LIVEआज की ताजा खबर: सहारनपुर में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट, दो श्रमिकों की मौत; प्रियंका गांधी वाड्रा करेंगी वायनाड के भूस्खलन प्रभावित स्थल का दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में पेपर लीक के मामलों पर सख्त कानून बनाने के मसौदे पर अहम चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार मौजूदा कानून को और प्रभावी बनाने के लिए पुराने विधेयक (बिल) में संशोधन करने की तैयारी में है। कैबिनेट इस संशोधित मसौदे को मंजूरी दे सकती है, जिसके बाद इसे संसद में पेश किए जाने का रास्ता साफ होगा।
दिल्ली के जंतर-मंतर स्थित धरना स्थल के आसपास मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद करने के केंद्र सरकार के आदेश को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। छात्र आंदोलन से जुड़े प्रमुख चेहरा सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया है। उन्होंने सरकार की ओर से छात्रों के हित में कदम उठाने की प्रतिबद्धता पर भरोसा जताते हुए यह फैसला लिया। वहीं, पीएम मोदी ने कहा कि आज होने वाली कैबिनेट बैठक में पेपर लीक के खिलाफ और सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इसके अलावा, अमेरिका ने फोर्स्ड लेबर (जबरन मजदूरी) से जुड़े उत्पादों के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए भारत से आयात होने वाले सामान पर 10 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। विपक्ष के सांसद आज संसद के मकर द्वार पर छात्रों के मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। डीएमआरसी के अनुसार, न्यू दिल्ली मेट्रो स्टेशन को अगली सूचना तक बंद कर दिया गया है। इस दौरान स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। डीएमआरसी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि न्यू दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी। राज्यसभा में हंगामे के बीच वंदे मातरम् बिल पेश हुआ। नित्यानंद राय ने राज्यसभा में विधेयक पेश किया।

आज की ताजा खबर: सहारनपुर में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट, दो श्रमिकों की मौत; प्रियंका गांधी वाड्रा करेंगी वायनाड के भूस्खलन प्रभावित स्थल का दौरा
आज की ताजा खबर, 24 जुलाई 2026 हिंदी न्यूज लाइव: CJP Protest: राज्यसभा में हंगामे के बीच वंदे मातरम् बिल पेश हुआ। नित्यानंद राय ने राज्यसभा में विधेयक पेश किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में पेपर लीक के मामलों पर सख्त कानून बनाने के मसौदे पर अहम चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार मौजूदा कानून को और प्रभावी बनाने के लिए पुराने विधेयक (बिल) में संशोधन करने की तैयारी में है। कैबिनेट इस संशोधित मसौदे को मंजूरी दे सकती है, जिसके बाद इसे संसद में पेश किए जाने का रास्ता साफ होगा।
दिल्ली के जंतर-मंतर स्थित धरना स्थल के आसपास मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद करने के केंद्र सरकार के आदेश को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। इस याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट शुक्रवार को सुनवाई करेगा। याचिकाकर्ता की ओर से मामले का उल्लेख (मेंशनिंग) करते हुए मुख्य न्यायाधीश से तत्काल सुनवाई की मांग की गई, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। याचिका में केंद्र सरकार के उस आदेश को चुनौती दी गई है, जिसके तहत टेलीकॉम कंपनियों को मध्य दिल्ली के कुछ इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित करने का निर्देश दिया गया था। यह आदेश जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में जारी युवा प्रदर्शनों के दौरान लागू किया गया था।
