LIVEआज की ताजा खबर, 28 मई 2024: TRP गेम जोन के मालिक की अग्निकांड में ही हो गई थी मौत; राजस्थान के चुरू में पारा 50 डिग्री पार

आज की ताजा खबर, 28 मई 2024: TRP गेम जोन के मालिक की अग्निकांड में ही हो गई थी मौत; राजस्थान के चुरू में पारा 50 डिग्री पार
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 28 मई 2024 और बड़ी खबरें: डेरा सिरसा के चीफ गुरमीत राम रहीम को बड़ी राहत मिली है। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने रणजीत मर्डर केस में उन्हें रिहा कर दिया है। इस मर्डर केस में सीबीआई की अदालत ने राम रहीम को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी लेकिन हाई कोर्ट ने उसके फैसले को खारिज कर दिया। रणजीत मर्डर केस में पंचकूला की सीबीआई अदालत ने 2021 में राम रहीम को आजीवन कारावास की सजा और 31 लाख रुपए का जुर्माना लगाया था। इस केस में जिन पांच लोगों को हाई कोर्ट से राहत मिली है उनमें राम रहीम भी शामिल हैं। वहीं पुणे कार हादसे से जुड़े कई अपडेट्स लगातार सामने आ रहे हैं। आरटीओ ने कार का अस्थायी पंजीकरण रद्द करने का फैसला लिया है। तो वहीं दो चिकित्सकों की गिरफ्तारी के बाद सरकार ने जांच समिति बनाई है। जिन्होंने ब्लड सैंपल बदले और फिजिकल चेक अप में भी आरोपी को क्लीन चिट दे दी थी। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 28 मई 2024 की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार: जानिए आज की बड़ी खबरों पर हर अपडेट।
दिल्ली: 5 स्टार होटल में लड़की से छेड़छाड़
नई दिल्ली के 5 स्टार होटल के क्लब में लड़की से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोस्त के साथ पार्टी करने गई लड़की के साथ क्लब के बाउंसरों ने मारपीट और छेड़छाड़ की।
राजकोट अग्निकांड: मालिक प्रकाश हिरेन की मौत
राजकोट के टीआरपी गेम जोन में हुए अग्निकांड मामले में बड़ी खबर सामने आई है। गेम जोन के एक मालिक प्रकाश हिरेन की उसी आग दुर्घटना में मौत हो गई है। प्रकाश हिरेन के पास गेम जोन की 60% से ज्यादा संपत्ति पर मालिकाना हक था।
राजस्थान के चुरु में 50 डिग्री के पार तापमान
राजस्थान के चुरू में आज अधिकतम तापमान 50.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली: मुंगेशपुर में 49.9 डिग्री तापमान
दिल्ली में गर्मी ने मंगलवार को रिकॉर्ड तोड़ दिया। दिल्ली में मंगलवार को तापमान करीब 50 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया। आईएमडी ने बताया कि आज दिल्ली के मुंगेशपुर में तापमान 49.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो इस साल अब तक सबसे अधिकतम तापमान है।
पश्चिम बंगाल: पीएम मोदी ने कोलकाता में किया रोडशो
हरियाणा: सोनीपत की रबर बेल्ट बनाने वाली फैक्टरी में लगी आग
स्वाति मालीवाल केस: बिभव कुमार 31 मई तक पुलिस हिरासत में
स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट के आरोपी बिभव कुमार को तीस हजारी कोर्ट ने 31 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
केजरीवाल के खिलाफ ईडी के आरोप पत्र पर संज्ञान लेने पर फैसला सुरक्षित
ल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ ईडी द्वारा दाखिल पूरक आरोप पत्र पर संज्ञान लेने के संबंध में फैसला चार जून के लिए सुरक्षित रख लिया।
संदेशखाली: शाहजहां शेख के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पांच जनवरी को संदेशखालि में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम पर भीड़ द्वारा किए गए हमले के संबंध में निलंबित तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता शाहजहां शेख, उसके भाई और पांच अन्य पर आपराधिक साजिश और हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि मामले में एजेंसी का पहला आरोपपत्र सोमवार को बशीरहाट विशेष अदालत के समक्ष दायर किया गया।
आतिशी को कोर्ट का समन
दिल्ली की एक अदालत ने आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी को समन भेजा है। उन्हें 29 जून को पेश होने के लिए कहा गया है। यह समन मानहानि मामले में भेजा गया है।
के.कविता की जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित
दिल्ली उच्च न्यायालय ने सीबीआई और ईडी दोनों मामलों में बीआरएस नेता के कविता द्वारा दायर जमानत याचिका पर आदेश सुरक्षित रखा है।
4 जून के बाद बड़ा फैसला लेंगे नीतीश- तेजस्वी यादव
राजद नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंंने कहा, चार जून के बाद नीतीश कुमार अपनी पार्टी बचाने और पिछड़ों की राजनीति को लेकर बड़ा फैसला लेने जा रहे हैं।
मणिपुर में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई इलाकों में बाढ़
