LIVE

आज की ताजा खबर, 15 मई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: हाईकोर्ट ने भोजशाला को माना मंदिर, पेट्रोल-डीजल के साथ CNG के भी दाम बढ़े, NEET पेपर लीक का 'मास्टरमाइंड' गिरफ्तार

आज की ताजा खबर लाइव, 15 मई 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [पेट्रोल-डीजल रेट], [NEET पेपर लीक NTA कनेक्शन], [ट्रंप-शी मुलाकात ] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: देश-दुनिया में गुरुवार को कई बड़ी खबरों ने एक साथ सुर्खियां बटोरीं। कहीं पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने आम आदमी की चिंता बढ़ाई तो कहीं NEET पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा सामने आया। इधर दिल्ली गैंगरेप केस में पीड़िता के बयान ने लोगों को झकझोर दिया है और मामले को लेकर गुस्सा बढ़ता जा रहा है। वहीं, ईरान से अमेरिका का युद्ध जारी है और ट्रंप इस दौरान चीन में हैं। पढ़ें- पूरे दिन की हर छोटी बड़ी खबर यहां
आज की ताजा खबर, 15 मई 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: हाईकोर्ट ने भोजशाला को माना मंदिर, पेट्रोल-डीजल के साथ CNG के भी दाम बढ़े, NEET पेपर लीक का 'मास्टरमाइंड' गिरफ्तार
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Latest Breaking Hindi News (ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़), [पेट्रोल-डीजल रेट], [NEET पेपर लीक NTA कनेक्शन], [ट्रंप-शी मुलाकात ] के मुख्य समाचार (Aaj Ke Mukhya Samachar) LIVE: ईरान युद्ध और वैश्विक तनाव के बीच देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹3 प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की खबर सामने आई है। वहीं NEET 2026 पेपर लीक मामले में CBI ने कोर्ट को बताया कि लीक का कनेक्शन NTA के अंदरूनी सिस्टम तक पहुंचता है। दूसरी ओर चीन में अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump और Xi Jinping की मुलाकात पूरी दुनिया की नजरों में बनी रही, जहां व्यापार से लेकर वैश्विक राजनीति तक कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इधर दिल्ली गैंगरेप केस में पीड़िता के बयान ने लोगों को झकझोर दिया है और मामले को लेकर गुस्सा बढ़ता जा रहा है।
May 15, 2026 | 11:24 PM IST

सासाराम में बड़ा हादसा: लंदन थीम मेला का झूला बेकाबू, कई लोग घायल

सासाराम के पायलट बाबा आश्रम के समीप चल रहे “लंदन थीम मेला” में शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगा एक झूला अचानक बेकाबू हो गया, जिससे उसमें सवार कई लोग नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झूला तेज गति में था तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। झूले में बैठे कई लोग गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। हादसे के बाद मेले में मौजूद लोगों में दहशत का माहौल है।
May 15, 2026 | 10:54 PM IST

अमित शाह का दो दिवसीय गुजरात दौरा

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का शनिवार को दो दिवसीय गुजरात दौरा शुरू होगा। इस दौरान, अमित शाह अहमदाबाद और गांधीनगर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। साथ ही अहमदाबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षदों से भी मुलाकात करेंगे।
May 15, 2026 | 09:28 PM IST

कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर को 14 दिनों की ED रिमांड में भेजा गया

कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (Deputy Commissioner) शांतनु सिन्हा बिस्वास, जिन्हें इससे पहले ED ने गिरफ्तार किया था, को 14 दिनों के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया गया है।
May 15, 2026 | 09:14 PM IST

झारखंड में दुर्घटना में तीन लोगों की मौत

झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में शुक्रवार शाम एक दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, पीड़ित मोटरसाइकिल पर यात्रा कर रहे थे, तभी चक्रधरपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत चक्रधरपुर-सोनुआ सड़क पर एक निजी स्कूल के पास एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश करते समय मोटरसाइकिल चालक ने कथित तौर पर वाहन से नियंत्रण खो दिया। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल तेज रफ्तार बस के नीचे आ गयी, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को चक्रधरपुर स्थित उपमंडल अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
May 15, 2026 | 08:43 PM IST