विपक्ष के सांसद आज संसद के मकर द्वार पर छात्रों के मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। छात्र आंदोलन से जुड़े प्रमुख चेहरा सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया है। उन्होंने सरकार की ओर से छात्रों के हित में कदम उठाने की प्रतिबद्धता पर भरोसा जताते हुए यह फैसला लिया। सोनम वांगचुक के इस फैसले पर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक ने अपना अनशन तोड़ दिया है, और मैं उनके इस निर्णय का स्वागत करता हूं। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एक वीडियो संदेश दिया।उसमें जो बातें कहीं हैं,वो देश की सकारात्मक युवा शक्ति के मन को छूने वाली हैं। सोनम वांगचुक ने प्रधानमंत्री के संदेश के बाद अपने अनशन पर विराम लगाकर, सरकार की संवेदनशीलता और छात्रों के हित में क़दम उठाने की कटिबद्धता पर भरोसा दिखाया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीट और अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा बयान दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि आज होने वाली कैबिनेट बैठक में पेपर लीक के खिलाफ और सख्त कदम उठाए जाएंगे।
कॉकरोच जनता पार्टी का धरना-प्रदर्शन संसद मार्ग और टॉलस्टाय मार्ग से होते हुए संसद मार्ग पर भी पहुंच गया है, जिसके चलते उसे भी पूरी तरह से बंद कर जगह-जगह बैरिकेडिंग करते हुए भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया है। इस बीच, सीजेपी ने शुक्रवार को पूरे देश में जिला स्तर पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। एक्स पोस्ट पर जारी पोस्टर में सीजेपी ने इसके लिए सभी छात्र संगठनों को एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन करने को कहा गया है।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रोटेस्ट को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने शुक्रवार के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली मेट्रो ने बताया कि 24 जुलाई (शुक्रवार) सुबह 7:30 बजे से 17 मेट्रो स्टेशन यात्री सेवाओं के लिए बंद कर दिए जाएंगे। यह नियम अगले आदेश तक लागू रहेगी।
अमेरिका ने फोर्स्ड लेबर (जबरन मजदूरी) से जुड़े उत्पादों के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए भारत से आयात होने वाले सामान पर 10 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। यह फैसला अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने सेक्शन 301 के तहत की गई जांच के बाद लिया है। नई दरें शुक्रवार यानी आज से ही लागू होंगी।
डीएमआरसी के अनुसार, न्यू दिल्ली मेट्रो स्टेशन को अगली सूचना तक बंद कर दिया गया है। इस दौरान स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। डीएमआरसी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि न्यू दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी। राज्यसभा में हंगामे के बीच वंदे मातरम् बिल पेश हुआ। नित्यानंद राय ने राज्यसभा में विधेयक पेश किया।
सहारनपुर में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट, दो श्रमिकों की मौत; दो लापता
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नया गांव में शुक्रवार शाम पटाखा बनाने वाली एक फैक्टरी में हुए जोरदार विस्फोट में दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग लापता हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, गंगोह थाना क्षेत्र स्थित राणा फायर वर्क्स फैक्टरी में शाम करीब पांच बजे विस्फोट हुआ। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि विस्फोटक सामग्री के रखरखाव या उसके इस्तेमाल में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मयंक पाठक ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। फैक्टरी से उठते काले धुएं के गुबार को देखकर आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। उन्होंने बताया कि विस्फोट की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा अग्निशमन विभाग की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पाठक ने बताया कि मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी दीपक (23) और संदीप (25) के रूप में हुई है। विस्फोट में दोनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए थे, जिससे उनकी पहचान करने में कठिनाई हुई। उन्होंने बताया कि फैक्टरी में मौजूद एक ठेकेदार और उसका एक कर्मचारी भी लापता हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विस्फोट से फैक्टरी भवन का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, फैक्टरी मालिक गाजियाबाद का रहने वाला है और घटना की जानकारी मिलने के बाद सहारनपुर के लिए रवाना हो गया। फैक्टरी में काम करने वाले श्रमिकों ने पुलिस को बताया कि वहां दीपावली के लिए पटाखे बनाए जा रहे थे और परिसर में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी। पुलिस ने बताया कि यह फैक्टरी पिछले पांच वर्षों से इसी स्थान पर संचालित हो रही थी।
