LIVE

ताजा खबर 26 दिसंबर-2024 हिंदी न्यूज़: AAP ने कांग्रेस को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम, ‘India' गठबंधन से निकलवाने की धमकी!, विराट कोहली पर लगा मोटा जुर्माना,पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

ताजा खबर 26 दिसंबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) डाउन को लेकर यूजर्स सोशल मीडिया पर भी शिकायत कर रहे हैं। ऑनलाइन व्यवधानों को ट्रैक करने वाली साइट डाउनडिटेक्टर ने भी आउटेड की पुष्टि की है। वहीं मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में तीन दिनों तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक एनसीआर के लोगों को 27 और 28 दिसंबर को तेज बारिश और तेज हवा का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट देखने को नहीं मिलेगी। बारिश के बाद लोगों को घने कोहरे और तापमान में गिरावट का सामना करना पड़ेगा।

आयुष सिन्हाUpdated Dec 26, 2024, 18:16 IST
Follow on Google News
ताजा खबर 26 दिसंबर-2024 हिंदी न्यूज़: AAP ने कांग्रेस को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम, ‘India' गठबंधन से निकलवाने की धमकी!, विराट कोहली पर लगा मोटा जुर्माना,पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

ताजा खबर 26 दिसंबर-2024 हिंदी न्यूज़: AAP ने कांग्रेस को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम, ‘India' गठबंधन से निकलवाने की धमकी!, विराट कोहली पर लगा मोटा जुर्माना,पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबरें

ताजा खबर 26 दिसंबर 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: भारतीय निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव 2024 पर 42 सांख्यिकीय रिपोर्ट और एक साथ हुए चार राज्य विधानसभा चुनावों पर 14-14 रिपोर्ट जारी की हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़े में बताया गया है कि लोकसभा चुनाव 2024 में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं निर्वाचन आयोग ने बताया कि इस साल 8,000 से अधिक उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा, जबकि 2019 में यह संख्या 8,054 थी। आयोग ने कहा कि वर्ष 2019 के चुनावों की तुलना में तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या में 46.4 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई। वहीं विराट कोहली को मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के चौथे टेस्ट मैच के पहले दिन कंगारू सलामी बल्लेबाज सैम कोंस्टास के साथ भिड़ने का खामियाजा उठाना पड़ा है। आईसीसी ने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।। इसके अलावा भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) डाउन को लेकर यूजर्स सोशल मीडिया पर भी शिकायत कर रहे हैं। ऑनलाइन व्यवधानों को ट्रैक करने वाली साइट डाउनडिटेक्टर ने भी आउटेड की पुष्टि की है। वहीं मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में तीन दिनों तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक एनसीआर के लोगों को 27 और 28 दिसंबर को तेज बारिश और तेज हवा का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट देखने को नहीं मिलेगी। बारिश के बाद लोगों को घने कोहरे और तापमान में गिरावट का सामना करना पड़ेगा।

आज की अहम और बड़ी खबरें पढ़ें लाइव

  • कोहली, कोंस्टास के बीच हुई तीखी झड़प, कोहली पर लगा जुर्माना
  • लोकसभा चुनाव 2024 में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने डाले वोट
  • फिर ठप पड़ी IRCTC की सर्विस, ऐप और वेबसाइट दोनों हुए डाउन
  • दिल्ली-एनसीआर में बारिश का येलो अलर्ट, घने कोहरे से होगा सामना
  • बीपीएससी प्रश्नपत्र लीक मामला: पटना में विरोध-प्रदर्शन, अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज
  • रेलवे ने देश के पहले केबल रेल पुल पर इलेक्ट्रिक इंजन का प्रायोगिक परीक्षण किया
  • आंध्र के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की, राज्य की वित्तीय चुनौतियों पर चर्चा की
  • पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू मे वासुदेवन नायर के निधन पर शोक व्यक्त किया

DEC 26, 2024 17:50 IST

बापू की विरासत को दिल्ली की सत्ता में बैठे लोगों से खतरा: सोनिया गांधी

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि देश की सत्ता में बैठे लोगों से महात्मा गांधी की विरासत को खतरा है। उन्होंने कांग्रेस कार्य समिति (CWC) को भेजे पत्र में इन ताकतों का मुकाबला करने के लिए अपने संकल्प को फिर से दोहराने का आह्वान भी किया। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष कार्य समिति की बैठक में उपस्थित नहीं हो सकीं और उन्होंने पत्र में इस पर अफसोस भी जताया।
DEC 26, 2024 16:46 IST

