LIVE

हिंदी समाचार, 16 जून 2024: देश के कई हिस्सों में लू और भीषण गर्मी का प्रकोप जारी; जम्मू-कश्मीर में आतंकियों का होगा खात्मा, एक्शन प्लान तैयार

Shashank Shekhar MishraUpdated Jun 16, 2024, 23:41 IST
<b>हिंदी समाचार, 16 जून 2024:</b> देश के कई हिस्सों में लू और भीषण गर्मी का प्रकोप जारी; जम्मू-कश्मीर में आतंकियों का होगा खात्मा, एक्शन प्लान तैयार

हिंदी समाचार, 16 जून 2024: देश के कई हिस्सों में लू और भीषण गर्मी का प्रकोप जारी; जम्मू-कश्मीर में आतंकियों का होगा खात्मा, एक्शन प्लान तैयार

हिंदी न्यूज़ 16 जून 2024 और बड़ी खबरें: हरियाणा और पंजाब समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में भीषण लू की स्थिति रविवार को भी जारी रही। भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। समराला एवं नूंह में तापमान 47.2 डिग्री व 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने कहा कि प्रचंड गर्मी ने दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ को भी प्रभावित किया, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के लुधियाना के समराला में भीषण गर्मी जारी है, जबकि हरियाणा में नूंह सबसे गर्म स्थान रहा। हरियाणा के अन्य स्थानों में फरीदाबाद और सिरसा में भीषण गर्मी की स्थिति बनी रही। फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा की स्थित को लेकर आज एक हाईलेवल मीटिंग की। अमित शाह ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे "क्षेत्रीय वर्चस्व और शून्य आतंकी योजना के माध्यम से कश्मीर घाटी में प्राप्त सफलताओं को जम्मू संभाग में दोहराएं"। वहीं भारतीय महिला टीम ने तीन मैचों की श्रृंखला के पहले एकदिवसीय मैच में रविवार को यहां दक्षिण अफ्रीका को 143 रन से शिकस्त दी। भारत ने आठ विकेट पर 265 रन बनाने के बाद दक्षिण अफ्रीका की पारी को 37.4 ओवर में 122 रन पर समेट दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए सूने लूस ने सबसे ज्यादा 33 रन का योगदान दिया। भारत के लिए शोभन आशा ने चार विकेट लिये। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों को ताजा अपडेट्स...

JUN 16, 2024 23:39 IST

हरियाणा और पंजाब में लू और भीषण गर्मी का प्रकोप जारी

हरियाणा और पंजाब में भीषण लू की स्थिति रविवार को भी जारी रही और समराला एवं नूंह में तापमान 47.2 डिग्री व 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने कहा कि प्रचंड गर्मी ने दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ को भी प्रभावित किया, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के लुधियाना के समराला में भीषण गर्मी जारी है, जबकि हरियाणा में नूंह सबसे गर्म स्थान रहा। हरियाणा के अन्य स्थानों में फरीदाबाद और सिरसा में भीषण गर्मी की स्थिति बनी रही। फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिसार में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री रहा। गर्म मौसम की स्थिति ने गुरुग्राम और कुरुक्षेत्र को भी प्रभावित किया। गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस और कुरुक्षेत्र में 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने कहा कि रोहतक में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबाला में अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस तथा करनाल में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पठानकोट में यह 46.1 डिग्री दर्ज किया गया। अमृतसर में तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 44.6 डिग्री, पटियाला में 45.5 डिग्री, गुरदासपुर में 46 डिग्री और फिरोजपुर में 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम कार्यालय के पूर्वानुमान के अनुसार, हरियाणा और चंडीगढ़ में 18 जून को अलग-अलग स्थानों पर और 19-21 जून के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पंजाब में 17 जून को अलग-अलग स्थानों पर और 18-21 जून के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
JUN 16, 2024 23:38 IST

आगरा में व्यापारी की कार से उड़ाए एक करोड़ के हीरे और नकदी

उत्तर प्रदेश के आगरा की थाना लोहामंडी पुलिस हीरा कारोबारी की कार से एक करोड़ रुपये के हीरों और नकदी से भरा हुआ बैग चुराने वालों का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में दो बच्चे नकदी से भरा हुआ बैग ले जाते हुए दिखे हैं। अधिकारियों ने पुलिस की टीम को उनका पता लगाने के आदेश दिए हैं। इस बात की संभावना है कि जल्द ही चोरों का पता लगा लिया जाएगा। कारोबारी का कहना है कि बैग में करीब एक करोड़ रुपये की कीमत के 36 हीरे थे। चोरों ने महज 15 सेकेंड में बैग चुरा लिया। थाना लोहामंडी में दी गयी तहरीर में कारोबारी नितिन मल्होत्रा ने बताया कि वह 11 परिणय कुंज बाग फरजाना में रहते हैं और उनका हीरे का कारोबार है। कारोबारी के मुताबिक शनिवार को जब वह अपने डायमण्ड कोरपोरेशन जी-12 हेरीटेज टॉवर महात्मा गांधी रोड से शाम को निकले तो अपने साथ अपना लैपटॉप, एक लाख की नकदी, पर्स व सोने और हीरे के आभूषण थे, जिनकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये थी। कारोबारी ने शिकायत में कहा,‘‘ जब मदिया कटरा आने पर नीरज डेरी के सामने एक लड़के ने मेरी कार को खटखटा कर बोला कि अपनी कार का टायर चैक कर लो तो गाड़ी को एक तरफ करके मैने टायर देखा तभी उसी दौरान एक अन्य लड़का भीख मांगते हुए मुझसे बात करने लगा। इतने में सड़क चलते राहगीर ने बताया कि भाई साहब आपका बैग एक लड़के ने निकाल लिया है और देखो वो भाग रहा है। मैं इतना सुनते ही उसके पीछे भागा पर वो आगे निकल गया और उसके साथ उसका साथी भी भाग रहा था। वापस आकर मैंने अपनी गाड़ी से उस तरफ जाने की कोशिश करी लेकिन ट्रैफिक के कारण नहीं जा सका। यह घटना सायं साढ़े आठ बजे की है। मैंने तुरंत 112 पर सूचना दी।’’ थाना लोहामंडी के प्रभारी निरीक्षक के पी सिंह का कहना है कि जैसे ही उन्हें इसकी सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंच गये। उन्होंने बताया कि आसपास लगे करीब 50 से 60 सीसीटीवी कैमरे खंगाल लिये। एक सीसीटीवी फुटेज में बैग ले जाता हुआ एक लडक़ा दिखाई दिया है। रास्ते में लगे अन्य कैमरों को खंगाला जा रहा है, शीघ्र ही चोरों का पता लगा लिया जाएगा।
JUN 16, 2024 23:38 IST

बंगाल में 'चुनाव बाद की हिंसा' को लेकर भाजपा का केंद्रीय दल कोलकाता पहुंचा

लोकसभा चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के खिलाफ कथित हिंसा के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद और बिप्लब कुमार देब सहित पार्टी का चार-सदस्यीय केंद्रीय दल रविवार शाम यहां पहुंचा। प्रसाद ने दावा किया कि राज्य में चुनाव के बाद हो रही कथित हिंसा से भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ राज्य की जनता भी भयभीत और आशंकित है। दो-दिवसीय दौरे पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे संवाददाताओं से उन्होंने कहा, “देश भर में चुनाव हुए, लेकिन हिंसा केवल पश्चिम बंगाल में हुई।” प्रसाद ने कहा, “अगर ममता जी लोकतंत्र में विश्वास करती हैं, तो उन्हें इसका जवाब देना चाहिए।” त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री देब ने दावा किया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद से पूर्वोत्तर राज्य में कोई राजनीतिक हिंसा नहीं हुई है। उन्होंने कहा, “हम पश्चिम बंगाल में अपने दो-दिवसीय प्रवास के दौरान पीड़ितों से बात करेंगे और स्थिति का जायजा लेंगे।” भाजपा ने आरोप लगाया है कि लोकसभा चुनाव समाप्त होने के बाद सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस समर्थकों द्वारा पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में उसके कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ हिंसा हो रही है और उन्हें धमकी दी जा रही है। भाजपा ने पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीट में से 12 पर जीत हासिल की है, जबकि ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस 29 सीट पर विजयी हुई है और कांग्रेस को एक सीट मिली है।
JUN 16, 2024 23:37 IST

