LIVE20 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज़: भारत ने बनाई मलेरिया से लड़ने वाली पहली स्वदेशी वैक्सीन, रद्द हुआ भारत-पाकिस्तान मुकाबला
20 जुलाई 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: भारत ने पहली बार मलेरिया से बचाव के लिए स्वदेशी वैक्सीन बनाने में सफलता पाई है जिसका नाम AdFalciVax रखा गया है। यह वैक्सीन मलेरिया के साथ-साथ मच्छर जनित संक्रमणों से भी सुरक्षा देगी। स्वदेशी तकनीक से बनी इस वैक्सीन को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इंग्लैंड में आयोजित हो रहे वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच आज खेला जाने वाला मुकाबला रद्द हो गया है। आयोजकों ने आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान किया है। मॉनसून सत्र से पहले बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में शामिल होने के बाद कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह किन मुद्दों पर सदन में आवाज उठाएगी। बैठक में शामिल होने के बाद कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, इस सत्र में हम जिन मुद्दों को महत्वपूर्ण मानते हैं, वे हैं पहला पहलगाम, हमारी सीमाओं पर संघर्ष, खासकर जब पड़ोसी देश एक साथ मिलकर दो मोर्चे बना रहे हैं। साथ ही, हर नागरिक के मतदान के अधिकार और बिहार में विशेष गहन समीक्षा से जुड़ी चिंताएं। इन सभी मुद्दों पर सरकार के मुखिया होने के नाते प्रधानमंत्री का यह कर्तव्य और नैतिक दायित्व है कि वे संसद के गलियारों के माध्यम से राष्ट्र को संबोधित करें। मुझे उम्मीद है कि प्रधानमंत्री अपना नैतिक और नैतिक कर्तव्य निभाएंगे।

20 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज़: भारत ने बनाई मलेरिया से लड़ने वाली पहली स्वदेशी वैक्सीन, रद्द हुआ भारत-पाकिस्तान मुकाबला
20 जुलाई 2025 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: भारत ने पहली बार मलेरिया से बचाव के लिए स्वदेशी वैक्सीन बनाने में सफलता पाई है जिसका नाम AdFalciVax रखा गया है। यह वैक्सीन मलेरिया के साथ-साथ मच्छर जनित संक्रमणों से भी सुरक्षा देगी। स्वदेशी तकनीक से बनी इस वैक्सीन को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इंग्लैंड में आयोजित हो रहे वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच आज खेला जाने वाला मुकाबला रद्द हो गया है। आयोजकों ने आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान किया है। मॉनसून सत्र से पहले बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में शामिल होने के बाद कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह किन मुद्दों पर सदन में आवाज उठाएगी। बैठक में शामिल होने के बाद कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, इस सत्र में हम जिन मुद्दों को महत्वपूर्ण मानते हैं, वे हैं पहला पहलगाम, हमारी सीमाओं पर संघर्ष, खासकर जब पड़ोसी देश एक साथ मिलकर दो मोर्चे बना रहे हैं। साथ ही, हर नागरिक के मतदान के अधिकार और बिहार में विशेष गहन समीक्षा से जुड़ी चिंताएं। इन सभी मुद्दों पर सरकार के मुखिया होने के नाते प्रधानमंत्री का यह कर्तव्य और नैतिक दायित्व है कि वे संसद के गलियारों के माध्यम से राष्ट्र को संबोधित करें। मुझे उम्मीद है कि प्रधानमंत्री अपना नैतिक और नैतिक कर्तव्य निभाएंगे।
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने श्रद्धांजलि दी
कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को उनकी छठी पुण्यतिथि पर "दिल्ली की निर्माता" के रूप में याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डीपीसीसी) के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ शीला दीक्षित को याद करते हुए कहा कि उनके 15 वर्षों के कार्यकाल में राजधानी में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए। उनकी पार्टी के सहयोगियों ने दिल्ली मेट्रो और सीएनजी सार्वजनिक परिवहन बेड़े के विस्तार तथा आधुनिक अस्पतालों, विश्वविद्यालयों, स्कूलों और विशाल हरित क्षेत्र के निर्माण का श्रेय शीला दीक्षित को दिया।
