आज की ताजा खबर, 26 जनवरी 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: पीएम मोदी ने 77वें गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं दीं, राजस्थान के एक सुनसान फार्महाउस से 10,000 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री जब्त
-भारत अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा
-दिल्ली-NCR, LoC पर सुरक्षा कड़ी
77वां गणतंत्र दिवस: प्रधानमंत्री मोदी ने सुनहरे रंग की कढ़ाई के साथ गहरे मरून रंग का साफा पहना
विशिष्ट अवसरों पर चमकीला व रंग-बिरंगा साफा पहनने की अपनी परंपरा को जारी रखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर सोमवार को सुनहरे रंग की मोर पंख की आकृति की कढ़ाई वाला गहरे मरून रंग का साफा पहना।मोदी ने साफे के साथ सफेद पायजामे पर नेवी ब्लू रंग का कुर्ता और उसके ऊपर आसमानी नीले रंग की बंडी भी पहन रखी थी। उनके साफे के आखिरी हिस्से में हरे व पीले रंग का मिश्रण देखने को मिला।
अपने पहले कार्यकाल से ही गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस पर अपनी वेशभूषा को लेकर प्रधानमंत्री सुर्खियां बटोरते रहे हैं।
इससे पहले, मोदी ने 76वें गणतंत्र दिवस पर सफेद कुर्ता-पायजामा के साथ गहरे भूरे रंग का बंद गले का कोट और लाल-पीले रंग का साफा पहना था। प्रधानमंत्री मोदी ने 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बहुरंगी ‘बांधनी’ प्रिंट का साफा पहना था।
बांधनी एक प्रकार का टाई-डाई कपड़ा होता है जो गुजरात और राजस्थान में लोकप्रिय है। यह एक ऐसी विधि है, जिसमें कपड़े को बांधकर व गांठ लगाकर रंगाई की जाती है। जार्जेट, शिफान, रेशमी व सूती कपड़े को रंग के कुंड में डालने से पहले धागे से कसकर बांधा जाता है और जब इस धागे को खोला जाता है तो बंधा हुआ हिस्सा रंगीन हो जाता है। फिर हाथ से कपड़े पर धागे के प्रयोग से डिजाइन तैयार किया जाता है।
साल 2023 में मोदी ने कुर्ते और चूड़ीदार पायजामे के साथ बहुरंगी राजस्थानी साफा पहना था। उस वर्ष बाद में 77 वें स्वतंत्रता दिवस पर उन्होंने कई रंगों वाला राजस्थानी शैली का साफा चुना था जिसका अन्तिम छोर (छेला) कमर के नीचे तक लंबा था। प्रचंड बहुमत के साथ दूसरे कार्यकाल के लिए सत्ता में लौटने के बाद 2019 में मोदी ने लाल किले की प्राचीर से अपना छठा स्वतंत्रता दिवस भाषण देते हुए बहुरंगी साफा पहना था।
77वें गणतंत्र दिवस समारोह में कर्तव्य पथ पर भारत ने सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया
भारत ने सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर अपनी सैन्य शक्ति का शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इस्तेमाल की गई मिसाइलें, युद्धक विमान, नवगठित इकाइयां और घातक हथियार प्रणाली शामिल थीं।यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंतोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हैं।
कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह की थीम ‘वंदे मातरम के 150 वर्ष’ है।
समारोह शुरू होने से पहले, राष्ट्रपति मुर्मू ‘पारंपरिक बग्गी’ में बैठकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कई अन्य केंद्रीय मंत्री, देश के शीर्ष सैन्य अधिकारी, विदेशी राजनयिक और वरिष्ठ अधिकारी कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह का गवाह बने।
परेड में प्रदर्शित प्रमुख हथियार प्रणालियों में ब्रह्मोस और आकाश हथियार प्रणाली, रॉकेट लॉन्चर 'सूर्यास्त्र', मुख्य युद्धक टैंक अर्जुन और स्वदेशी रूप से निर्मित सैन्य प्लेटफार्मों और हार्डवेयर की एक श्रृंखला शामिल थी।
गणतंत्र दिवस सिर्फ परेड तक सीमित नहीं होना चाहिए : महबूबा मुफ्ती
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को कहा कि गणतंत्र दिवस केवल परेड और भाषणों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इस दिन देश के संविधान के पालन को भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।मुफ्ती ने ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गणतंत्र दिवस महज परेड और भाषणों से कहीं अधिक होना चाहिए। 15 अगस्त 1947 ने हमें औपनिवेशिक शासन से आजादी दिलाई, लेकिन 26 जनवरी 1950 ने हमें उस आजादी को गरिमा के साथ जीने का संवैधानिक अधिकार दिया, जिसमें भाषण और धर्म की स्वतंत्रता और सबसे बढ़कर मतदान का अधिकार शामिल है।’’
