LIVE

आज की ताजा खबर, 26 मई 2024: IPL के फाइनल मुकाबले में हैदराबाद की शर्मनाक हार, बंगाल में चक्रवात रेमल का लैंडफॉल शुरू

आयुष सिन्हाUpdated May 26, 2024, 22:52 IST

आज की ताजा खबर, 26 मई 2024: IPL के फाइनल मुकाबले में हैदराबाद की शर्मनाक हार, बंगाल में चक्रवात रेमल का लैंडफॉल शुरू
आज की ताजा खबर, 26 मई 2024: IPL के फाइनल मुकाबले में हैदराबाद की शर्मनाक हार, बंगाल में चक्रवात रेमल का लैंडफॉल शुरू

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 26 मई 2024 और बड़ी खबरें: छठे चरण के मतदान के बाद आज चुनाव प्रचार का पहला दिन है। लोकसभा चुनाव 2024 के आखिरी चरण के लिए चुनाव प्रचार का सिलसिला तेज हो चुका है। पीएम मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव समेत कई दिग्गज आज जनसभाओं को संबोधित करेंगे। बता दें, 1 जून को सातवें चरण के लिए मतदान होना है। जिसके बाद 4 जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे सामने आएंगे। पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में स्थित एक अस्पताल में आग लगने के बाद वहां से निकाले गए 12 नवजात शिशुओं में से सात की मौत हो गई । अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने बताया कि शनिवार रात शाहदरा में बच्चों के अस्पताल में आग लग गई। डीएफएस प्रमुख अतुल गर्ग ने बताया कि 12 नवजात शिशुओं को अस्पताल से निकाला गया लेकिन उनमें से सात की मौत हो गई। गर्ग ने बताया कि पांच शिशुओं का एक अन्य अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 26 मई 2024 की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार: जानिए आज की बड़ी खबरों पर हर अपडेट।

SRH vs KKR Final Match Dream11, Head to Head and Pitch Report

MAY 26, 2024 22:51 IST

IPL फाइनल में हैदराबाद की शर्मनाक हार

आईपीएल के फाइनल मुकाबले को केकेआर ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है।
MAY 26, 2024 21:54 IST

चक्रवात रेमल का असर दिखना शुरू

पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में चक्रवात रेमल का असर दिखना शुरू हो गया है। कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है और हवाएं भी तेज गति से चल रही हैं।
MAY 26, 2024 21:20 IST

आईपीएल फाइनल: 113 रन पर आल-ऑउट हुई सनराइजर्स हैदराबाद

चेन्नई के एमए चिदम्बरम स्टेडियम में खेले जा रहे आईपीएल फाइनल मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद 18.3 ओवर में 113 रन पर ऑल-आउट हो गई।
MAY 26, 2024 21:17 IST

जम्मू में संगर स्टेशन के पास मालगाड़ी पटरी से उतरी

MAY 26, 2024 20:27 IST

गोवा: सड़क किनारे झुग्गियों से टकराई बस, चार मजदूरों की मौत

दक्षिण गोवा जिले के एक औद्योगिक क्षेत्र में बेकाबू निजी बस सड़क किनारे बनी दो झोपड़ियों में जा घुसी, जिससे चार मजदूरों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
MAY 26, 2024 19:42 IST

चक्रवात रेमल: पीएम मोदी ने की उच्चस्तरीय बैठक

पश्चिम बंगाल की तरफ बढ़ते चक्रवाती तूफान से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में उच्चस्तरीय बैठक की।
MAY 26, 2024 19:22 IST

बेबी केयर अस्पताल की घटना की होगी मजिस्ट्रेट जांच

दिल्ली सरकार ने विवेक विहार न्यू बोर्न बेबी केयर अस्पताल में आग लगने की घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव अश्विनी कुमार ने शहादरा के जिला मजिस्ट्रेट और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को आग त्रासदी के बारे में जांच करने का निर्देश दिया है।
MAY 26, 2024 19:12 IST

IPL Final: हैदराबाद ने जीता टॉस

आईपीएल 2024 के फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
MAY 26, 2024 18:52 IST

दिल्ली: मुंगेशपुर में पारा 48.3 डिग्री दर्ज

दिल्ली के मुंगेशपुर में आज अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस सीजन मे सबसे ज्यादा है।
MAY 26, 2024 18:51 IST

बांग्लादेश ने चक्रवात ‘रेमल' को लेकर निकासी अभियान शुरू किया

बांग्लादेश ने प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘रेमल’ से निपटने की तैयारियों के तहत रविवार को जोखिम वाले इलाकों के निवासियों की निकासी का अभियान शुरू कर दिया।चक्रवाती तूफान के रविवार शाम या आधी तक पहुंचने की आशंका है जिससे देश के तटीय जिलों सतखीरा और कॉक्स बाजार क्षेत्र में समुद्र में ऊंची लहरें उठने और भारी बारिश होने की संभावना है।
MAY 26, 2024 17:53 IST

सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे को एक महीने का सेवा विस्तार

भारत सरकार ने सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे को एक महीने का विस्तार दिया।
MAY 26, 2024 17:20 IST

दिल्ली: बेबी केयर सेंटर के मालिक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने बेबी केयर सेंटर के मालिक को पकड़ लिया। विवेक विहार स्थित नवजात शिशु देखभाल अस्पताल में कल रात आग लगने से 6 नवजात शिशुओं की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
MAY 26, 2024 16:54 IST

अफगानिस्तान में अचानक आई बाढ़ से 15 लोगों की मौत

अफगानिस्तान के उत्तर-पूर्व क्षेत्र में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ से एक ही परिवार के 10 सदस्यों समेत कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।असामान्य रूप से भारी मौसमी बारिश देश के कई हिस्सों में कहर बरपा रही है, जिससे सैकड़ों लोगों की मौत हो गई है। भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ के मामलों के चलते संपत्ति और फसलें भी नष्ट हो गई हैं।
MAY 26, 2024 15:55 IST

भाजपा के लिए संविधान बहाना, आरक्षण निशाना : कांग्रेस

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रविवार को वाराणसी में भाजपा और पीएम मोदी पर बड़ा हमला बोला। पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पवन खेड़ा ने कहा कि देश में इंडिया गठबंधन की आंधी चल रही है।उन्होंने कहा कि काशी के लोगों के साथ धोखा हुआ है। पीएम मोदी वोट वाराणसी के लोगों का लेते हैं और काम गुजरात का कर रहे हैं। इंडिया गठबंधन अभी तक के चुनाव में 272 सीटों का आंकड़ा पार कर चुका है, अब जो मिलेगा, वो बोनस मिलेगा। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव को प्रधानमंत्री बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हर पार्टी के नेताओं का अधिकार है कि अपने नेता को बड़े पद पर काबिज होता देखें।
MAY 26, 2024 15:01 IST

बंगाल तट से आज टकराएगा चक्रवात रेमल

आईएमडी के अनुसार, चक्रवात रेमल आज आधी रात को बांग्लादेश और आसपास के पश्चिम बंगाल तटों के बीच टकराएगा।
MAY 26, 2024 14:13 IST

अगले दो-तीन साल में देश नक्सल समस्या से मुक्त हो जाएगा: शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि देश में नक्सलवाद की समस्या अगले दो-तीन साल में समाप्त हो जाएगी। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ के एक छोटे से क्षेत्र को छोड़कर समूचा देश इस खतरे से मुक्त हो चुका है। शाह ने शनिवार देर रात ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ एक साक्षात्कार में यह भी कहा कि पशुपतिनाथ से तिरुपति तक तथाकथित नक्सल गलियारे में माओवादियों की कोई मौजूदगी नहीं है। उन्होंने कहा, 'देश से नक्सलवाद समाप्त हो रहा है। कभी पशुपतिनाथ से तिरुपति तक के नक्सल कॉरिडोर के बारे में कुछ लोग कहा करते थे। अब झारखंड नक्सलियों से पूरी तरह मुक्त हो गया है। बिहार पूरा मुक्त हो गया। ओडिशा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश भी पूरे मुक्त हो गए हैं। महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश भी पूरे मुक्त हो गए हैं।' शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में यह पूरा मुक्त नहीं हो पाया है और वहां के कुछ हिस्सों में अब भी नक्सली सक्रिय हैं क्योंकि पिछले पांच साल से राज्य में कांग्रेस की सरकार थी। उन्होंने कहा कि पांच महीने पहले जब से राज्य में भाजपा सरकार ने सत्ता संभाली है, तब से छत्तीसगढ़ को नक्सलियों से मुक्त कराने का काम शुरू हो गया है।
MAY 26, 2024 14:01 IST

एसटीएफ ने अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह के सदस्य को लखनऊ से पकड़ा

उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने अवैध हथियारों की अंतरराज्यीय तस्करी में शामिल गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्‍ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। यहां जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि एक खुफिया सूचना के आधार पर एसटीएफ ने बलिया निवासी नितेश भारती को शनिवार को चिनहट पुलिस स्टेशन के मल्हौर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पांच पिस्तौल, .32 बोर की मैगजीन और एक दोपहिया वाहन बरामद किया गया है। बयान के अनुसार, पूछताछ के दौरान भारती ने एसटीएफ को बताया कि वह असलहों की तस्करी करने वाले गिरोह का सदस्य है और वह मध्य प्रदेश व बिहार में 10-12 हजार रुपये में हथियार खरीदते थे और उत्तर प्रदेश में 25-30 हजार रुपये में बेचते थे। आरोपी को पहले भी इसी आरोप में बाराबंकी जिले से गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने बताया कि मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
MAY 26, 2024 13:56 IST

मांसपेशी की चोट के कारण ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक नहीं खेलेंगे नीरज चोपड़ा

ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा दो सप्ताह पहले अभ्यास के दौरान मांसपेशी में लगी चोट के कारण चेक गणराज्य में 28 मई को होने वाली ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक 2024 एथलेटिक्स मीट में भाग नहीं ले सकेंगे। चोपड़ा ने इस सत्र में दो स्पर्धाओं दोहा डायमंड लीग और फेडरेशन कप में भाग लिया है । वह अतिथि के तौर पर इस टूर्नामेंट में पहुंचेंगे। आयोजकों ने एक बयान में कहा, 'चोपड़ा को दो सप्ताह पहले अभ्यास के दौरान मांसपेशी में चोट लगी थी जिसकी वजह से वह ओस्ट्रावा में नहीं खेल सकेंगे लेकिन अतिथि के तौर पर यहां आयेंगे।' मौजूदा ओलंपिक और विश्व चैम्पियन चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग में रजत पदक जीता और भुवनेश्वर में फेडरेशन कप में स्वर्ण पदक हासिल किया था। आयोजकों ने कहा कि उन्हें चोपड़ा का मैसेज मिला था जिसमें उन्होंने स्पर्धा से नाम वापिस लेने की जानकारी दी। चोपड़ा की जगह जर्मनी के जूलियन वेबर इसमें खेलेंगे।
MAY 26, 2024 13:54 IST

ओडिशा: छह लोकसभा, 42 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 71 प्रतिशत मतदान

ओडिशा की छह लोकसभा सीट और 42 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 71 प्रतिशत मतदान हुआ। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। शनिवार को संबलपुर, ढेंकनाल, क्योंझर, कटक, भुवनेश्वर और पुरी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों और 42 विधानसभा क्षेत्रों के 10,581 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ। कुल 94,48,553 मतदाताओं में से 70.99 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। संबलपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 76.63 प्रतिशत मतदान हुआ, इसके बाद पुरी में 73.81 प्रतिशत, ढेंकनाल में 73.69 प्रतिशत, क्योंझर में 73.30 प्रतिशत, कटक में 67.36 प्रतिशत और भुवनेश्वर में 62 प्रतिशत मतदान हुआ। वर्ष 2019 के चुनाव में इन छह सीटों पर 71.36 फीसदी मतदान हुआ था। विधानसभा क्षेत्रों में अथमलिक में सबसे अधिक 85.42 प्रतिशत मतदान हुआ, इसके बाद छेंदीपाड़ा में 83.27 प्रतिशत, पल्लाहारा में 82.14 प्रतिशत और कुचिंदा में 81.38 प्रतिशत, भुवनेश्वर-उत्तर में 51 प्रतिशत, भुवनेश्वर-मध्य में 51.19 प्रतिशत और बाराबती-कटक में 55.17 प्रतिशत (सबसे कम) हुआ। झड़पों की कुछ छिटपुट घटनाओं, ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) में खराबी और मतदाता सूची से नाम गायब होने की शिकायतों को छोड़कर मतदान काफी हद तक शांतिपूर्ण रहा।
MAY 26, 2024 13:52 IST

पारा चढ़ने के साथ इस साल ग्रीष्मकालीन यात्रा में 40 प्रतिशत का उछाल

भारत में चिलचिलाती गर्मी से बचने के लिए इस साल ग्रीष्मकालीन यात्रा में सालाना आधार पर 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस दौरान आतिथ्य और यात्रा सेवाओं की जोरदार मांग देखने को मिल रही है। उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि आम चुनावों का कॉरपोरेट बैठक, प्रोत्साहन, सम्मेलन और प्रदर्शनी (एमआईसीई) व्यवसाय पर मामूली प्रभाव पड़ा है। होटल के खुदरा व्यापार में वृद्धि हो रही है और पसंदीदा अवकाश स्थल के लिए समुद्र तट के गंतव्य, पर्वतीय गंतव्यों के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। होटल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और रेडिसन होटल समूह के चेयरमैन (दक्षिण एशिया) के बी काचरू ने पीटीआई-भाषा को बताया, 'देश के उत्तरी हिस्से में रहने वाले लोग गर्मी से बचने के लिए पहाड़ों की ओर जाते हैं। शहरों से नजदीकी पर्यटन या अवकाश स्थलों की ओर भी आवाजाही होती है। उद्योग सूत्रों का अनुमान है कि इस साल गर्मियों की यात्रा में सालाना आधार पर 30 से 40 प्रतिशत की वृद्धि होगी।' मेकमाईट्रिप के सह-संस्थापक और समूह सीईओ राजेश मागो ने कहा कि यात्रा की योजना के लिहाज से गर्मी हमेशा साल की बड़ी तिमाही होती है और इस साल भी इस क्षेत्र में उछाल जारी है।