LIVEआज की ताजा खबर, 29 जून 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: उत्तराखंड के अल्मोड़ा में कार के खाई में गिरने से 4 की मौत, राजस्थान में डकैत जगन गुर्जर की अजमेर जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
आज की ताजा खबर लाइव, 29 जून 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [पश्चिम एशिया तनाव], [पाकिस्तान तालिबान हमला], [दिल्ली गर्मी अपडेट] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: आज की प्रमुख वैश्विक और राष्ट्रीय हलचलों में पश्चिम एशिया से बड़ी कूटनीतिक राहत मिली है, जहां अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य हमलों को रोकने और 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' से जहाजों को सुरक्षित गुजारने पर सहमति बनी है। इस सिलसिले में कल कतर (दोहा) में एक अहम बैठक होगी। दूसरी ओर, रक्षा मोर्चे पर पाकिस्तान ने कराची रेंजर्स कैंप पर हुए हमले का 24 घंटे के भीतर कड़ा जवाब देते हुए अफगान सीमा (बाजौर) पर 'बॉर्डर ब्लिट्ज' चलाकर TTP और जमात-उल-अहरार के 29 आतंकवादियों को मार गिराया है। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर, दिल्ली में मानसून की देरी और भारी उमस के कारण 'फील्स-लाइक' तापमान 51.3°C तक पहुंच गया है, जिसने भीषण गर्मी से आम जनजीवन को बेहाल कर दिया है।

आज की ताजा खबर, 29 जून 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: उत्तराखंड के अल्मोड़ा में कार के खाई में गिरने से 4 की मौत, राजस्थान में डकैत जगन गुर्जर की अजमेर जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [पश्चिम एशिया तनाव], [पाकिस्तान तालिबान हमला], [दिल्ली गर्मी अपडेट] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: पश्चिम एशिया में शांति की ओर कदम बढ़ाते हुए अमेरिका और ईरान के बीच हमलों पर रोक लगाने का ऐतिहासिक समझौता हुआ है। 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' से सुरक्षित समुद्री मार्ग और इस डील के तकनीकी पहलुओं को अंतिम रूप देने के लिए कल, यानी 30 जून को कतर (दोहा) में दोनों देशों के बीच एक महत्वपूर्ण राजनयिक बैठक होने जा रही है। इसके अलावा कराची में पाकिस्तान रेंजर्स के कैंप पर हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने महज 24 घंटे के भीतर अफगान सीमा से सटे बाजौर इलाके में बड़ा हवाई और जमीनी सैन्य अभियान (Border Blitz) चलाया है। इस कार्रवाई में टीटीपी (TTP) और जमात-उल-अहरार के एक टॉप कमांडर सहित 29 आतंकवादी ढेर कर दिए गए और उनके कई ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया गया। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आस-पास के इलाकों में मानसून की सुस्ती और आसमान छूती ह्यूमिडिटी (उमस) ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। रविवार को भारी उमस के कारण दिल्ली का 'फील्स-लाइक' (Heat Index) तापमान 51.3°C रिकॉर्ड किया गया, जिसने इस सीजन की सबसे दमनकारी और थका देने वाली गर्मी का अहसास कराया।
राजस्थान में डकैत जगन गुर्जर की अजमेर जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
राजस्थान के अजमेर में उच्च सुरक्षा वाली जेल में बंद कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। जेल प्रशासन से सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल जेल पहुंचे। पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक की एक टीम भी जांच के लिए जेल परिसर पहुंच गई है। पुलिस के अनुसार, जगन गुर्जर ने वर्ष 1994 में अपराध की दुनिया में कदम रखा था और उसे पहली बार वर्ष 2001 में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि वर्ष 2008 में जगन उस समय सुर्खियों में आया, जब उसने तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के धौलपुर स्थित आवास को बम से उड़ाने की धमकी दी हालांकि बाद में उसने आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस के अनुसार, जगन गुर्जर कई बार गिरफ्तार हुआ और हर बार जमानत पर रिहा होता रहा। फरवरी 2022 में जगन को तत्कालीन कांग्रेस विधायक गिर्राज मलिंगा को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में फिर से गिरफ्तार किया गया था। धौलपुर निवासी जगन गुर्जर के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 100 आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा में कार के खाई में गिरने से 4 की मौत
