LIVE

आज की ताजा खबर 28 मार्च, 2025: थाईलैंड में भूंकप के झटकों से जमींदोद हुईं बिल्डिंग, 90 लापता; गाजा में इजराइली हमलों में हमास प्रवक्ता समेत सात लोगों की मौत

आयुष सिन्हाUpdated Mar 28, 2025, 19:05 IST

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar) 28 March 2025 Updates: कर्नाटक के बेंगलुरु में बृहस्पतिवार को 32 वर्षीय एक महिला का शव एक सूटकेस में मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान गौरी खेडेकर के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र की रहने वाली थी। पुलिस ने बताया कि महिला का पति राकेश राजेंद्र खेडेकर अपराध के बाद पुणे भाग गया। वहीं मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने देश में अवैध रूप से रहने के आरोप में महानगर के दादर से एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है और यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि क्या वह 17 मार्च को नागपुर में हुई हिंसा में शामिल था। इसके अलावा महराजगंज जिले में बृहस्पतिवार को नेपाल से भारत में अवैध रूप से दाखिल हो रहे नीदरलैंड के एक नागरिक को गिरफ्तार किया गया है।

आज की ताजा खबर 28 मार्च, 2025: थाईलैंड में भूंकप के झटकों से जमींदोद हुईं बिल्डिंग, 90 लापता; गाजा में इजराइली हमलों में हमास प्रवक्ता समेत सात लोगों की मौत
आज की ताजा खबर 28 मार्च, 2025: थाईलैंड में भूंकप के झटकों से जमींदोद हुईं बिल्डिंग, 90 लापता; गाजा में इजराइली हमलों में हमास प्रवक्ता समेत सात लोगों की मौत

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar) 28 March 2025 Updates: उत्तरी गाजा पट्टी में हुए अलग-अलग इजराइली हमलों में हमास के एक प्रवक्ता समेत सात लोगों की मौत हो गई। क्षेत्र के स्वास्थ्य मंत्रालय और हमास के एक अन्य अधिकारी ने यह जानकारी दी। इजराइल ने हमास के साथ हुआ युद्ध विराम समझौता पिछले सप्ताह तोड़ते हुए गाजा पर कई हवाई हमले में किए हैं जिनमें अभी तक 800 से अधिक लोग मारे गए हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया में तीन मई को आम चुनाव के लिए मतदान होगा जिसमें बढ़ती महंगाई और आवास की कमी मुख्य चुनावी मुद्दे हो सकते हैं। देश के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीस की वामपंथी ‘लेबर पार्टी’ लगातार दूसरी बार सरकार बनाने की कोशिश कर रही हैं। अल्बानीज चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने के लिए शुक्रवार को गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन के आधिकारिक आवास पर गए और उन्होंने बाद में संसद भवन में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान चुनाव की तारीख की घोषणा की।

Surya Grahan 2025 Date Time In India Live Updates

यहां पढ़ें देशभर के हर मुख्य समाचार सबसे पहले

  • ऑस्ट्रेलिया में तीन मई को होगा चुनाव; महंगाई, आवास की कमी होंगे प्रमुख मुद्दे
  • गाजा में इजराइली हमलों में हमास प्रवक्ता समेत सात लोगों की मौत
  • बेंगलुरु में महिला का शव सूटकेस में मिला, पति हिरासत में लिया गया
  • मुंबई में अवैध रूप से रहने के आरोप में बांग्लादेशी व्यक्ति गिरफ्तार
  • नेपाल से भारत में अवैध तरीके से दाखिल हो रहा नीदरलैंड का नागरिक गिरफ्तार
  • इलाहाबाद उच्च न्यायालय में हड़ताल शुक्रवार को (आज) भी जारी रहेगी
  • नोएडा में गर्ल्स हॉस्टल में लगी आग, 40 छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया
  • जम्मू-कश्मीर के कठुआ में हुई मुठभेड़ में तीन आतंकवादी ढेर, तीन पुलिसकर्मी शहीद

MAR 28, 2025 19:04 IST

UP: पीलीभीत और श्रावस्ती में दो तेंदुए के शव मिले

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत और श्रावस्ती जिलों में दो तेंदुओं के शव मिले हैं। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की माला रेंज क्षेत्र में शुक्रवार को सुबह चुड़ैला बंजरिया गांव की माइनर नहर में तेंदुए का शव उतराते दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। पीटीआर के चिकित्सक डॉ. दक्ष गंगवार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम आज होगा और उसके बाद ही उसके संबंध में कुछ बताया जा सकेगा। सामाजिक वानिकी के डीएफओ भारत कुमार ने पत्रकारों को बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर वन विभाग की टीम को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया पता चला है कि तेंदुआ पानी के बहाव के साथ नहर में आया है।
MAR 28, 2025 18:01 IST

राहुल गांधी सात अप्रैल को पटना आएंगे

कांग्रेस नेता राहुल गांधी अगले महीने सात अप्रैल को संविधान की सुरक्षा विषय पर आयोजित होने वाली एक संगोष्ठी में भाग लेने के लिए बिहार आएंगे। कांग्रेस सचिव सुशील कुमार पासी ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘जननायक राहुल गांधी सात अप्रैल को पटना आएंगे। वह महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह की याद में शहर के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित होने वाले संविधान सुरक्षा सम्मेलन के दौरान सामाजिक कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे।’’
MAR 28, 2025 17:43 IST

यूक्रेन को संयुक्त राष्ट्र के शासन के अधीन रखा जाए: पुतिन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के साथ युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान तलाशने के लिए शुक्रवार को पड़ोसी देश को संयुक्त राष्ट्र के तत्वावधान में बाह्य शासन के अधीन रखने का प्रस्ताव रखा। माना जा रहा है कि पुतिन का यह बयान युद्ध लक्ष्यों को प्राप्त करने के उनके दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। पुतिन ने रूसी परमाणु पनडुब्बी के चालक दल को संबोधित करते हुए अपने इस दावे को दोहराया कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का कार्यकाल पिछले साल समाप्त हो गया है और उनके पास शांति समझौते पर हस्ताक्षर करने की वैधता नहीं है। पुतिन के इस भाषण को शुक्रवार सुबह टेलीविजन पर प्रसारित किया गया।
MAR 28, 2025 17:19 IST

वन्य जीव कानून में संशोधन का कोई प्रस्ताव नहीं: सरकार

सरकार ने संसद को सूचित किया है कि वर्तमान में वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 में संशोधन करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। माकपा सदस्य वी शिवदासन के एक सवाल के लिखित जवाब में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्तवर्धन सिंह ने राज्यसभा को यह जानकारी दी। मंत्री सिंह ने कहा,‘‘ मानव-वन्यजीव संघर्षों के प्रबंधन सहित वन्यजीवों का संरक्षण मुख्य रूप से संबंधित राज्य व केंद्रशासित प्रदेश सरकारों की जिम्मेदारी है।’’
MAR 28, 2025 14:44 IST

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा को जान से मारने की धमकी देने वाला गिरफ्तार

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को जान से मारने की धमकी मिली है। घटना के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क अलर्ट मोड पर आ गईं और जेल परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सीएम को बीकानेर सेंट्रल जेल से सुबह पुलिस कंट्रोल रूम के फोन पर धमकी दी गई थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर कैदी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बीकानेर सेंट्रल जेल में बंद आदिल के रूप में हुई। जेल प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन के दौरान आदिल को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। जानकारी के मुताबिक, आदिल को बीते दिनों पाली जेल से बीकानेर सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया था।
MAR 28, 2025 13:11 IST

दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र में हंगामा, कई 'आप' विधायकों को सदन से किया गया बाहर

दिल्ली विधानसभा के बजट सेशन के दौरान हंगामा कर रहे आम आदमी पार्टी के विधायकों को स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के निर्देश पर सदन से बाहर कर दिया गया। बाहर होने वाले विधायकों में संजीव झा, कुलदीप कुमार, विशेष रवि, मुकेश अहलावत और जरनैल सिंह शामिल हैं। नेता प्रतिपक्ष आतिशी को भी बाहर निकाल दिया गया।
MAR 28, 2025 13:10 IST

यूपी: अलविदा की नमाज को लेकर पूरे प्रदेश में अलर्ट, सोशल मीडिया पर हो रही कड़ी निगरानी

उत्तर प्रदेश में अलविदा जुमे की नमाज को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की गई है। पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। संभल शहर में सबसे ज्यादा चौकसी की जा रही है। इसके साथ अमरोहा, मेरठ, बरेली लखनऊ रायबरेली समेत तमाम शहरों में अलविदा की नमाज के लिए कड़े इंतजाम किए गए है। संवेदनशील इलाके में फोर्स तैनात है। सभी जगहों पर सोशल मीडिया से कड़ी निगरानी हो रही है।
MAR 28, 2025 11:29 IST

मथुरा: दिल्ली-आगरा हाईवे पर कार ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, दो लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के मथुरा में दिल्ली-आगरा हाईवे पर शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव उठाने का विरोध किया। जानकारी के अनुसार, हाईवे पर तेज रफ्तार थार कार ने एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर लोग जुट गए और जाम की स्थिति बन गई। वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची।
MAR 28, 2025 11:22 IST

किसान नेता सरवन पंधेर जेल से हुए रिहा

सरवन सिंह पंधेर को मुख्तार साहिब जेल से रिहा कर दिया गया है। जिसके बाद उन्होंने आज सुबह बहादुरगढ़ किले में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पंधेर ने पंजाब की AAP सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब सरकार को किसानों के खिलाफ कार्रवाई करने की क्या मजबूरी थी? यहां पढ़ें पूरी खबर
MAR 28, 2025 11:21 IST

मुजफ्फरनगर में कार पलटने से दो युवकों की मौत, छह अन्य घायल

मुजफ्फरनगर जिले में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक कार के पलट जाने से दो युवकों की मौत हो गयी और छह अन्य घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हादसा रतनपुरी थाना इलाके में खतौली बाईपास के पास हुआ।
MAR 28, 2025 10:39 IST

दिल्ली के विकासपुरी में पुलिस के साथ मुठभेड़ में अपराधी घायल

पश्चिम दिल्ली के विकासपुरी में बृहस्पतिवार देर रात 25 वर्षीय एक वांछित अपराधी को पुलिस के साथ हुई संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान आकाश झा उर्फ ​​मोनू के रूप में हुई है। वह मुठभेड़ में घायल हो गया जिसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वह लूट, गोलीबारी और हमले के कई मामलों में शामिल है।
MAR 28, 2025 10:18 IST

शंभू और खनौरी बॉर्डर से ‘जबरन’ हटाए गए थे किसान, देशभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान

पंजाब पुलिस ने 19 मार्च को शंभू और खनौरी बॉर्डर से प्रदर्शनकारी किसानों को जबरन हटाया था। पुलिस के इस एक्शन के खिलाफ किसानों ने आज पूरे देश में प्रदर्शन का ऐलान किया है। किसान नेताओं ने शुक्रवार को जिला स्तर पर डीसी दफ्तरों पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया। इसके बाद 31 मार्च को पंजाब सरकार के मंत्रियों के घरों पर भी प्रदर्शन की घोषणा की। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी और किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा पंजाब ने गुरुवार को अमृतसर स्थित प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में इन घटनाओं का विरोध किया और आगामी आंदोलन की रूपरेखा साझा की थी। किसान नेताओं ने बताया कि 19 मार्च को पंजाब सरकार के निर्देश पर पुलिस ने शंभू और खनौरी बॉर्डर से किसानों को खदेड़ा और बड़े किसान नेताओं को हिरासत में लिया। इस कार्रवाई को उन्होंने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि इससे पूरे पंजाब में किसान आंदोलन और तेज हो गया। किसान नेताओं ने आगामी 28 मार्च को जिला स्तर पर डीसी दफ्तरों पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया। इसके बाद, 31 मार्च को पंजाब सरकार के मंत्रियों के घरों पर भी प्रदर्शन होगा।
MAR 28, 2025 10:17 IST

गाजियाबाद: पेपर मिल में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा, तीन मजदूरों की मौत

गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। पेपर मिल में बॉयलर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिसमें तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह घटना भोजपुर थाना क्षेत्र के दतेड़ि गांव, पिलखुवा रोड स्थित फैक्ट्री की बताई जा रही है, जहां सुबह पांच बजे के आसपास बॉयलर फटा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के कारणों की जांच जारी है। मृतकों की शिनाख्त हो गई है। इनके नाम योगेन्द्र कुमार, अनुज और अवधेश कुमार हैं। वहीं एक अन्य को हल्की चोट आई है। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन मिलकर हादसे के पीछे की वजहों को खंगालने में जुट गए हैं। इस घटना को लेकर इलाके में शोक की लहर है। मृतकों की पहचान और घटना की विस्तृत जानकारी के लिए प्रशासन जांच में जुटा हुआ है। फैक्ट्री के बाहर बड़ी तादाद में लोग जुट गए। मृतक परिजन भी मौके पर हैं जिन्हें समझाने बुझाने की कोशिश की जा रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल भी मौके पर मौजूद है। इससे पहले गुरुवार को गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में स्थित ग्लोबल एंटरप्राइजेज नामक एक इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर में भीषण आग लग गई थी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपए के सामान के जलकर राख हो गए।
MAR 28, 2025 10:16 IST

दिल्ली में बिजली संकट गहराया, जगतपुर गांव में प्रदर्शन, आतिशी ने सरकार पर साधा निशाना

दिल्ली में बिजली संकट गहराता जा रहा है। उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी स्थित जगतपुर गांव में लोगों ने देर रात लंबे समय से जारी बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन किया और आउटर रिंग रोड को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आप नेता आतिशी ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार और उपराज्यपाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मार्च के महीने में ही बिजली की यह हालत हो गई है कि लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं, तो मई-जून की तपती गर्मी में जब मांग अधिक होती, तब क्या हाल होगा? आतिशी ने अरविंद केजरीवाल सरकार की 10 साल की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि जब तक आम आदमी पार्टी की सरकार के पास बिजली व्यवस्था की जिम्मेदारी थी, तब तक दिल्ली के लोगों को 24 घंटे निर्बाध बिजली मिलती रही। लेकिन अब जब बिजली की जिम्मेदारी उपराज्यपाल (एलजी) के अधीन है, तो एक महीने के भीतर ही बिजली संकट गहरा गया है। उन्होंने इसे 'विपदा सरकार' करार दिया और आरोप लगाया कि भाजपा सरकार दिल्ली में 24 घंटे बिजली देने में असफल रही है। दिल्ली में बिजली संकट को लेकर आप और भाजपा आमने-सामने हैं। आम आदमी पार्टी का कहना है कि एलजी और केंद्र सरकार की लापरवाही के कारण राष्ट्रीय राजधानी में बिजली कटौती बढ़ रही है। जगतपुर गांव के लोगों का कहना है कि वे पिछले कई दिनों से बिजली संकट का सामना कर रहे हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। लोगों ने कहा कि बिजली कटौती से पानी की समस्या भी बढ़ गई है, जिससे उनका जीवन मुश्किल हो गया है। इस बीच, दिल्ली सरकार ने बिजली विभाग और कंपनियों से रिपोर्ट तलब की है और जल्द समाधान निकालने का आश्वासन दिया है।
MAR 28, 2025 10:12 IST

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर सकते हैं राजकीय बाल गृह का दौरा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हाल में चार दिव्यांग बच्चों की मौत और 12 से अधिक अन्य के कथित रूप से दूषित पानी पीने के कारण बीमार होने के बाद शुक्रवार को एक राजकीय बाल गृह का दौरा करेंगे। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की। अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री के सुबह 10 बजे बाल गृह पहुंचने की उम्मीद है। लखनऊ के पारा इलाके में स्थित निर्वाण राजकीय बाल गृह में 147 बच्चे रहते हैं, जिनमें मुख्य रूप से अनाथ और मानसिक रूप से अस्वस्थ बच्चे शामिल हैं। मंगलवार शाम को बाल गृह के 20 से अधिक बच्चे संभवतः दूषित पानी पीने के कारण बीमार पड़ गए और उन्हें तुरंत लोक बंधु राज नारायण संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया। लखनऊ के जिलाधिकारी (डीएम) विशाख जी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘चार बच्चों की मौत हो गयी, जिनमें दो लड़कियां और दो लड़के शामिल हैं। इनकी उम्र 12 से 17 वर्ष के बीच है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और आगे की जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा जाएगा।’’ लखनऊ मंडल की आयुक्त रोशन जैकब ने बृहस्पतिवार को कहा कि हो सकता है कि दूषित पानी पीने से बच्चे बीमार हुए हों। जिला प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
MAR 28, 2025 10:12 IST

पोर्श दुर्घटना: पुणे पुलिस ने दो निलंबित पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की सिफारिश की

पुणे पुलिस ने महाराष्ट्र के गृह विभाग को एक प्रस्ताव भेजकर पिछले साल मई में हुई पोर्श कार दुर्घटना के सिलसिले में निलंबित किए गए दो पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की सिफारिश की है। एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी। पिछले साल 19 मई को कल्याणी नगर में कथित तौर पर नशे की हालत में पोर्श कार चला रहे 17 वर्षीय एक किशोर ने मोटरसाइकिल सवार दो सॉफ्टवेयर इंजीनियर को कुचल दिया था। येरवडा पुलिस थाने में तैनात निरीक्षक राहुल जगदाले और सहायक पुलिस निरीक्षक (एपीआई) विश्वनाथ टोडकरी को उस समय देरी से रिपोर्ट करने और ड्यूटी में लापरवाही बरतने के लिए निलंबित कर दिया गया था। आंतरिक जांच में मामला दर्ज करने में चूक और रक्त के नमूने एकत्र करने में देरी की भी बात सामने आई। पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने बृहस्पतिवार को कहा, "हमने इन दोनों निलंबित पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने के लिए राज्य के गृह विभाग को एक प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव आज भेजा गया।"
MAR 28, 2025 10:11 IST

कैंसर उपचार से जुड़ी परेशानियों के कारण महाराजा चार्ल्स अस्पताल में भर्ती हुए

महाराजा चार्ल्स-तृतीय को कैंसर के उपचार से संबंधित ‘‘अस्थायी परेशानी’’ के चलते बृहस्पतिवार को चिकित्सीय जांच के लिए कुछ समय के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। महाराजा के आधिकारिक आवास ‘बकिंघम पैलेस’ ने एक बयान में यह जानकारी दी। अस्पताल में भर्ती होने के कारण बृहस्पतिवार दोपहर और शुक्रवार के उनके कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। ‘पैलेस’ ने कहा, ‘‘महाराजा अब (अपने आधिकारिक आवास) ‘क्लेरेंस हाउस’ लौट आए हैं और चिकित्सकीय सलाह के तहत उनके कल के कार्यक्रम भी एहतियातन पुन:निर्धारित किए जाएंगे।’’ महाराजा ने पिछले साल की शुरुआत में कैंसर से ग्रस्त होने की जानकारी दी थी। वह तभी से चिकित्सकीय निगरानी में है।
MAR 28, 2025 10:11 IST

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार यूनुस ने मुलाकात की

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने शुक्रवार को यहां मुलाकात की। सरकारी मीडिया की खबर में यह जानकारी दी गई। चीन की चार दिवसीय यात्रा पर आए यूनुस ने बुधवार को हैनान पहुंचने के बाद देश के ‘बोआओ फोरम फॉर एशिया’ वार्षिक सम्मेलन में हिस्सा लिया। वह बृहस्पतिवार को बीजिंग पहुंचे और चीनी उप विदेश मंत्री सुन वेइदोंग ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। यूनुस ने शी के साथ अपनी बैठक से पहले चीनी ऋणों पर ब्याज दर कम करने और चीनी वित्तपोषित परियोजनाओं पर प्रतिबद्धता शुल्क माफ करने की चीन से बृहस्पतिवार को अपील की। बांग्लादेश की विभिन्न मीडिया की खबरों के अनुसार, ‘बोआओ फोरम फॉर एशिया’ वार्षिक सम्मेलन के इतर यूनुस ने चीन के कार्यकारी उप प्रधानमंत्री डिंग शुएशियांग के साथ बैठक में विकास परियोजनाओं के लिए चीनी समर्थन मांगा। उन्होंने बांग्लादेश को दिए जाने वाले चीनी ऋणों की ब्याज दरों को तीन प्रतिशत से घटाकर एक-दो प्रतिशत करने तथा बांग्लादेश में चीन द्वारा वित्तपोषित परियोजनाओं पर प्रतिबद्धता शुल्क में छूट की भी मांग की। बांग्लादेश के समाचार पत्र ‘डेली स्टार’ की खबर के अनुसार जापान, विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक के बाद चीन बांग्लादेश का चौथा सबसे बड़ा ऋणदाता है, जिसने उसे 1975 से अब तक कुल 7.5 अरब अमेरिकी डॉलर का ऋण दिया है।
MAR 28, 2025 09:22 IST

ऑस्ट्रेलिया में तीन मई को होगा चुनाव; महंगाई, आवास की कमी होंगे प्रमुख मुद्दे

ऑस्ट्रेलिया में तीन मई को आम चुनाव के लिए मतदान होगा जिसमें बढ़ती महंगाई और आवास की कमी मुख्य चुनावी मुद्दे हो सकते हैं। देश के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीस की वामपंथी ‘लेबर पार्टी’ लगातार दूसरी बार सरकार बनाने की कोशिश कर रही हैं। अल्बानीज चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने के लिए शुक्रवार को गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन के आधिकारिक आवास पर गए और उन्होंने बाद में संसद भवन में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान चुनाव की तारीख की घोषणा की। अल्बानीज ने कहा, ‘‘हमारी सरकार ने वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए ऑस्ट्रेलियाई तरीका चुना है: भविष्य के लिए निर्माण करते हुए जीवनयापन की लागत के दबाव से जूझ रहे लोगों की मदद करने के तरीका।’’ कई विश्लेषकों ने विपक्षी नेता पीटर डटन की ‘लिबरल पार्टी’ के नेतृत्व वाले रूढ़िवादी गठबंधन के चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करने की संभावना जताई है। अल्बानीस के सत्ता में आने के बाद से ऑस्ट्रेलिया में जीवनयापन की लागत में वृद्धि हुई है। पिछले चुनाव के बाद से ब्याज दरों में 12 बार बढ़ोतरी की गई है। अल्बानीस ने पांच साल में 12 लाख मकानों का निर्माण करके आवास की कमी से निपटने का 2023 में वादा किया था लेकिन इस दिशा में धीमी गति से काम हुआ है।
MAR 28, 2025 09:21 IST

उत्तर प्रदेश के बहराइच में तालाब में डूबने से दो चचेरी बहनों की मौत

बहराइच जिले के थाना रामगांव इलाके में दो नाबालिग चचेरी बहनें खेलते समय कथित तौर पर पैर फिसलने के कारण तालाब में डूब गईं जिससे दोनों की मौत को गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार शाम गड़वा नौतला ग्राम पंचायत के मजरा लोनियनपुरवा के पास की है। उसने बताया कि गांव की ही निवासी चचेरी बहनें शालिनी (सात) और बिट्टन (नौ) तालाब के निकट खेल रही थीं तभी पैर फिसलने से शालिनी तालाब में डूबने लगी। पुलिस ने बताया कि उसे बचाने के लिए बिट्टन भी कूद गई लेकिन दोनों गहरे पानी में डूब गईं जिसके बाद वहां मौजूद अन्य बच्चों की चीख पुकार सुनकर परिजन और अन्य ग्रामीण भी पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद देर शाम बच्चियों के शवों को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।