सेना ने अरुणाचल प्रदेश में सैनिकों के लिए पारगमन सुविधा का उद्घाटन किया

भारतीय सेना ने अग्रिम क्षेत्रों में परिचालन तैयारियों और सैनिकों के कल्याण को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी सियांग जिले में स्थित सिगार सैन्य स्टेशन में सैनिकों के लिए एक पारगमन सुविधा का उद्घाटन किया।

सेना के एक बयान में कहा गया है कि इस सुविधा को स्पीयरहेड डिविजन के तत्वावधान में ’स्पीयरहेड गनर्स’ द्वारा विकसित किया गया है, ताकि दूरस्थ परिचालन स्थलों पर आने-जाने वाले सैनिकों के लिए एक आरामदायक और कुशल पारगमन पड़ाव उपलब्ध कराया जा सके।

बयान के अनुसार, इस सुविधा का नाम ’आशियाना’ है। इसमें वह सभी आवश्यक सुविधाएं मौजूद हैं, जिनका उद्देश्य रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात कर्मियों की सुविधा, मनोबल और समग्र कल्याण में सुधार करना है।

उद्घाटन समारोह में उपस्थित वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने सैनिकों को अधिक दक्षता, आत्मविश्वास और युद्ध क्षमता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में सक्षम बनाने के लिए मजबूत सहायक बुनियादी ढांचे के महत्व पर जोर दिया।
May 15, 2026 | 08:24 PM IST

<b>होशियारपुर(पंजाब): चक सवाना इलाके में 3 साल का बच्चा बोरवेल में गिरा, बचाव अभियान जारी है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।</b>

May 15, 2026 | 08:11 PM IST

नव निर्वाचित असम विधानसभा का पहला सत्र 21 मई से शुरू

असम की नव निर्वाचित 16वीं विधानसभा का पहला सत्र 21 मई से शुरू होगा। आधिकारिक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई। अधिसूचना के अनुसार, कार्यवाही दिसपुर स्थित विधानसभा कक्ष में सुबह साढ़े नौ बजे शुरू होगी।

राज्यपाल के आदेश के आधार पर असम विधानसभा सचिवालय द्वारा बृहस्पतिवार को जारी अधिसूचना को मीडिया के साथ शुक्रवार को साझा किया गया। आदेश के अनुसार, "भारत के संविधान के अनुच्छेद 174 के खंड (एक) के तहत प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए, मैं, लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, असम के राज्यपाल, एतद् द्वारा सोलहवीं असम विधानसभा का प्रथम सत्र बृहस्पतिवार 21 मई 2026 को सुबह साढ़े नौ बजे दिसपुर स्थित विधानसभा कक्ष में आहूत करता हूं।"

नई विधानसभा के सबसे वरिष्ठ विधायक, भाजपा के चंद्र मोहन पटवारी ने दिन में अस्थायी विधानसभा अध्यक्ष के रूप में शपथ ली। पटवारी विधानसभा के पहले सत्र के दौरान नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा था कि चार दिवसीय सत्र की कार्यवाही 26 मई तक आयोजित की जाएगी और पहले दिन विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी।
May 15, 2026 | 07:48 PM IST

<b>केरलम के मनोनीत मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन के कोच्चि हवाई अड्डे पर पहुंचने पर स्वागत के लिए उनके समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी।</b>

May 15, 2026 | 07:39 PM IST

<b>महाराष्ट्र: मुंबई के बोरीवली पूर्व स्थित एनेक्स मॉल में आग लग गई। आग पर बाद में काबू पा लिया गया। किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है।</b>

May 15, 2026 | 07:33 PM IST

<b>नोएडा सेक्टर 2 स्थित एक फैक्ट्री में आग लगने की घटना सामने आई है। आग पूरी तरह बुझा दी गई है। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।</b>

May 15, 2026 | 06:53 PM IST

<b>दिल्ली: अग्निशमन अधिकारी अनूप सिंह ने बताया, "MCD की पार्किंग में आग लगी है। 10 गाड़ियां और 2 स्कूटी जली हैं। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल की 4 गाड़ियां मौके पर हैं। आग बुझाई जा रही है।</b>

May 15, 2026 | 06:02 PM IST

<b>बंगाल के मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी ने विधानसभा में कहा: "बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा के बारे में कोई जानकारी नहीं है, सत्यापन के बाद कार्रवाई की जाएगी।"</b>

May 15, 2026 | 05:53 PM IST

<b>पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच प्रधानमंत्री मोदी की अपील के अनुरूप, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुणे से बेंगलुरु तक इंडिगो एयरलाइंस की इकोनॉमी क्लास की उड़ान से यात्रा की।</b>

May 15, 2026 | 05:44 PM IST

पुडुचेरी: अंबालगन को अस्थायी विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त किया गया

पुडुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने शुक्रवार को अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) विधायक ए. अंबालगन को 16वीं विधानसभा का अस्थायी अध्यक्ष नियुक्त किया।
विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने ही इस पद के लिए अंबालगन के नाम की सिफारिश की थी।

अन्नाद्रमुक, ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) की सहयोगी पार्टी है। एआईएनआरसी के संस्थापक एन. रंगासामी ने बुधवार को पांचवीं बार पुडुचेरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

एआईएनआरसी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में क्षेत्रीय दल से मलादी कृष्णा राव और भाजपा से ए. नामशिवयम ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
राजग ने नौ अप्रैल को हुए चुनावों में इस केंद्रशासित प्रदेश में जीत हासिल कर सत्ता बरकरार रखी थी।
May 15, 2026 | 05:43 PM IST

उत्तराखंड: तुंगनाथ मंदिर के निकट चंद्रशिला चोटी पर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो पर्यटक घायल

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में पहाड़ी पर स्थित तुंगनाथ मंदिर के समीप चंद्रशिला चोटी पर शुक्रवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो पर्यटक घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियो ने बताया कि रुद्रप्रयाग जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को अपराह्न करीब ढाई बजे इस संबंध में पुलिस के माध्यम से सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल राहत एवं बचाव दलों को मौके लिए रवाना कर दिया गया।

रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि दल में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), जिला आपदा प्रतिवादन बल (डीडीआरएफ) और स्वास्थ्य विभाग की टीमें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन हालात पर लगातार नजर रख रहा है।

रजवार ने बताया कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने वाले पर्यटकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने हालांकि बताया कि बचाव दलों के मौके पर पहुंचने के बाद ही घटना के बारे में पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
May 15, 2026 | 04:38 PM IST

<b>अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान पर कि अमेरिका और चीन ईरान को परमाणु हथियार रखने देना नहीं चाहते और होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखना चाहते हैं, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा, "हम भी यही राय रखते हैं। ईरान ने कभी परमाणु हथियार नहीं चाहे। हमने 2015 में समझौते पर हस्ताक्षर करते समय यह साबित कर दिया था कि हम परमाणु हथियार नहीं चाहते और यह हमारी नीति नहीं है। हमारा परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण है और हम हमेशा से यह विश्वास दिलाने के लिए तत्पर रहे हैं कि यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण है और शांतिपूर्ण ही रहेगा। होर्मुज जलडमरूमध्य के संबंध में भी हमारी यही इच्छा है कि इसे पूरी तरह से फिर से खोल दिया जाए। जहां तक ​​हमारा सवाल है, होर्मुज जलडमरूमध्य खुला है और हमारे साथ युद्ध कर रहे देशों के जहाजों को छोड़कर सभी जहाज वहां से गुजर सकते हैं... अमेरिकी आक्रामकता के कारण क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल है... यह जलडमरूमध्य ईरान और ओमान के क्षेत्रीय जल में स्थित है... सब कुछ ईरान और ओमान द्वारा प्रबंधित किया जाना चाहिए। हम अभी इस बारे में आपस में परामर्श कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि व्यवस्थाएं सुचारू रूप से हों और होर्मुज जलडमरूमध्य में सुचारू प्रशासन हो।" भविष्य में होर्मुज, जो सभी जहाजों के सुरक्षित मार्ग की गारंटी देता है..."</b>

May 15, 2026 | 04:08 PM IST

NEET पेपर लीक मामले में एक और आरोपी CBI रिमांड पर

NEET पेपर लीक मामले में गिरफ्तार आरोपी धनंजय लोखंडे को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने 6 दिनों की CBI कस्टडी में भेज दिया है। जांच एजेंसी अब उससे मामले से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में पूछताछ करेगी।
May 15, 2026 | 03:46 PM IST

<b>UAE की छोटी लेकिन बेहद सफल यात्रा को पूरा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्होंने अपने भाई समान UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ भारत-UAE व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के तरीकों पर विस्तृत चर्चा की। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि इस यात्रा के नतीजे दोनों देशों की दोस्ती को और मजबूत करेंगे तथा विकास और समृद्धि को नई गति देंगे।</b>

May 15, 2026 | 03:19 PM IST

हाईकोर्ट ने भोजशाला को मस्जिद नहीं, मंदिर माना

मध्य प्रदेश के धार में स्थित भोजशाला को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। अब इस मामले में हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए हिंदू पक्ष को राहत दी है।
May 15, 2026 | 01:24 PM IST

BJP विधायक रथिंद्र बोस बने बंगाल विधानसभा अध्यक्ष, TMC ने नहीं उतारा उम्मीदवार

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से विधायक रथिंद्र बोस शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए। वह राज्य के उत्तरी भाग से इस पद को संभालने वाले पहले विधायक बन गए हैं।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सदन में उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद ’प्रोटेम स्पीकर’ (अस्थायी अध्यक्ष) तापस रॉय ने ध्वनि मत कराया।

सभी 207 भाजपा विधायकों द्वारा बोस के पक्ष में अपना समर्थन देने के बाद अस्थायी अध्यक्ष ने उन्हें विधानसभा अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित घोषित किया।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कूच बिहार दक्षिण से विधायक बोस को नवगठित 18वीं पश्चिम बंगाल विधानसभा में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा उम्मीदवार घोषित किया, जबकि विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस ने उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया।

हाल में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत के बाद 294 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 207 विधायकों का बहुमत प्राप्त है, इसलिए बोस का अध्यक्ष बनना महज एक औपचारिकता थी।

तृणमूल कांग्रेस के चुनाव से दूर रहने के फैसले ने उनके निर्विरोध चयन का मार्ग प्रशस्त किया।

बोस स्वतंत्रता के बाद के इतिहास में पश्चिम बंगाल विधानसभा में अध्यक्ष पद संभालने वाले उत्तर बंगाल के पहले विधायक बन गए हैं।

इस घटनाक्रम को भाजपा सरकार द्वारा उस क्षेत्र के प्रति एक रणनीतिक संकेत के रूप में देखा जा रहा है जो पिछले एक दशक में राज्य में भाजपा के सबसे मजबूत राजनीतिक गढ़ में से एक के रूप में उभरा है।
May 15, 2026 | 11:23 AM IST

कोलकाता पुलिस के DCP शांतनु सिन्हा बिस्वास को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। उन्हें प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक कथित मामले में गिरफ्तार किया था।

May 15, 2026 | 10:17 AM IST

हापुड़ में चलती मोटरसाइकिल में आग लगने से युवक जिंदा जला

हापुड़ जिले के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-नौ पर चलती मोटरसाइकिल में आग लगने से उस पर सवार युवक जिंदा जल गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, बागड़पुर फ्लाईओवर के पास तेज गति से जा रही मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई और युवक के उतरने से पहले ही आग की लपटों ने उसे घेर लिया।

चीख-पुकार सुनकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाकर गंभीर रूप से झुलसे युवक को अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान अमरोहा जिले के भोगपुरा रहरा निवासी अजीत (30) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि वह गढ़मुक्तेश्वर से हापुड़ की ओर आ रहा था।

थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
May 15, 2026 | 10:16 AM IST

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शुक्रवार को तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। यह पिछले चार वर्षों में पेट्रोल-डीजल के दाम में पहली वृद्धि है।

कच्चे तेल की बढ़ती वैश्विक कीमतों के कारण तेल विपणन कंपनियों के घाटे बढ़ने के बीच यह वृद्धि की गई है।

गौरतलब है कि चार राज्यों-असम, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव समाप्त होने के 16 दिन बाद यह बढ़ोतरी हुई है।
मतदान अवधि के दौरान ईंधन कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया था जबकि पश्चिम एशिया संकट के कारण अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में तेज वृद्धि हुई थी।

उद्योग जगत से जुड़े सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है। डीजल अब 87.67 रुपये के मुकाबले 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

कीमतें अप्रैल 2022 से स्थिर थीं। हालांकि मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पेट्रोल और डीजल दोनों में दो रुपये प्रति लीटर की एकमुश्त कटौती की गई थी। आखिरी बार दरों में बढ़ोतरी अप्रैल 2022 में हुई थी।

मुंबई में पेट्रोल अब 106.68 रुपये प्रति लीटर और डीजल 93.14 रुपये प्रति लीटर हो गया है। कोलकाता में पेट्रोल 108.74 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.13 रुपये प्रति लीटर है, जबकि चेन्नई में पेट्रोल 103.67 रुपये और डीजल 95.25 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

दरें राज्यों में मूल्य वर्धित कर के अंतर के कारण अलग-अलग होती हैं।
ईंधन कीमतें आधिकारिक रूप से नियंत्रण मुक्त हैं, लेकिन संशोधन अक्सर राजनीतिक कारणों से प्रभावित होते हैं।

वैश्विक ऊर्जा कीमतें 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका–इजराइल हमले के बाद और तेहरान की जवाबी कार्रवाई के कारण तेजी से बढ़ीं। इससे होर्मुज जलडमरूमध्य अवरूद्ध हो गया जिससे दुनिया के तेल एवं गैस का पांचवां हिस्सा गुजरता है। पेट्रोल और डीजल बनाने का कच्चा माल यानी कच्चा तेल संघर्ष के दौरान एक समय 120 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चला गया था जबकि संघर्ष से पहले यह 70–72 डॉलर प्रति बैरल के दायरे में था।

हाल के समय में कीमतें कुछ नरम हुई हैं, लेकिन फिर भी 104–110 डॉलर प्रति बैरल के ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। इससे सरकारी तेल विपणन कंपनियों को भारी घाटा हुआ लेकिन चुनाव के मद्देनजर खुदरा दरें स्थिर रखी गईं।
May 15, 2026 | 10:15 AM IST

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई बढ़ना तय, विकास दर भी कम होगी: कांग्रेस

कांग्रेस ने पेट्रोल एवं डीजल के दाम में बढ़ोतरी को लेकर शुक्रवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि इससे महंगाई बढ़ना तय है तथा आर्थिक विकास दर में गिरावट भी आएगी।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत कम थी तो मोदी सरकार ने उपभोक्ताओं को राहत देने के बजाय उन्हें लूटा।

सरकारी तेल कंपनियों ने चार वर्षों के लंबे अंतराल के बाद शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में संशोधन करते हुए दोनों ईंधनों के दाम में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की।

सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

रमेश ने ’एक्स’ पर पोस्ट किया, ’’वर्षों तक जब अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतें कम थीं या गिर रही थीं, तब भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस लगातार यह मांग करती रही कि उसका लाभ भारतीय उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाए और गैस, पेट्रोल तथा डीजल की घरेलू कीमतों में कमी की जाए। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और उपभोक्ताओं को लूटा गया।’’

उन्होंने कहा कि अब जबकि प्रधानमंत्री के करीबी दोस्तों अमेरिका और इजराइल द्वारा पश्चिम एशिया में छेड़े गए युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतें बढ़ रही हैं और विधानसभा चुनाव भी समाप्त हो चुके हैं, तो मोदी सरकार ने पहले वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतें बढ़ाने के बाद अब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी कर दी है।

उन्होंने दावा किया कि इससे महंगाई और बढ़ना तय है, जो अब इस वित्त वर्ष में करीब छह प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है। रमेश ने कहा कि विकास दर के अनुमान भी काफी कम हो जाएंगे।
May 15, 2026 | 10:14 AM IST

चौथे अंपायर के लिए अपशब्द कहने पर पोलार्ड पर जुर्माना

मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड पर चौथे अंपायर के लिए अपशब्दों का उपयोग करने के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है और उन पर उनकी लागू मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

यह घटना मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच गुरुवार को यहां खेले गए मैच के दौरान घटी। मुंबई ने इस रोमांचक मुकाबले में छह विकेट से जीत हासिल की।

आईपीएल ने शुक्रवार सुबह जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ’’मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड पर आईपीएल की खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए आचार संहिता के लेवल एक का उल्लंघन करने के लिए उनकी लागू मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उनके खाते में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है।’’

इसमें कहा गया है, ’’पोलार्ड को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो ’मैच के दौरान स्पष्ट रूप से अभद्र भाषा का उपयोग’ से संबंधित है। यह घटना दूसरी पारी के 19वें ओवर में घटी जब पोलार्ड ने चौथे अंपायर के लिए अपशब्द कहे।’’

पोलार्ड ने अपना अपराध स्वीकार किया और मैच रेफरी पंकज धरमानी द्वारा लगाए गए दंड को मान लिया। पोलार्ड पर पहले भी आईपीएल की आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए जुर्माना लगाया जा चुका है।
May 15, 2026 | 10:14 AM IST

रुपया शुरुआती कारोबार में 30 पैसे टूटकर 95.94 प्रति डॉलर पर

रुपया शुक्रवार को 30 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.94 पर पहुंच गया। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, मजबूत डॉलर और पश्चिम एशिया संकट को लेकर चिंताओं से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि तेल की कीमतों में तेजी के बीच डॉलर की खरीदारी जारी रहने के कारण रुपया दबाव में है और यह 96 के निशान के बहुत करीब बना हुआ है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.86 प्रति डॉलर पर खुला। फिर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.94 तक टूट गया जो पिछले बंद भाव से 30 पैसे की गिरावट दर्शाता है।

रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.96 के रिकॉर्ड निचले स्तर तक कमजोर हुआ। हालांकि, अंत में दो पैसे की मामूली बढ़त के साथ 95.64 पर बंद हुआ था।
May 15, 2026 | 09:32 AM IST

SC-CASES: शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में लिस्ट किए गए अहम मामलेशुक्रवार, 15 मई को सुप्रीम कोर्ट में लिस्ट किए गए अहम मामले:

* सुप्रीम कोर्ट एक आपराधिक मामले में दोषी कुलदीप सिंह सेंगर को ज़मानत दिए जाने के खिलाफ CBI की याचिका पर सुनवाई करेगा।

* सुप्रीम कोर्ट वक्फ संशोधन अधिनियम को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करेगा।

* सुप्रीम कोर्ट 'अरावली पहाड़ियों और पर्वतमालाओं की परिभाषा और उससे जुड़े अन्य मुद्दों' से संबंधित एक स्वतः संज्ञान मामले पर सुनवाई करेगा।

* सुप्रीम कोर्ट पार्टी चिह्न को लेकर शिवसेना और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले गुट की आपसी याचिकाओं पर सुनवाई करेगा।

* सुप्रीम कोर्ट 'भारत की जेलों के भीतर होने वाले भेदभाव' से संबंधित एक स्वतः संज्ञान मामले पर सुनवाई करेगा।
May 15, 2026 | 09:31 AM IST

बीजेपी नेता अमित मालवीय ने महंगे हुए तेल पर क्या कहा?

भाजपा नेता मालवीय ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट और कच्चे तेल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के बावजूद भारत सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बहुत कम बढ़ोतरी की है, जबकि दुनिया के कई देशों में ईंधन के दाम 40% से 90% तक बढ़ गए।
May 15, 2026 | 08:56 AM IST

नीट-यूजी की पुन:परीक्षा को लेकर प्रधान के आवास पर उच्च स्तरीय बैठक

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट यूजी) परीक्षा पुन: आयोजित कराने की तैयारियों की समीक्षा के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार देर शाम आयोजित बैठक में मेडिकल प्रवेश परीक्षा के संचालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

इस बैठक में सचिव (उच्च शिक्षा) विनीत जोशी, सचिव (स्कूल शिक्षा) संजय कुमार, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक अभिषेक सिंह, सीबीएसई के अध्यक्ष राहुल सिंह और केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) एवं नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) के आयुक्तों के साथ-साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
May 15, 2026 | 08:54 AM IST

फालता में दोबारा चुनाव से पहले सुवेंदु का दौरा

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी शनिवार को दक्षिण 24 परगना के दौरे की शुरुआत डायमंड हार्बर से करेंगे। यह क्षेत्र तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी का गढ़ माना जाता है और यहीं 21 मई को फलता में दोबारा चुनाव होना है। अधिकारी फलता में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होकर उन्हें उत्साहित करेंगे ताकि टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान को हराकर भाजपा प्रत्याशी देबांग्शु पांडा की जीत सुनिश्चित की जा सके। डायमंड हार्बर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अधिकांश विधानसभा सीटों पर तृणमूल ने जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा ने सतगाछिया सीट जीती थी। इसके अलावा, मुख्यमंत्री डायमंड हार्बर में एक प्रशासनिक बैठक भी करेंगे, जिसका उद्देश्य लोगों को भरोसा दिलाना है कि वे बिना किसी भय के रह सकते हैं।
May 15, 2026 | 08:52 AM IST

दिल्ली गैंगरेप केस में पीड़िता का बयान, ‘मैं छोड़ देने की गुहार लगाती रही’

दिल्ली में सामने आए गैंगरेप मामले में पीड़िता का बयान सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह आरोपियों से लगातार छोड़ देने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपियों ने उसकी बात नहीं सुनी। पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर रही है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
May 15, 2026 | 08:52 AM IST

पेट्रोल-डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा

प्रधानमंत्री Narendra Modi की फ्यूल बचाने की अपील के कुछ ही दिनों बाद देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹3 प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की खबर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक सरकार ने बढ़ते वैश्विक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल को देखते हुए यह फैसला लिया है। ईरान युद्ध और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बढ़ते खतरे का असर अब भारतीय बाजार पर भी दिखने लगा है।
May 15, 2026 | 08:52 AM IST

NEET पेपर लीक में बड़ा खुलासा, CBI ने बताया- NTA के अंदर से लीक हुआ पेपर

NEET 2026 पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों को बड़ा सुराग मिला है। CBI ने कोर्ट में दावा किया है कि प्रश्नपत्र लीक का लिंक NTA के अंदरूनी सिस्टम तक पहुंचता है। मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि पेपर डिजिटल माध्यम से कई राज्यों तक पहुंचाया गया था और इसके लिए लाखों रुपये वसूले गए।
May 15, 2026 | 08:51 AM IST

चीन में ट्रंप-शी मुलाकात, अमेरिका की गिरती ताकत पर बाइडन को जिम्मेदार ठहराया

अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump और चीन के राष्ट्रपति Xi Jinping के बीच बीजिंग में हुई बैठक दुनिया भर में चर्चा का विषय बनी हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक बातचीत के दौरान ट्रंप ने अमेरिका की वैश्विक स्थिति कमजोर होने के लिए पूर्व राष्ट्रपति Joe Biden की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, ताइवान और वैश्विक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।