LIVE

ताजा खबर: नए साल के मौके पर इंडिया गेट और कर्तव्य पथ पर भारी जाम; तेजपुर यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर की छुट्टी

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़) 8वां वेतन आयोग, पीएम मोदी, राहुल गांधी, आज का मौसम, ट्रंप, आज का मौसम: IMD के मुताबिक नए साल के दिन हल्की बारिश की संभावना है। बारिश होने की स्थिति में प्रदूषण के स्तर में कमी आ सकती है, लेकिन इसके बाद ठंड और ज्यादा बढ़ने के आसार हैं। IMD ने बुधवार को दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट के तहत आज घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, खासकर सुबह के समय
ताजा खबर: नए साल के मौके पर इंडिया गेट और कर्तव्य पथ पर भारी जाम; तेजपुर यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर की छुट्टी
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़) 8वां वेतन आयोग, पीएम मोदी, राहुल गांधी, आज का मौसम, ट्रंप, आज का मौसम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 8वें वेतन आयोग को मंजूरी दे दी है। यह आयोग आज 1 जनवरी 2026 से लागू हो जाएगा। केंद्र सरकार के कर्मचारी अब वेतन वृद्धि, पेंशन और फिटमेंट फैक्टर जैसे मुद्दों पर ध्यान दे रहे हैं। 8वें वेतन आयोग केंद्र सरकार में काम कर रहे और रिटायर हुए कर्मचारियों के सैलरी, भत्तों और पेंशन में संशोधन करेगा। वेतन बढ़ोतरी के साथ-साथ, यह आयोग महंगाई को ध्यान में रखते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में भी समायोजन करेगा।
Jan 1, 2026 | 06:05 PM IST

नए साल के मौके पर इंडिया गेट और कर्तव्य पथ पर भारी जाम

नववर्ष के दिन इंडिया गेट के आसपास और कर्तव्य पथ पर लोग बड़ी संख्या में परिवार और दोस्तों के साथ 2026 का जश्न मनाने के लिए पहुंचे जिससे वहां भारी जाम लग गया और यातायात अवरुद्ध हो गया। सुबह से ही लोग अपने बच्चों के साथ, युवाओं के समूह और पर्यटक प्रतिष्ठित स्मारक के निकट समय बिताने के लिए सेंट्रल विस्टा पहुंचने लगे। कई पर्यटक कर्तव्य पथ पर इंडिया गेट के निकट रुके, जबकि कई अन्य लोग तस्वीरें खींच रहे थे और लॉन पर बैठकर नये साल के उत्सव का आनंद ले रहे थे। लोगों की भारी भीड़ के कारण आसपास की सड़कों पर जाम लग गया और मध्य दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं पर दबाव बढ़ गया। एक व्यक्ति ने बताया कि केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर अधिक भीड़ थी क्योंकि बड़ी संख्या में लोग इंडिया गेट और आसपास के इलाकों तक पहुंचने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल कर रहे हैं।
Jan 1, 2026 | 06:03 PM IST

#ChakraViewWithSumitAwasthi में देखिए अपने पसंद के टॉपिक

Jan 1, 2026 | 05:57 PM IST

तेजपुर विश्वविद्यालय के कुलपति को विरोध प्रदर्शनों के बीच छुट्टी पर भेजा गया

शिक्षा मंत्रालय ने विरोध-प्रदर्शनों के बीच तेजपुर विश्वविद्यालय के कुलपति शंभूनाथ सिंह को छुट्टी पर जाने का आदेश दिया है और उनके खिलाफ लगे आरोपों की जांच के लिए एक समिति गठित करने का निर्देश दिया है। विश्वविद्यालय में सितंबर के मध्य से ही सिंह द्वारा कथित तौर पर की गई अनियमितताओं के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने सोमवार को अपने आंदोलन के 100 दिन पूरे होने पर 24 घंटे की भूख हड़ताल की।
Jan 1, 2026 | 05:40 PM IST