मोजाम्बिक के झंडे वाले LPG टैंकर DISHA पर आज सुबह ईरानी जलक्षेत्र में हमला हुआ
नासिक में भारी बारिश: गंगापुर बांध से पानी छोड़े जाने के कारण गोदावरी नदी खतरे के निशान से ऊपर बही
भारी बारिश के बीच गंगापुर बांध से पानी छोड़े जाने के कारण शुक्रवार तड़के नासिक में गोदावरी नदी खतरे के निशान को पार कर गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शहर में शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक के 24 घंटों के दौरान 116 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही मूसलाधार बारिश कम हो गई और शाम 5:30 बजे तक मात्र 2.1 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज की गई। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गोदावरी, कादवा, दारणा, गिरना और मोसम नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। गोदावरी का जलस्तर बढ़ने से रामकुंड और गोदा घाट के छोटे मंदिर पानी में डूब गए, जबकि प्रसिद्ध ’दुतोंड्या मारुति’ की मूर्ति पूरी तरह जलमग्न हो गई। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह जिले के कुछ तहसीलों में भारी बारिश हुई, जिनमें त्र्यंबकेश्वर में 193 मिलीमीटर और सुरगाणा में 164.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जिससे पालखेड़, हरणबारी, नांदूर मधमेश्वर बराज और गंगापुर जैसे बांधों से पानी छोड़ना पड़ा। एक अधिकारी ने बताया, "जिले के बांधों में कुल जल भंडारण बढ़कर 72.40 प्रतिशत हो गया है। पूरे जिले को पानी की आपूर्ति करने वाले गंगापुर बांध में यह 98.26 प्रतिशत है। गंगापुर से 14,407 क्यूसेक, दारणा से 19,312 क्यूसेक, चाणकपुर से 18,879 क्यूसेक और नांदूर-मध्यमेश्वर बराज से 94,497 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।" जिला प्रशासन ने इन क्षेत्रों और विभिन्न नदियों के तटों पर रहने वाले नागरिकों से सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है, जिसमें नदियों में न जाना और कीमती सामान, मवेशियों तथा अन्य सामग्रियों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शामिल है।
इंडियन कोस्ट गार्ड ने भारी बारिश और बाढ़ के बीच दमन, दादरा और नगर हवेली और दक्षिण गुजरात में 11 मानवीय सहायता और आपदा राहत ऑपरेशन के जरिए 170 लोगों को बचाया।
बागी TMC सांसद सायोनी घोष ने कहा, "यह बहुत अच्छी बात है कि सोनम वांगचुक ने अपना अनशन खत्म कर दिया है....
महाराष्ट्र में नीट समेत परीक्षाओं में गड़बड़ी के मामलों की सुनवाई दो विशेष अदालतें करेंगी
मुंबई उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के नागपुर और छत्रपति संभाजीनगर जिलों में एक-एक विशेष अदालत निर्धारित की है जो चिकित्सा पाठ्यक्रमों के लिये राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) समेत सार्वजनिक परीक्षाओं में गड़बड़ी से जुड़े मामलों की सुनवाई करेंगी। उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रवींद्र घुगे ने इन मामलों की सुनवाई के लिए छत्रपति संभाजीनगर (मध्य महाराष्ट्र) में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एस.वी. पवार और नागपुर (पूर्वी महाराष्ट्र) में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गुलशन कोल्टे को नियुक्त किया। उच्च न्यायालय के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह फैसला केंद्र के उन निर्देशों के तहत लिया गया है जिनमें कम से कम दो बड़े जिलों में ’सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम’ और ’भारतीय न्याय संहिता’ (बीएनएस) के तहत आने वाले अपराधों के मुकदमे चलाने के लिए विशेष अदालत बनाने को कहा गया था। सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत, ऐसे मामलों में सुनवाई तीन महीने के भीतर पूरी होनी जरूरी है। परीक्षा में गड़बड़ियों के लिए सरकार से जवाबदेही तय करने और शिक्षा क्षेत्र में सुधार लाने की मांग को लेकर, जून के आखिर से मुख्य रूप से दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का विरोध-प्रदर्शन चल रहा है। दिल्ली के इस आंदोलन के समर्थन में देश भर में छात्र समूहों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की ओर से प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं।