झांसी जंक्शन में मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतरे

महारानी लक्ष्मी बाई झांसी रेलवे जंक्शन से कानपुर जाने वाली एक मालगाड़ी के दो डिब्बे बृहस्पतिवार को पटरी से उतर गए, जिससे करीब तीन घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा। महारानी लक्ष्मी बाई रेलवे जंक्शन झांसी में जीआरपी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बृहस्पतिवार को झांसी से कानपुर की ओर जाने वाली एक मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे करीब तीन घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा, हालांकि एक रेल लाइन चालू थी।
DEC 26, 2024 16:13 IST

कर्नाटक के बेलगावी में नवसत्याग्रह बैठक शुरू

कर्नाटक के बेलगावी में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, रायबरेली सांसद राहुल गांधी सहित अन्य पार्टी नेता मौजूद हैं।
DEC 26, 2024 14:37 IST

लोकसभा चुनाव में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही: निर्वाचन आयोग

निर्वाचन आयोग द्वारा बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष की शुरुआत में हुए लोकसभा चुनाव में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया और इन मतदाताओं में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही। निर्वाचन आयोग ने कहा कि महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 65.78 रहा जबकि पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 65.55 था। आयोग ने कहा कि इस बार चुनाव लड़ने वाली महिला उम्मीदवारों की संख्या 800 रही जबकि 2019 के चुनावों में यह संख्या 726 थी।
DEC 26, 2024 14:37 IST

‘आप' ने कांग्रेस पर लगाया भाजपा से मिलीभगत का आरोप

आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘आप’ की संभावनाओं को नुकसान पहुंचाने के लिए भाजपा से मिलीभगत करने का आरोप लगाया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि कांग्रेस की हरकतों की वजह से इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) गठबंधन की एकता को नुकसान हो रहा है। सिंह ने कहा, “हमने हरियाणा चुनाव के दौरान कांग्रेस के खिलाफ एक शब्द नहीं बोला। कांग्रेस फिर भी भाजपा की तरह काम कर रही है। कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची देखें तो लगता है कि जैसे भाजपा के कार्यालय में बनी हो।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता अजय माकन और संदीप दीक्षित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय ‘आप’ को निशाना बना रहे हैं।
DEC 26, 2024 14:03 IST

टॉलीवुड प्रतिनिधिमंडल ने तेलंगाना सीएम से मुलाकात की

तेलुगू फिल्म उद्योग के प्रतिनिधियों ने थिएटर भगदड़ विवाद के बीच गुरुवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मुलाकात की। तेलंगाना राज्य फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष और मशहूर फिल्म निर्माता दिल राजू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बंजारा हिल्स स्थित पुलिस कमांड एंड कंट्रोल रूम में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधियों में अल्लू अर्जुन के पिता और निर्माता अल्लू अरविंद, अभिनेता नागार्जुन, वेंकटेश, दिग्गज अभिनेता मुरली मोहन, फिल्म निर्माता राघवेंद्र राव, सी. कल्याण, बीवीएन प्रसाद, निर्देशक वामशी पेडिपल्ली, त्रिविक्रम, नवीन, हरीश शंकर, कोराताला शिवा और बोयापति श्रीनू का नाम शामिल हैं। बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, सिनेमेटोग्राफी मंत्री कोमाटीरेड्डी वेंकट रेड्डी, गृह सचिव रवि गुप्ता, पुलिस महानिदेशक जितेंद्र समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
DEC 26, 2024 14:01 IST

अदालत ने मानहानि की शिकायत पर आप नेता सौरभ भारद्वाज को नोटिस जारी किया

दिल्ली की एक अदालत ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सौरभ भारद्वाज को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता द्वारा दायर आपराधिक मानहानि के मामले में नोटिस जारी किया है। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा मित्तल ने 23 दिसंबर को पारित आदेश में भारद्वाज को नोटिस जारी किया, जिसमें उन्हें सूरजभान चौहान द्वारा दायर शिकायत के आधार पर नौ जनवरी, 2025 तक जवाब देने का निर्देश दिया गया है। अपनी शिकायत में चौहान ने आरोप लगाया कि भारद्वाज ने 2018 में प्रेस वार्ता में झूठा दावा करके उन्हें बदनाम किया था कि उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। न्यायाधीश ने शिकायतकर्ता को उसी मुद्दे पर पहले की शिकायत की प्रतिलिपि दाखिल करने का अंतिम अवसर भी दिया, जिसे एक अन्य अदालत ने खारिज कर दिया था।
DEC 26, 2024 13:59 IST