पंजाब सरकार वरिष्ठ नागरिकों के लिए अभियान शुरू करेगी

पंजाब सरकार ने बृहस्पतिवार को राज्य भर में वरिष्ठ नागरिकों की गरिमा, सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए "साडे बुजुर्ग साडा मान (हमारे बुजुर्ग हमारा गौरव)" नामक एक राज्य स्तरीय अभियान शुरू करने की घोषणा की। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री बलजीत कौर ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान 16 जनवरी से एसएएस नगर (मोहाली) में शुरू होगा और पूरे पंजाब में जिलावार आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, स्वास्थ्य सेवा, वृद्धाश्रम, डे केयर सेंटर और जागरूकता कार्यक्रमों पर लगभग 24 करोड़ रुपये खर्च करेगी। वर्ष 2025-26 के लिए वरिष्ठ नागरिकों हेतु 'राज्य कार्य योजना' के अंतर्गत 786.83 लाख रुपये की राशि आवंटित की गई है।
Jan 1, 2026 | 04:48 PM IST

राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण पिछले 24 घंटों में राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार, अजमेर, बीकानेर, जोधपुर, जयपुर और भरतपुर संभागों में बारिश हुई, जिसमें बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ में सबसे अधिक 26 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो. तीन दिनों के दौरान राज्य के बड़े हिस्से में घना और कहीं पर बहुत घना कोहरा छा सकता है जिससे कुछ स्थानों पर दृश्यता 100 मीटर से नीचे गिर सकती है।
Jan 1, 2026 | 04:48 PM IST

114 राफेल-टाइप MRFA विमानों की खरीद की हो रही तैयारी

रक्षा मंत्रालय Make in India के तहत भारतीय वायुसेना के लिए 114 राफेल-टाइप MRFA लड़ाकू जेट विमानों की त्वरित खरीद को फास्ट-ट्रैक करने पर काम कर रहा है। यह प्रस्ताव वायुसेना ने MoD को भेजा है और जल्द समीक्षा व स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है।
Jan 1, 2026 | 04:14 PM IST

#ChakraViewWithSumitAwasthi: किस स्टोरी को आप 'चक्रVIEW' में लीड स्टोरी देखना चाहते हैं ?

Jan 1, 2026 | 03:40 PM IST

हिमाचल के कुल्लू में कार ट्रक से टकराई, तीन लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों के अनुसार तीन महिलाओं समेत चार दोस्त नव वर्ष की पूर्व संध्या और स्थानीय टैटू कलाकार सतपाल का जन्मदिन मनाने के लिए कसोल आए थे। वे बृहस्पतिवार तड़के कुल्लू लौट रहे थे तभी करीब 3 बजे उनकी तेज रफ्तार गाड़ी सड़क किनारे एक चबूतरे से टकराकर एक खड़े ट्रक से जा भिड़ी। अधिकारियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया, जिससे सतपाल समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
Jan 1, 2026 | 03:18 PM IST

हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ पुलिस थाने के पास विस्फोट, कोई हताहत नहीं

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में बृहस्पतिवार को एक पुलिस थाने के पास विस्फोट हुआ जिससे नालागढ़ के निवासियों में दहशत फैल गई। अधिकारियों ने बताया कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है और विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
नालागढ़ पुलिस थाने के पास एक गली में हुए विस्फोट का प्रभाव इतना जोरदार था कि आसपास की इमारतों की खिड़कियां टूट गईं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि विस्फोट की आवाज 400-500 मीटर की दूरी तक सुनाई दी। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि विस्फोट के असर से 16 मिलीमीटर मोटे शीशे टूट गए और सब कुछ हिल गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके को घेर लिया।
Jan 1, 2026 | 03:17 PM IST

'दुष्ट ताकतों" का मुकाबला करती रहूंगी: ममता बनर्जी

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी जनता के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी और "दुष्ट
ताकतों" के सामने नहीं झुकेगी।