उन्होंने कहा कि संविधान ने मजबूत संस्थाओं का निर्माण किया है, लेकिन इनमें से कुछ संस्थाओं का इस्तेमाल भारत की अवधारणा को ही कमजोर करने के लिए किया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने बख्शी स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लिया।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत के लोगों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी और पीएम नरेंद्र मोदी के साथ एक फोटो भी शेयर की।
What a wonderful memory of the #RepublicDay we shared together in 2024! 🇮🇳🇫🇷
— Emmanuel Macron (@EmmanuelMacron) January 26, 2026
My dear friend @NarendraModi , dear Indian friends, my very best wishes on this great day of celebration. See you in February to continue building together! pic.twitter.com/qQrfonVLqo
गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में सर्द सुबह, आसमान साफ
गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय राजधानी में आसमान साफ रहा और सुबह ठंड रही। दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछले दिन की तुलना में करीब दो डिग्री सेल्सियस कम है।आयानगर में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस, पालम में 4.3 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 4.7 डिग्री सेल्सियस और रिज में 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शहर की वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 209 दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता 25 केंद्रों पर ‘खराब’ और 14 केंद्रों पर ‘मध्यम’ श्रेणी में रही।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अनुमान जताया है कि अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है
पहलगाम हमले के पीड़ित आदिल हुसैन शाह सहित 56 लोगों को जम्मू-कश्मीर सरकार ने पुरस्कार के लिए चुना
जम्मू-कश्मीर सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित आदिल हुसैन शाह सहित 56 व्यक्तियों को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित करने का ऐलान किया है।सामान्य प्रशासन विभाग के आयुक्त सचिव एम राजू द्वारा रविवार को जारी आदेश के अनुसार, सम्मान पाने वालों में विभिन्न पृष्ठभूमियों से जुड़े लोग शामिल हैं।
पहलगाम के हापतनार गांव के निवासी आदिल हुसैन शाह ने 22 अप्रैल को बैसरन घाटी में पर्यटकों पर हुए हमले के दौरान पाकिस्तानी आतंकियों का सामना किया था। इस हमले में 25 पर्यटकों के साथ उनकी भी जान चली गई थी।
उन्हें मरणोपरांत वीरता के लिए सम्मानित किया जाएगा। इस सम्मान में एक लाख रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र शामिल है। इसी श्रेणी में गंग्याल थाने के पुलिस उपनिरीक्षक निखिल कुमार को भी 51,000 रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र के साथ सम्मानित किया जाएगा।
सम्मानित होने वाले 12 मीडियाकर्मियों में पीटीआई के श्रीनगर ब्यूरो प्रमुख इनायत जहांगीर और पीटीआई वीडियो पत्रकार (जम्मू) सोमिल अब्रोल शामिल हैं। अन्य सम्मानित मीडियाकर्मियों में अवतार कृष्ण भट, विवेक सूरी, सुनील जी भट, दिनेश मनहोत्रा, बिलाल अहमद भट, रज़िया नूर, इश्फाक गौहर ज़रगर, सैयद खालिद हुसैन, सरोश कफील और नीता शर्मा शामिल हैं।
पूर्व आईएएस अधिकारी मोहम्मद शफी पंडित को मरणोपरांत लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
उल्लेखनीय लोक सेवा श्रेणी में सम्मान पाने वालों में मुख्य वन संरक्षक (जम्मू) वी. एस. सेंथिल कुमार, जम्मू-कश्मीर चिकित्सा आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक तारिक गनई, सामान्य प्रशासन विभाग में अतिरिक्त सचिव रोहित शर्मा, लोक निर्माण विभाग (आर एंड बी) की अधीक्षण अभियंता पूजा वज़ीर और सरकारी मेडिकल कॉलेज, बारामुला के प्राचार्य डॉ. (प्रो.) माजिद जहांगीर शामिल हैं।
साहित्य के क्षेत्र में डोगरी साहित्यकार यशपाल निर्मल, चौधरी हसन परवाज़ (गोजरी), परवेज़ मनूस(पहाड़ी), कवि फ़ैयाज़ दिलबर (मरणोपरांत), लेखक एवं कवि केवल कृष्ण शर्मा और लेखक तथा अनुवादक रतन लाल शर्मा को सम्मानित किया जाएगा।
उत्कृष्ट खेल व्यक्तित्व श्रेणी में क्रिकेटर आकिब नबी डार और बृजेश शर्मा, राकेश सिंह (जूडो), विशाल खजुरिया (जूडो), सलीम कुमार (वुशु), रवीस अहमद (एथलेटिक्स), सुदीप्ति खन्ना (जिम्नास्टिक्स), मोहम्मद इकबाल (एथलेटिक्स) और ऐज़ा नाज़ चिब (स्केटिंग) को पुरस्कार दिए जाएंगे।
मंचीय कला श्रेणी में गायिका तान्या देव गुप्ता, अभिनेता अनिल टिक्कू, अभिनेता एवं निर्देशक अयाश आरिफ, रबाब कलाकार अब्दुल हमीद भट, डोगरी लोक गायक रमन सिंह सलाठिया, गायक एवं संगीत निर्देशक सुनील शर्मा, रंगमंच कलाकार अजय कुमार शर्मा, निर्माता निर्देशक सुदेश के. वर्मा और तबला कलाकार नीरज वर्मा को सम्मानित किया जाएगा।
कला एवं हस्तशिल्प में उत्कृष्टता के लिए सोज़नी शिल्पकार सज्जाद हुसैन भट, कलाकार एवं कला प्रशिक्षक भूषण केसर, कानी शिल्पकार मोहम्मद शफी भट, शिल्पकार रज़िया मुश्ताक और इश्फार अली को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
सामाजिक सुधार और सशक्तिकरण श्रेणी में केवाईएआरआई के संस्थापक अरहान बागती, केयर फाउंडेशन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट की संस्थापक एवं अध्यक्ष महजबीन नबी और टीम रेड एनजीओ के अध्यक्ष सआदत नासिर वानी सोगामी को सम्मानित करने का ऐलान किया गया।
सिंगापुर में भारतीय प्रवासी समुदाय ने गणतंत्र दिवस का जश्न मनाया
भारतीय उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने यहां दूतावास में भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ 77वां गणतंत्र दिवस मनाया।डॉ. अंबुले ने राष्ट्रपति का भाषण पढ़ा और इस कार्यक्रम के लिए एकत्रित हुए समुदाय के 1,200 से अधिक सदस्यों को बधाई दी।
भारतीय स्कूलों के छात्रों ने पारंपरिक संगीत पर आधारित सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए और समारोह के दौरान देशभक्ति के गीत बजाए गए। मेहमानों ने तालियों की गड़गड़ाहट से इन प्रस्तुतियों को सराहा।
सिंगापुर में अगले सप्ताह होने वाले ‘एयर शो’ के लिए यहां आए सारंग हेलीकॉप्टर दस्ते के सदस्यों ने दूतावास में आयोजित इस समारोह में भारतीय समुदाय के साथ भाग लिया।
भारत अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा, मोदी ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 77वें गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं दीं। X पर एक पोस्ट में मोदी ने लिखा, 'मेरे सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। भारत के सम्मान, गौरव और शान के प्रतीक यह महान राष्ट्रीय पर्व आपके जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह भरे। विकसित भारत का संकल्प और भी मजबूत हो, यही मेरी दिली इच्छा है।'बता दें कि आज भारत अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। भव्य परेड इंडिया गेट के पास कर्तव्य पथ पर सुबह 10:30 बजे शुरू होगी और इस साल गणतंत्र दिवस की थीम 'वंदे मातरम के 150 साल' है।
गणतंत्र दिवस से पहले राजस्थान से 10,000 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री जब्त
अवैध खनन से जुड़ी गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए, राजस्थान पुलिस ने नागौर जिले में एक सुनसान फार्महाउस से एक आदमी को गिरफ्तार किया है और लगभग 10,000 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री ज़ब्त की है। अधिकारियों के मुताबिक, इससे इलाके में चल रहे एक बड़े पैमाने पर तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है।आरोपी की पहचान सुलेमान खान के रूप में हुई है, जिसे जिला स्पेशल टीम और स्थानीय पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन के बाद हिरासत में लिया गया। यह खेप थावला पुलिस स्टेशन इलाके के हरसौर गांव में एक फार्महाउस से बरामद की गई।
छापेमारी के दौरान, पुलिस ने लगभग 9,550 किलोग्राम वजन वाले अमोनियम नाइट्रेट के 187 बोरे, साथ ही डेटोनेटर, डेटोनेटर तार और अन्य विस्फोटक सामान बरामद किया।
आज की ताजा खबर, 23 सितंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: पीएम मोदी की दिसंबर में अमेरिका यात्रा संभव, कनाडा से डील करने भी जा सकते हैं...IIT बॉम्बे छात्र आत्महत्या मामले में प्रोफेसर सूर्यनारायण डुल्ला छुट्टी पर भेजे गए
निठारी कांड: सुरेंद्र कोली की मौत पर सवाल उठाने वाले परिजनों ने पहले साथ तक नहीं रखा...पहचान छिपाकर हरिद्वार में बेची चाय
'नक्सली' टिप्पणी को लेकर SC में तीखी बहस, वंदे मातरम पर हो रही थी सुनवाई, CJI ने दिया दखल
5 वर्षों में 23 IITs से 45 छात्रों ने की खुदकुशी, 62% छात्र वंचित वर्ग से; आंकड़े छिपाने को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरा
IIT Bombay Case: प्रोफेसर डुल्ला को मुंबई क्राइम ब्रांच ने भेजा समन, साहिल वाकोडे के माता-पिता और छात्रों से भी की पूछताछ
© 2026 Times Horizon Private Limited
