LIVE

आज की ताजा खबर, 23 नवंबर 2025: विंग कमांडर नमांश स्याल का पार्थिव शरीर कोयंबटूर लाया गया, कर्नाटक में सीएम कुर्सी को लेकर सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच 'खींचतान', Ukraine Peace Plan पर आज जेनेवा में बड़ी मीटिंग

शिशुपाल कुमारUpdated Nov 23, 2025, 18:02 IST

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 23 नवंबर 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 23 नवंबर (रविवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

आज की ताजा खबर, 23 नवंबर 2025: विंग कमांडर नमांश स्याल का पार्थिव शरीर कोयंबटूर लाया गया, कर्नाटक में सीएम कुर्सी को लेकर सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच 'खींचतान', Ukraine Peace Plan पर आज जेनेवा में बड़ी मीटिंग
आज की ताजा खबर, 23 नवंबर 2025: विंग कमांडर नमांश स्याल का पार्थिव शरीर कोयंबटूर लाया गया, कर्नाटक में सीएम कुर्सी को लेकर सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच 'खींचतान', Ukraine Peace Plan पर आज जेनेवा में बड़ी मीटिंग

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Breaking News Today: आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 23 नवंबर 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं- कर्नाटक में कांग्रेस के अंदर सत्ता की सर्वोच्च कुर्सी को लेकर खींचतान तेज हो गई है। सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच जारी सीएम की कुर्सी की रस्साकशी दिल्ली तक पहुंच चुकी है और अब गेंद आलाकमान के पाले में जा चुका है। कर्नाटक के कुछ विधायकों ने भी दिल्ली में डेरा डाल रखा है। रविवार को जेनेवा में यूक्रेन रूस शांति समझौते को लेकर एक बड़ी मीटिंग होने जा रही है। इस बैठक में अमेरिका, रूस और यूक्रेन के डेलिगेट्स शांति समझौते पर बात करेंगे। ट्रंप के यूक्रेन पीस प्लान पर अमेरिका में ही विरोध हो रहा है। अमेरिकी सांसदों का दावा है कि यह प्लान ट्रंप का नहीं ब्लकि पुतिन का है। दिल्ली का हवा जहरीली बनी हुई है, प्रदूषण के कारण राजधानी में कई तरह के प्रतिबंध लगे हुए हैं और अब वर्क फ्रॉम होम पर भी जोर दिया जाने लगा है। दिल्ली सरकार ने प्रदूषण के बढ़ते स्‍तर को देखते हुए निजी दफ्तरों के लिए 50 प्रतिशत ऑन-साइट वर्कफोर्स कैपेसिटी पर काम करने की एडवाइजरी जारी की है। इस दौरान बाकी स्टाफ घर से काम करना जारी रखेंगे। यह फैसला एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (सीएक्‍यूएम) के नए निर्देशों के मुताबिक लिया गया है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...

NOV 23, 2025 15:04 IST

प्रधानमंत्री मोदी दक्षिण अफ्रीका में ‘इब्सा' नेताओं की बैठक में शामिल हुए

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को यहां ‘इब्सा’ नेताओं की बैठक में भाग लिया और भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका (इब्सा) के त्रिपक्षीय मंच के तहत सहयोग को मजबूत करने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। प्रधानमंत्री मोदी, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा और ब्राजील के राष्ट्रपति लुईज इनासियो लूला दा सिल्वा ने जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान जोहानिसबर्ग में मुलाकात की।
NOV 23, 2025 12:21 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Business Breaking News Today LIVE: भारत, इजरायल प्रस्तावित एफटीए को दो चरणों में लागू करेंगे