बनर्जी ने कहा कि पार्टी की इस "ऐतिहासिक यात्रा" का मूल मार्गदर्शक सिद्धांत मातृभूमि का सम्मान, बंगाल का विकास और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना रहा है।
ममता बनर्जी ने कहा कि 'मां, माटी, मानुष' की सेवा के लक्ष्य के साथ पार्टी का सफर एक जनवरी, 1998 को शुरू हुआ था।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की "निष्ठा और त्याग" की सराहना करते हुए सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "आज भी हमारी पार्टी का हर कार्यकर्ता और समर्थक इस लक्ष्य के प्रति अडिग और प्रतिबद्ध है।"
Jan 1, 2026 | 02:03 PM IST

#ChakraViewWithSumitAwasthi: किस स्टोरी को आप 'चक्रVIEW' में लीड स्टोरी देखना चाहते हैं? अपनी राय दीजिए

Jan 1, 2026 | 02:02 PM IST

आज की ताजा खबर: गोवा के समुद्र तटों पर नए साल का जश्न, उत्तरी तटीय इलाकों में भारी यातायात जाम

नववर्ष का जश्न मनाने के लिए बुधवार रात गोवा के समुद्र तटों पर खुशनुमा माहौल देखने को मिला। आतिशबाजी, संगीत और पार्टियों के बीच हजारों की संख्या में लोग समुद्र तटों पर उमड़ पड़े, जबकि उत्तरी गोवा के प्रमुख तटीय इलाकों में भारी यातायात जाम की स्थिति बनी रही। अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने यह जानकारी दी। कलंगुट, सिंक्वरीम, बागा, वागातोर, अरम्बोल और केरीम समेत लोकप्रिय समुद्र तटों पर बड़ी संख्या में लोग जुटे, जहां समुद्र किनारे बने ‘शैक’, ‘नाइटस्पॉट’ और खुले स्थलों पर देर रात तक जश्न जारी रहा। आधी रात होते ही तटीय इलाकों के ऊपर आसमान रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगा उठा। लोग तालियां बजाते, एक-दूसरे को गले लगाते और शुभकामनाएं देते हुए संगीत और समुद्र की लहरों की आवाज के बीच नए साल का स्वागत करते नजर आए। पुलिस के अनुसार, प्रमुख समुद्र तटीय इलाकों की ओर वाहनों की आवाजाही कई घंटों तक धीमी बनी रही। उत्सव स्थलों की ओर जाने वाले और आधी रात के बाद लौटने वाले पर्यटकों के वाहनों और दोपहिया वाहनों से सड़कें खचाखच भरी रहीं। स्थानीय प्रशासन ने आयोजन स्थलों पर भीड़ और यातायात प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया।
Jan 1, 2026 | 02:00 PM IST

पंजाब के होशियारपुर में अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी, तीन लोगों की मौत

पंजाब के होशियारपुर में बृहस्पतिवार सुबह गढ़शंकर इलाके में एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। हादसा बोरहा गांव के जलआपूर्ति कार्यालय के पास हुआ। हादसा उस वक्त हुआ जब चार लोग श्री आनंदपुर साहिब से गढ़शंकर की ओर बाइक पर जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए गढ़शंकर के सरकारी अस्पताल भेजा। घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज हो रहा है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
Jan 1, 2026 | 01:53 PM IST

