LIVEआज की ताजा खबर: राजस्थान में दो बच्चों को टंकी में फेंकने के बाद दंपति ने भी लगाई छलांग, चारों की मौत; केरल में बस के पलटने से एक व्यक्ति की मौत, 26 घायल
आज की ताजा खबर, 26 जुलाई 2026 हिंदी न्यूज लाइव: केंद्रीय मंत्री सरबानंदा सोनोवाल ने कहा, "मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोन आया था, जिन्होंने असम में बाढ़ की मौजूदा स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। मैं डिब्रूगढ़ के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहा हूं, जबकि एक अंतर-मंत्रालयी टीम स्थिति का आकलन करने के लिए असम पहुंच चुकी है। केंद्र ने राहत और पुनर्वास के लिए सभी आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया है। केंद्र सरकार ने प्रल्हाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। उत्तर-पश्चिमी जर्मनी में शनिवार को एक छोटे निजी विमान के क्रैश होने से दो लोगों की मौत हो गई। विमान सीधे एक घर की छत पर गिरा। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सांसद संजय राउत ने छात्रों को बधाई देते हुए इस जीत का जश्न मनाने के लिए मुंबई के शिवाजी पार्क में एकत्र होने का आह्वान किया है। जंतर-मंतर पर चल रहा आंदोलन समाप्त होने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने शनिवार शाम दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों के प्रवेश द्वार (एंट्री गेट) खोल दिए। इससे पहले सुरक्षा कारणों के चलते 18 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई थीं। करीब एक महीने तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के हटने के साथ ही NDMC ने सफाई अभियान शुरू कर दिया है।

आज की ताजा खबर: राजस्थान में दो बच्चों को टंकी में फेंकने के बाद दंपति ने भी लगाई छलांग, चारों की मौत; केरल में बस के पलटने से एक व्यक्ति की मौत, 26 घायल
आज की ताजा खबर, 26 जुलाई 2026 हिंदी न्यूज लाइव: केंद्रीय मंत्री सरबानंदा सोनोवाल ने कहा, "मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोन आया था, जिन्होंने असम में बाढ़ की मौजूदा स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। मैं डिब्रूगढ़ के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहा हूं, जबकि एक अंतर-मंत्रालयी टीम स्थिति का आकलन करने के लिए असम पहुंच चुकी है। केंद्र ने राहत और पुनर्वास के लिए सभी आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया है।
करीब एक महीने तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के हटने के साथ ही NDMC ने सफाई अभियान शुरू कर दिया है। प्रदर्शन स्थल को खाली कराया जा चुका है और वहां साफ-सफाई का काम जारी है. अधिकारियों की टीम पूरे इलाके को सामान्य स्थिति में लाने में जुटी हुई है।
जंतर-मंतर पर चल रहा आंदोलन समाप्त होने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने शनिवार शाम दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों के प्रवेश द्वार (एंट्री गेट) खोल दिए। इससे पहले सुरक्षा कारणों के चलते 18 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई थीं।
केंद्र सरकार ने प्रल्हाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। शिक्षा मंत्रालय की कमान मिलने पर प्रल्हाद जोशी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्वास को पूरा करते हुए इस जिम्मेदारी को पूरी विनम्रता और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद छात्र आंदोलन को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का सिलसिला जारी है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सांसद संजय राउत ने छात्रों को बधाई देते हुए इस जीत का जश्न मनाने के लिए मुंबई के शिवाजी पार्क में एकत्र होने का आह्वान किया है।