भारत और इजरायल अपने प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को दो चरणों में लागू करने पर विचार कर रहे हैं, ताकि दोनों देशों के व्यापारिक समुदाय को जल्द लाभ मिल सके। यह बात वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कही। भारत और इजरायल ने इस समझौते के लिए औपचारिक रूप से वार्ता शुरू करने के लिए बृहस्पतिवार को संदर्भ की शर्तों (टीओआर) पर हस्ताक्षर किए थे। इस टीओआर में माल के लिए बाजार पहुंच, शुल्क एवं गैर-शुल्क बाधाओं को दूर करना, निवेश सुगमीकरण, सीमा शुल्क प्रक्रियाओं को सरल बनाना, नवाचार और तकनीकी हस्तांतरण में सहयोग बढ़ाना तथा सेवा व्यापार को बढ़ावा देने के नियमों में ढील देना शामिल है। गोयल ने यहां कहा, ''हम इसे दो चरणों में करने पर विचार कर रहे हैं। वार्ता शुरू होने पर इस बारे में फैसला लिया जाएगा। दोनों मंत्री चाहते हैं कि पहला चरण जल्द पूरा हो जाए ताकि व्यापारिक समुदाय को जल्द फायदा मिलना शुरू हो जाए।''
NOV 23, 2025 12:20 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Karnataka Breaking News Today LIVE: यूफ्लेक्स कर्नाटक संयंत्र में 700 करोड़ रुपये से ज्यादा निवेश करेगी

फ्लेक्सिबल पैकेजिंग और समाधान बनाने वाली कंपनी यूफ्लेक्स लिमिटेड कर्नाटक के धारवाड़ स्थित अपने संयंत्र में पैकेजिंग फिल्म उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए 700 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने जा रही है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इस निवेश से संयंत्र में 54,000 टन सालाना की नई क्षमता जुड़ेगी, जिसके बाद कंपनी की वैश्विक पैकेजिंग फिल्म क्षमता 6,36,160 टन से बढ़कर 6,90,160 टन प्रति वर्ष हो जाएगी।
यूफ्लेक्स लिमिटेड के समूह अध्यक्ष और सीएफओ राजेश भाटिया ने पीटीआई-भाषा को बताया, ''हम कर्नाटक के धारवाड़ में अपनी पैकेजिंग फिल्म उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए 700 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने जा रहे हैं। इस परियोजना से 54,000 टन प्रति वर्ष की नई क्षमता आएगी, जिससे हमारा पोर्टफोलियो काफी मजबूत होगा।''
NOV 23, 2025 11:15 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Farrukhabad Breaking News Today LIVE: फर्रुखाबाद: कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत

यूपी के फर्रुखाबाद के कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में इटावा–बरेली हाईवे पर ग्राम मराहला के पास रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हादसे में अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारी, जिससे बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक सड़क पर गिरते ही बुरी तरह कुचल गया। हादसे के बाद कार चालक युवक को कुचलते हुए वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मदनपुर चौकी इंचार्ज और डायल 112 की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।
NOV 23, 2025 11:14 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Bengaluru Breaking News Today LIVE: बेंगलुरु में बीपीओ कर्मचारियों के अपहरण के मामले में आठ लोग गिरफ्तार

पुलिस ने बेंगलुरु की एक बीपीओ कंपनी के चार प्रबंधक-स्तर के उन कर्मचारियों को मुक्त कराया है जिनका कथित तौर पर आठ लोगों के एक गिरोह ने अपहरण कर लिया था। अपहरण करने वालों ने खुद को पुलिसकर्मी के रूप में पेश किया था। पुलिस ने इस मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर कंपनी के संचालन प्रबंधक से 8.90 लाख रुपये की जबरन वसूली की थी और उनसे और अधिक पैसों की मांग कर रहे थे।
NOV 23, 2025 11:13 IST

महाराष्ट्र: लूटपाट के मामले में तीन व्यक्ति गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक मकान में घुसकर लूटपाट करने के आरोप में पुलिस ने कर्नाटक से तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 10 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और अन्य सामान बरामद किये हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। यह घटना 18 नवंबर को वसई इलाके के सातीवली स्थित एक मकान में हुई थी। शिकायतकर्ता महिला (37) के अनुसार, वह अपने बेटे के साथ घर पर थी, तभी तीन अज्ञात व्यक्ति जबरन उसके घर में घुस आए। सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) मदन बल्लाल ने बताया कि तीन व्यक्तियों ने शिकायतकर्ता और उसके बेटे के गले पर चाकू रख दिया और घर से सोने के आभूषण और एक मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना के दौरान महिला के हाथ में चोट आई।
NOV 23, 2025 09:51 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Mumbai Breaking News Today LIVE: मुंबई में 8वीं डब्ल्यूएनसी नेवी हाफ मैराथन का आयोजन

मुंबई में रविवार को 8वीं डब्ल्यूएनसी नेवी हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें नेवी के अधिकारी और महाराष्ट्र असेंबली स्पीकर राहुल नार्वेकर समेत रितेश देशमुख और सुनील शेट्टी जैसी फिल्मी हस्तियों ने हिस्सा लिया। मुंबई में आयोजित इस इवेंट में कई हजार लोग शामिल हुए। पहली रेस, 21 किलोमीटर की एयरक्राफ्ट कैरियर रन सुबह 5 बजे शुरू हुई। इसके बाद 10 किलोमीटर की डेस्ट्रॉयर रन सुबह 6:15 बजे और पांच किलोमीटर की फ्रिगेट रन सुबह 7:30 बजे शुरू हुई। नेवी के अधिकारियों और फिल्मी हस्तियों ने मैराथन दौड़ को झंडी दिखाई। वाइस एडमिरल और वेस्टर्न नेवल कमांडर ऑफ इंडिया कृष्णा स्वामीनाथन ने कहा, "सभी पार्टिसिपेंट्स का स्वागत है। जैसा कि हम हर साल करते हैं, हम मुंबई के लोगों तक पहुंचने के लिए यह इवेंट ऑर्गनाइज कर रहे हैं। मुझे बहुत खुशी है कि इस साल हमारे पास सबसे ज्यादा पार्टिसिपेंट्स हैं। इवेंट में 20 हजार से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया है।"
NOV 23, 2025 09:42 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) PM Modi Breaking News Today LIVE: प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा अध्यक्ष बिरला को उनके जन्मदिन पर बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और कहा कि उन्होंने संसद को जन केंद्रित बनाने के लिए अथक परिश्रम किया है। मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला जी को उनके जन्मदिन पर मेरी शुभकामनाएं। वह अपने शांत नेतृत्व और सदन में सबको साथ लेकर चलने के लिए जाने जाते हैं।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि विधायी प्रक्रिया को मजबूत करने, रचनात्मक चर्चा को बढ़ावा देने और संसद की गरिमा बनाए रखने के प्रति बिरला की प्रतिबद्धता का बहुत सम्मान किया जाता है। मोदी ने कहा, ‘‘उन्होंने संसद को लाभकारी और जन केंद्रित बनाने के लिए बहुत मेहनत की है। देश की सेवा के लिए ईश्वर उन्हें स्वस्थ और दीर्घायु जीवन प्रदान करें।’’
NOV 23, 2025 09:16 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Israel Breaking News Today LIVE: इजराइल ने गाजा में हमास के खिलाफ हमले शुरू किए

इजराइल की सेना ने शनिवार को कहा कि उसने हमास आतंकवादियों के खिलाफ हवाई हमले किए हैं। वहीं, गाजा में स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इजराइली हमले में कम से कम 14 व्यक्ति मारे गए और बच्चों सहित 45 लोग घायल हो गए। शिफा अस्पताल के प्रबंध निदेशक रामी महन्ना ने बताया कि गाजा शहर के रिमल इलाके में एक वाहन को निशाना बनाकर किये गए हमले में सात फलस्तीनी मारे गए और 18 अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के निदेशक मोहम्मद अबू सेल्मिया ने बताया कि घायलों में ज़्यादातर बच्चे हैं। मध्य गाजा में अल-अवदा अस्पताल के पास एक मकान को निशाना बनाकर किए गए एक अन्य हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए।
NOV 23, 2025 09:11 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Jammu Breaking News Today LIVE: जम्मू: मनोज सिन्हा से मिले भाजपा विधायक, एसएमवीडीआईएमई की पहली प्रवेश सूची रद्द करने की मांग

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार देर शाम जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की और रियासी जिला स्थित 'श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस' (एसएमवीडीआईएमई) द्वारा जारी पहली प्रवेश सूची रद्द करने की मांग की। जम्मू कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने चयन सूची पर सवाल उठाए। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि जिन छात्रों को दाखिला मिला है उनमें से अधिकांश छात्र एक समुदाय से हैं। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि "माता में आस्था रखने वाले" छात्रों को दाखिले के लिए विचार किया जाए।
NOV 23, 2025 08:46 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) BJP Breaking News Today LIVE: भारत एक हिंदू राष्ट्र है जो अनेकता में एकता को मानता है: उमा भारती