केंद्र को भारत-पाकिस्तान मध्यस्थता के चीन के दावों का खंडन करना चाहिए: ओवैसी

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष एवं लोकसभा सदस्य असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि भारत-पाकिस्तान मध्यस्थता को लेकर चीन का दावा देश का अपमान है और केंद्र सरकार को इसका कड़े शब्दों में खंडन करना चाहिए। ओवैसी ने कहा कि भारत के सम्मान या उसकी संप्रभुता की कीमत पर चीन के साथ संबंध सामान्य नहीं किए जा सकते। बुधवार देर रात सोशल मीडिया पर पोस्ट में ओवैसी ने कहा, अमेरिकी राष्ट्रपति (डोनाल्ड ट्रंप) द्वारा हमारे सामने संघर्षविराम की घोषणा करने और शांति सुनिश्चित करने के लिए व्यापार प्रतिबंधों के इस्तेमाल का दावा करने के बाद अब चीन के विदेश मंत्री भी आधिकारिक तौर पर ऐसे ही दावे कर रहे हैं। यह भारत का अपमान है और सरकार को इसका कड़ा खंडन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत और पाकिस्तान को एक ही स्तर पर रखने की चीन कोशिश कर रहा है और दक्षिण एशिया में खुद को श्रेष्ठ के रूप में पेश करना चाहता है। ओवैसी ने सवाल किया, क्या प्रधानमंत्री की चीन यात्रा के दौरान मोदी सरकार ने इसी बात पर सहमति जताई थी? हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने कहा कि चीन के विदेश मंत्री का मध्यस्थता का दावा चौंकाने वाला है और केंद्र सरकार को इसका आधिकारिक तौर पर खंडन कर देश को यह भरोसा दिलाना चाहिए कि किसी भी तीसरे पक्ष का हस्तक्षेप स्वीकार्य नहीं है।
Jan 1, 2026 | 01:51 PM IST

ईरान में आर्थिक संकट को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज, ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड' के सदस्य की मौत

ईरान के पश्चिमी प्रांत में खराब अर्थव्यवस्था के खिलाफ भड़के विरोध-प्रदर्शनों के दौरान ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ के एक स्वयंसेवक सदस्य की मौत हो गई। प्राधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा बलों में यह पहली मौत बताई जा रही है। बुधवार रात ‘बासिज फोर्स’ के 21 वर्षीय स्वयंसेवक की मौत को लेकर आशंका जताई जा रही है कि इससे प्रदर्शनों के खिलाफ ईरान की सरकार की कार्रवाई और सख्त हो सकती है। राजधानी तेहरान में प्रदर्शन भले ही धीमे पड़े हों, लेकिन अन्य प्रांतों में फैल रहे हैं। सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ ने ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ के सदस्य की मौत की पुष्टि की, हालांकि विस्तृत जानकारी नहीं दी। बासिज के करीबी माने जाने वाले ‘स्टूडेंट न्यूज नेटवर्क’ ने लोरेस्तान प्रांत के डिप्टी गर्वनर सईद पौराली के हवाले से कहा कि प्रदर्शकारी इस मौत के जिम्मेदार हैं। पौराली के अनुसार, “इस शहर में लोक-व्यवस्था की रक्षा के दौरान गार्ड का सदस्य शहीद हो गया।” उन्होंने बताया कि बासिज के 13 अन्य सदस्य और पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
Jan 1, 2026 | 01:47 PM IST

आज की ताजा खबर: जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क के मेयर के रूप में शपथ ली

जोहरान ममदानी बुधवार मध्यरात्रि के ठीक बाद न्यूयॉर्क सिटी के मेयर बन गए। उन्होंने मैनहट्टन के एक ऐतिहासिक सबवे स्टेशन पर पद की शपथ ली, जो अब इस्तेमाल में नहीं है।
डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता ममदानी ने अमेरिका के सबसे बड़े शहर के पहले मुस्लिम नेता के रूप में शपथ ग्रहण की। उन्होंने कुरान पर हाथ रखकर पद की शपथ ली।
ममदानी ने कहा, ‘‘यह सचमुच मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान और सौभाग्य है।’’
Jan 1, 2026 | 01:46 PM IST

आज की ताजा खबर: ताजा बर्फबारी के साथ कश्मीर में नए साल का स्वागत

कश्मीर घाटी में नये साल का आगाज पर्यटन स्थलों और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी के साथ हुआ। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि मौसम विभाग ने दिन में मौसम में सुधार होने का अनुमान जताया है।
अधिकारियों ने कहा कि गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर रात भर हुई बर्फबारी बृहस्पतिवार सुबह तक जारी रही, जिससे बड़ी संख्या में जश्न मनाने वाले लोग वहां पहुंचे।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा, गुरेज की तुलेल घाटी, बांदीपोरा के राजदान टॉप, कुपवाड़ा के माछिल व साधना टॉप और जोजिला दर्रे जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में भी ताजा बर्फबारी दर्ज की गई।
Jan 1, 2026 | 01:46 PM IST

आज की ताजा खबर: केरल में नव वर्ष के पहले दिन मादक पदार्थ तस्करी का भंडाफोड़

तिरुवनंतपुरम में बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने एक बड़े मादक पदार्थ रोधी अभियान के दौरान सात लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक एमबीबीएस डॉक्टर और बीडीएस का एक छात्र भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, तिरुवनंतपुरम (ग्रामीण) पुलिस अधीक्षक से प्राप्त जानकारी के आधार पर अट्टिंगल एवं नेदुमंगड ग्रामीण जिला स्वापक नियंत्रण विशेष कार्यबल (डीएएनएसएएफ) की टीम ने तड़के कनीयापुरम के थोप्पिल इलाके में एक किराए के मकान से आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) पेशेवर के साथ दो महिलाएं भी शामिल हैं।
Jan 1, 2026 | 07:11 AM IST

आज की ताजा खबर: न्यू ईयर ईव पर अलेप्पो में आत्मघाती हमला



सीरिया के उत्तरी शहर अलेप्पो में में देर रात हुए आत्मघाती बम हमले में एक सीरियाई पुलिस अधिकारी की मौत हो गई और अन्य घायल हो गए. सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, आंतरिक सुरक्षा बलों का एक गश्ती दल बाब अल-फराज पुरातात्विक स्थल के पास के इलाके में हमलावर को पकड़ने का प्रयास कर रहा था, तभी उसने खुद को उड़ा लिया.
Jan 1, 2026 | 07:11 AM IST

आज की ताजा खबर: हरियाणा में नए साल की पहली कैबिनेट बैठक



हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नये साल 2026 के पहले दिन एक जनवरी को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है। हरियाणा सचिवालय में सुबह 11 बजे से होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक का एजेंडा अभी तय किया जाना बाकी है।

संभावना है कि इस दिन सरकार नये साल 2026 में किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा करने के बाद उनमें से कुछ को मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी प्रदान करेगी।
Jan 1, 2026 | 07:10 AM IST

आज की ताजा खबर: आज से 8वां वेतन आयोग लागू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 8वें वेतन आयोग को मंजूरी दे दी है। यह आयोग आज 1 जनवरी 2026 से लागू हो जाएगा। केंद्र सरकार के कर्मचारी अब वेतन वृद्धि, पेंशन और फिटमेंट फैक्टर जैसे मुद्दों पर ध्यान दे रहे हैं। 8वें वेतन आयोग केंद्र सरकार में काम कर रहे और रिटायर हुए कर्मचारियों के सैलरी, भत्तों और पेंशन में संशोधन करेगा। वेतन बढ़ोतरी के साथ-साथ, यह आयोग महंगाई को ध्यान में रखते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में भी समायोजन करेगा।
Jan 1, 2026 | 07:10 AM IST

आज की ताजा खबर: दिल्ली में आज हल्की बारिश का अनुमान

IMD के मुताबिक नए साल के दिन हल्की बारिश की संभावना है। बारिश होने की स्थिति में प्रदूषण के स्तर में कमी आ सकती है, लेकिन इसके बाद ठंड और ज्यादा बढ़ने के आसार हैं। IMD ने बुधवार को दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट के तहत आज घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, खासकर सुबह के समय