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में सोमवार को एक कार के खाई में गिरने से वाहन में सवार चार लोगों की मौत हो गयी और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, घटना अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे उस समय हुई, जब कार में सवार लोग लमगड़ा से चायखान जा रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि रास्ते में कनरा गांव के समीप कार चालक का वाहन पर से अचानक नियंत्रण खो गया और कार खाई में जा गिरी। उन्होंने बताया कि हादसे के समय कार में छह लोग सवार थे, जिनमें से चार की मौत हो गयी और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को बेहतर उपचार के लिए हेलीकॉप्टर के माध्यम से हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया है।
छात्रावास की इमारत से गिरने से मेडिकल छात्रा की मौत, आत्महत्या की आशंका
केरल के त्रिशूर में सोमवार को एक निजी मेडिकल कॉलेज के छात्रावास की इमारत से गिरने से एमबीबीएस प्रथम वर्ष की एक छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने इस घटना में आत्महत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने बताया कि छात्रा की पहचान स्नेहा पौलोस के रूप में हुई है, जो कोट्टायम की रहने वाली थी और जुबली मिशन मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा थी। पुलिस के अनुसार, इस घटना का पता तब लगा जब एक अन्य छात्रा ने पौलोस को इमारत की 14वीं मंजिल से नीचे गिरते देखा। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई। त्रिशूर पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। जांच अधिकारी जल्द ही छात्रावास में पौलोस के कमरे की तलाशी लेंगे और उसके रिश्तेदारों तथा दोस्तों के बयान दर्ज करेंगे।
कासगंज में ट्रेनिंग विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, महिला पायलट घायल
कासगंज में एक ट्रेनिंग विमान को संदिग्ध परिस्थितियों में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि विमान अलीगढ़ के ट्रेनिंग सेंटर से उड़ान पर था और उसे एक महिला पायलट संचालित कर रही थी। उड़ान के दौरान तकनीकी या अन्य अज्ञात कारणों से विमान में समस्या आने की आशंका जताई जा रही है। काफी देर तक विमान आसमान में चक्कर लगाता रहा, जिसके बाद महिला पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए रिजर्व पुलिस लाइन के पास स्थित खेत में इमरजेंसी लैंडिंग कराई। लैंडिंग के दौरान विमान क्षतिग्रस्त हो गया।
इस घटना में महिला पायलट को चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घायल पायलट को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। कासगंज के पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह ट्रेनिंग विमान अलीगढ़ के एक फ्लाइंग ट्रेनिंग सेंटर से आया था। फिलहाल आपातकालीन लैंडिंग के कारणों का पता लगाया जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। विमान के खेत में उतरने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू कर दी है।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में युवक गिरफ्तार
बलिया शहर कोतवाली पुलिस ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा के कथित गबन को लेकर सोशल मीडिया मंच ’फेसबुक’ पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, दुबहड़ थाना क्षेत्र के नगवा गांव निवासी विवेक कुमार पाठक की तहरीर पर शहर कोतवाली क्षेत्र के परमंदापुर मोहल्ला निवासी इरशाद अली (28) के खिलाफ रविवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने प्राथमिकी के हवाले से बताया कि आरोपी ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन को लेकर ’फेसबुक’ पर आपत्तिजनक पोस्ट की थी। तहरीर के अनुसार, आरोपी ने करोड़ों लोगों की भगवान राम के प्रति आस्था को लेकर गलत धारणा पैदा करने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और नफरत फैलाने की नीयत से यह पोस्ट किया था। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सपा प्रमुख मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर चुप क्यों- पंकज चौधरी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को अयोध्या राम मंदिर दान विवाद के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुद्दे पर उनकी चुप्पी को लेकर सवाल उठाया। चौधरी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "अयोध्या को लेकर आवाज उठाना और मथुरा पर घनघोर चुप्पी।" उन्होंने कहा, "जहां वोट बैंक दिखे, वहां आवाज, जहां सच बोलना पड़े, वहां खामोशी" सपा अध्यक्ष की राजनीति का सबसे बड़ा सिद्धांत यही है।" चौधरी ने कहा, "प्रश्न यह है कि मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर चुप्पी क्यों? क्या यह मौन सिद्धांतों का है या फिर वोट बैंक की मजबूरी का?" उन्होंने दावा किया, "सपा अध्यक्ष की 'सेलेक्टिव पीड़ा' को अच्छे से समझा जा सकता है। यही तुष्टिकरण की राजनीति का असली चेहरा है।' अखिलेश यादव ने अयोध्या में राम मंदिर के दान में कथित वित्तीय अनियमितताओं का मुद्दा सात जून को उठाया था, जिसके बाद राज्य सरकार ने 13 जून को मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। अखिलेश यादव ने जारी विवाद के बीच शनिवार को कहा था कि लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वह अयोध्या को एक ’’बेमिसाल’’ धार्मिक और पवित्र नगरी के रूप में विकसित करेगी।
गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी में लिव-इन पार्टनर की हत्या का सनसनीखेज खुलासा
गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ी एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि एक महिला ने अपनी सगी बहन के साथ मिलकर अपने लिव-इन पार्टनर जाकिर की हत्या की थी। पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाओं ने पहले जाकिर के सिर पर डंडे से हमला कर उसे बेहोश किया। इसके बाद गमछे से उसका गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश कर दिया। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया तथा हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा और गमछा भी बरामद कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्हें शक था कि जाकिर उनकी बेटी पर गलत नजर रखता था। इसी संदेह के चलते दोनों बहनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल ट्रोनिका सिटी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सपा नेता ने पीएम मोदी को खून से लिखा पत्र, गाय को ‘राष्ट्रमाता' का दर्जा देने की मांग
समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता जीशान अंसारी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने खून से पत्र लिखकर गाय को ’’राष्ट्र माता’’ घोषित करने की मांग की। उन्होंने यह पत्र जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजा। अंसारी ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपने से पहले वाराणसी में जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर अपने खून से पत्र लिखा।
सपा नेता ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि वह मुस्लिम समुदाय से आते हैं। उन्होंने कहा, ’’मैं मुस्लिम समुदाय से आता हूं और इसलिए मैंने सबसे पहले यह पहल की है। भाजपा के नेता गाय को लेकर तरह-तरह के बयान देते रहते हैं। हम चाहते हैं कि भाजपा गाय को ’राष्ट्र माता’ घोषित करके अपना रुख स्पष्ट करे।’’ अंसारी ने कहा कि भारत में लोगों की आस्था और भावनाओं में गाय का विशेष स्थान है। उन्होंने आरोप लगाया, ’’कई घरों में पहली रोटी गाय के लिए रखी जाती है। वहीं, शुभेंदु अधिकारी और हिमंत विश्व शर्मा जैसे भाजपा के नेता गाय को रोटी नहीं बल्कि रोटी से गाय खिलाने की बात करते हैं।’’ सपा नेता ने जिला प्रशासन से अनुरोध किया कि उनके ज्ञापन को उचित विचार के लिए प्रधानमंत्री को भेजा जाए।
जम्मू के बीएसएफ शिविर में महिला आरक्षी का शव फंदे से लटका मिला
जम्मू में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सीमांत (फ्रंटियर) मुख्यालय में सोमवार को बल की एक महिला आरक्षी का शव उसके कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मृतका की पहचान आरक्षी विष्णु प्रिया रॉय के रूप में हुई है, जो 25 मई से शुरू हुए तीन महीने के लैब असिस्टेंट कोर्स का प्रशिक्षण ले रही थीं। वह शहर के बाहरी इलाके पलौरा स्थित बीएसएफ सीमांत मुख्यालय के भीतर बने कमांड अस्पताल में अपने आवंटित आवास में रह रही थीं। उन्होंने बताया कि रॉय का शव छत के पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ पाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले में कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