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने शनिवार को कहा कि भारत एक हिंदू राष्ट्र है, लेकिन यह किसी एक धर्म को नहीं मानता या उसके आधार पर काम नहीं करता क्योंकि यह ''अनेकता में एकता'' के सिद्धांत पर विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि एक हिंदू राष्ट्र के तौर पर भारत की पहचान ही इसकी धर्मनिरपेक्षता की गारंटी है। मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा कि धर्मनिरपेक्षता सभी धर्मों को मानना ​​दिखाता है, जो कई भगवानों की पूजा और कई रीति-रिवाजों की हिंदू परंपरा में निहित है।
NOV 23, 2025 08:28 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Al Falah University Breaking News Today LIVE: अल फलाह विवि में पढ़ रहे छात्रों के अभिभावकों ने कुलपति को लिखा पत्र

राष्ट्रीय राजधानी में लाल किले के नजदीक हुए धमाके और फरीदाबाद स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय के चिकित्सकों से कथित तौर पर जुड़े एक ‘आतंकी मॉड्यूल’ को लेकर जारी जांच के बीच, कुछ छात्रों के अभिभावक शनिवार को संस्थान पहुंचे और कुलपति को संबोधित एक पत्र सौंपा। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, अभिभावकों ने विश्वविद्यालय में पढ़ रहे अपने बच्चों के शैक्षणिक और पेशेवर भविष्य को लेकर संस्थान के प्रशासन से स्पष्टीकरण मांगा। उसने बताया कि अल-फलाह विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर ने इन परेशान अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि संस्थान को बंद नहीं किया जाएगा।
NOV 23, 2025 08:23 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Delhi Breaking News Today LIVE: दिल्ली: स्वरूप नगर में युवक की हत्या में साला गिरफ्तार

दिल्ली के स्वरूप नगर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा दिया है। पुलिस ने आरोपी साले अनीस पाल को गिरफ्तार कर लिया है। 6 नवंबर को एक युवक योगेंद्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। लंबी खोजबीन के बाद 12 नवंबर को आईपी कॉलोनी नाले से एक शव मिला, जिसे बाद में योगेंद्र के रूप में पहचाना गया। 17 नवंबर को आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह पुष्टि हुई कि युवक की हत्या की गई थी। इसके बाद थाना स्वरूप नगर में एफआईआर दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर आलोक कुमार राजन की अगुवाई में दो विशेष टीमें बनाई गईं। पहली टीम ने बड़े स्तर पर तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसी दौरान एक संदिग्ध सफेद वैगन-आर कार की मूवमेंट का पता चला। सीडीआर एनालिसिस ने भी पुलिस की दिशा को सही साबित किया।
NOV 23, 2025 08:13 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Cricket Breaking News Today LIVE: संजू सैमसन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में केरल की कप्तानी करेंगे

विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए केरल की टीम में शामिल किया गया है। सैमसन बीसीसीआई द्वारा आयोजित की जाने वाली इस प्रतिष्ठित टी20 सीरीज में केरल टीम की अगुआई करेंगे। केरल क्रिकेट एसोसिएशन ने एक रिलीज के माध्यम से बताया कि संजू सैमसन टीम के कप्तान होंगे। उनकी कप्तानी में केरल की टीम 22 नवंबर, 2025 को इंदौर से लखनऊ के लिए रवाना होगी। बता दें कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 26 नवंबर से 8 दिसंबर, 2025 तक लखनऊ में खेली जाएगी। सैमसन ने भारतीय टीम में विकेटकीपर और सलामी बल्लेबाज के रूप में मजबूत जगह बना ली थी। बैक-टू-बैक तीन शतक उन्होंने टी20 में लगाए थे। शुभमन गिल के टीम में एंट्री के बाद उन्हें अपनी ओपनिंग की जगह छोड़नी पड़ी। एशिया कप में वह मध्यक्रम में खेले। मध्यक्रम में खेलते हुए उनकी फॉर्म में गिरावट आई और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में उनकी जगह जितेश शर्मा को टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में जगह दी गई। ऐसे में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी सैमसन के लिए एक बार फिर अपनी फॉर्म दिखाने और टीम में जगह पक्का करने के लिए बड़े मौके की तरह है।