अनमोल गगन मान वापस लेंगी इस्तीफा
पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा और राजनीति छोड़ने की घोषणा के एक दिन बाद, आप विधायक और पूर्व मंत्री अनमोल गगन मान रविवार को अपना फैसला वापस लेने पर सहमत हो गईं। उन्होंने यह निर्णय तब किया, जब आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने उनसे मुलाकात की और पार्टी व क्षेत्र के लिए काम जारी रखने का आग्रह किया।
गाजा में राहत सहायता का इंतजार कर रहे 73 लोगों ने गंवाई जान
Israel Hamas Conflict: फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि गाजा में राहत सहायता का इंतजार कर रहे 73 लोग मारे गए। स्वास्थ्य मंत्रालय और स्थानीय अस्पतालों के अनुसार, सबसे ज़्यादा मौतें उत्तरी गाजा में हुईं, जहां इजरायल से लगी जिकिम सीमा पार करके उत्तरी गाजा में सहायता पहुंचने की कोशिश करते हुए कम से कम 67 फिलिस्तीनी मारे गए।
बागपत में महिला की गोली मारकर हत्या
बागपत जिले के बड़ौत थाना क्षेत्र में आशा कार्यकर्ता के पद पर कार्यरत एक महिला की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार बताया कि महिला का शव रविवार को एक निर्माणाधीन मकान से प्लास्टिक के बोरे में अर्धनग्न हालत में बरामद किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि महिला की पहचान बड़ौत क्षेत्र के एक गांव की निवासी के रूप में हुई है और उसकी उम्र 40-45 साल के बीच है। उन्होंने बताया कि वह शनिवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ केंद्र (सीएचसी) जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने जब संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका फोन बंद मिला जिसके बाद परिजनों ने गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी।
ठाणे में एयरहोस्टेस से बलात्कार के आरोप में सहकर्मी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 23 वर्षीय एक एयरहोस्टेस के सहकर्मी ने अपने घर पर उसके साथ कथित तौर पर बलात्कार किया। पुलिस ने रविवार को बताया कि शिकायत के आधार पर, पुलिस ने 29 जून को हुई घटना के सिलसिले में मीरा रोड इलाके में रहने वाले आरोपी व्यक्ति को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। नवघर पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक धीरज कोली ने बताया कि 25 वर्षीय आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64 (बलात्कार), 351 (2) (आपराधिक धमकी) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
'संसद में नौटंकी नहीं, जनहित की गंभीर चर्चा हो', राम कदम का विपक्ष को संदेश
संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है और इसे लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा नेता और महाराष्ट्र के विधायक राम कदम ने रविवार को मीडिया से बातचीत करते हुए विपक्ष को स्पष्ट संदेश दिया कि संसद सत्र का उपयोग राजनीतिक नौटंकी के बजाय गंभीर चर्चा और जनहित के मंथन के लिए किया जाना चाहिए।
रूस में 6.6 तीव्रता का भूकंप
जर्मन भूविज्ञान अनुसंधान केंद्र (GFZ) ने बताया कि रविवार को रूस के सुदूर पूर्वी भाग में कामचटका क्षेत्र के तट के पास 6.6 तीव्रता का भूकंप आया। GFZ ने बताया कि भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर (6.21 मील) की गहराई पर था। शुरुआत में भूकंप की तीव्रता 6.2 बताई गई थी।
पटना अस्पताल हत्याकांड का मुख्य आरोपी और उसके तीन साथी गिरफ्तार
बिहार की राजधानी पटना के एक निजी अस्पताल में की गई गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। गिरफ्तार लोगों में मुख्य आरोपी तौसीफ उर्फ बादशाह, उसका सहयोगी निशु खान और दो अन्य शामिल हैं। इन्हें बिहार और पश्चिम बंगाल की पुलिस ने शनिवार शाम कोलकाता में एक संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया और बाद में पटना लाया गया। बिहार पुलिस द्वारा रविवार को जारी एक बयान के अनुसार, "मुख्य आरोपी तौसीफ और उसके तीन साथियों को बिहार तथा पश्चिम बंगाल पुलिस की एक संयुक्त टीम ने शनिवार को कोलकाता से गिरफ्तार किया।"
भारत बनाम इंग्लैंड : चौथा टेस्ट खेलने मैनचेस्टर पहुंची टीम इंडिया
भारत और इंग्लैंड के बीच 23 जुलाई से चौथे टेस्ट मैच की शुरुआत होगी, जिसके लिए टीम इंडिया रविवार को मैनचेस्टर पहुंच गई है। यह मुकाबला अमीरात ओल्ड ट्रैफर्ड में खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें भारतीय खिलाड़ी बेहद जोशीले अंदाज में नजर आ रहे हैं। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पहला टेस्ट पांच विकेट से गंवाया था, जिसके बाद दूसरे मुकाबले को 336 रन से जीतकर सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली। टीम इंडिया लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट को 22 रन के करीबी अंतर से गंवा बैठी। इस मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 387 रन बनाए, जिसके जवाब में भारत की पहली पारी भी इतने ही स्कोर पर सिमट गई।
गाजियाबाद में एंबुलेंस की टक्कर से दो कांवड़ियों की मौत, एक घायल
गाजियाबाद पुलिस आयुक्तालय (कमिश्नरेट) के मोदीनगर थाना क्षेत्र में एक एंबुलेंस ने स्कूटी और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे वाहन सवार दो कांवड़ियों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। ग्रामीण क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि मोदीनगर थाना क्षेत्र के कदराबड़ा के पास दिल्ली-मेरठ रोड पर एक रेस्टोरेंट के सामने शनिवार रात करीब 11.45 बजे एक तेज रफ्तार निजी एम्बुलेंस ने विपरीत दिशा से आ रहे कांवड़ियों की स्कूटी और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें तीनों कांवड़िये घायल हो गए।
चंडीगढ़ : फर्नीचर मार्केट पर चला बुलडोजर, 100 से ज्यादा दुकानें तोड़ी गई
चंडीगढ़ की सबसे बड़ी फर्नीचर मार्केट पर रविवार को बड़ी कार्रवाई की गई। प्रशासन ने वर्षों से जमी फर्नीचर की करीब 116 दुकानों पर बुलडोजर चला कर उन्हें जमींदोज कर दिया। इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही और पूरे इलाके की सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया।
पुणे में व्यवसायी को बंधक बनाकर बंगले से कीमती सामान चोरी
महाराष्ट्र के पुणे जिले में अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर एक बंगले में घुसकर एक बुजुर्ग व्यापारी को बांध दिया और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार रात करीब नौ बजे पिंपरी चिंचवड़ के निगड़ी प्राधिकरण इलाके में हुई। उसने कहा कि घटना के बाद पुलिस की एक टीम मामले की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची। पिंपरी चिंचवड़ के पुलिस उपायुक्त (अपराध) शिवाजी पवार ने शनिवार रात कहा, "प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि तीन से चार अज्ञात लोग बंगले में घुसे और एक बुजुर्ग व्यक्ति के हाथ बांध दिए तथा घर की तलाशी ली।
करणी सेना के बंद के आह्वान पर हरदा में दुकानें, बाजार बंद रहे
मध्य प्रदेश के हरदा जिले में शनिवार को करणी सेना और स्थानीय राजपूत नेताओं के बंद के आह्वान पर बाजार और दुकानें पूरी तरह बंद रहीं। यह बंद 13 जुलाई को करणी सेना के सदस्यों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में बुलाया गया था। करीब पांच हजार लोगों ने जुलूस में हिस्सा लिया जो राजपूत छात्रावास से शुरू होकर शहर की प्रमुख सड़कों से होते हुए वहीं समाप्त हुआ।