मणिपुर में लगातार भारी बारिश से मंगलवार को कई इलाके जलमग्न हो गए, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इंफाल पूर्वी जिले में नालियों में रुकावट के कारण जलभराव होने से एंड्रो पार्किंग, चेकॉन, महाबली और वांगखेई में यातायात प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने बताया कि इंफाल पश्चिम जिले के काकवा में भी प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण किसी की मौत या घायल होने की कोई खबर नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)37 इंफाल-सिलचर राजमार्ग पर कांगपोकपी जिले के सिनम गांव के निकट भारी बारिश के कारण भूस्खलन हो गया, जिससे एक ट्रक खाई में जा गिरा। उन्होंने बताया कि मार्ग पर मलबा जमा होने की वजह से कई अन्य ट्रक वहां फंसे हुए हैं। सेनापति जिले में कई नदियां उफान पर हैं और बाढ़ का पानी जिले के कई इलाकों में घुस गया है। अधिकारियों ने बताया कि लगातार भारी बारिश के कारण सबसे बड़ी इंफाल नदी समेत घाटी की कई नदियां भी उफान पर हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कानून का राज खत्म कर दिया है: राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में एक दलित युवती की मौत की घटना को लेकर मंगलवार को राज्य की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कानून का राज खत्म कर दिया है। पिछले साल अगस्त में अपने भाई की हत्या होने का दावा करते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराने वाली दलित समुदाय की अंजना अहिरवार की रविवार को सागर में अपने चाचा के शव को ले जाते हुए एम्बुलेंस से गिरने के बाद मृत्यु हो गई। अंजना ने पिछले साल अगस्त में यह दावा करते हुए मामला दर्ज कराया था कि उत्पीड़न के एक मामले में समझौता करने के लिए दबाव डालने वाले कुछ लोगों ने उसके भाई को पीट-पीटकर मार डाला था। राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया मंच'एक्स' पर पोस्ट किया, "नरेन्द्र मोदी ने ‘कानून का राज’ खत्म कर दिया है। मध्यप्रदेश में इस दलित परिवार के साथ भाजपा नेताओं ने जो किया है वह सोच कर ही मन पीड़ा और क्रोध से भर गया।" उन्होंने कहा कि यह शर्म की बात है कि भाजपा के राज में सरकार पीड़ित महिलाओं की जगह हमेशा उनके गुनहगारों के साथ खड़ी मिलती है। कांग्रेस नेता के मुताबिक, ऐसी घटनायें हर उस इंसान की हिम्मत तोड़ देती हैं जिसके पास इंसाफ की गुहार लगाने के लिए सिवाय कानून के और कोई रास्ता नहीं होता। राहुल गांधी ने कहा, "मैं आपको भरोसा दिलाता हूं, कि हम एक ऐसी व्यवस्था बनाएंगे जहां कमज़ोर से कमज़ोर व्यक्ति भी अत्याचार के खिलाफ अपनी आवाज़ मज़बूती से उठा सकेगा। हम न्याय को दौलत और ताकत का मोहताज नहीं बनने दे सकते।"
राजस्थान: सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत, दो अन्य घायल
राजस्थान के उदयपुर जिले में सोमवार रात एक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई जबकि दो अन्य झुलस गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा एक बाइक व जीप की टक्कर के कारण हुआ। पुलिस ने बताया कि फलासिया थाना क्षेत्र के उदयपुर-आबू रोड पर एक तेज रफ्तार बाइक उस जीप से जा टकराई जिसमें बाराती सवार थे। बाइक पर सवार तीन दोस्त युवक पास ही कहीं जा रहे थे। हादसे में, बाइक पर सवार सुनील, राहुल और दीपक (उम्र 18-20 वर्ष) की सिर में चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार टक्कर से बाइक का पेट्रोल टैंक फट गया और बाइक व जीप में आग लग गई। जीप में सवार छह यात्रियों में से दो झुलस गए और उन्हें उदयपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राजकोट अग्निकांड : गेम जोन का एक और साझेदार गिरफ्तार
गुजरात पुलिस ने राजकोट स्थित ‘टीआरपी गेम जोन’ के एक और साझेदार को गिरफ्तार किया है जहां पिछले सप्ताह आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गयी थी। बनासकांठा के पुलिस अधीक्षक अक्षयराज मकवाना ने बताया कि धवल कॉर्पोरेशन के मालिक धवल ठक्कर को पड़ोसी राजस्थान के आबू रोड से गिरफ्तार कर लिया गया है। वह रेसवे इंटरप्राइज के पांच साझेदारों के साथ मिलकर टीआरपी गेम जोन चलाता था। इसके साथ ही शनिवार को हुई इस घटना के संबंध में अभी तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मकवाना ने बताया, 'ठक्कर को गत रात राजकोट और बनासकांठा पुलिस द्वारा चलाए गए एक संयुक्त अभियान में आबू रोड से गिरफ्तार किया गया।' इससे पहले पुलिस ने रेसवे इंटरप्राइज में साझेदार युवराज सिंह सोलंकी और राहुल राठौड़ तथा गेम जोन के प्रबंधक नितिन जैन को गिरफ्तार किया था। उन्हें सोमवार को राजकोट की एक अदालत ने 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने मामले में आग लगने की इस घटना के संबंध में छह लोगों - ठक्कर, सोलंकी, राठौड़ और रेसवे इंटरप्राइज के साझेदारों अशोक सिंह जडेजा, किरीट सिंह जडेजा और प्रकाशचंद हिरन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