दिल्ली में नई इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी 2026 लॉन्च होने पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा-
जम्मू कश्मीर के कटरा में वाहन पलटने से सीआईएसएफ के नौ जवानों समेत 10 लोग घायल
जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में कटरा के पास सोमवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) का एक वाहन पलटने से उसमें सवार नौ जवानों समेत 10 लोग घायल हो गए जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, सीआईएसएफ की ड्यूटी पर तैनात वाहन ताराकोटे–बालिनी मार्ग पर एक तीखे मोड़ के पास पलट गया। उन्होंने बताया कि नौ जवानों के अलावा वाहन का चालक भी घायल हुआ है।
उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल हुए तीन जवानों को जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि सात अन्य जवानों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें कटरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया है।
जीएमसी अस्पताल रेफर किए गए घायल जवानों की पहचान हेड कांस्टेबल पी. के. टिट्रिया, हेड कांस्टेबल एम. एम. डे और कांस्टेबल शौमी के रूप में हुई है। कांस्टेबल शौमी के सिर में गंभीर चोट आई है।
उप महानिरीक्षक (रियासी-उधमपुर रेंज) शिव कुमार शर्मा घायलों के इलाज की जानकारी लेने के लिए अस्पताल पहुंचे।
चुनावी पारदर्शिता के मामले में भारत प्रमुख लोकतांत्रिक देशों का नेतृत्व कर रहा : मुख्य चुनाव आयुक्त
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को कहा कि चुनावी पारदर्शिता के मामले में भारत दुनिया के प्रमुख लोकतांत्रिक देशों का नेतृत्व कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत की चुनावी प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों द्वारा कसौटी पर कसा जाता है।
कश्मीर के तीन दिवसीय दौरे पर आए कुमार ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ’’हमने दुनिया की सबसे पारदर्शी चुनावी प्रक्रिया के हिस्सों - मतदाता सूची तैयार करने, मतदान और मतगणना- पर चर्चा की। सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों द्वारा इस प्रक्रिया की जांच की जाती है।’’
इससे पहले दिन में, कुमार ने श्रीनगर से लगभग 12 किलोमीटर दूर बडगाम जिले में बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) की एक सभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि भारत अभी ’इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्टोरल असिस्टेंस’ (इंटरनेशनल आईडीईए) की अध्यक्षता कर रहा है। यह अंतर सरकारी संगठन है जो दुनिया भर में सतत लोकतंत्र का समर्थन करता है।
कुमार ने कहा, ’’भारतीय चुनावों की इस प्रक्रिया के मद्देनजर भारत दुनिया के सभी बड़े लोकतांत्रिक देशों का नेतृत्व कर रहा है और इंटरनेशनल आईडीईए का अध्यक्ष भी है।’’
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बीएलओ को लोकतंत्र का स्तंभ करार दिया।
NEET UG 2026 परीक्षा में धांधली के मामले में गिरफ्तार आरोपियों की हिरासत बढ़ी
NEET UG 2026 परीक्षा में धांधली के मामले में गिरफ्तार 10 आरोपियों की न्यायिक हिरासत 11 जुलाई तक बढ़ गई है। राउज एवेन्यू कोर्ट में इन आरोपियो को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया। न्यायिक हिरासत खत्म होने के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट मे आरोपी यश यादव, मंगीलाल बिवाल,दिनेश बिवाल, विकास बिवाल,धनंजय लोखंडे,तेजस हर्षद शाह,शुभम खैरनार,मनीषा वाघमारे,मनीषा हवलदार और डॉक्टर मनोज शिरूरे को पेश किया गया।
मुंबई के उपनगरों में रातभर हुई भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई इलाकों में 100 मिमी से अधिक वर्षा
मुंबई के उपनगरों में रातभर तेज बारिश हुई और इस दौरान कई इलाकों में महज चार घंटे में 100 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई, जिससे कुछ स्थानों पर जलभराव और यातायात बाधित हो गया। स्थानीय अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी उपनगर मुलुंड के वीणा नगर में 160.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी उपनगर वर्सोवा में 156.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