संजू सैमसन हाल ही में अपनी आईपीएल टीम के बदलाव को लेकर चर्चा में थे। लंबे समय से राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रहे संजू आईपीएल 2026 में सीएसके के लिए खेलते नजर आएंगे। सैमसन को सीएसके ने आरआर से ट्रेड किया है। सैमसन के बदले सीएसके ने अपने अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और सैम करन को आरआर को सौंपा है।
NOV 23, 2025 07:38 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Navdeep Singh Breaking News Today LIVE: बर्थडे स्पेशल: कभी 200 रुपये पर मैच खेलने वाले नवदीप सिंह हैं करोड़ों के मालिक

भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेल चुके तेज गेंदबाज नवदीप सिंह की कहानी उन सभी क्रिकेटरों के लिए बड़ी प्रेरणा है, जो आर्थिक तंगी से जूझते हुए देश के लिए खेलने का सपना देख रहे हैं। नवदीप सैनी मौजूदा समय में भारत के सर्वाधिक तेज गेंदबाजों में से एक हैं। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज नवदीप सैनी का जन्म 23 नवंबर 1992 को हरियाणा के करनाल जिले में हुआ था। वह बेहद साधारण परिवार से संबंध रखते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने की वजह से नवदीप को अपने क्रिकेटर बनने के सपने को सच करने की दिशा में कड़ा संघर्ष करना पड़ा। एक समय ऐसा भी था, जब उनके पास स्पोर्ट्स शूज भी नहीं थे, लेकिन अपनी आर्थिक कमी को नवदीप ने कभी अपने खेल पर हावी नहीं होने दिया और लगातार बेहतर बनने के लिए कड़ी मेहनत करते रहे। उनकी प्रतिभा ही थी कि स्थानीय मैचों में उन्हें खेलने के लिए बुलाया जाता था और इसके बाद उन्हें 200 रुपये मिलते थे।
NOV 23, 2025 07:37 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Rajasthan Breaking News Today LIVE: राजस्थान के सीकर में हवा हुई प्रदूषित, बच्चों सहित कई लोग अस्पताल में भर्ती

राजस्थान के सीकर में वायु प्रदूषण होने की वजह से लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा है। इसके बाद कई लोगों को अस्पताल जाना पड़ा, जहां उनका इलाज चल रहा है। मामला राजस्थान के सीकर जिले का है। यहां शांति नगर औद्योगिक क्षेत्र में वायु प्रदूषण बढ़ गया, जिसके कारण कई लोगों को सांस लेने में परेशानी महसूस हुई। कई लोग एसके हॉस्पिटल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। पीड़ित मोहम्मद फारूक ने कहा कि इलाके में प्रदूषण फैल रहा है, हमें सांस लेने में परेशानी हो रही है। स्कूल के बच्चे और मोहल्ले के लोगों को परेशानी हो रही है। कई लोग अस्पताल आए हैं। प्रदूषण कहां से आया, यह जांच का विषय है। करीब 100 लोग अस्पताल आए हैं, जिन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई है। वहीं, एक महिला ने कहा कि पहले हमें लगा कि धुआं है, बाद में हमने सोचा कि यह कोहरा हो सकता है, लेकिन धीरे-धीरे खांसी, सीने में दर्द और सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई। महिला ने बताया कि 10 से 12 बच्चे और 20 के करीब मोहल्ले के लोग अस्पताल पहुंचे हैं। महिला, बच्चे और बुजुर्गों पर इसका अधिक असर दिख रहा है। घटना शाम 6 बजे से लेकर रात 9 बजे तक समस्या रही।
NOV 23, 2025 07:35 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Earthquake Breaking News Today LIVE: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में 5.7 तीव्रता का भूकंप आया,

बांग्लादेश में शुक्रवार को 5.7 तीव्रता के भूकंप आने के 32 घंटे के भीतर शनिवार को तीन और झटके महसूस किये गए जिससे दहशत फैल गई। विशेषज्ञों ने बड़े भूकंप की चेतावनी देते हुए इन चार भूकंप को पूर्ववर्ती झटके करार दिया है। बांग्लोदश में शुक्रवार सुबह 5.7 तीव्रता का भूकंप आया था, जिससे कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और राजधानी ढाका समेत देश के बीच के हिस्सों में इमारतों को काफी नुकसान हुआ, जबकि शनिवार सुबह लगभग उसी समय पूरे देश में भूकंप के झटके महसूस किए गए। बांग्लादेश की राजधानी और आसपास के प्रशासनिक जिलों में शनिवार शाम को एक के बाद एक दो झटके महसूस किए गए। नरसिंगडी भूकंप का केंद्र था, जहां शुक्रवार को 5.7 तीव्रता का भूकंप आया था। बांग्लादेश मौसमविज्ञान विभाग (बीएमडी) ने बताया कि बाद के तीन झटकों में से एक का केंद्र राजधानी के भीड़भाड़ वाले बड्डा इलाके की सतह के नीचे था, जबकि बाकी का केंद्र नरसिंगडी में था।
NOV 23, 2025 07:28 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) ED Breaking News Today LIVE: निर्माण के लिए ऋएा लिया था, कोई कालाधन नहीं है : पीवी अनवर ने ईडी के छापे पर कहा

तृणमूल कांग्रेस के केरल के राज्य संयोजक पी वी अनवर ने शनिवार को कहा कि उन्होंने निर्माण कार्य के लिए केरल फाइनेंशियल कॉर्पोरेशन (केएफसी) से ऋण लिया था। उन्होंने कहा कि ऋण की कुछ राशि चुकाई नहीं गई है और इसमें कालाधन का कोई वास्ता नहीं है। केरल के पूर्व विधायक अनवर कथित ऋण हेराफेरी के मामले की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा उनके आवास पर की गई छापेमारी के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। पूर्व विधायक ने कहा कि उन्होंने केएफसी से कुल 9.5 करोड़ रुपये के दो ऋण लिये थे और उस रकम में से 1.5 करोड़ रुपये का इस्तेमाल दूसरे ऋण को चुकाने में किया गया और लगभग छह करोड़ रुपये चुकाए गए। उन्होंने कहा कि केएफसी बाकी ऋण, ब्याज और जुर्माने की एवज में बड़ी राशि की मांग कर रहा था और उन्होंने मामले को एकबार में निपटाने के लिए एक निश्चित राशि का भुगतान करने की पेशकश की थी।
NOV 23, 2025 07:28 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Assam Breaking News Today LIVE: सात बांग्लादेशी घुसपैठियों को वापस भेजा गया : हिमंत विश्व शर्मा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार देर रात सात बांग्लादेशी घुसपैठियों को वापस भेज दिया गया। उन्होंने घुसपैठियों को वापस भेजने के अभियान के सुचारू संचालन के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की। शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में हॉलीवुड ब्लॉकबस्टर का ज़िक्र करते हुए कहा, ‘‘शुक्रवार देर रात करीब 12:15 बजे, गैरकानूनी तरीके से सीमा में प्रवेश करने वाले सात व्यक्तियों को गेट नंबर 39 से वापस भेज दिया गया। यह इतनी आसानी से हुआ कि एथन हंट भी इसे ‘सफल मिशन’ कहेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे सुरक्षा बलों को बधाई, जिन्होंने इसे बहुत ही तेजी से अंजाम दिया और बॉर्डर पर सनी देओल की तरह डटे रहे।’’ शर्मा ने हालांकि यह नहीं बताया कि किस जिले से घुसपैठियों को वापस भेजा गया।
NOV 23, 2025 07:26 IST

Aaj Ki Taza Khabar (आज की ताजा खबर) Congress Breaking News Today LIVE: कांग्रेस ने राजस्‍थान में 45 जिलाध्यक्ष नियुक्त किए

कांग्रेस ने "संगठन सृजन अभियान" के अंतर्गत राजस्थान में 45 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा शनिवार को की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने नवनियुक्त जिलाध्यक्षों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, ''अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के "संगठन सृजन अभियान" के अंतर्गत राजस्थान में कांग्रेस संगठन को नयी ऊर्जा प्रदान करने के लिए नव-नियुक्त किए गए समस्त जिला अध्यक्षों को हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।'' उन्होंने नवनियुक्त जिलाध्यक्षों से कहा, ''राजस्थान में कांग्रेस संगठन हमेशा से संविधान, सामाजिक न्याय और जनसरोकार की सबसे मजबूत आवाज रहा है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व द्वारा सौंपी गई इस जिम्मेदारी को आप पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे एवं नयी मिसाल कायम करेंगे।'' डोटासरा ने अपने पोस्ट में लिखा, ''आइए हम सब मिलकर संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में राजस्थान में कांग्रेस संगठन को और अधिक सशक्त करें व आने वाले समय में ऐतिहासिक जनसमर्थन हासिल कर न्याय के संकल्प को सिद्ध करें।''