LIVEआज की ताजा खबर, 24 अप्रैल 2025 LIVE: भारत के एक्शन पर पाकिस्तान की गीदड़भभकी, भारतीय विमानों के बंद किया एयरस्पेस
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 24 अप्रैल 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 24 अप्रैल (गुरुवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

आज की ताजा खबर, 24 अप्रैल 2025 LIVE: भारत के एक्शन पर पाकिस्तान की गीदड़भभकी, भारतीय विमानों के बंद किया एयरस्पेस
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 24 अप्रैल 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उच्च स्तरीय सीसीएस बैठक की अध्यक्षता करने के कुछ ही घंटों बाद, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक बुलाई है। यह बैठक गुरुवार को 24 अप्रैल यानि कि आज होनी है। यह घोषणा पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई है, जिसमें उन्होंने पुष्टि की है कि राष्ट्रीय सुरक्षा चर्चा का मुख्य विषय होगी। वहीं दूसरी ओर भारत और कड़े कदम उठाने की तैयारी में है। इस्तांबुल के गवर्नर कार्यालय ने बताया कि बुधवार को आए 6.2 तीव्रता के भूकंप के दौरान घबराहट और बिल्डिंग से कूदने की घटनाओं के कारण 151 लोग घायल हो गए। कार्यालय ने बताया कि घायल व्यक्तियों का फिलहाल अस्पतालों में इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति ठीक है। समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार स्थानीय समयानुसार अपराह्न 3:30 बजे तक किसी के मरने की खबर नहीं है। गवर्नर कार्यालय ने पुष्टि की है कि फतिह जिले में एक इमारत को छोड़कर, पूरे शहर में कोई भी आवासीय इमारत नहीं गिरी है। कार्यालय के अनुसार, ऊर्जा आपूर्ति, प्राकृतिक गैस वितरण, या पेयजल एवं सीवेज अवसंरचना में कोई व्यवधान नहीं आया है, जिससे दैनिक जीवन पर प्रभाव पड़े। भूकंप के बीच पार्कों, स्कूल के मैदानों और अन्य खुले क्षेत्रों में लोग जमा हो गए। कुछ लोगों ने पार्कों में टेंट लगा लिए। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...
गृह मंत्री और विदेश मंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मू को दी आतंकी हमले की जानकारी
विदेश मंत्रालय में विदेशी राजनयिकों को दी जाएगी आतंकी हमले की जानकारी
PAK ने भारत के लिए बंद किया अपना एयरस्पेस
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत के कड़े रुख से घबराए पाकिस्तान ने गीदड़भभकी देते हुए भारत के विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है।
हाजिर मांग के कारण कच्चे तेल के वायदा भाव में तेजी
मजबूत हाजिर मांग के बाद प्रतिभागियों ने अपने सौदों के आकार को बढ़ाया जिससे वायदा कारोबार में बृहस्पतिवार को कच्चे तेल की कीमत 64 रुपये बढ़कर 5,373 रुपये प्रति बैरल हो गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में मई डिलीवरी वाले कच्चे तेल की कीमत 64 रुपये या 1.21 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,373 रुपये प्रति बैरल हो गई। इसमें 13,908 लॉट के लिए कारोबार हुआ।
यूक्रेन पर रूस के भीषण हमलों में नौ लोगों की मौत, 70 अन्य घायल
रूस ने यूक्रेन पर बुधवार रात बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए जिनमें नौ लोगों की मौत हो गई और छह बच्चों सहित 70 अन्य लोग घायल हो गए। यूक्रेन के प्राधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। ‘कीव सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन’ ने अपने ‘टेलीग्राम’ चैनल पर बताया कि रूस ने कीव पर ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। प्रशासन ने बताया कि कम से कम 45 ड्रोन का पता लगाया गया है। उसने कहा कि यूक्रेन की वायु सेना बाद में इन आंकड़ों को अद्यतन करेगी। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब शांति वार्ता ठप होती दिख रही है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह संभावित शांति योजना के तहत क्रीमिया को रूस को सौंपने के प्रस्ताव को ठुकराकर युद्ध को खींच रहे हैं।
दक्षिण कोरिया के पूर्व राष्ट्रपति मून पर रिश्वत का आरोप
दक्षिण कोरिया के अभियोजकों ने बृहस्पतिवार को पूर्व राष्ट्रपति मून जेई-इन पर रिश्वत का आरोप लगाया और कहा कि मून के कार्यकाल के दौरान एक किफायती एयरलाइन ने उनके दामाद को आकर्षक नौकरी देकर भारी फायदा पहुंचाया था। मून पर अभियोग शुरू होने के बाद वह भी दक्षिण कोरिया के नेताओं की फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने अपने कार्यकाल के अंत में या पद छोड़ने के बाद मुकदमों या घोटालों का सामना किया है।
