
कर्नाटक सरकार ने SBI और PNB के साथ रोका लेनदेन; केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका
हिंदी न्यूज़ 14 अगस्त 2024 आज की ताजा खबर और मुख्य समाचार: केजरीवाल ने कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में सीबीआई द्वारा उनकी गिरफ्तारी को बरकरार रखने के दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। दिल्ली हाई कोर्ट ने पांच अगस्त को मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी को वैध ठहराया था। जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस उज्ज्ल भुइयां की पीठ आम आदमी पार्टी के संयोजक की दोनों याचिकाओं पर सुनवाई करेगी। सभी की नजरें इस ओर लगी हुई हैं कि क्या केजरीवाल को भी मनीष सिसोदिया की तर्ज पर जमानत मिल जाएगी। बीते कुछ दिनों में जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाएं बढ़ गई हैं। आतंकियों ने विशेष तौर पर जम्मू को निशाना बनाया है। इस बाबत रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने एक अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में अजीत डोभाल से लेकर आर्मी चीफ भी मौजूद हैं। एक आंकड़े के मुताबिक, इस साल 21 जुलाई तक आतंकवादियों ने 11 हिट-एंड-रन हमलों में सेना, सुरक्षाबलों और नागरिकों समेत 28 लोगों की हत्या कर दी। जम्मू-कश्मीर के डोडा में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान सेना का कैप्टन शहीद हो गया। सेना अधिकारी ने बताया कि डोडा जिले में चल रहे ऑपरेशन अस्सार के दौरान कार्रवाई में 48 राष्ट्रीय राइफल्स के भारतीय सेना के एक कैप्टन शहीद हो गया। सेना का ऑपरेशन अभी भी जारी है। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुई महिला डॉक्टर की हत्या के मामले में सीबीआई ने जांच की कमान संभाल ली है। दिल्ली से सीबीआई की टीम पश्चिम बंगाल के कोलकाता में न्यू टाउन राजारहाट में बीएसएफ-दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के अधिकारियों के संस्थान पहुंची है। आज की ताजा खबर लाइव, 14 अगस्त 2024 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 14 अगस्त को अमृत उद्यान महोत्सव का शुभारंभ करेंगी। 16 अगस्त से इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। गर्मियों के मौसम में दूसरी बार अमृत उद्यान आमजन के लिए खोला जाएगा। दिल्ली में 2025 में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में आम आदमी पार्टी ने चुनावों को लेकर अभी से कमर कसनी शुरू कर दी है। मनीष सिसोदिया दिल्ली और हरियाणा दोनों जगह प्रचार करेंगे, इसके साथ ही वह 14 तारीख से दिल्ली में पदयात्रा करेंगे। पाकिस्तान में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर झंडा बेचने वाली दुकान पर ग्रेनेड से हमला किया गया। जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
- राष्ट्रपति करेंगी अमृत उद्यान महोत्सव का शुभारंभ
- आज दिल्ली में पदयात्रा करेंगे मनीष सिसोदिया
- मंगलुरु में बुधवार को तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी