LIVE

आज की ताजा खबर 28 अगस्त 2024: सांसद राशिद इंजीनियर की जमानत अर्जी पर फैसला सुरक्षित, पश्चिम बंगाल में बीजेपी के दो कार्यकर्ताओं को गोली मारी गई

अमित कुमार मंडलUpdated Aug 28, 2024, 18:12 IST
आज की ताजा खबर 28 अगस्त  2024: सांसद राशिद इंजीनियर की जमानत अर्जी पर फैसला सुरक्षित, पश्चिम बंगाल में बीजेपी के दो कार्यकर्ताओं को गोली मारी गई

आज की ताजा खबर 28 अगस्त 2024: सांसद राशिद इंजीनियर की जमानत अर्जी पर फैसला सुरक्षित, पश्चिम बंगाल में बीजेपी के दो कार्यकर्ताओं को गोली मारी गई

आज की ताजा खबर 28 अगस्त 2024, हिंदी न्यूज़ और बड़ी खबरें LIVE:

  • भाजपा ने आज बंगाल में 12 घंटे के बंगाल बंद का आह्वान किया, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का विरोध
  • शुभेंदु अधिकारी ने राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस से राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की
  • उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के आठ स्टेशनों का नाम बदले गए


Bengal Bandh Today Live Hindi News Updates


AUG 28, 2024 17:29 IST

रेलवे में मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना को मंजूरी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने 6,456 करोड़ रुपये की कुल अनुमानित लागत वाली तीन रेलवे परियोजनाओं को मंजूरी दी है।
मंत्रालय के अनुसार, इन परियोजनाओं से दूर-दराज के इलाकों को आपस में जोड़कर ढुलाई संबंधी दक्षता में सुधार लाने, मौजूदा लाइन क्षमता बढ़ाने और परिवहन नेटवर्क का विस्तार करने के साथ-साथ आपूर्ति श्रृंखला को सुव्यवस्थित किया जा सकेगा जिससे तेजी से आर्थिक विकास होगा। मंत्रालय ने कहा, “नयी लाइन के प्रस्तावों से सीधा संपर्क बनेगा और आवागमन में सुधार होगा, तथा भारतीय रेलवे की दक्षता और सेवा संबंधी विश्वसनीयता बढ़ेगी। मल्टी-ट्रैकिंग प्रस्ताव परिचालन को आसान बनाएगा और भीड़भाड़ को कम करेगा, जिससे भारतीय रेलवे के सबसे व्यस्त खंडों पर बेहद जरूरी बुनियादी ढांचे का विकास होगा।”
AUG 28, 2024 16:41 IST

कोलकाताः CBI ने कोलकाता पुलिस के ASI की पॉलीग्राफ जांच शुरू की

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक प्रशिक्षु चिकित्सक के बलात्कार और हत्या के मामले में गिरफ्तार संजय रॉय से कथित संबंधों का पता लगाने के लिए कोलकाता पुलिस के एएसआई अनूप दत्ता के ‘पॉलीग्राफ टेस्ट’ की प्रक्रिया बुधवार को शुरू कर दी। सीबीआई ने सहायक पुलिस उपनिरीक्षक दत्ता की पॉलीग्राफ जांच करने के लिए कोलकाता की एक अदालत से अनुमति ली थी। एजेंसी ने मामले में पहले भी दत्ता से पूछताछ की थी। दत्ता इस मामले में पॉलीग्राफ जांच का सामना करने वाले आठवें व्यक्ति हैं। अधिकारियों के अनुसार, कोलकाता पुलिस कल्याण समिति में तैनात दत्ता ने यातायात पुलिस स्वयंसेवी रॉय को कथित तौर पर कई फायदे पहुंचाये थे।
AUG 28, 2024 15:57 IST

गोवा में पाकिस्तानी ईसाई को मिली भारतीय नागरिकता

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बुधवार को नागरिकता (संशोधन) अधिनियम के तहत 78 वर्षीय एक पाकिस्तानी ईसाई को भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र सौंपा, जिससे वह राज्य में इस तरह नागरिकता हासिल करने वाले पहले व्यक्ति बन गए। जोसेफ फ्रांसिस परेरा गोवा की आजादी से पहले पढ़ाई के लिए गोवा से पाकिस्तान गए थे और बाद में वहीं नौकरी करने लगे। पाकिस्तानी नागरिकता हासिल होने के बाद वह कराची में रह रहे थे, लेकिन 2013 में वह भारत लौट आये। मुख्यमंत्री ने कहा कि परेरा की शादी गोवा की एक महिला से हुई थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा नागरिकता अधिनियम, 1955 में संशोधन किए जाने से पहले तक उन्हें भारतीय नागरिकता हासिल करने के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री ने राज्य के पर्यटन मंत्री रोहन खाउंटे की मौजूदगी में परेरा को प्रमाण पत्र दिया।
AUG 28, 2024 14:09 IST