मधुबनी : मंच से पीएम मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वालों को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को बिहार दौरे पर पहुंचे। यहां पीएम मोदी ने मधुबनी में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस कार्यक्रम में अपने संबोधन से पहले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने अपना भाषण शुरू किया। पीएम मोदी ने रैली में मौजूद लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपनी बात प्रारंभ करने से पहले मैं आप सबसे प्रार्थना करना चाहता हूं, आप जहां हैं, वहीं अपने स्थान पर बैठकर ही 22 अप्रैल को जिन परिवारजनों को हमने खोया है, उनको श्रद्धांजलि देने के लिए हम कुछ पल का मौन रखेंगे।
पूरी शक्ति से आतंक के विषैले फनों को कुचला जाएगा : सीएम योगी
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले कानपुर के शुभम द्विवेदी का गुरुवार को ड्योढ़ी घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कानपुर के लाल को अंतिम विदाई दी। परिवार को सांत्वना देने के लिए सीएम योगी गुरुवार सुबह शुभम के हाथीपुर (कानपुर) स्थित आवास पर पहुंचे और वहां उन्होंने शुभम के पार्थिव शरीर को नमन कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शुभम के पिता से बातचीत की और उनकी पत्नी से पूरी आपबीती सुनी। परिवार को ढाढ़स बंधाने के बाद सीएम योगी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पहलगाम में घटी आतंकी घटना क्रूर, वीभत्स और कायराना है। यह घटना बताती है कि आतंकवाद अपनी अंतिम सांस ले रहा है। उन्होंने परिवार समेत पूरे प्रदेश और देश के लोगों को भरोसा दिया कि यह सरकार आतंकी और उग्रवादी घटनाओं पर जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ कार्य कर रही है और जिन लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है, पूरी शक्ति से आतंक के इन विषैले फनों को कुचला जाएगा। जो लोग इस साजिश का हिस्सा बने हैं, उन्हें परिणाम भुगतना होगा और आप सभी इसके साक्षी बनेंगे। हिंदू मां-बहनों के साथ उनके सामने ही उनके सिंदूर के साथ जो बर्बरता की गई है, इसी प्रकार से आतंकवादियों और उनके आकाओं को उसकी सजा जरूर मिलेगी। इसमें कोई संदेह किसी को नहीं होना चाहिए।
राजस्थान में मौसम शुष्क रहने की संभावना
राजस्थान में आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, बीते चौबीस घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। राज्य में न्यूनतम तापमान बाड़मेर में 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य के ज्यादातर भागों में हवा में आर्द्रता की औसतन 06 से 53 प्रतिशत के मध्य दर्ज की गयी।
पोप फ्रांसिस को हजारों लोगों ने दी अंतिम श्रद्धांजलि
पोप फ्रांसिस को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए दुनिया भर से पहुंचे लोग सेंट पीटर्स बेसिलिका के मुख्य गलियारे में पैदल चलकर पोप की एक झलक पाने के मकसद से उनके खुले ताबूत तक पहुंचे। यहां बृहस्पतिवार को भी सार्वजनिक दर्शन की प्रक्रिया जारी रही। एक दिन पहले शुरू हुए सार्वजनिक अंतिम दर्शन में भारी संख्या में लोग पहुंचे, जिसके कारण वेटिकन ने कहा कि इसे अधिक समय तक जारी रखने पर विचार किया जाएगा। शुरू के साढ़े आठ घंटे में लगभग 20 हजार लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
कोलकाता: पुलिस ने फर्जी दो ‘कॉल सेंटर' का भंडाफोड़ किया
कोलकाता में पुलिस ने 16 लोगों को गिरफ्तार कर कथित रूप से विदेशी नागरिकों को ठगने वाले फर्जी दो ‘कॉल सेंटर’ का भंडाफोड़ किया है। बृहस्पतिवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मंगलवार देर रात सेलिमपुर और बेहाला में दो अवैध ‘कॉल सेंटर’ पर छापेमारी की गई, और वहां से कई मोबाइल फोन, कंप्यूटर, लैपटॉप, हेडफोन और दस्तावेज जब्त किए गए। वहां से 16 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया।
राजस्थान : पहलगाम आतंकी हमले में मारे गये नीरज का अंतिम संस्कार
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में मारे गए चार्टर्ड एकाउंटेंट नीरज उधवानी (33) का बृहस्पतिवार को यहां अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, अनेक मंत्रियों व नेताओं ने उधवानी के घर पहुंचकर उनकी पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस भी बंधाया। उल्लेखनीय है कि कश्मीर में पहलगाम की बैसरन घाटी में आतंकवादी हमले में जयपुर के 33 वर्षीय चार्टर्ड एकाउंटेंट नीरज उधवानी की जान चली गई थी। उधवानी और उनकी पत्नी आयुषी मंगलवार को पहलगाम में गये थे।
जवानों ने 3 नक्सलियों को किया ढेर
छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने तीन नक्सलियों को मार गिराया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से लगे पड़ोसी राज्य तेलंगाना की सीमा पर नक्सली गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबल के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए भेजा गया था। उन्होंने बताया कि दल जब दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित करेगुट्टा की पहाड़ी वाले इलाके में था तब सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए।