अधिकारियों ने बताया कि उपनगरों में रात 12 बजे से सुबह चार बजे तक मूसलाधार बारिश हुई, जिससे मुलुंड स्थित एलबीएस रोड और अंधेरी सबवे के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया और कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
बीएमसी के स्वचालित मौसम केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी उपनगरों में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। मानखुर्द के महाराष्ट्र नगर स्कूल में 123.4 मिमी बारिश हुई, इसके बाद पवई के पसपोली नगर विद्यालय में 122 मिमी, मुलुंड के मिठागर नगर विद्यालय में 120.8 मिमी और एस वार्ड कार्यालय क्षेत्र में 120.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
UCC Bill आज पेश नहीं होगा
UCC Bill आज पेश नहीं होगा। आज विधान सभा में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी UCC पर एक्सपर्ट कमेटी के गठन की घोषणा करेंगे।
राबड़ी देवी को नोटिस
भवन निर्माण विभाग के तरफ से राबड़ी देवी को दस सर्कुलर रॉड आवास खाली करने का सात दिनों का नोटिस दिया गया था जिसकी समय सीमा आज खत्म हो रही है, समय सीमा खत्म होने के साथ हीं राबड़ी आवास से लालू परिवार के शिफ्टिंग का काम शुरू हो गया है, ट्रक और पिकअप वैन से घर का सामान सिफ्ट किया जा रहा है।
कराची हमले के 24 घंटे के भीतर पाकिस्तान का अफगान बॉर्डर पर हमला, 29 आतंकवादी ढेर
कराची में पाकिस्तान रेंजर्स के कैंप पर हुए भीषण आतंकवादी हमले (जिसमें तीन जवान शहीद हो गए थे) के ठीक एक दिन बाद पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने अफगान सीमा पर बड़ा जवाबी हमला किया है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने बताया कि सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा के बाजौर जिले में खुफिया जानकारी के आधार पर एक सफल ग्राउंड ऑपरेशन और हवाई हमले किए। इस 'बॉर्डर ब्लिट्ज' में प्रतिबंधित आतंकी संगठन 'जमात-उल-अहरार' और 'तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान' (TTP/फिटना अल-खवारिज) के ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिसमें एक हाई-वैल्यू कमांडर खान फरोश सहित 29 आतंकवादी मारे गए हैं। सुरक्षा बलों ने अफगानिस्तान के पक्तिया, पक्तिका और कुनार प्रांतों में मौजूद 3 प्रमुख आतंकी कैंपों और उनके हथियारों के जखीरे को पूरी तरह तबाह कर दिया है।
'फील्स-लाइक' तापमान फिर 50°C के पार; उमस ने छुड़ाए पसीने
देश की राजधानी दिल्ली में मानसून की देरी और उमस (Humidity) के जानलेवा संयोजन ने आम जनजीवन बेहाल कर दिया है। रविवार को दिल्ली का वास्तविक थर्मामीटर तापमान भले ही 41.8°C रिकॉर्ड किया गया, लेकिन हवा में 37% से 70% तक की भारी उमस के कारण 'हीट इंडेक्स' यानी महसूस होने वाला तापमान 50.7°C से लेकर 51.3°C तक पहुंच गया। यह इस साल का सबसे गर्म और दमनकारी मौसम दर्ज किया गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अरब सागर से आ रही दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण उमस बहुत ज्यादा बढ़ गई है। हालांकि, दिल्लीवासियों के लिए थोड़ी राहत की खबर है कि आगामी 2 से 3 दिनों में गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।
अमेरिका और ईरान के बीच हमलों पर रोक, कल कतर में होगी 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' पर महाबैठक
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ी और राहत भरी कूटनीतिक सफलता सामने आई है। अमेरिका और ईरान के बीच एक-दूसरे पर सैन्य हमले रोकने पर सहमति बन गई है। दोनों देशों के जहाजों को अब 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' (Strait of Hormuz) से सुरक्षित और स्वतंत्र रूप से गुजरने की अनुमति होगी। इस विवाद के स्थायी समाधान और हाल ही में हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के तकनीकी पहलुओं पर चर्चा करने के लिए दोनों पक्षों के शीर्ष अधिकारी कल, यानी 30 जून (मंगलवार) को कतर की राजधानी दोहा में एक उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। इससे पहले यह बैठक स्विट्जरलैंड में होनी थी, लेकिन दोनों देशों के बीच हालिया सैन्य झड़पों को देखते हुए इसका स्थान और एजेंडा बदलकर कतर कर दिया गया है।