रवनीत सिंह ने दिया इस्तीफा
दिल्ली में चलते ऑटो में यात्रियों के गहने चुराने के आरोप में चार गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि कथित तौर पर चलते ऑटो-रिक्शा में रेलवे यात्रियों के बैग से कीमती सामान चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से चोरी के सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवाब (39), शाहिद उर्फ कलुवा (40), रफीक (50) और नदीम उर्फ दरभंगा (31) के रूप में हुई है। उसने बताया कि रफीक पहले भी लूट, चोरी और शस्त्र अधिनियम से जुड़े 12 मामलों में शामिल रहा है। ये गिरफ्तारियां प्राथमिकी दर्ज होने के बाद की गईं। बवाना निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 जुलाई को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर से किराये पर लिए गए ऑटो-रिक्शा में यात्रा के दौरान उसके परिवार के बैग से आभूषण चोरी हो गए। पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता और उसके परिवार को कम किराए का लालच देकर ऑटो में बिठाया गया। प्रताप नगर मेट्रो स्टेशन के पास वाहन खराब होने का बहाना बनाकर उन्हें नीचे उतरने के लिए कहा गया। बाद में शिकायतकर्ता को पता चला कि उनके बैग में रखे गहने गायब थे। पुलिस ने कहा कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें 19 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया और मामले की जांच जारी है।
उत्तर प्रदेश विधानमंडल का तीसरा सत्र तीन अगस्त से, अनुपूरक बजट होगा पेश
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राज्य विधानमंडल (विधानसभा और विधान परिषद) के दोनों सदनों का तीसरा सत्र सोमवार, तीन अगस्त से आहूत किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे ने बताया कि राज्यपाल ने 18वीं उत्तर प्रदेश विधानसभा का वर्ष 2026 का तीसरा सत्र तीन अगस्त से बुलाया है। विधान परिषद के प्रमुख सचिव डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि विधान परिषद का सत्र भी तीन अगस्त को सुबह 11 बजे से आहूत किया गया है। गौरतलब है कि मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में वर्ष 2026 के तीसरे विधानमंडल सत्र को बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। इस सत्र में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अनुपूरक बजट, अनुदान की अनुपूरक मांगों तथा अन्य विधायी कार्यों पर विचार किया जाएगा। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया था कि सरकार संविधान के प्रावधानों के अनुरूप वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अनुदान की अनुपूरक मांगें विधानसभा और विधान परिषद में पेश करेगी। उन्होंने कहा था कि पिछले सत्र की समाप्ति के बाद जारी अध्यादेशों के स्थान पर विधेयक भी सदन में पेश किए जाएंगे और उन्हें पारित कराने पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा अन्य आवश्यक विधायी और सरकारी कार्य भी निपटाए जाएंगे।
दिल्ली में 20 जुलाई को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में अलग-अलग जगहों पर पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटनाएं CCTV फुटेज में दिख रही हैं।
सोनम वांगचुक का हेल्थ अपडेट
मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट अब खुल गए हैं- डीएमआरसी
जंतर-मंतर जा रहे नेताओं को रोकने में चूक, नोएडा फेस-3 थाने के 3 पुलिसकर्मी निलंबित
नोएडा से दिल्ली के जंतर-मंतर की ओर जा रहे नेताओं को रोकने में फेस-3 पुलिस की गंभीर चूक सामने आने के बाद कमिश्नरेट पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही और ड्यूटी के दौरान कार्यों में कोताही पाए जाने पर गढ़ी चौखंडी चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। निलंबित कर्मियों में थाना और एसओजी में तैनात पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस कार्रवाई के जरिए पुलिस बल को सख्त संदेश दिया गया है।
प्रियंका गांधी वाड्रा करेंगी वायनाड के भूस्खलन प्रभावित स्थल का दौरा
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा यहां कल्लाडी स्थित भूस्खलन प्रभावित स्थल का 25 जुलाई को दौरा करेंगी। यह आठ लोगों की जान लेने वाली आपदा के बाद उनका पहला दौरा होगा। पार्टी सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। वायनाड की कांग्रेस सांसद शनिवार सुबह कोझिकोड पहुंचेंगी और वहां से सड़क मार्ग से कल्लाडी जाएंगी। वह अनाक्कमपॉयल सुरंग सड़क परियोजना के पास आपदा स्थल का दौरा करेंगी और उसके बाद 7 जुलाई की घटना में घायल हुए लोगों से मिलेंगी। सूत्रों के मुताबिक, वाद्रा बचाव अभियान में शामिल लोगों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। वायनाड और कोझिकोड जिलों को जोड़ने के लिए बनाए जा रहे अनाक्कमपॉयल-मेप्पाडी सुरंग परियोजना स्थल पर हुए भूस्खलन में आठ लोगों की मौत हो गई थी।
गोरखपुर में कर्ज लौटाने के विवाद में जौहरी की हत्या, दो किशोर हिरासत में
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में 70 वर्षीय एक जौहरी की कथित हत्या के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय एक छात्र और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस का संदेह है कि कर्ज लौटाने को लेकर हुए विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बांसगांव क्षेत्र के धस्का भटास गांव निवासी तथा कटरा मलाव में आभूषण की दुकान चलाने वाले रामलाल वर्मा (70) बुधवार सुबह लापता हो गए थे। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने राप्ती नदी में उनका शव देखा, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) दिनेश पुरी ने बताया कि मुख्य आरोपी प्रिंस (19) रामलाल वर्मा को जानता था। आरोप है कि उसने मोटरसाइकिल खरीदने के लिए वर्मा से एक लाख रुपये उधार लिए थे। उन्होंने बताया कि प्रिंस अक्सर वर्मा को उनकी दुकान तक छोड़ने और वहां से घर लाने का काम करता था, जिससे उसने परिवार का विश्वास भी जीत लिया था। पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह प्रिंस कथित तौर पर वर्मा को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर कनैल-कसिहार तटबंध के पास स्थित एक मंदिर की ओर ले गया। अधिकारी ने बताया कि प्रिंस के साथ उसका चचेरा भाई अंशु (18) और अन्य साथी भी थे। पुलिस का आरोप है कि वहां वर्मा पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनकी गर्दन पर कई गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उनका शव घसीटकर राप्ती नदी में फेंक दिया गया। वर्मा के बड़े बेटे की शिकायत पर बेलीपार थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर अपराध स्वीकार करते हुए कहा कि वे वर्मा द्वारा बार-बार कर्ज लौटाने के लिए दबाव डालने से नाराज थे।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस मृतक के पास मौजूद आभूषणों के कथित रूप से गायब होने की भी जांच कर रही है। साथ ही, दिव्यांश पांडेय समेत दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का मानना है कि हत्या की साजिश दिव्यांश ने रची थी।
ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन के सदस्यों ने NEET पेपर लीक मामले पर कोलकाता में विरोध प्रदर्शन किया
पेपर लीक संशोधन बिल पर किरेन रिजिजू का बयान
कश्मीर में बारिश से बाढ़ का खतरा, ज्यादातर नदियों का जलस्तर बढ़ा
कश्मीर के कई हिस्सों में लगातार चौथे दिन शुक्रवार को रुक-रुककर बारिश हुई, जिससे ज्यादातर नदियों और जल धाराओं का जलस्तर बढ़ गया और बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हालांकि, अनंतनाग और श्रीनगर में झेलम नदी का जल स्तर घटने लगा है। इन दोनों स्थानों पर नदी का जल स्तर बृहस्पतिवार रात बाढ़ के निशान को पार कर गया था। कश्मीर घाटी के कई हिस्सों में, खासकर दक्षिण कश्मीर में रुक-रुककर बारिश जारी रही, जिससे कई नदियां उफान पर हैं। अधिकारियों ने बताया कि झेलम नदी, जिसका जलस्तर बृहस्पतिवार को बाढ़ के निशान से ऊपर पहुंच गया था, शुक्रवार को कुछ स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। हालांकि, सुबह से ही इसका जलस्तर घट रहा है। दोपहर करीब 12 बजे दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के संगम में झेलम नदी का जलस्तर 18.90 फुट दर्ज किया गया, जो बाढ़ के निशान 21 फुट से थोड़ा नीचे है। हालांकि, अन्य बाढ़ निगरानी केंद्रों पर नदी का जलस्तर अब भी बाढ़ के निशान से ऊपर बना हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर के बाहरी इलाके पंपोर में और शहर के मुंशी बाग में झेलम नदी का जल स्तर बाढ़ के निशान से ऊपर है। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण कश्मीर में पिछले 24 घंटों के दौरान काफी बारिश हुई। सुबह 8.30 बजे तक काजीगुंड में 40.2 मिलीमीटर (मिमी), कोकरनाग में 39.2 मिमी और पहलगाम में 25.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण कश्मीर और आसपास के इलाकों में शुक्रवार शाम से मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की उम्मीद है। विभाग ने क्षेत्र में 28 से 31 जुलाई तक फिर से बारिश होने का पूर्वानुमान भी किया है।