मृतक नेपाली युवक का शव सोनौली बॉर्डर पर परिजनों को सौंपा गया
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में भारत के पड़ोसी देश नेपाल के लुम्बिनी प्रदेश के निवासी सुदीप नेउपाने की भी मौत हो गई। उनका पार्थिव शरीर आज सुबह महराजगंज जिले के भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा सोनौली पहुंचा, जहां नेपाल प्रशासन और भारतीय प्रशासन की मौजूदगी में मृतक नेपाली युवक का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
पहलगाम हमले के बाद अटारी बॉर्डर पर बढ़ी सुरक्षा
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद अटारी बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम कर दिए गए हैं। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है और इसके असर अब सीमावर्ती इलाकों में भी देखे जा रहे हैं। अटारी-वाघा बॉर्डर निवासी काबल सिंह महवा ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रतिक्रिया दी है। काबल सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "इस हमले के बाद यहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पहलगाम की घटना निंदनीय है। धर्म पूछकर सरेआम इतने लोगों को गोली मार दी गई, यह इंसानियत के खिलाफ है।"
रूस ने कीव पर किया हवाई हमला
मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि गुरुवार सुबह यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस के हवाई हमले में 12 लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कीव के सैन्य अधिकारियों ने हमले की पुष्टि की। इसके साथ ही दो जिलों में हुए नुकसान का हवाला देते हुए नागरिकों से तुरंत आश्रय लेने का आग्रह किया। मेयर ने टेलीग्राम पर कहा, "रूस के हमले से स्वियातोशिन्स्की जिले को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। हमले में सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
पीएम पैकेज कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले के बाद प्रधानमंत्री पैकेज के अंतर्गत नियुक्त सभी कर्मचारियों को घर से काम करने के निर्देश दिए गए। बारामुला के मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) की ओर से जारी आदेश के अनुसार कर्मचारियों को 27 अप्रैल तक घर से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
ट्रंप की शुल्क नीति के खिलाफ 12 अमेरिकी राज्यों ने अदालत का रुख किया
अमेरिका के 12 राज्यों ने देश के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले प्रशासन की शुल्क नीति को अवैध बताते हुए इसके खिलाफ यहां ‘यूएस कोर्ट ऑफ इंटरनेशनल ट्रेड’ में बुधवार को मुकदमा दायर किया। मुकदमे में कहा गया है कि राष्ट्रपति ट्रंप की इस नीति ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था में अराजकता पैदा कर दी है। मुकदमे में ट्रंप की इस दलील को चुनौती दी गई है कि वह अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्ति अधिनियम के तहत मनमाने ढंग से शुल्क लगा सकते हैं। राज्यों ने अदालत से इस नीति को अवैध घोषित करने और इसे लागू करने से सरकारी एजेंसियों एवं उनके अधिकारियों को रोकने का अनुरोध किया है।
दुख के इस समय में भारत के साथ हैं: पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद ब्रिटेन की मंत्री ने कहा
ब्रिटेन की संस्कृति, मीडिया एवं खेल मंत्री लीसा नंदी ने पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए कुछ क्षण का मौन रखा और ब्रिटिश सरकार की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त की। उनके मंत्रालय एवं लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग द्वारा बुधवार शाम आयोजित एक संयुक्त कार्यक्रम में नंदी ने कहा कि यह एक बहुत कठिन समय है, क्योंकि दुनिया ‘‘भयावह आतंकवादी हमलों’’ के प्रभाव को झेल रही है।
पहलगाम हमले में मारे गए पुणे के दो पर्यटकों के शव लाए गए
पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए पुणे के दो पर्यटकों के पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार सुबह विमान से यहां लाए गए। संतोष जगदाले और कौस्तुभ गणबोटे के पार्थिव शरीरों को सुबह करीब 5.30 बजे पुणे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लाया गया, जहां केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल भी मौजूद थे। जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, लोगों के श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए जगदाले और गणबोटे के पार्थिव शरीरों को उनके घरों में रखा जाएगा और बाद में अंतिम संस्कार सुबह करीब नौ बजे वैकुंठ श्मशान भूमि पर किया जाएगा।