'लिव इन पार्टनर' के साथ मारपीट के आरोप में व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 27 वर्षीय एक व्यक्ति के खिलाफ अपनी ‘लिव-इन पार्टनर’ की पिटायी करने और उसके साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने के आरोप में एक मामला दर्ज किया गया है। यह जानकारी पुलिस ने रविवार को दी। एक अधिकारी ने बताया कि 25 वर्षीय महिला की शिकायत के आधार पर अंबरनाथ पुलिस ने शुक्रवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 377, 324, 506 और अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत एक मामला दर्ज किया। उन्होंने बताया कि महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके ‘लिव-इन पार्टनर’ ने 13 जून की रात को उसे बेल्ट से पीटा और घूंसे मारे। अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति ने कथित तौर पर उसके साथ अप्राकृतिक यौन संबंध भी बनाए और उसे धमकाया। उन्होंने बताया कि मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और आगे की जांच की जा रही है।
JUN 16, 2024 23:37 IST

बिहार में नाव पलटी, अभी तक 13 लोगों को बचाया गया, चार लापता

बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में उमानाथ गंगा घाट के पास रविवार सुबह एक नौका हादसे के बाद 13 व्यक्तियों को बचाया गया है, जबकि और चार अभी भी लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पटना जिला प्रशासन ने एक बयान में कहा, "अब तक 13 लोगों को बचा लिया गया है, जिनमें वे लोग भी शामिल हैं, जो तैरकर किनारे तक पहुंचने में सफल रहे। चार लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान अभी भी जारी है।" बाढ़ के उपसंभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) शुभम कुमार ने संवाददाताओं को बताया, "यह हादसा उमानाथ गंगा घाट के पास सुबह करीब सवा नौ बजे उस समय हुआ, जब 17 लोगों को ले जा रही नाव बीच नदी में पलट गई। अब तक 13 लोगों को बचा लिया गया है, चार अब भी लापता हैं।" कुमार ने कहा, "चार लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए अभियान जारी है। उनकी पहचान अवधेश कुमार (60), हरदेव प्रसाद (65), नीतीश कुमार (30) और 45 वर्षीय एक महिला के रूप में की गई है।" एसडीएम ने कहा, "जिला प्रशासन ने लापता व्यक्तियों का पता लगाने के लिए बिहार राज्य राहत बल और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों को लगाया है।" इस बीच, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को लापता व्यक्तियों का पता लगाने के लिए अपने खोज अभियान को तेज करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक बयान के अनुसार, "मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया है कि लापता व्यक्तियों के मिलने तक तलाश अभियान जारी रखा जाए।"
JUN 16, 2024 23:36 IST

दिल्ली भाजपा ने जल संकट को लेकर 'मटका फोड़' विरोध प्रदर्शन किया

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शहर में जल संकट को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार के खिलाफ रविवार को 'मटका फोड़' विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पानी की कमी को लेकर शहर में 14 स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया। सचदेवा ने सरकार पर कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘हमने हमेशा कहा है कि दिल्ली में पानी की कमी प्राकृतिक कारणों से नहीं है, बल्कि यह आम आदमी पार्टी के कुप्रबंधन और लापरवाही का नतीजा है।' उन्होंने दावा किया कि दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) को 600 करोड़ रुपये के लाभ से 73,000 करोड़ रुपये के घाटे में ले जाने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पूरी तरह जिम्मेदार हैं। सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा, ‘‘केजरीवाल सरकार के तहत डीजेबी हमेशा भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा केंद्र रहा है, लेकिन भाजपा विधायकों ने जब भी विधानसभा में यह मुद्दा उठाया तो उन्हें बाहर निकाल दिया गया।’’ नयी दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने डीजेबी के बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए कुछ नहीं किया है, जिसके परिणामस्वरूप 54 प्रतिशत पानी की बर्बादी और चोरी हुई है। दिल्ली भाजपा नेताओं ने दिल्ली की जल मंत्री आतिशी के इस्तीफे की भी मांग की। पार्टी ने एक बयान में कहा कि वह जल संकट को लेकर केजरीवाल सरकार के खिलाफ सोमवार को 52 स्थानों पर विरोध प्रदर्शन करेगी।
JUN 16, 2024 20:45 IST

सीतारमण 20 जून को करेंगी उद्योग मंडलों के साथ बजट पूर्व बैठक

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 20 जून को उद्योग मंडलों के साथ बजट पूर्व विचार-विमर्श करेंगी। सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। वित्त वर्ष 2024-25 का बजट जुलाई के दूसरे पखवाड़े में संसद में पेश किए जाने की संभावना है। उद्योग जगत से जुड़े सूत्रों ने बताया कि सीतारमण के साथ बजट पूर्व परामर्श से पहले 18 जून को राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा ​​के साथ बैठक होगी। वित्त वर्ष 2024-25 के बजट में मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का आर्थिक एजेंडा तय किया जाएगा। वित्त मंत्री मुद्रास्फीति को नुकसान पहुंचाए बिना वृद्धि को गति देने के उपायों पर विचार करेंगी और साथ ही गठबंधन सरकार की मजबूरियों को पूरा करने के लिए संसाधन तलाशेंगी। आर्थिक एजेंडे में निकट भविष्य में भारत को पांच लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने और 2047 तक देश को 'विकसित भारत' में बदलने के लिए तेजी से सुधार लाने के कदम शामिल होंगे। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के अनुमान के अनुसार, ग्रामीण मांग में सुधार और मुद्रास्फीति में नरमी के कारण चालू वित्त वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
JUN 16, 2024 20:42 IST

रोहतक के होटल में युवक की मौत, नशे की ओवरडोज की आशंका

नशे की ओवरडोज के कारण रोहतक के एक निजी होटल में ठहरे युवक की मौत हो गई। सूचना पाकर सिविल लाइन थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। युवक के शव के पास से नशे का इंजेक्शन बरामद हुआ। दरअसल, जींद जिले के कालवा गांव का रहने वाला प्रदीप निजी कंपनी में काम करता था। वह शनिवार को रोहतक के नए बस स्टैंड स्थित एक निजी होटल में रात को ठहरा था। रविवार सुबह प्रदीप के रूम का दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो प्रदीप का शव जमीन पर पड़ा मिला। शव के पास से प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई है। पोस्टमार्टम के बाद ही सारी बातों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भिजवा दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक के घरवालों को सूचित कर दिया गया है। यह पूरा मामला जांच का विषय है, युवक के शरीर पर चोट का निशान नहीं है। शुरुआती जांच के अनुसार नशे की ओवरडोज के कारण युवक की जान गई है।
JUN 16, 2024 20:42 IST

जम्मू-कश्मीर में आतंकियों का होगा खात्मा, शाह ने बताया प्लान

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा की स्थित को लेकर आज एक हाईलेवल मीटिंग की। अमित शाह ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे "क्षेत्रीय वर्चस्व और शून्य आतंकी योजना के माध्यम से कश्मीर घाटी में प्राप्त सफलताओं को जम्मू संभाग में दोहराएं"। पढ़ें पूरी खबर
JUN 16, 2024 20:26 IST

तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी की छोटी सर्जरी की गई

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी की रविवार को कोलकाता के एक अस्पताल में पीठ की छोटी सी सर्जरी की गयी और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। यह जानकारी अस्पताल के अधिकारियों ने दी है। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभिषेक (37) डायमंड हार्बर से लोकसभा के सांसद हैं और वे पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे हैं। अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा, 'अभिषेक बनर्जी की सर्जरी की गई और अब उनकी स्थिति स्थिर हैं।' अधिकारी ने कहा कि बनर्जी की पीठ पर एक छोटी प्लास्टिक सर्जरी की गई। अधिकारी ने बताया, 'यह कोई बहुत गंभीर बात नहीं है... अगर सब कुछ ठीक रहा तो हम उन्हें आज शाम ही छुट्टी देने पर विचार कर सकते हैं।' तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव बनर्जी ने बुधवार को कहा कि वह कुछ जरूरी चिकित्सीय कारणों से संगठनात्मक कार्यों से छुट्टी लेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'कुछ गंभीर चिकित्सीय कारणों से मैं संगठन से कुछ समय के लिए अवकाश ले रहा हूं। यह अवकाश मेरे लिए अपने लोगों और समाज की जरूरतों का विनम्रतापूर्वक पता लगाने तथा समझने का एक अवसर होगा। मुझे पश्चिम बंगाल सरकार पर भरोसा है कि वह तेजी से काम करेगी और जरूरतमंद लोगों के लिए न्याय सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।'
JUN 16, 2024 20:25 IST

भारतीय महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 143 रन से शिकस्त दी

भारतीय महिला टीम ने तीन मैचों की श्रृंखला के पहले एकदिवसीय मैच में रविवार को यहां दक्षिण अफ्रीका को 143 रन से शिकस्त दी। भारत ने आठ विकेट पर 265 रन बनाने के बाद दक्षिण अफ्रीका की पारी को 37.4 ओवर में 122 रन पर समेट दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए सूने लूस ने सबसे ज्यादा 33 रन का योगदान दिया। भारत के लिए शोभन आशा ने चार विकेट लिये।
JUN 16, 2024 15:56 IST

एटा में ट्रैक्टर और कार में टक्कर, तीन लोगों की मौत

यूपी के एटा जिले के रिजोर थाना क्षेत्र में गंगा दशहरा के मौके पर सोरो घाट से स्‍नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार की एक ट्रैक्‍टर से भीषण टक्‍कर हो गयी जिससे दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत हो गयी तथा दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि थाना रिजोर क्षेत्र के एटा-शिकोहाबाद मार्ग स्थित ईशन नदी के पास स्थित पुलिया के निकट एक ऑल्टो कार तथा ट्रैक्टर में टक्‍कर हो गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में कार सवार दो महिलाओं सरला (60) और उनकी पुत्रवधू पिंकी सिंह (35) तथा गिरीश सिंह की मौत हो गई और गोविंद तथा दया गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, एटा में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि सरला और पिंकी रिश्ते में सास-बहू थीं तथा नेहरु पैलेस शिकोहाबाद की निवासी थी। यह लोग कार से सोरो गंगा घाट पर गंगा दशहरा के मौके पर स्‍नान करने आये थे। सिंह ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
JUN 16, 2024 15:55 IST

रूसी बलों ने हिरासत केंद्र पर धावा बोला, बंधक बनाने वाले मारे गए

रूस के सुरक्षाबलों ने दक्षिणी रूस में स्थित एक हिरासत केंद्र पर धावा बोला जिसमें कर्मचारियों को बंधक बनाने वाले कैदी मारे गए। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘रिया नोवोस्ती’ ने रविवार को यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी ने रूस की संघीय दंड सेवा के हवाले से बताया कि ‘रोस्तोव-ऑन-डॉन’ में हिरासत केन्द्र में बंधकों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। खबर में कहा गया कि बंधक बनाने वालों को ‘‘खत्म’’ कर दिया गया, वहीं एक अन्य स्थानीय समाचार संगठन ने कहा कि कुछ कैदी मारे गए हैं।
JUN 16, 2024 15:13 IST

फर्रुखाबाद में सड़क हादसे में संत बब्बा गुरु समेत दो लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर इलाके में एक कार की दूसरे वाहन से टक्कर हो जाने के कारण कार में सवार संत बब्बा गुरु समेत दो लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार शनिवार की रात श्री पंचनाम जूना अखाड़ा के महंत मनोज भारती उर्फ बब्बा गुरु अपनी आल्टो कार से आ रहे थे, तभी राजेपुर के ग्राम गांधी के निकट सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक पिकअप वाहन ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गये और पिकअप वाहन टक्कर लगने के बाद मौके पर ही पलट गया| कार में सवार संत बब्बा गुरु व अन्य दोनों घायलों को जिले के लोहिया अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां बब्बा गुरु (85) के साथ ही उनके चालक मोती उर्फ रिंकू (45) को मृत घोषित कर दिया गया। एक अन्य घायल संत कृष्णा भारती का उपचार किया जा रहा है। संत बब्बा गुरु की मौत की खबर से लोहिया अस्पताल में भीड़ लग गयी। सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक डा. संजय सिंह, थानाध्यक्ष राजेपुर रणविजय सिंह लोहिया अस्पताल पंहुचे। लोहिया अस्पताल पहुंचे थाना प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि तीनों लोगों को गंभीर हालत में कार से निकाल कर एंबुलेंस द्वारा लोहिया अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने बब्बा गुरु सहित दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक अन्‍य घायल का उपचार चल रहा है और मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। बब्बा गुरु के एक शिष्य ने बताया कि बब्बा गुरु कामाख्या जा रहे थे और वह यहां गंगा दशहरा पर स्नान करने आ रहे थे। बब्बा गुरु मध्य प्रदेश के दतिया के रहने वाले थे।
JUN 16, 2024 13:40 IST

