, लोकसभा चुनाव के तहत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, बीआरएस नेता और राज्यसभा सदस्य केशव राव कांग्रेस में वापस लौट सकते है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की हर बड़ी खबरों के ताजा अपडेट्स...
RCB vs KKR Today Match Live Score
मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने नियुक्त किए लोकसभा प्रभारी
मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी तेज करते हुए कांग्रेस ने क्षेत्रवार 'वॉर रूम' बनाने का फैसला किया है। राज्य को आठ जोन में बांटकर लोकसभा वार प्रभारी बनाए गए हैं। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि प्रदेश की सभी 29 लोकसभा संसदीय क्षेत्रों में व्यवस्थित चुनाव प्रचार-प्रसार के लिए हर लोकसभा क्षेत्र के लिए वॉर रूम स्थापित करने का निर्णय लिया है। राज्य को आठ जोन में बांटकर लोकसभा स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति की है जो कांग्रेस प्रत्याशी, लोकसभा क्षेत्र, जिला प्रभारी एंव संगठन से जुड़े सभी पदाधिकारियों और कांग्रेस-जनों के बीच परस्पर समन्वय स्थापित कर संगठन की मजबूती के लिए कार्य करेंगे।
कांग्रेस नेता ने पंजाब सीएम को दी चुनौती, ऑपरेशन लोटस के खिलाफ करें कानूनी कार्रवाई
पंजाब में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा ने शुक्रवार को ऑपरेशन लोटस के बारे में उसके दावे सच साबित होने की बात कहते हुए भगवंत मान सरकार को कानूनी कार्रवाई करने की चुनौती दी है। प्रताप सिंह बाजवा ने कहा, ''आप सितंबर 2022 से ऑपरेशन लोटस का रोना रो रही है। उसने इस मुद्दे पर जांच कराने की भी बात कही। मुख्यमंत्री भगवंत मान को बताना चाहिए कि 18 महीने बाद भी जांच क्यों पूरी नहीं हुई है।"
न्यूजक्लिक मामले में दिल्ली पुलिस शनिवार को चार्जशीट करेगी दाखिल
न्यूजक्लिक मामले में दिल्ली पुलिस शनिवार को यहां एक अदालत में नौ हजार पन्नों से अधिक की चार्जशीट दाखिल कर सकती है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि समाचार लेखों के माध्यम से देश को अस्थिर करने के लिए बड़ी मात्रा में धन का उपयोग किया गया था, और आरोप पत्र में कथित तौर पर जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के बारे में विवरण शामिल हैं। न्यूजक्लिक के संस्थापक और प्रधान संपादक प्रबीर पुरकायस्थ को इसके मानव संसाधन विभाग के प्रमुख अमित चक्रवर्ती के साथ पिछले साल 3 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस ने चीन समर्थक प्रोपेगेंडा के लिए धन प्राप्त करने के आरोप में गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत गिरफ्तार किया था। न्यूजक्लिक ने आरोपों से इनकार किया है।
हेमंत सोरेन के खिलाफ ED फाइल कर सकती है चार्जशीट, 60 दिन से जेल में हैं JMM नेता
Hemant Soren Land Scam: झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) 30 मार्च को स्पेशल पीएमएलए कोर्ट में चार्जशीट फाइल कर सकती है। इस मामले में एजेंसी ने जांच लगभग पूरी कर ली है।
यहां पढ़ें पूरी खबरकांग्रेस नेताओं को गलत बयानबाजी की बजाय टैक्स चुकाना चाहिए : भाजपा
भाजपा ने आयकर विभाग द्वारा दिए गए नोटिस के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं पर गलत बयानबाजी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कांग्रेस को बयानबाजी की बजाय कानूनी प्रक्रिया का पालन कर टैक्स चुकाने की सलाह दी है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद ज़फ़र इस्लाम ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खडगे या कांग्रेस के अन्य नेता मीडिया में जो बयानबाजी कर रहे हैं, वह सच से परे है। इसलिए उनकी दलीलें कहीं भी टिक नहीं पातीं। अदालत ने कांग्रेस की दलीलों को केवल खारिज ही नहीं किया, बल्कि उसो फटकार भी लगाई।
बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार सॉन्ग 'मोदी संग बिहार' किया रिलीज
Lok Sabha Election 2024: बीजेपी की बिहार इकाई ने लोकसभा चुनाव-2024 के लिए गीत मोदी संग बिहार जारी किया। मोदी संग बिहार शीर्षक वाला यह गीत राज्य में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार की तरफ से किए गए विकास कार्यों पर प्रकाश डालता है।
कांग्रेस ने बीआरएस विधायक श्रीहरि को पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया
तेलंगाना में सत्तारूढ़ दल कांग्रेस ने शुक्रवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के वरिष्ठ विधायक और पूर्व उपमुख्यमंत्री कादियम श्रीहरि और उनकी बेटी कादियम काव्या को पार्टी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। वारंगल लोकसभा सीट से बीआरएस द्वारा उम्मीदवार घोषित की गई कादियम काव्या के चुनावी मुकाबले से हटने का फैसला करने के एक दिन बाद कांग्रेस ने यह पेशकश की है।
केजरीवाल को सीएम पद से हटाने की मांग को लेकर नई याचिका दिल्ली हाई कोर्ट में दाखिल
दिल्ली हाई कोर्ट में एक नई जनहित याचिका (पीआईएल) दायर की गई है, जिसमें आम आदमी पार्टी (आप) सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री पद से हटाने की मांग की गई है। हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता द्वारा दायर याचिका में कहा गया है कि कथित शराब नीति से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद पैदा हुई स्थिति संविधान के खिलाफ जाता है। दिल्ली की एक अदालत ने गुरुवार को केजरीवाल की ईडी हिरासत 1 अप्रैल तक बढ़ा दी थी।
कांग्रेस आयकर विभाग के नए नोटिस को लेकर करेगी राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन
कांग्रेस आयकर विभाग की ओर से जारी किए गए नए नोटिस के खिलाफ इस सप्ताहांत राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन करेगी। मुख्य विपक्षी दल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘कर आतंकवाद’ (टैक्स टेररिज्म) शुरू करने और लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आयकर विभाग ने पांच अलग-अलग वित्तीय वर्षों के टैक्स रिटर्न में कथित विसंगतियों के लिए 1823.08 करोड़ रुपये के भुगतान के नए नोटिस उसे जारी किए हैं। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कांग्रेस की सभी प्रदेश इकाइयों से राज्य में शनिवार और रविवार को बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करने के लिए कहा है।
मुख्तार अंसारी की मौत पर औवेसी ने की स्वतंत्र जांच की मांग
माफिया से नेता बने मुख्तार अंसारी की मौत पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन औवेसी की प्रतिक्रिया सामने आई है। औवेसी ने मुख्तार की मौत पर यूपी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि इस पूरे मामले में स्वतंत्र जांच की आवश्यकता है। उन्होंने मुख्तार अंसारी के परिवार का हवाला देते हुए कहा कि उनका परिवार जो कह रहा है, उसको गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
पूर्वोत्तर राज्यों में चुनाव प्रचार करेंगे गृह मंत्री अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अगले सप्ताह पूर्वोत्तर के कई राज्यों में चुनाव प्रचार करेंगे। चुनाव आयोग द्वारा 7 चरणों में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद क्षेत्र में अभियान शुरू करने वाले वह पहले शीर्ष भाजपा नेता होंगे। भाजपा सूत्रों ने शुक्रवार को कहा कि गृह मंत्री शाह छह अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम सियांग जिले के आलो में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे और चुनाव संबंधी मामलों पर चर्चा के लिए राज्य भाजपा नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
अमरवाड़ा सीट से MLA कमलेश शाह भाजपा में हुए शामिल
Lok Sabha Election 2024: पूर्व सीएम कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा की अमरवाड़ा सीट से विधायक कमलेश शाह भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा की सदस्यता लेने से पहले शाह ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया।
सीरिया में इजरायली हवाई हमले में 36 सैन्यकर्मियों की मौत
सीरिया के उत्तरी शहर अलेप्पो में शुक्रवार तड़के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए इजरायली हवाई हमलों में छत्तीस सीरियाई सैन्यकर्मी मारे गए। सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स के अनुसार, इजरायल ने अलेप्पो अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास जिब्रिन क्षेत्र में हिजबुल्लाह के गोदाम पर हमला किया। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटेन स्थित निगरानी समूह ने कहा कि हमले लगभग तीन घंटे तक उत्तरी अलेप्पो के ग्रामीण इलाकों में हुए। इजरायली हवाई हमलों के कारण सीरियाई सैन्य कर्मियों की सबसे अधिक मौतें हुईं।