कांग्रेस को मिला 289 करोड़ का डोनेशन जानें BJP को मिले कितने करोड़

बीजेपी के लिए यह साल ना केवल चुनावी नतीजों के लिहाज से काफी अच्छा रहा बल्कि पार्टी के बैंक खातों में भी जमकर चंदा बरसा। भाजपा को 2023-24 में लोगों, ट्रस्टों और कॉरपोरेट घरानों से 2244 करोड़ रुपये चंदे के रूप में मिले जो 2022-23 में मिले चंदे से 3 गुना अधिक हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस को 2023-24 में करीब 289 करोड़ रुपये चंदे के रूप में मिले। जानकारी के अनुसार, BJP और कांग्रेस को सबसे ज्यादा चंदा प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट (Prudent Electoral Trust) से मिला जिसने भाजपा को 723 करोड़ रुपए और कांग्रेस को 156 करोड़ रुपए दिए। प्रूडेंट को सबसे अधिक दान देने वाले संस्थाओं में मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रा लिमिटेड, सीरम इंस्टीट्यूट, आर्सेलर मित्तल ग्रुप और भारती एयरटेल शामिल हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर
DEC 26, 2024 13:49 IST

लोकसभा चुनाव 2024 में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने डाले वोट

भारतीय निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव 2024 पर 42 सांख्यिकीय रिपोर्ट और एक साथ हुए चार राज्य विधानसभा चुनावों पर 14-14 रिपोर्ट जारी की हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़े में बताया गया है कि लोकसभा चुनाव 2024 में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं निर्वाचन आयोग ने बताया कि इस साल 8,000 से अधिक उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा, जबकि 2019 में यह संख्या 8,054 थी। आयोग ने कहा कि वर्ष 2019 के चुनावों की तुलना में तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या में 46.4 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई। पढ़ें पूरी खबर
DEC 26, 2024 13:46 IST

कोहली, कोंस्टास के बीच हुई तीखी झड़प, कोंस्टास ने कहा कि गलती से कोहली उनसे टकराये

भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सैम कोंस्टास के बीच चौथे टेस्ट के पहले दिन बृहस्पतिवार को मैदान पर झड़प हो गई लेकिन 19 वर्ष के आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने इसे तूल नहीं देते हुए कहा कि कोहली गलती से उनसे टकरा गए । आस्ट्रेलियाई पारी के दसवें ओवर के बाद जब खिलाड़ी एक दूसरे के सामने से गुजर रहे थे तब कोहली और कोंस्टास के कंधे टकरा गए । दोनों खिलाड़ियों ने पलटकर एक दूसरे को घूरकर देखा और कुछ बोले भी । इस बीच आस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने आकर दोनों को अलग किया । मैदानी अंपायरों ने भी दोनों से बात की । पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद कोंस्टास ने कहा कि कोहली जान बूझकर उनसे नहीं टकराये थे । उन्होंने कहा ,‘‘ विराट कोहली गलती से मुझसे टकरा गए । यह क्रिकेट है और तनाव में ऐसा हो जाता है ।’’ कोंस्टास ने दूसरे सत्र के दौरान चैनल 7 से कहा ,‘‘ मुझे लगता है कि हम दोनों पर जज्बात हावी हो गए थे । मुझे समझ में ही नहीं आया । मैं अपने दस्ताने पहन रहा था कि अचानक उनका कंधा मुझसे टकराया । क्रिकेट में यह सब होता रहता है ।’’ कोंस्टास उस समय 27 रन बनाकर खेल रहे थे । उन्होंने अगले ओवर में जसप्रीत बुमराह को दो चौके और एक छक्का लगाया । वह अर्धशतक बनाने के बाद रविंद्र जडेजा की गेंद पर पगबाधा आउट हुए । आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने इस घटना के लिये कोहली को जिम्मेदार ठहराया । उन्होंने कहा ,‘‘ देखो कि विराट कहां से चलकर आया है ।वह पूरी पिच पार करके आया और झड़प की शुरूआत की । मुझे इसमें कोई शक नहीं है ।’’ उन्होंने कहा ,‘‘मुझे इसमें कोई शक नहीं कि अंपायर और मैच रैफरी इस घटना पर गौर करेंगे । उस समय फील्डर को बल्लेबाज के करीब नहीं होना चाहिये था।’’
DEC 26, 2024 13:42 IST

नोएडा में कुंवारे लड़कों की शादी कराकर ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

नोएडा की सूरजपुर थाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है, जिसके सदस्य कुंवारे पुरुषों को अपने जाल में फंसाकर उनकी शादी कराते हैं और फिर कीमती सामान लेकर फरार हो जाते हैं। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त (द्वितीय जोन) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना सूरजपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को चार लोगों मालती, संतोष, अमीर और प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया। अवस्थी ने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि ये लोग कुंवारे लड़कों को अपना शिकार बनाते हैं और गिरोह की लड़की को दुल्हन बताकर रिश्ता तय करते हैं। उन्होंने कहा कि शादी होने के बाद लड़की ससुराल जाती है और मौका पाते ही ससुराल से कीमती गहने व नगदी लेकर फरार हो जाती है। अवस्थी ने कहा कि बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों में से कोई लड़की की मां, कोई चाचा, कोई भाई तथा कोई दादा बन जाता था। उन्होंने कहा कि लड़की को गरीब और बेसहारा बताकर कुंवारे लोगों को जाल में फंसाया जाता था और सादगी से शादी करने की बात तय की जाती थी। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने कई लोगों के साथ ठगी करने की बात स्वीकार की है।
DEC 26, 2024 13:42 IST

जमीन के विवाद को लेकर किसान से मार-पीट, इलाज के दौरान मौत

जिले के थाना फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में बुधवार की रात खेत जा रहे किसान को कुछ लोगों ने बेतहाशा पीटा जिससे गंभीर रूप से घायल किसान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बृहस्पतिवार को बताया कि पीटे जाने से गंभीर रूप से घायल किसान को सीएचसी फरीदपुर ले जाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद उसे बरेली शहर के निजी अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। सूचना पा कर मौके पर पहुंची पुलिस ने देर रात चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। फतेहगंज थाना के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि मृतक के स्वजन की ओर से शिकायती पत्र के आधार पर चार लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गयी है। पुलिस के मुताबिक, थाना क्षेत्र के गांव वंडिया खुर्द के रहने वाले 45 वर्षीय अहिल्कार बुधवार की रात अपने बेटे के लिए खाना पहुंचाने खेत पर जा रहे थे। इस दौरान घात लगाकर बैठे गांव के ही कुछ लोगों ने अहिल्कार को रोक कर उनके साथ गाली गलौज की, उन्हें लाठी डंडे से मारा पीटा और उन पर धारदार हथियार से हमला किया। अहिल्कार की चीख सुनकर गांव के अन्य लोग वहां आ गए। इस दौरान आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, अहिल्कार परिवार के लोगों के बीच पिछले 10 वर्षों से ज़मीन का विवाद चल रहा है।
DEC 26, 2024 12:53 IST

असम के एमबीबीएस छात्र ने एम्स-भुवनेश्वर में आत्महत्या की

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)-भुवनेश्वर में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि असम के डिब्रूगढ़ निवासी रत्नेश कुमार मिश्रा (21) का शव बुधवार को उसके छात्रावास के कमरे में पंखे से लटका मिला। पुलिस को संदेह है कि परिवार में आर्थिक संकट के कारण मिश्रा ने आत्महत्या की। आत्महत्या करने से पहले उसने अपने छोटे भाई को एक ऑडियो संदेश भेजा था, जिसमें उसने अपने पिता से अनुरोध किया था कि वह अपनी जमीन नहीं बेचें। उसने अपने भाई से यह भी कहा कि वह डॉक्टर बने और असम में ही रहे। पुलिस के अनुसार, मिश्रा के कमरे से मिले सुसाइड नोट में उसने लिखा है कि उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। बृहस्पतिवार को उसकी द्वितीय वर्ष की परीक्षा शुरू होनी थी और वह मंगलवार को 10 दिन की छुट्टी के बाद घर से कैंपस लौटा था। इस बार उसके पिता उसके साथ भुवनेश्वर आए थे। मिश्रा को बुधवार को अपने पिता के साथ पुरी जाना था, जो परिसर के बाहर एक होटल में ठहरे हुए थे। मिश्रा के पिता ने पत्रकारों को बताया कि उन्होंने सुबह अपने बेटे से बात की थी, लेकिन बाद में उसके मोबाइल पर संपर्क नहीं हो सका। जब बार-बार फोन कॉल का जवाब नहीं मिला, तो वह उसके छात्रावास पहुंचे और पाया कि दरवाज़ा अंदर से बंद है। बार-बार आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पिता कुछ छात्रों के साथ कमरे में घुसे जहां मिश्रा का शव मिला। पुलिस ने बताया कि मिश्रा को तुरंत अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। एम्स-भुवनेश्वर के निदेशक आशुतोष बिस्वास बाद में छात्रावास के उस कमरे में पहुंचे जहां मिश्रा ने आत्महत्या की थी। पुलिस ने बताया कि खंडगिरी थाने में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
DEC 26, 2024 12:46 IST

महाराष्ट्र के ठाणे में टेंपो से 8.42 लाख रुपये का गुटखा जब्त, चालक गिरफ्तार

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने एक टेंपो से 8.42 लाख रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। टेंपो को मंगलवार शाम भिवंडी इलाके में अरावली पुलिस चौकी के सामने देखा गया। भोईवाड़ा थाने के पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस को वाहन की जांच के दौरान उसमें ले जाया जा रहा गुटखा मिला। पुलिस ने गुटखा और वाहन दोनों ही जब्त कर लिए। अधिकारियों ने बताया कि 39 वर्षीय टेंपो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान चालक ने पुलिस को बताया कि यह सामान गाबीबी नगर निवासी एक व्यक्ति ने मंगवाया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बुधवार को संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
DEC 26, 2024 12:45 IST

IND vs AUS: पहले दिन आस्ट्रेलिया के छह विकेट पर 311 रन

आस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट के पहले दिन बृहस्पतिवार को छह विकेट पर 311 रन बना लिये । टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले 19 वर्ष के सैम कोंस्टास ने 65 गेंद में 60 रन बनाये जबकि उस्मान ख्वाजा ने 57 और मार्नस लाबुशेन ने 72 रन का योगदान दिया । पहले दिन का खेल समाप्त होने पर स्टीव स्मिथ 68 और कप्तान पैट कमिंस आठ रन बनाकर खेल रहे थे । भारत के लिये जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट लिये जबकि आकाश दीप, वॉशिंगटन सुंदर और रविंद्र जडेजा को एक एक विकेट मिला ।
DEC 26, 2024 12:25 IST

गैस टैंकर हादसे के एक और घायल ने दम तोड़ा, मृतक संख्या 19 हुई

जयपुर के गैस टैंकर हादसे में गंभीर रूप से झुलसे एक और युवक ने बृहस्पतिवार को दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस हादसे में मरने की वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। चिकित्सकों ने यह जानकारी दी। हादसे में झुलसे 11 और लोगों का यहां एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसएमएस अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुशील भाटी ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से झुलसे एक और व्यक्ति की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। उन्होंने कहा, "फिलहाल अस्पताल में 11 लोगों का इलाज चल रहा है।" उन्होंने कहा कि दो या तीन लोगों को आज छुट्टी मिलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि हादसे में 60 प्रतिशत झुलसे 28 वर्षीय लालाराम की आज मौत हो गई। वह वेंटिलेटर पर थे। अस्पताल में तीन और मरीज वेंटिलेटर पर हैं। लालाराम के दोस्त रामावतार ने बताया कि वह महेंद्रा सेज स्थित एक आईटी कंपनी में सुरक्षा गार्ड था और मोटरसाइकिल से ऑफिस जा रहा था तभी वह आग की चपेट में आ गया। उस दिन लालाराम की ड्यूटी सुबह की शिफ्ट में थी। रामावतार ने बताया कि वह सांगानेर का रहने वाला था, लेकिन कुछ समय पहले आगरा हाईवे पर कनोता इलाके में शिफ्ट हो गया था। घटना के समय वह मोटरसाइकिल पर था। वह अविवाहित था। इस हादसे में गंभीर रूप से झुलसे तीन लोगों की बुधवार को मौत हो गई थी। जयपुर के भांकरोटा इलाके में 20 दिसंबर को तड़के जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर एक ट्रक ने एलपीजी से भरे टैंकर को टक्कर मार दी। इससे भीषण आग लग गई और 35 से अधिक वाहन इसकी चपेट में आ गए। घटना वाले दिन 11 लोगों की मौत हुई थी और अब मृतकों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है।
DEC 26, 2024 11:56 IST

नवी मुंबई में 2024 में मादक पदार्थ संबंधी अपराध के 654 मामले सामने आए

महाराष्ट्र के नवी मुंबई में मादक पदार्थ से संबंधित अपराधों में वृद्धि देखी गई है और इस वर्ष ऐसे 654 मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि 2023 में यह संख्या 475 थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने नवी मुंबई पुलिस की वार्षिक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि इन मामलों में जब्त किए गए प्रतिबंधित सामान की कुल कीमत 33.27 करोड़ रुपये है, जबकि पिछले साल यह 22.97 करोड़ रुपये थी। उन्होंने कहा कि 2024 में मादक पदार्थ निषेध से संबंधित एनडीपीएस अधिनियम के तहत मादक पदार्थ संबंधी अपराधों के लिए 939 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पिछले साल यह संख्या 811 थी। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में 58 विदेशी नागरिक थे जिनमें अधिकतर अफ्रीकी थे जबकि 2023 में यह संख्या 37 थी। इस वर्ष विदेशी नागरिकों से जब्त किए गए प्रतिबंधित सामान का मूल्य 25.70 करोड़ रुपये था, जो 2023 में 11.61 करोड़ रुपये से अधिक है। अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए मादक पदार्थों में कोकीन की कीमत सबसे अधिक 16.70 करोड़ रुपये है। 2023 में जब्त कोकीन की कीमत 1.25 करोड़ रुपये थी।
DEC 26, 2024 11:55 IST

टोपी पहनकर स्कूल आने पर बच्चे को पीटा, शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज

जिले के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में एक कान्वेंट स्कूल में छठी कक्षा एक छात्र को टोपी पहनकर स्कूल आने के लिए पीटने पर शिक्षक के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। चितबड़ागांव थाना के प्रभारी प्रशांत कुमार चौधरी ने बृहस्पतिवार को बताया कि जय प्रकाश नगर गांव के अनिल कुमार गुप्ता की तहरीर पर बुधवार को नवभारत चिल्ड्रन एकेडमी के शिक्षक जितेंद्र राय के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि अनिल कुमार गुप्ता ने तहरीर में उल्लेख किया है कि उनका बेटा श्लोक गुप्ता नवभारत चिल्ड्रन एकेडमी, चितबड़ागांव में कक्षा छह का छात्र है। शिक्षक जितेंद्र राय ने विद्यालय में टोपी पहन कर आने को लेकर श्लोक के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उसकी पिटाई की। जब अनिल गुप्ता 21 दिसंबर को फीस जमा करने विद्यालय गये और प्रधानाचार्य से इस मामले में शिकायत की तो नाराज होकर शिक्षक जितेंद्र राय ने छात्र श्लोक को फिर पीटा और जान से मारने की धमकी दी। अनिल गुप्ता का आरोप है कि शिक्षक के पीटने से छात्र को काफी चोट आई है।
DEC 26, 2024 11:54 IST

चोरी के मामले में वांछित दो अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

सर्राफा व्यवसायी के प्रतिष्ठान में हुई चोरी के मामले में वांछित अभियुक्तों की बुधवार देर रात घेराबंदी के दौरान पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई तथा गोली लगने से एक अभियुक्त घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी सहित दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा अभियुक्त घटनास्थल से भागने में सफल रहा। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रामानंद प्रसाद कुशवाहा ने बृहस्पतिवार को संवाददाताओं को बताया कि फखरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गजाधरपुर बाजार में गत चार नवंबर को एक सर्राफ के यहां लाखों रुपये मूल्य के जेवरात की चोरी हुई थी। उन्होंने बताया कि बुधवार रात फखरपुर पुलिस को सूचना मिली कि उक्त घटना में शामिल कुछ अभियुक्त मोटरसाइकिल से वजीरगंज बाजार की ओर जाने वाले हैं। पुलिस उपाधीक्षक रवि खोखर की अगुवाई में स्थानीय पुलिस और एसओजी की टीम ने घेराबंदी की। देर रात एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग दिखे। पुलिस ने उन्हें रोका तो उनमें से एक बदमाश ने तमंचे से पुलिस पर गोलीबारी की। कुशवाहा ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में असलम के पैर में गोली लगी। पुलिस दल ने घायल असलम (25) और उसके साथी अबरार को दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि तीसरा अभियुक्त अब्दुल अजीज अंधेरे और कोहरे का फायदा उठाकर भाग गया। घायल असलम को इलाज के लिए बहराइच मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है। पुलिस फरार अभियुक्त अजीज की तलाश में जुटी है।
DEC 26, 2024 10:51 IST

राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज की गई

राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को वायु गुणवत्ता ‘‘बहुत खराब’’ श्रेणी में दर्ज की गई और सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 340 रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी किए गए आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। सीपीसीबी के अनुसार, दिल्ली के 38 निगरानी केंद्रों में से 32 ने वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की। एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार तथा शनिवार को आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है और रविवार को घने कोहरे का पूर्वानुमान जताते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। आईएमडी ने बताया कि बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।