उत्तर-पश्चिमी जर्मनी में शनिवार को एक छोटे निजी विमान के क्रैश होने से दो लोगों की मौत हो गई। विमान सीधे एक घर की छत पर गिरा। पुलिस के अनुसार, हादसा गैंडरकेसी नामक इलाके में हुआ, जो ओल्डेनबर्ग के पास है। विमान आवासीय क्षेत्र में एक घर की छत पर जोरदार टक्कर मारते हुए गिरा। विमान में सवार दोनों व्यक्ति ब्रेमेन के रहने वाले थे। उनकी उम्र 65 और 77 वर्ष बताई जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 जुलाई 2026 को शाम 4:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम 2026 के प्रतिभागियों के साथ बातचीत करेंगे। माय भारत के माध्यम से कार्यान्वित किया जा रहा विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम प्रधानमंत्री के उस दृष्टिकोण को साकार करने के लिए तैयार किया गया है जिसमें भारत के सीमावर्ती गांवों को राष्ट्र के पहले गांवों के रूप में माना जाता है और उन्हें विकसित भारत की यात्रा में सक्रिय भागीदार बनाया जाता है।
राजस्थान में दो बच्चों को टंकी में फेंकने के बाद दंपति ने भी लगाई छलांग, चारों की मौत
राजस्थान के जैसलमेर जिले में एक दंपति ने अपने दो नाबालिग बच्चों को पानी की टंकी में कथित तौर पर फेंकने के बाद खुद भी उसमें छलांग लगा दी, जिससे चारों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। यह घटना रविवार रात रामदेवरा थाना क्षेत्र के लोहारकी गांव में हुई। थाना प्रभारी देवकिशन ने बताया कि मृतकों की पहचान जसराज (30), उसकी पत्नी निरमा (28), उनके दस वर्षीय बेटे भरत और पांच वर्षीय बेटी मनीषा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, जसराज के भाई ने कथित तौर पर उसे पानी की टंकी में छलांग लगाते हुए देखा और शोर मचाया। जब तक परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, तब तक चारों की डूबने से मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने चारों को टंकी से बाहर निकालकर पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को प्रथम दृष्टया यह सामूहिक आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या या अन्य किसी साजिश की आशंका सहित सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा, ’’हम सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रहे हैं। पुलिस टीम ने गांव में स्थित पानी की टंकी का निरीक्षण किया है। परिजनों से शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।’’ अधिकारियों ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "युवाओं की आवाज़ और छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए गए ऐतिहासिक फैसलों के बाद मैं सभी सांसदों से अपील करता हूं कि वे कल 'द पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक' पर होने वाली चर्चा और प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें।"
सोनम वांगचुक को सोमवार को मिलेगी अस्पताल से छुट्टी
जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को मेदांता अस्पताल से सोमवार को छुट्टी दे दी जाएगी और लद्दाख रवाना होने से पहले वे महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने राजघाट जाएंगे। उनकी टीम ने रविवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि वांगचुक ने शुक्रवार देर रात अपना अनशन 26वें दिन समाप्त किया था और गुरुग्राम के अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। टीम ने बताया कि वांगचुक को सोमवार पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद है। टीम ने बताया कि वांगचुक अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट जाएंगे। इससे पहले, उन्होंने चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह अर्हता परीक्षा (नीट) में कथित अनियमितताओं का विरोध कर रहे छात्रों के समर्थन में जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने से पहले 28 जून को राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी थी। वांगचुक 28 जून को इस आंदोलन में शामिल हुए थे और 26 दिनों तक अनशन पर रहे। जलवायु कार्यकर्ता को 18 जुलाई को जबरन सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। वांगचुक ने सफदरजंग अस्पताल में कहा कि उन्हें ऐसा महसूस हो रहा था जैसे उन्हें हिरासत में रखा गया हो। दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के बाद वांगचुक को मेदांता अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में 36 दिनों तक चला आंदोलन शनिवार को शिक्षा मंत्री के तौर पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के साथ खत्म हुआ। यह विरोध प्रदर्शन 20 जून को शुरू हुआ था।
पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े बीकेआई के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया, एक सदस्य गिरफ्तार
पंजाब पुलिस ने रविवार को कहा कि उसने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के समर्थन से संचालित प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर इसके एक प्रमुख सदस्य को जालंधर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कहा कि विदेश में बैठे आका मॉड्यूल का संचालन कर रहे हैं। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के अनुसार इस कार्रवाई में 1.3 किलोग्राम विस्फोटक से भरा एक ’परिष्कृत विस्फोटक उपकरण’ (आईईडी) भी बरामद किया गया। यादव ने बताया कि आईईडी के साथ छर्रे और ’बॉल बेयरिंग’ भी मिले हैं, जिससे संकेत मिला है कि सार्वजनिक शांति भंग करने के उद्देश्य से बड़ा हमला करने की तैयारी की जा रही थी। डीजीपी ने कहा कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़े आतंकी खतरे को टाल दिया गया। डीजीपी यादव ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’सीमा पार से संचालित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए जालंधर की ’काउंटर इंटेलिजेंस’ इकाई ने जालंधर ग्रामीण पुलिस के साथ संयुक्त अभियान के दौरान आईएसआई समर्थित बीकेआई आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है, जिसे विदेश में बैठे इसके आका संचालित कर रहे थे। इस दौरान जालंधर से इसके एक प्रमुख सदस्य को गिरफ्तार किया गया।’’ पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान जालंधर में आदमपुर के पडियाना गांव निवासी सतबीर सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस ने एक बयान में कहा कि विस्फोटक बरामद करने के अलावा पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल भी बरामद की है। यादव ने बताया कि जालंधर ग्रामीण के पटारा पुलिस थाने में बीएनएस, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। डीजीपी ने कहा कि विदेशी आकाओं, सहयोग करने वाले स्थानीय गिरोहों और साजिश से जुड़ी सभी कड़ियों समेत पूरे आतंकी नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
केरल में बस के पलटने से एक व्यक्ति की मौत, 26 घायल
केरल के मलप्पुरम जिले में कुट्टिपुरम के पास रविवार सुबह कोझिकोड-त्रिशूर मार्ग पर एक निजी बस राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। घटना के बाद राज्य के परिवहन मंत्री सी. पी. जॉन ने कहा कि पुलिस जांच के अलावा परिवहन आयुक्त भी दुर्घटना की अलग से जांच करेंगे और इसके कारणों पर रिपोर्ट सौंपेंगे। उन्होंने कहा, ’’रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार थी या सड़क निर्माण से जुड़ी कोई खामी।’’ मंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में हुई सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए इस प्रकार की दुर्घटनाओं के बाद अलग से जांच कराने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों में से तीन लोग अभी अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर है। जॉन ने इस हादसे में कोझिकोड निवासी वैष्णव की मौत पर शोक व्यक्त किया है। घटनास्थल के दृश्यों में बस सड़क किनारे बने कंक्रीट के अवरोधक के ऊपर उलटी पड़ी दिखाई दी। बस बीच से लगभग मुड़ गई थी और उसका निचला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। टेलीविजन फुटेज में अवरोधक के दूसरी ओर खड़ी एक कार पर भी बस का एक हिस्सा टिका हुआ दिखाई दिया। दुर्घटना के एक वीडियो में बस तेज रफ्तार से जाती हुई दिखाई देती है। इसके बाद वह अचानक बाईं ओर मुड़ती है, सर्विस रोड के किनारे बने कंक्रीट के अवरोधक से टकराती है और पलट जाती है। पुलिस और स्थानीय लोगों ने बताया कि यह सड़क खंड पहले से ही दुर्घटना संभावित माना जाता है। पुलिस ने कहा कि दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
राजस्थान: वीजा अवधि खत्म होने के बाद अवैध रूप से रह रहीं नौ विदेशी महिला नागरिक निर्वासित
राजस्थान के जयपुर में वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद अवैध रूप से रह रही नौ विदेशी महिला नागरिकों को उनके मूल देशों के लिए निर्वासित कर दिया गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। जयपुर शहर स्थित विदेशी पंजीकरण कार्यालय के अधिकारी धर्मेन्द्र सागर ने बताया कि सभी विदेशी महिला नागरिक वीजा की वैध अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में अनधिकृत रूप से रह रही थीं। उन्होंने बताया कि इन विदेशी महिलाओं में पांच थाईलैंड की, जबकि एक-एक युगांडा, तंजानिया, नाइजीरिया और लाओस की हैं। अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया कि कई विदेशी नागरिक वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी निजी किराए के मकानों में रह रही थीं और अधिकांश महिलाओं को जयपुर शहर में संचालित स्पा सेंटर से पकड़ा गया था। सागर ने आमजन, मकान मालिकों, होटल संचालकों, गेस्ट हाउस, होम-स्टे और अन्य आवास प्रदाताओं से किसी भी विदेशी नागरिक को ठहराने से पहले उसके पासपोर्ट और वीजा की वैधता का अनिवार्य रूप से सत्यापन करने की अपील की। उन्होंने बताया विदेशी पंजीकरण कार्यालय विदेशी नागरिकों से संबंधित कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने और अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखेगा।
जालोर में सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत, 10 घायल
दक्षिण चीन में ‘नौल' तूफान की दस्तक के बाद बारिश और बाढ़ के कारण 10 लोगों की मौत
चीन के गुआंगदोंग प्रांत में रविवार को ’नौल’ तूफान की दस्तक के बीच भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ की वजह से 10 लोगों की मौत हो गई। इस साल चीन से टकराने वाला 12वां और अब तक का सबसे शक्तिशाली तूफान ’नौल’ बीती रात 3:50 बजे गुआंगदोंग के हुइझोउ शहर के तट से टकराया। इसके कारण इलाके के बड़े हिस्से में तेज हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई। सरकारी समाचार एजेंसी ’शिन्हुआ’ के अनुसार, गांसू के एक पर्यटन क्षेत्र में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आने से 10 लोगों की मौत हो गई। ’नौल’ तूफान के गुआंगदोंग पहुंचने के बाद रविवार को पूरे प्रांत में हाई-स्पीड रेल सेवाएं निलंबित की गईं जबकि कई उड़ानें रद्द कर दी गईं। दक्षिणी चीन के बड़े हिस्से में भारी बारिश हुई। राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार शाम इस साल पहली बार किसी तूफान के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। रविवार को तूफान के कमजोर होने पर इसे पहले ’ऑरेंज’ और फिर ’येलो’ अलर्ट में बदल दिया गया। हांगकांग आधारित ’साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ के अनुसार, तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 162 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई, जो करीब दो सप्ताह पहले पूर्वी और उत्तर-पूर्वी चीन से टकराए बावी तूफान से थोड़ी अधिक है। स्थिति का आकलन करने, स्थानीय प्रशासन की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उनकी बुनियादी जरूरतें पूरी करने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में एक विशेष टीम भेजी गई है। राष्ट्रीय विकास और सुधार आयोग ने गुआंगदोंग में आपदा के बाद राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए 10 करोड़ युआन (लगभग 1.47 करोड़ अमेरिकी डॉलर) की सहायता भी मंजूर की है।
देवरिया में खेलते समय नाले में गिरने से दो साल के बच्चे की मौत
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में रविवार को खेलते समय नाले में गिरकर डूबने से दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, महुआडीह थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के रुहिया टोला निवासी श्रवण प्रसाद की बेटी सोनी करीब डेढ़ माह पहले अपने दो वर्षीय बेटे अभिजीत के साथ मायके आई थी। पुलिस ने बताया कि रविवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे अभिजीत कुर्ना नाले पर बने पुल के पास खेल रहा था और इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नाले में गिर गया। पुलिस के अनुसार, बेटे को डूबता देख सोनी ने उसकी जान बचाने के लिए तत्काल नाले में छलांग लगा दी लेकिन वह उसे नहीं ढूंढ़ सकी। इस बीच किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तलाश शुरू की। पुलिस ने बताया कि कुछ दूरी पर अभिजीत नाले में अचेत अवस्था में मिला। पुलिस ने बताया, "बच्चे को तत्काल देवरिया स्थित महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।" महुआडीह के थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
फ्रांस में भीषण वनाग्नि से हालात बिगड़े, ढाई लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
दक्षिण-पश्चिम फ्रांस में भीषण वनाग्नि के कारण रविवार रात अन्य 55,000 लोगों को अपना घर-बार छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। शराब के लिए दुनिया भर में मशहूर शहर बोर्दो के बेहद करीब तक आग के फैलने के बीच, केवल एक ही क्षेत्र से अब तक 2.20 लाख लोगों को निकाला जा चुका है। गिरोंड क्षेत्र के अधिकारियों ने बोर्दो के दक्षिण-पश्चिम में स्थित पांच और इलाकों को रात में खाली कराने के आदेश जारी किए। अधिकारियों की ओर से जारी बयान के अनुसार, रात में चली तेज तूफानी हवाओं ने आग को और भड़का दिया, जिससे सप्ताह के मध्य से धधक रही यह आग विकराल होती जा रही है। गिरोंड के प्रशासनिक प्रमुख ने बोर्दो से दक्षिण-पश्चिम की ओर जाने वाले एक प्रमुख राजमार्ग को भी आंशिक रूप से बंद करने के निर्देश दिए हैं। बोर्दो के मेयर ने कहा, ’’आग अब भी महानगरीय क्षेत्र की सीमा के करीब धधक रही है।’’ उन्होंने कहा कि इस समय जहां आग धधक रही है, वह स्थान शहर से महज 15 किलोमीटर दूर है। दक्षिण में स्थित लांद क्षेत्र में भड़की दूसरी वनाग्नि के कारण भी इस सप्ताह 30,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इन दोनों घटनाओं के कारण 2.50 लाख से अधिक लोग बेघर हो गए हैं। उधर, पड़ोसी देश स्पेन में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मैड्रिड के पश्चिम में लगी वनाग्नि के कारण इस सप्ताह 70,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
नोएडा में सीवेज टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से श्रमिक और सुरक्षाकर्मी की मौत
नोएडा के सेक्टर-150 स्थित एक आवासीय सोसाइटी में मलजल शोधन संयंत्र (एसटीपी) के टैंक की सफाई के दौरान कथित तौर पर दम घुटने से एक श्रमिक और एक सुरक्षाकर्मी की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। यह घटना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित एल्डेको सोसाइटी में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात हुई। पुलिस के अनुसार, राजस्थान के करौली जिले का निवासी शशिकांत शर्मा (40) एसटीपी टैंक की सफाई के लिए उसमें उतरा था लेकिन वह उसके अंदर ही बेहोश हो गया। पुलिस ने बताया कि शर्मा को बचाने के प्रयास में फिरोजाबाद निवासी सुरक्षाकर्मी आकाश (22) भी टैंक में उतरा लेकिन वह भी बेहोश हो गया। स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे तथा दोनों को टैंक से बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। पुलिस ने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर आरोपी ठेकेदार मनोज जैन को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बलरामपुर में युवक ने पिता की पीट-पीटकर हत्या की, मां घायल
बलरामपुर जिले के तुलसीपुर कस्बे में कथित तौर पर एक युवक ने अपने पिता की लाठी, डंडो से पीट-पीट कर हत्या कर दी और मां को गम्भीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में हत्यारोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार तुलसीपुर कस्बा निवासी पिंटू (28) नशे का आदी है और शनिवार की रात नशे में किसी बात को लेकर उसका अपनी मां से विवाद होने लगा। उसने बताया कि पिंटू ने अपनी मां फूलवती (55) पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे पीटना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे पिता कल्लू (60) पर भी उसने लाठियों से हमला कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस कल्लू और फूलमती को अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने कल्लू को मृत घोषित कर दिया। तुलसीपुर के थाना प्रभारी सुधीर सिंह ने बताया कि आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, विधिक कार्यवाही की जाएगी।
हरदोई में व्यापारी के घर चोरी के आरोप में 14 आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग हिरासत में
हरदोई पुलिस ने एक व्यापारी के घर हुई बड़ी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए कथित रूप से इसमें शामिल 14 लोगों को गिरफ्तार किया है और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 1.29 करोड़ रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पूर्वी क्षेत्र के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुबोध गौतम ने बताया कि 16 और 17 जुलाई की मध्य रात रेलवेगंज क्षेत्र निवासी व्यापारी पंकज अग्रवाल के घर चोरी हुई थी। इस दौरान बदमाश नकदी से भरे बैग चोरी कर लिए गए थे। उन्होंने बताया कि व्यापारी की शिकायत पर उसके तीन घरेलू कर्मचारियों के खिलाफ कोतवाली नगर थाने में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच के लिए विशेष अभियान समूह (एसओजी), विशेष हथियार एवं रणनीति दल (स्वाट) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गईं। गौतम ने कहा, ’’आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के भोजन में नींद की गोलियां मिला दी थीं। जब सभी लोग सो गए तो उन्होंने अपने साथियों को बुला लिया। उनके साथी मालवाहक वाहन से पहुंचे और नकदी से भरे बैग लेकर फरार हो गए।’’ उन्होंने बताया कि पुलिस की लगातार कार्रवाई के दौरान आरोपियों को एक-एक कर गिरफ्तार किया गया और अंततः पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने से पहले तीनों घरेलू कर्मचारियों ने दो नाबालिगों से भी संपर्क किया था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से लगभग 1.29 करोड़ रुपये बरामद किए गए हैं और जांच जारी है।
अभिजीत दिपके कपिल सिब्बल के घर पहुंचे
जम्मू में अपराध शाखा ने दो अलग-अलग मामलों में 10 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए
जम्मू में अपराध शाखा ने दो अलग-अलग मामलों में 10 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए हैं। इनमें राजस्थान की एक कंपनी से जुड़ा 30.29 लाख रुपये का निवेश धोखाधड़ी मामला और जाली राजस्व दस्तावेजों के आधार पर फर्जी स्थायी निवास प्रमाणपत्र (पीआरसी) हासिल करने का मामला शामिल है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पहले मामले में अपराध शाखा की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने जयपुर स्थित ’मैसर्स गोल्ड सुख ट्रेड इंडिया लिमिटेड’ से जुड़े धोखाधड़ी मामले में आरोपपत्र दाखिल किया है। आरोप है कि आरोपियों ने निवेशकों को भारी मुनाफे का लालच देकर पैसे जमा कराए और बाद में उनके निवेश के पैसों की हेराफेरी की। उन्होंने बताया कि यह मामला वर्ष 2011 में जम्मू के गांधी नगर पुलिस थाने में आशीष शर्मा की लिखित शिकायत पर रणबीर दंड संहिता (आरपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, कंपनी और उसके स्थानीय प्रतिनिधियों ने अधिक मुनाफे का झूठा वादा कर उनसे 1,20,480 रुपये निवेश कराए। बाद में इस मामले को जम्मू अपराध शाखा को स्थानांतरित कर दिया गया। जांच में यह सामने आया कि कई निवेशकों को कंपनी की योजनाओं में निवेश के लिए कथित तौर पर प्रेरित किया गया, जिससे कुल 30.29 लाख रुपये की राशि जमा हुई। अधिकारी ने बताया कि जांच में मिले सबूतों के आधार पर शनिवार को जम्मू की 13 एफसी विशेष सचल मजिस्ट्रेट अदालत के समक्ष कंपनी के अधिकारियों मानवेंद्र प्रताप सिंह चौहान, बबलू शर्मा, महेंद्र कुमार निर्वाण, नीरज कांत शर्मा और विनोद कुंडल के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया। उन्होंने बताया कि दूसरा मामला वर्ष 2016 में सूरत सिंह की शिकायत पर रणबीर दंड संहिता और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपियों ने राजस्व अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर जम्मू-कश्मीर में जमीन खरीदने और सरकारी नौकरियां हासिल करने के लिए फर्जी पीआरसी बनवाए। अधिकारी के अनुसार, जांच में पाया गया कि सरूप सिंह, बिश्वंभर सिंह, पूरब सिंह और सूरज सिंह ने तत्कालीन पटवारी रशपाल सिंह के साथ मिलकर साजिश रची और फर्जी राजस्व दस्तावेजों का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी से पीआरसी हासिल किए। अधिकारी ने बताया कि शनिवार को आरोपियों के खिलाफ जम्मू के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश की अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया गया।
बारिश की बचाई गई हर बूंद आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी पूंजी है- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को लोगों से वर्षा जल का संरक्षण करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आज बारिश की बचाई गई हर बूंद आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी पूंजी है। पीएम मोदी ने जल शक्ति मंत्रालय के ’कैच द रेन’ अभियान में जनता की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। ’कैच द रेन’ जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन के लिए भारत सरकार का एक राष्ट्रव्यापी अभियान है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ’मन की बात’ में कहा कि चार जुलाई से जारी इस अभियान में गांवों, शहरों, पंचायतों और सामाजिक संगठनों के लोगों की भारी भागीदारी देखकर उन्हें बहुत खुशी हुई है। पीएम ने कहा कि ’मन की बात’ के पिछले संस्करण में उन्होंने ’कैच द रेन’ अभियान की चर्चा की थी और लोगों से इसे जन-आंदोलन बनाने की अपील की थी। उन्होंने कहा, ’’ ’कैच द रेन’ का संदेश बहुत सरल है-जहां और जब भी बारिश हो, वहीं वर्षा जल का संरक्षण करें। इस पहल के तहत वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, पुराने जलाशयों के पुनर्जीवन और वृक्षारोपण को नयी गति दी जा रही है। मुझे बहुत खुशी है कि गांव हों या शहर, पंचायतें हों या सामाजिक संस्थाएं हर जगह लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की है।’’ देशभर में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कहीं पुराने तालाबों से गाद निकाली जा रही है, तो कहीं कुओं और बावड़ियों को फिर से जीवन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो बोरवेल अब उपयोग में नहीं हैं, उनका भूजल पुनर्भरण के माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, ’’मध्य प्रदेश के सीधी जिले में लगभग डेढ़ हजार तालाब बनाए गए हैं। नरसिंहपुर में ’अमृत सरोवरों’ को संवारा गया है। महाराष्ट्र के नासिक में बड़ी मात्रा में पानी सहेजने की क्षमता विकसित हुई है।’’ पीएम मोदी ने कहा, ’’आंध्र-प्रदेश के नंद्याल में सभी ग्राम पंचायतें इस अभियान से जुड़ी हैं और पुराने तालाबों को फिर से उपयोगी बनाया गया है। हमारे शहर भी पीछे नहीं हैं। छत्तीसगढ़ के कोरबा, ओडिशा के भुवनेश्वर और आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में इस अभियान के उत्साहजनक परिणाम दिखाई दे रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ’’आइए, हम भी अपने आसपास किसी एक तालाब, कुएं या बावड़ी की जिम्मेदारी लें - पानी की हर बूंद बचाएं। आज बचाई गई हर बूंद, आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है।’’
दानपेटी की राशि के गबन मामले में अरुलमिगु कोनियम्मन मंदिर के आठ अधिकारी और कर्मचारी निलंबित