चंपई सोरेन पर पांच महीने से उनकी ही सरकार रख रही थी नजर: सीएम हिमंत

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने बुधवार को आरोप लगाया कि झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन पर पिछले पांच महीने से उनकी ही सरकार की पुलिस नजर रख रही थी। सरमा ने कहा कि सोरेन के करीबी लोगों ने दिल्ली के एक होटल में झारखंड पुलिस की विशेष शाखा के दो उप निरीक्षकों (एसआई) को पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन पर नजर रखते हुए पकड़ा था।
AUG 28, 2024 13:22 IST

पश्चिम बंगाल में बीजेपी के दो कार्यकर्ताओं को गोली मारी गई

पश्चिम बंगाल में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को सुबह आरोप लगाया कि उत्तर 24 परगना जिले के भाटपारा में उसके दो कार्यकर्ताओं को गोली मारी गई। हालांकि, पुलिस ने दावा किया कि ‘एंग्लो-इंडिया जूट मिल’ के बाहर कुछ लोगों ने दोनों लोगों की पिटाई की थी। उसने बताया कि घायलों को इलाज के लिए भाटपारा के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। भाजपा के पूर्व सांसद अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस से जुड़े बदमाशों ने गोलियां चलाईं। सत्तारूढ़ पार्टी ने इस आरोप को खारिज किया है। यह घटना मंगलवार को ‘नबान्न अभियान’ में भाग लेने वालों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा द्वारा आहूत 12 घंटे के राज्यव्यापी बंद के दौरान हुई।
AUG 28, 2024 13:08 IST

सांसद राशिद इंजीनियर की जमानत अर्जी पर फैसला सुरक्षित

Engineer Rashid: दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने बंद कमरे में विस्तृत सुनवाई के बाद कश्मीर से निर्दलीय सांसद राशिद इंजीनियर की जमानत अर्जी पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। उम्मीद है कि अदालत 4 सितंबर को अपना फैसला सुनाएगी। पिछले हफ्ते, दिल्ली की एक अदालत ने जेल में बंद कश्मीरी सांसद राशिद इंजीनियर द्वारा दायर एक आवेदन पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से जवाब मांगा था। राशिद ने नियमित जमानत की मांग की थी।
AUG 28, 2024 12:20 IST

सीकर में सड़क हादसे में चार लोगों की मौत : पुलिस

राजस्थान के सीकर जिले में बुधवार को सुबह एक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा जयपुर-बीकानेर राजमार्ग पर रींगस में हुआ जब सीमेंट से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर आगे चल रही कार पर चढ़ गया और पलट गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को निकाला। उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, हादसे में एक मां बेटे सहित चार लोगों की मौत हो गई। कार में सवार चारों लोग झुंझुनूं जिले के रहने वाले थे जयपुर जा रहे थे।
AUG 28, 2024 11:53 IST

कोचिंग हादसे मामले में जमानत के लिए हाई कोर्ट पहुंचे बेसमेंट मालिक

दिल्ली के ओल्ड राजिंदर नगर कोचिंग में हुए हादसे मामले में बेसमेंट के चार सह-मालिकों ने दिल्ली हाईकोर्ट में दाखिल की जमानत याचिका। निचली अदालत के फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट मे चुनौती दी है। निचली अदालत ने चारो सह मालिको की जमानत अर्जी खारिज कर दिया था। इस हादसे में तीन सिविल सेवा के उम्मीदवारों की बेसमेंट मे पानी भरने की वजह से मौत हो गई थी। दिल्ली हाई कोर्ट ज़मानत याचिका पर कल कर सकता है सुनवाई। निचली अदालत ने सह मालिकों की ज़मानत अर्ज़ी खारिज करते हुए कहा मामले में जांच अभी शुरुआती दौर में है।
AUG 28, 2024 11:19 IST

बीआरएस नेता कविता के आज हैदराबाद पहुंचने की संभावना

कथित दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार और धन शोधन मामले में जमानत मिलने के बाद राष्ट्रीय राजधानी में जेल से बाहर आयीं भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की विधान परिषद सदस्य के. कविता के आज शाम को हैदराबाद पहुंचने की संभावना है। पार्टी सूत्रों ने बुधवार को बताया, कविता के शाम करीब पांच बजकर 45 मिनट पर यहां पहुंचने की संभावना है। बहरहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि क्या वह आज अपने पिता (पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव) से मुलाकात करेंगी। बीआरएस कार्यकर्ता हवाई अड्डे पर उनका स्वागत करेंगे। कविता मंगलवार रात को दिल्ली में पार्टी कार्यालय में ठहरी थीं।
AUG 28, 2024 11:06 IST

अरुणाचल प्रदेश में ट्रक खाई में गिरने से तीन सैन्यकर्मी मारे गए, कई अन्य घायल

अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी जिले में एक ट्रक के गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार तीन सैन्यकर्मियों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब छह बजे ‘ट्रांस अरुणाचल’ राजमार्ग पर तापी गांव के पास हुई। सैन्य सूत्रों के अनुसार, शहीदों की पहचान हवलदार नखत सिंह, नायक मुकेश कुमार और ग्रेनेडियर आशीष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सेना का यह दुर्घटनाग्रस्त ट्रक ऊपरी सुबनसिरी के जिला मुख्यालय शहर दापोरिजो से लेपाराडा जिले के बसर की ओर जा रहे सैन्य काफिले का हिस्सा था। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पहुंचे और उन्होंने घायलों और शवों को निकालने में मदद की।
AUG 28, 2024 10:24 IST

भाजपा के बंगाल बंद के दौरान जनजीवन अस्त-व्यस्त, सड़कों पर कम आवाजाही

पश्चिम बंगाल में राज्य सचिवालय तक मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुलाए 12 घंटे के बंद के कारण बुधवार को कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ। राजधानी कोलकाता में सड़कों पर चहल-पहल कम है। सड़कों पर बहुत कम बस, ऑटो रिक्शा और टैक्सी नजर आ रही हैं। निजी वाहनों की संख्या भी कम है। हालांकि, बाजार और दुकानें पहले की तरह खुली हैं। स्कूल और कॉलेज खुले हैं लेकिन ज्यादातर निजी कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति बेहद कम है क्योंकि उन्हें घर से काम करने को कहा गया है। भवानीपुर में भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल ने लोगों से अपने वाहन लेकर घरों से बाहर न निकलने का हाथ जोड़कर अनुरोध किया है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंद के समर्थन में उत्तर 24 परगना के बनगांव स्टेशन, दक्षिण 24 परगना के गोचरण स्टेशन और मुर्शिदाबाद स्टेशन पर प्रदर्शन किया। उत्तर 24 परगना के बैरकपुर स्टेशन पर उस समय तनाव व्याप्त हो गया, जब भाजपा समर्थक और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने हुगली स्टेशन पर एक लोकल ट्रेन को रोक दिया। पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धरना दिया जिससे यातायात बाधित हो गया।
मालदा में एक सड़क अवरुद्ध करने को लेकर तृणमूल और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गयी। पुलिस ने कार्रवाई कर भीड़ को तितर-बितर किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बांकुड़ा शहर के बस अड्डे पर भी प्रदर्शन किया। अलीपुरद्वार में एक मुख्य सड़क को अवरुद्ध करने की कोशिश के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गयी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘दफा एक दाबी एक, मुख्यमंत्री पदत्याग’ (एक ही मांग, मुख्यमंत्री इस्तीफा दें) जैसे नारे लगाए।
AUG 28, 2024 09:34 IST

गुजरात के वडोदरा में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात

AUG 28, 2024 08:37 IST

24 परगना में बंद ​के दौरान प्रदर्शन

AUG 28, 2024 07:37 IST

बंगाल में 12 घंटे का बंद, बीजेपी ने क्या कहा

AUG 28, 2024 07:29 IST

मशहूर डॉक्टर से 4.52 करोड़ रुपए की ठगी करने वाला दंपति गिरफ्तार

पटना जिला पुलिस ने एक मशहूर चिकित्सक से 4.52 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी करने के आरोप में एक दंपति को गिरफ्तार किया है। पटना के कदमकुआं थाने में ठगी के शिकार हुए डॉक्टर बृजलाल द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने उक्त ठग दंपति को दरभंगा जिले से गिरफ्तार किया है। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने मंगलवार को बताया कि शुरुआत में एक इंश्योरेंस एजेंट के तौर पर इस दंपति ने उक्त बुजुर्ग डॉक्टर से मुलाकात की उनका विश्वास जीत लिया, फिर उनसे ठगी की। पटना नगर पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि इस मामले में चिकित्सक द्वारा 23 अगस्त को कदमकुआं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी जिसके बाद पुलिस ने उक्त दंपति ब्रजेंद्र कुमार और भावना प्रिया को दरभंगा जिले से गिरफ्तार किया ।
AUG 28, 2024 06:46 IST

यूक्रेन ने बैलिस्टिक मिसाइल का पहला सफल परीक्षण किया

एएफपी समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि उनकी सेना ने हाल ही में घरेलू स्तर पर निर्मित बैलिस्टिक मिसाइल का पहला सफल परीक्षण किया है।
AUG 28, 2024 06:44 IST

संतोष ओझा दिल्ली भाजपा के पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष नियुक्त

अगले साल की शुरुआत में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई ने मंगलवार को संतोष ओझा को पूर्वांचल मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी ने यह जानकारी दी। भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा द्वारा जारी ओझा के नियुक्ति पत्र के अनुसार, उन्हें तत्काल प्रभाव से मोर्चा का नया अध्यक्ष बनाया गया है।
नीरज तिवारी को दिल्ली भाजपा मीडिया विभाग का प्रवक्ता नियुक्त किया गया। उनका नियुक्ति पत्र सचदेवा ने जारी किया।
AUG 28, 2024 06:08 IST

शोक की वजह से वकीलों की हड़ताल आपराधिक अवमानना मानी जाएगी

इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने एक आदेश में कहा है कि एक वकील या उस अदालत के अधिकारी या कर्मचारी या उनके रिश्तेदारों के निधन की वजह से शोक होने पर वकील या उसके संघ के हड़ताल पर जाने या हड़ताल का आह्वान करने या फिर कार्य से विरत रहने को आपराधिक अवमानना माना जाएगा। अदालत ने हालांकि स्पष्ट किया कि वकील या उनके संघ दोपहर साढ़े तीन बजे के बाद ही कोई शोक सभा आयोजित कर सकते हैं। न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति गौतम चौधरी की खंडपीठ ने उत्तर प्रदेश के सभी जिला न्यायाधीशों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने न्यायालयों में वकीलों की हड़ताल की सूचना उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल को दें, साथ ही हड़ताल का आह्वान करने वाले संबंधित बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के नाम भी बताएं, ताकि उनके खिलाफ आपराधिक अवमानना ​​की कार्यवाही शुरू की जा सके।
AUG 28, 2024 05:47 IST

मुंबई में दही हांडी उत्सव के दौरान 106 गोविंदा घायल

मुंबई में मंगलवार को दही हांडी उत्सव के तहत मानव पिरामिड बनाने में शामिल कम से कम 106 गोविंदा घायल हो गए, जिनमें से 15 को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। एक नगर निगम अधिकारी ने बताया कि रात नौ बजे तक कुल 106 गोविंदा घायल हो गए। पंद्रह गोविंदाओं को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, 17 का ओपीडी में इलाज किया गया और 74 अन्य को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। शाम छह बजे तक कुल 63 गोविंदाओं का विभिन्न सरकारी, निजी अस्पतालों में इलाज किया गया। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि इन घायल गोविंदाओं को बीएमसी संचालित और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
AUG 28, 2024 05:47 IST

जम्मू-कश्मीर चुनाव के पहले चरण के लिए 279 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए

जम्मू-कश्मीर में तीन चरण में होने वाले चुनाव के पहले चरण के लिए 18 सितंबर को होने वाले मतदान के लिए सात जिलों के 24 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 279 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। मंगलवार को पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन था, जिसमें दक्षिण कश्मीर के पुलवामा, कुलगाम, अनंतनाग और शोपियां जिलों की 16 सीट और जम्मू क्षेत्र के चिनाब घाटी क्षेत्र की आठ सीट शामिल हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार सबसे अधिक 72 उम्मीदवारों ने अनंतनाग जिले में नामांकन दाखिल किया है, इसके बाद पुलवामा जिले में 55, डोडा जिले में 41, किश्तवाड़ जिले में 32, शोपियां और कुलगाम जिलों में 28-28 जबकि रामबन जिले में 23 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।