प्रदर्शनकारियों ने दोषी पुलिसकर्मियों के निलंबन और न्यायिक जांच की मांग की। युवा राजपूत परिषद के अध्यक्ष अजय सिंह राजपूत ने कहा कि छात्रावास के अंदर ‘‘निर्दोष छात्रों और युवाओं’’ के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई अनुचित थी। स्थानीय विधायक आरके डोगने और अन्य राजपूत नेताओं ने पुलिस कार्रवाई की निंदा की।
पटना अस्पताल हत्याकांड: कोलकाता में पांच लोग गिरफ्तार, मुख्य संदिग्ध फरार
पटना के एक अस्पताल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या किए जाने के मामले में कोलकाता के पास ‘न्यू टाउन’ से कम से कम पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि आनंदपुर इलाके से पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि गेस्ट हाउस में मिले लोगों में से एक संदिग्ध के पैर में चोटें आईं हैं और उसे एम्बुलेंस में ले जाया गया। इससे पहले दिन में, अधिकारी ने बताया कि मामले में गिरफ्तार पांचों लोगों को बिहार पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) द्वारा शनिवार तड़के संयुक्त रूप से की गई छापेमारी के बाद कोलकाता के उपनगरीय इलाके के एक आवासीय परिसर से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने दावा किया कि गिरफ्तार संदिग्ध मिश्रा की हत्या करने वाले पांच प्रमुख आरोपियों को मदद मुहैया करा रहे थे। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, प्रमुख संदिग्ध एक सफेद वाहन में शहर से भाग गए। उन्होंने बताया कि उक्त वाहन को बसंती राजमार्ग से गुजरते हुए देखा गया।
भारत में अवैध रूप से रहने के आरोप में पांच बांग्लादेशी महिलाओं को हिरासत में लिया गया
वैध दस्तावेजों के बिना देश में रहने के आरोप में पांच संदिग्ध बांग्लादेशी प्रवासियों को शनिवार को महाराष्ट्र में पुणे के बुधवारपेठ इलाके से हिरासत में लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
फरासखाना पुलिस थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इलाके में बिना दस्तावेज के रह रहे कुछ बांग्लादेशी प्रवासियों के बारे में सूचना मिलने के बाद छापेमारी की गई और पांच महिलाओं को हिरासत में लिया। अधिकारी ने कहा कि महिलाओं ने उचित दस्तावेजों के बिना भारत में रहने की बात स्वीकार की।
हरियाणा: गो तस्करों ने गो रक्षकों और पुलिस पर बरसाए पत्थर
हरियाणा के नूंह जिले में शनिवार तड़के गो तस्करों ने उनका पीछा कर रहे गोरक्षकों और पुलिस पर कथित तौर पर पत्थर फेंके। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि फिरोजपुर झिरका पुलिस थाने में पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। गोरक्षकों ने आरोप लगाया कि तस्करों ने उन पर गोलीबारी भी की, लेकिन वे सुरक्षित बच निकले। कोलगांव गांव के पास पीछा करने पर तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए।
महाराष्ट्र में एक ही परिवार के चार सदस्य समुद्र तट पर डूबे
महाराष्ट्र के रत्नागिरि जिले में आरे-वारे समुद्र तट पर शनिवार शाम एक ही परिवार के चार सदस्य डूब गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी के अनुसार, यह हादसा शाम छह बजे के करीब हुआ। मृतकों की पहचान ओसवाल नगर, रत्नागिरी के निवासी जुनैद बशीर काजी (36), उनकी पत्नी जैनब (28) और ठाणे जिले के मुंब्रा में रहने वाले उनके रिश्तेदार उज्मा शमशुद्दीन काजी (18) और उमेरा शमशुद्दीन शेख (20) के रुप में की गई है।
संसद सत्र से पहले सरकार ने आज बुलाई सर्वलीय बैठक
संसद के मानसून सत्र को लेकर सरकार की ओर से आज सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है। इस बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। इस बैठक में कई दलों के नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
रद्द हुआ भारत-पाकिस्तान मुकाबला
इंग्लैंड में आयोजित हो रहे वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच आज खेला जाने वाला मुकाबला रद्द हो गया है। आयोजकों ने आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान किया है।