कोयंबटूर के अरुलमिगु कोनियम्मन मंदिर में हुंडी (दानपात्र) की राशि के गबन के मामले में आठ अधिकारियों और कर्मचारियों को रविवार को निलंबित कर दिया गया। हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्त (एचआर एंड सीई) मंत्री पी. के. शेखर बाबू के आदेश पर की गई इस कार्रवाई में चोरी के आरोप का सामना कर रहे चार कर्मचारियों के अलावा गंभीर प्रशासनिक लापरवाही के आरोप में चार पर्यवेक्षी अधिकारियों को भी निलंबित किया गया है। यह कार्रवाई 15 जुलाई को मंदिर की हुंडी में प्राप्त दानराशि की निर्धारित गणना के दौरान कथित अनियमितताओं की एचआर एंड सीई विभाग के क्षेत्रीय संयुक्त आयुक्त रमेश कुमार द्वारा की गई जांच के बाद की गई। यह निलंबन उक्कडम पुलिस द्वारा 25 जुलाई को चोरी को अंजाम देने के आरोप में मंदिर के चार कर्मचारियों को गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद हुआ। गिरफ्तार कर्मचारियों की पहचान टिकट कलेक्टर ए. बालासुब्रमणियन (52), कार्यालय सहायक वी. सरवनन (34), सफाई कर्मचारी पी. प्रदीप कुमार (31) और मंदिर के पुजारी एस. कृष्णराज (56) के रूप में हुई है। पुलिस और मंदिर अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने मुख्य गणना स्थल से बिना गिनी गई एक हुंडी को अलग कर ट्रॉली के माध्यम से मंदिर के पिछले हिस्से में पहुंचाया और उसमें से करीब 31,000 रुपये निकालकर आपस में बांट लिए।भाषा
लखनऊ में किराए के घर में युवक-युवती का शव फंदे से लटका मिला, आत्महत्या का अंदेशा
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में किराए के मकान में रविवार को 21 वर्षीय युवक और उसकी 18 वर्षीय रिश्तेदार युवती के शव फंदे से लटके मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने आशंका जताई कि परिवारों द्वारा शादी का विरोध किए जाने के बाद दोनों ने आत्महत्या की। पुलिस के अनुसार, पीजीआई थाना क्षेत्र के तेलीबाग स्थित न्यू बलदेव विहार कॉलोनी के एक मकान से दोनों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान शाहजहांपुर निवासी अनिकेत उर्फ रानू कुमार (21) और नोएडा की खोड़ा कॉलोनी निवासी अंजलि (18) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के शव किराए के मकान की पहली मंजिल पर बने एक कमरे में छत पर लगे पंखे से कपड़े के फंदे के सहारे अलग-अलग लटके मिले। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों रिश्तेदार थे और उनके बीच प्रेम संबंध था। पुलिस के अनुसार, दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन उनके परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यूपी के महोबा में शराब के नशे में धारदार हथियार से हमलाकर गर्भवती पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में शनिवार रात एक व्यक्ति ने कथित तौर पर शराब के नशे में विवाद के दौरान धारदार हथियार से हमला कर अपनी गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया। कुलपहाड़ क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे पनवाड़ी थाना क्षेत्र के बिजरारी गांव निवासी हनीफ ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी मनीषा मंसूरी (27) की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि महिला के सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए वार के निशान थे। अधिकारी ने बताया कि इस पर हनीफ से पूछताछ की गई, लेकिन वह बार-बार अपने बयान बदलता रहा। उन्होंने बताया कि हनीफ और मनीषा के पांच वर्षीय बेटे ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने शराब के नशे में उसकी मां पर हंसिया से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। अधिकारी के अनुसार, बच्चे के बयान के बाद हनीफ ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर हनीफ को उसी रात गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि मनीषा करीब आठ माह की गर्भवती थी और हनीफ शराब पीने का आदी है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सरबानंदा सोनोवाल ने असम बाढ़ के हालात पर अमित शाह से की बात
केंद्रीय मंत्री सरबानंदा सोनोवाल ने कहा, "मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोन आया था, जिन्होंने असम में बाढ़ की मौजूदा स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। मैं डिब्रूगढ़ के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहा हूं, जबकि एक अंतर-मंत्रालयी टीम स्थिति का आकलन करने के लिए असम पहुंच चुकी है। केंद्र ने राहत और पुनर्वास के लिए सभी आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया है।