बजट में निचले स्लैब के लोगों के लिए आयकर राहत के उपाय जरूरी : सीआईआई

भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के नए अध्यक्ष संजीव पुरी का मानना है कि 2024-25 के आगामी पूर्ण बजट में मुद्रास्फीति के उच्चस्तर को देखते हुए सबसे निचले स्लैब के लोगों के लिए आयकर राहत पर विचार करने की आवश्यकता है। पुरी ने एक साक्षात्कार में भूमि, श्रम, बिजली और कृषि से संबंधित सभी सुधारों को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने के लिए केंद्र और राज्यों के बीच आम सहमति बनाने को एक संस्थागत मंच बनाने का भी सुझाव दिया।
JUN 16, 2024 13:39 IST

दिल्ली जल संकट को लेकर भाजपा ने किया आप सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। आप पर तीखा हमला करते हुए भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि जब अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बने थे तो दिल्ली जल बोर्ड करोड़ों रुपये के मुनाफे में था।
JUN 16, 2024 13:37 IST

असम में नौ करोड़ रुपये मूल्य की नशीली दवाएं जब्त

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को बताया कि दो तस्करों को गिरफ्तार कर करीमगंज जिले से करीब नौ करोड़ रुपये मूल्य की नशीली दवाएं ‘याबा गोलियां’ जब्त की गई हैं। शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘करीमगंज पुलिस और बीएसएफ-जी शाखा, करीमगंज ने संयुक्त अभियान में एक वाहन से नौ करोड़ रुपये मूल्य की 30 हजार याबा गोलियां जब्त कीं।’’
JUN 16, 2024 13:01 IST

इजराइली सेना ने गाजा में मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए सामरिक विराम की घोषणा की

इजराइली सेना ने रविवार को दक्षिणी गाजा पट्टी में अधिक से अधिक मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए संघर्ष के दौरान सामरिक विराम की घोषणा की।सेना ने बताया कि रफह में सुबह आठ बजे से लेकर शाम सात बजे तक 'सामरिक विराम' रहेगा और अगले आदेश तक यह प्रभावी रहेगा। सेना ने बताया कि इजराइल के नियंत्रण वाले केरेम शालोम चौराहे तक सहायता ट्रकों को पहुंचाने के उद्देश्य से सामरिक विराम की घोषणा की गई है, जिसके बाद ये ट्रक गाजा के अन्य भागों में सहायता सामग्री पहुंचाने के लिए सलाह-ए-दीन राजमार्ग पर सुरक्षित रूप से जा सकेंगे। केरेम शालोम मार्ग वह मार्ग है जहां से इजराइली सेना को सहायता-सामग्री पहुंचाई जाती है।
JUN 16, 2024 11:52 IST

इजरायल ने गाजा पट्टी के दक्षिण में रोज 11 घंटे हमले रोकने की घोषणा की

इजरायली सेना ने ईद-उल-अजहा से पहले गाजा पट्टी के दक्षिण में अपनी सैन्य कार्रवाई हर रोज 11 घंटे रोकने की घोषणा की है। उसने बताया है कि मानवीय सहायता की आमद बढ़ाने के लिए यह रोक लगाई जाएगी।इजरायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने एक्स पर कहा, "यह रोक अगले आदेश तक हर रोज सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक केरेम शालोम क्रॉसिंग से सलाह अल-दीन रोड और फिर आगे उत्तर की ओर जाने वाली सड़क पर रहेगी।"
JUN 16, 2024 11:53 IST

आतिशी बोलीं- जलसंकट के बीच हो रही गहरी साजिश

दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने दावा किया है कि दिल्ली में जलसंकट को बढ़ाने के लिए पानी की पाइपलाइन काटने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने इस बाबत दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा को पत्र भी लिखा है। उन्होंने कहा है कि अगले 15 दिनों के लिए प्रमुख पाइपलाइनों की गश्ती के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए।