LIVEआज की ताजा खबर, 15 मार्च 2025: 'कई बार मारे थप्पड़...खाना भी नहीं दिया' रान्या राव का DRI पर बड़ा इल्जाम; बाल-बाल बचे राकेश टिकैत
आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 15 मार्च 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 15 मार्च (शनिवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार : आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में आप देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं से वाकिफ नहीं हो पाते होंगे। ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं ताजा खबर का यह खास सेगमेंट, जहां हम आपको देश और दुनिया की प्रमुख और बड़ी खबरों से रूबरू करवाएंगे। यहां आपको मिलेंगे हर छोटी-बड़ी खबर के ताजा अपडेट्स... बने रहिए अपने प्रिय हिंदी समाचार चैनल टाइम्स नाऊ नवभारत के डिजिटल संस्करण के साथ...

आज की ताजा खबर, 15 मार्च 2025: 'कई बार मारे थप्पड़...खाना भी नहीं दिया' रान्या राव का DRI पर बड़ा इल्जाम; बाल-बाल बचे राकेश टिकैत
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ लाइव 15 मार्च 2025 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं: स्पेसएक्स और नासा ने अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से वापस लाने के लिए मिशन लॉन्च कर दिया है। मिशन क्रू 10 को आज लॉन्च किया गया है। सुनीता विलियम्स नौ महीने से ISS में फंसी हुई हैं। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के सैंथिया कस्बे के कम से कम पांच ग्राम पंचायत क्षेत्रों में अफवाहों और गैरकानूनी गतिविधियों को फैलने से रोकने के लिए इंटरनेट और वॉयस-ओवर-इंटरनेट टेलीफोनी सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह बंद 14 मार्च (शुक्रवार) से 17 मार्च (सोमवार) तक प्रभावी रहेगा। शनिवार को तिब्बत में 3.5 तीव्रता का भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप 10 किलोमीटर की गहराई पर आया, जिससे इसके बाद के झटकों की आशंका बनी हुई है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की खबरों के ताजा अपडेट्स...
सोनीपत में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या
हरियाणा के सोनीपत जिले में कथित तौर पर भूमि विवाद के कारण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक स्थानीय नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को बताया कि मृतक की पहचान सोनीपत में भाजपा के मुंडलाना मंडल के अध्यक्ष सुरेन्द्र जवाहर के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि जवाहर 'नंबरदार' या गांव के मुखिया के तौर पर भी काम करते थे और भूमि राजस्व संग्रह और भूमि अभिलेखों के रखरखाव के लिए जिम्मेदार थे। पुलिस के अनुसार, जवाहर की हत्या भूमि विवाद का नतीजा प्रतीत होती है।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के न्यासियों की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टियों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार दोपहर मणिराम छावनी मंदिर में ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के निवास स्थान पर होगी और बैठक की अध्यक्षता भी वही करेंगे। ट्रस्ट सूत्रों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, ट्रस्ट के सदस्य - स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, स्वामी विश्वप्रसन्न तीर्थ, अनिल मिश्र, केंद्र और राज्य सरकारों के प्रतिनिधि और अयोध्या जिले के अधिकारियों के भाग लेने की उम्मीद है।
PM मोदी अगले महीने श्रीलंका की यात्रा करेंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पिछले वर्ष श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके की दिल्ली यात्रा के दौरान हुए समझौतों को अंतिम रूप देने के लिए अगले महीने की शुरुआत में श्रीलंका की यात्रा करेंगे। विदेश मंत्री विजिता हेराथ ने यहां संसद में बजट आवंटन को लेकर हुई चर्चा पर एक सवाल के जवाब में यह बयान दिया। हेराथ ने कहा, ‘‘हमने अपने पड़ोसी देश भारत के साथ घनिष्ठ संबंध बनाए रखे हैं। हमारी पहली कूटनीतिक यात्रा भारत की थी, जहां हमने द्विपक्षीय सहयोग पर कई समझौते किए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अप्रैल की शुरुआत में यहां आएंगे।’’
'कई बार मारे थप्पड़...खाना भी नहीं दिया' रान्या राव का DRI पर बड़ा इल्जाम
अभिनेत्री रान्या राव ने आरोप लगाया है कि सोने की तस्करी के मामले में हिरासत में रहने के दौरान उन्हें कई बार थप्पड़ मारे गए और खाना नहीं दिया गया। उनका दावा है कि हिरासत में रहने के दौरान उन्हें प्रताड़ित किया गया।
ईरान में हिजाब कानून लागू करने के लिए हो रहा ड्रोन और ऐप का इस्तेमाल
ईरान देश में हिजाब कानूनों को लागू करने के लिए ड्रोन और मोबाइल ऐप सहित उन्नत निगरानी तकनीक का तेजी से उपयोग कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि ईरान सख्त ड्रेस कोड का पालन करने में विफल रहने वाली महिलाओं को ट्रैक करने और दंडित करने के लिए डिजिटल उपकरणों का उपयोग कर रहा हैं।
यूक्रेनी सैनिकों का जान बख्श दें पुतिन- ट्रंप ने की अपील
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पुतिन ने अपील की है कि वो उन यूक्रेनी सैनिकों की जान बख्श दें, जिसे रूस ने कुर्स्क क्षेत्र में घेर रखा है। ट्रंप ने दावा किया कि यूक्रेनी सैनिक बहुत कमजोर स्थिति में हैं।
बाल-बाल बचे राकेश टिकैत, कार से टकराई नीलगाय
टिकैत के अनुसार, दुर्घटना उस समय हुई जब उनका वाहन यहां मीरापुर बाईपास रोड के पास था। एक नीलगाय अचानक सड़क पर आ गई और उनकी कार से टकरा गई।
पाकिस्तान ट्रेन हाईजैक: विद्रोहियों ने 214 बंधकों को मारा
बीएलए ने कहा कि पाकिस्तान ने अपनी जिद और सैन्य अहंकार दिखाते हुए न सिर्फ गंभीर बातचीत से परहेज किया, बल्कि जमीनी हकीकत से भी आंखें मूंद लीं। इस जिद के परिणामस्वरूप सभी 214 बंधकों को मार दिया गया है।
कौन हैं भारतीय छात्रा रंजनी श्रीनिवासन
कोलंबिया विश्वविद्यालय में भारतीय नागरिक और डॉक्टरेट की छात्रा रंजनी श्रीनिवासन ने एफ-1 छात्र वीजा पर अमेरिका में प्रवेश किया था। लेकिन आतंकी संगठन हमास का समर्थन करना उन्हें भारी पड़ा।
इंदौर में होली की ड्यूटी के दौरान निरीक्षक की मौत
मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में होली की ड्यूटी के दौरान निरीक्षक संजय पाठक की तबीयत बिगड़ने के बाद मृत्यु हो गई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पाठक के निधन पर शोक जताया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक कार्यालय में पदस्थ निरीक्षक संजय पाठक की होली पर बेटमा में ड्यूटी लगाई गई थी। वह अपने कार्य पर तैनात थे तभी उन्हें सीने में दर्द हुआ और उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। पाठक को हार्ट अटैक आया था और इसी के चलते उनकी मृत्यु हुई है।
मथुरा में स्क्रैप लुटेरों से मुठभेड़
उत्तर प्रदेश के मथुरा के थाना कोसी कलां क्षेत्र में पुलिस और एसओजी टीम की स्क्रैप लुटेरों से शुक्रवार रात मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में 4 बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जिनमें साकिर मेव, सलीम मेव, असलम और जाहुल शामिल हैं। पुलिस ने 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 50 लाख रुपए का स्क्रैप बरामद किया।
अयोध्या में सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत
अयोध्या जिले के हैदरगंज थाना क्षेत्र में पारारामपुर गांव के पास शुक्रवार शाम एक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार चारों लोग होली खेलकर दो मोटरसाइकिलों पर लौट रहे थे तभी उनकी टक्कर एक तेज रफ्तार एसयूवी कार से हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी (बीकापुर) पीयूष पाल ने बताया कि कार चालक ने मोटरसाइकिल सवारों को टक्कर मारने के बाद भागने की कोशिश की और इस दौरान कार मोटरसाइकिल सवारों को करीब सौ मीटर तक घसीटे हुए लेगई, जिससे सड़क पर घर्षण के कारण दोनों मोटरसाइकिलों में आग लग गई और वे बुरी तरह जल गईं। गुस्साए ग्रामीणों ने बाद में कार में आग लगा दी।
अमृतसर में मंदिर के बाहर विस्फोट
) शहर में एक मंदिर के बाहर हुए विस्फोट से इसकी दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और खिड़कियों के शीशे टूट गए। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इससे अमृतसर के खंडवाला क्षेत्र के निवासियों में दहशत फैल गई है। घटना की सीसीटीवी फुटेज में दो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर ठाकुर द्वार मंदिर की ओर आते हुए दिखाई देते हैं। कुछ सेकंड रुकने के बाद उनमें से एक व्यक्ति मंदिर की ओर कुछ विस्फोटक सामग्री फेंकता दिखता है और फिर वे मौके से भाग जाते हैं। अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मंदिर के पुजारी ने पुलिस को रात करीब दो बजे घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
केरल: पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्रावास से गांजा जब्त
केरल के कलामस्सेरी स्थित सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज के पुरुष छात्रावास में छापेमारी के दौरान दो किलोग्राम गांजा बरामद होने तथा तीन छात्रों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शनिवार को दो और लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी कॉलेज के पूर्व छात्र हैं जो कथित रूप से हॉस्टल में गांजा की आपूर्ति करते थे। पहले गिरफ्तार किए गए छात्रों के बयान के आधार पर इनकी संलिप्तता सामने आई।
चोटिल नेमार अर्जेंटीना के खिलाफ विश्व कप क्वालीफायर से बाहर
ब्राजील के स्टार स्ट्राइकर नेमार चोटिल होने के कारण इस महीने कोलंबिया और अर्जेंटीना के खिलाफ होने वाले विश्व कप फुटबॉल क्वालीफायर मैचों में नहीं खेल पाएंगे। ब्राजील फुटबॉल परिसंघ द्वारा जारी किए गए एक वीडियो में कोच डोरिवल जूनियर ने कहा कि नेमार, गोलकीपर एडर्सन और डिफेंडर डैनिलो विभिन्न कारणों से खेलने के लिए फिट नहीं हैं। जनवरी में अपने बचपन के क्लब सैंटोस से फिर से जुड़ने वाले 33 वर्षीय नेमार ने अपना पिछला मैच दो मार्च को खेला था लेकिन बायीं जांघ में दर्द के कारण उन्हें आधे मैच से हटना पड़ा था।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में होली के खेलने के दौरान बवाल
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में होली के खेलने के दौरान हुआ बवाल। गार्डों ने जमकर चलाए लाठी डंडे। होली पर डीजे चलाने को लेकर हुआ था विवाद। सुरक्षा में तैनात सुरक्षा गार्ड्स ने चलाए लाठी डंडे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल। बिसरख थाना क्षेत्र के आम्रपाली लेजर पार्क सोसायटी की घटना।
इराक और सीरिया में इस्लामिक स्टेट का प्रमुख मारा गया
इराक के प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी ने शुक्रवार को बताया कि इस्लामिक स्टेट के प्रमुख अब्दल्लाह माकी मोसलेह अल-रिफाई को इराक में एक अभियान के दौरान ढेर कर दिया गया। उसे ‘‘अबु खदीजा’’ के नाम से भी जाना जाता था। यह अभियान इराकी राष्ट्रीय खुफिया सेवा और अमेरिकी बलों ने संचालित किया। इराक के प्रधानमंत्री अल-सुदानी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक बयान में कहा, ‘‘इराक के लोग आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अपनी प्रभावशाली जीत जारी रखे हुए हैं।’’
अलग-अलग सड़क हादसों में 4 की मौत
मध्य प्रदेश के छतरपुर और बड़वानी जिलों में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक शिशु समेत चार लोगों की मौत हो गई। छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र के बसारी गांव के पास शुक्रवार तड़के एक कार के कंक्रीट से बने रोड-डिवाइडर से टकराने से एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। “कार में दो भाई और उनके परिवार सवार थे, वे ग्वालियर से आ रहे थे और बागेश्वर धाम जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 4.30 बजे कार चला रहे छोटे भाई विकास ने कार पर से नियंत्रण खो दिया और कार रोड डिवाइडर से टकरा गई।
कर्नाटक विधानसभा के उपाध्यक्ष लमानी सड़क दुर्घटना में घायल
कर्नाटक विधानसभा के उपाध्यक्ष रुद्रप्पा मनप्पा लमानी शुक्रवार शाम हिरियूर तालुक में एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘चोटें गंभीर नहीं हैं, चिंता की कोई बात नहीं है।’’ यह दुर्घटना जावनगोंडानाहल्ली के पास उस समय हुई, जब लमानी बेंगलुरू से हावेरी जिले में अपने गृहनगर जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, लमानी एक जगह किसी काम से अपनी कार से बाहर निकले थे, तभी एक दोपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गिर गए। दुर्घटना में लमानी के माथे और पैर में चोटें आईं।
भदोही में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पेड़ से टकराई
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के पेड़ से टकरा जाने के कारण उस पर सवार दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कोइरौना थाना क्षेत्र के अंतर्गत इटहरा गांव में शुक्रवार दोपहर ओमप्रकाश (32) अपने चचेरे भाई महेंद्र (26) के साथ होली खेलने ससुराल आया था। ससुराल से होली खेल कर वह अपने चचेरे भाई के साथ घर लौट रहा था।