कमलनाथ को बड़ा झटका, अमरवाड़ा के विधायक भाजपा में शामिल
मध्य प्रदेश में छिंदवाड़ा की पहचान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गढ़ के तौर पर है, मगर भाजपा उनके गढ़ को कमजोर करने में लगी है। कमलनाथ के सबसे करीबियों में से एक अमरवाड़ा के विधायक कमलेश शाह ने राजधानी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा की मौजूदगी में भाजपा का दामन थाम लिया।
इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर जयराम रमेश ने BJP पर साधा निशाना
Lok Sabha Election-2024: लोकसभा चुनाव से पहले एक बार फिर कांग्रेस ने भापजा पर निशाना साधा है। कांग्रेस पार्टी के संचार महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि पूरे देश को पता चल गया है कि इलेक्टोरल बॉन्ड घोटाले से बीजेपी ने करीब 8250 करोड़ रुपए चंदा इकट्ठा किया है।
कंगना रनौत का मंडी में पहला रोड शो
Lok Sabha Election-2024: मंडी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत द्वारा उन पर दिए गए विवादित बयान को लेकर चुनावी सभा के दौरान पलटवार किया। कंगना ने कहा कि कहा कि कांग्रेस की प्रवक्ता कहती हैं कि मंडी में जो लड़कियां हैं उनके भाव क्या चल रहे हैं। इस तरह की नीच और अभद्र बातें सुनकर किसका दिल नहीं घबराएगा।
खिचड़ी घोटाला: ईडी ने शिवसेना (यूबीटी) उम्मीदवार को नया समन जारी किया
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोविड-19 अवधि के दौरान प्रवासियों को 'खिचड़ी' के वितरण में कथित अनियमितताओं से जुड़े धनशोधन मामले में शिवसेना (यूबीटी) के लोकसभा उम्मीदवार अमोल कीर्तिकर को पूछताछ के लिए नया समन जारी किया है। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
केजरीवाल की पत्नी ने समर्थन जुटाने के लिए वॉट्सऐप अभियान शुरू किया
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शुक्रवार को ‘केजरीवाल को आशीर्वाद’ अभियान की शुरुआत करते हुए लोगों से अपने पति का समर्थन करने की अपील की जो दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में हैं। सुनीता ने एक डिजिटल प्रेस वार्ता में कहा कि उनके पति ने देश में ‘सबसे भ्रष्ट और तानाशाही ताकतों’ को चुनौती दी है। उन्होंने लोगों से अपने आशीर्वाद और प्रार्थनाओं के माध्यम से दिल्ली के मुख्यमंत्री का समर्थन करने का आग्रह किया।
धार के भोजशाला परिसर में एएसआई का सर्वेक्षण आठवें दिन भी जारी
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश पर धार के भोजशाला-कमाल मौला मस्जिद परिसर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) का सर्वेक्षण कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लगातार आठवें दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस परिसर में मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा हर शुक्रवार को अदा की जाने वाली नमाज के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ा दी गई। एएसआई दल के सदस्य अलग-अलग उपकरणों से लैस होकर इस विवादित परिसर में सुबह छह बजे सर्वेक्षण के लिए पहुंचे।
मुख्तार अंसारी की मौत की न्यायिक जांच होगी, ,एसीजेएम जांच अधिकारी नामित
बांदा जेल में माफिया नेता मुख्तार अंसारी की मौत के मामले की न्यायिक जांच के लिए शुक्रवार को एक अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट को नामित किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। मुख्तार अंसारी को बृहस्पतिवार को तबीयत बिगड़ने के बाद बांदा जिला जेल से रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था, जहां दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई थी। बांदा के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) भगवान दास गुप्ता की ओर से जारी आदेश के मुताबिक मामले की जांच के लिए गरिमा सिंह अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सांसद-विधायक अदालत बांदा) गरिमा सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।