हम नीट पेपर लीक को रोकने संबंधी कदमों की कड़ी निगरानी करेंगे: उच्चतम न्यायालय
उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को केंद्र सरकार से कहा कि वह राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रश्नपत्र लीक को रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर कड़ी निगरानी रखेगा। न्यायालय ने यह भी कहा कि वर्षों से चली आ रही तदर्थ व्यवस्थाओं ने परेशानी खड़ी की है। ’फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन’ (एफएआईएमए) के आवेदन समेत कई याचिकाओं पर सुनवाई कर रही न्यायमूर्ति पी. एस. नरसिम्हा और न्यायमूर्ति आलोक अराधे की पीठ ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से पूछा कि सरकार परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने, राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों को लागू करने और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) के मॉडल को अपनाने के लिए क्या कदम उठा रही है। मेहता ने कहा कि इस मामले में कुछ नए घटनाक्रम हुए हैं और केंद्र सरकार एक विस्तृत रिपोर्ट दाखिल करेगी जिसमें राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों के अलावा उठाए गए अन्य कदमों का ब्यूरो होगा। उन्होंने कहा, ’’विद्यार्थियों के भविष्य को खतरे में नहीं डाला जा सकता। हम राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों से भी आगे बढ़कर कदम उठा रहे हैं। मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि सरकार अपेक्षा से कहीं अधिक प्रयास कर रही है और हर चीज की सर्वोच्च स्तर पर निगरानी की जा रही है।’’ मेहता ने यह भी कहा कि दो वर्ष पहले भी इसी तरह का मामला सामने आया था और उस समय प्रश्नपत्रों की छपाई से लेकर उनके परिवहन तक की पूरी प्रक्रिया अदालत के समक्ष स्पष्ट की गई थी। इस पर पीठ ने कहा कि सरकार ने ’नीट-यूजी’ की पुन:परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों के परिवहन में वायु सेना की मदद ली थी, लेकिन ऐसे उपाय केवल तदर्थ व्यवस्था हैं। न्यायमूर्ति नरसिम्हा ने कहा, ’’वर्षों से चली आ रही तदर्थ व्यवस्थाओं ने परेशानी खड़ी की हैं।’’ उन्होंने कहा कि न्यायालय यह सुनिश्चित करेगा कि परीक्षा प्रक्रिया के लिए एक स्थायी और संस्थागत व्यवस्था तैयार की जाए। एफएआईएमए की ओर से पेश अधिवक्ता तन्वी दुबे ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा अगले वर्ष से नीट-यूजी के लिए लागू किए जाने वाले कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) मॉडल से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का विस्तृत खाका भी मांगा।
पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान घायल पुलिसकर्मी के गर्भपात से संबंधित दावे को खारिज किया
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर किए जा रहे इस दावे को शुक्रवार को ’’पूरी तरह झूठा और भ्रामक’’ बताया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान घायल हुई एक महिला पुलिसकर्मी का गर्भपात हो गया। घायल महिला पुलिसकर्मी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद यह दावा किया गया था। कई पोस्ट में कहा गया कि वह चार महीने की गर्भवती थीं और प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में उनका गर्भपात हो गया। दिल्ली पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि ये तस्वीरें तब की हैं जब प्रदर्शन के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति में संबंधित पुलिसकर्मी घायल हो गई थी।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा, ’’संबंधित महिला पुलिसकर्मी न तो विवाहित है और न ही गर्भवती है। फिलहाल वह चिकित्सकों की निगरानी में है।’’ दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे अपुष्ट जानकारी साझा न करें।