नौरोजी नगर में डीटीसी बस ने अन्य बस को मारी टक्कर, दो लोग घायल
दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की एक बस ने मंगलवार को सुबह दक्षिण पश्चिम दिल्ली के नौरोजी नगर में एक अन्य बस को पीछे से टक्कर मार दी जिसमें दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि आउटर रिंग रोड पर नौरोजी नगर बस स्टैंड में दो डीटीसी बसों की टक्कर के संबंध में सफदरजंग एन्क्लेव पुलिस थाने को सूचना मिली। उन्होंने बताया कि एक दल को घटनास्थल पर भेजा गया और घायलों को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना उस समय हुई जब आकाश द्वारा चलायी जा रही एक डीटीसी बस नौरोजी नगर बस स्टैंड पर यात्रियों को बैठा रही थी और चांदवीर द्वारा चलायी जा रही डीटीसी की एक अन्य बस ने पीछे से उसे टक्कर मार दी। पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपश्चिम) रोहित मीणा ने बताया, 'पश्चिम सागरपुर के दुर्गा पार्क में रहने वाले दो व्यक्तियों मुकेश कुमार और शमशुला को मामूली चोटें आयी हैं और उनका एम्स के ट्रामा सेंटर में उपचार हो रहा है।' डीसीपी ने कहा, 'मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।'
मर्डर केस में गुरमीत राम रहीम को हाई कोर्ट ने किया दोषमुक्त
डेरा सिरसा के चीफ गुरमीत राम रहीम को बड़ी राहत मिली है। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने रणजीत मर्डर केस में उन्हें रिहा कर दिया है। इस मर्डर केस में सीबीआई की अदालत ने राम रहीम को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी लेकिन हाई कोर्ट ने उसके फैसले को खारिज कर दिया। रणजीत मर्डर केस में पंचकूला की सीबीआई अदालत ने 2021 में राम रहीम को आजीवन कारावास की सजा और 31 लाख रुपए का जुर्माना लगाया था। इस केस में जिन पांच लोगों को हाई कोर्ट से राहत मिली है उनमें राम रहीम भी शामिल हैं।
पढ़ें पूरी खबरमुंबई: औद्योगिक परिसर में आग लगने से छह लोग झुलसे
मुंबई के धारावी झुग्गी-बस्ती इलाके में स्थित एक औद्योगिक परिसर में मंगलवार को आग लगने से कम से कम छह लोग झुलस गए। स्थानीय निकाय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, घायलों को आनन-फानन में पास के सायन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि धारावी इलाके के काला किला में स्थित अशोक मिल परिसर में तीन मंजिला और चार मंजिला इमारतों में तड़के करीब पौने चार बजे आग लग गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि 22 से 28 वर्ष की आयु के छह लोग आग में झुलस गये, जिनमें से दो लोग 30 से 50 फीसदी और दो अन्य लोग आठ से 10 फीसदी तक आग में झुलस गये। अधिकारी ने बताया कि एक अन्य युवक के हाथ पर मामूली चोट आई थी, जिसे उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। निगम के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि आग दोनों इमारतों में रखे लकड़ी के सामान, कपड़ों, फर्नीचर और उपकरणों में लगी। अधिकारी ने बताया कि दमकल की कम से कम पांच गाड़ियां और पानी के टैंकर सहित दमकल के अन्य वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया और चार से ज्यादा घंटों में आग पर काबू पा लिया गया।
नोएडा में बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास मिला अज्ञात महिला का शव
उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर 39 थाना क्षेत्र में बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास पुलिस को एक अज्ञात महिला का शव मिला है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि महिला नेपाल की रहने वाली प्रतीत होती है। सेक्टर 39 के थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सोमवार रात सूचना मिली कि बोटैनिकल गार्डन के पास एक अज्ञात महिला ‘डिवाइडर’ पर बेहोशी की हालत में पड़ी है। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि महिला नेपाल देश की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों और सोशल मीडिया की सहायता से शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। इस बीच, नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में यमुना नदी में भी 40 वर्षीय एक अज्ञात पुरुष का शव सोमवार को मिला। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस को यमुना नदी में 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि शव की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।