LIVE
ताजा खबर, 13 जनवरी 2026 हिंदी न्यूज : भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नितिन नबीन 19 जनवरी को भरेंगे नामांकन, 20 को घोषणा, ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है- बोले सेना प्रमुख
ताजा खबर , 13 जनवरी 2026 ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़ [ईरान विरोध प्रदर्शन], [ईरान में मौतें] [दिल्ली एनसीआर ठंड] के मुख्य समाचार Latest News in Hindi: ईरान के मौजूदा गंभीर हालात के मद्देनजर अमेरिका ने अपने नागरिको के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है, ईरान भर में विरोध प्रदर्शन बढ़ रहे हैं और हिंसक रूप ले सकते हैं, जिसके परिणामस्वरूप गिरफ्तारियां और चोटें हो सकती हैं। वहीं, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने सोमवार को कहा कि ईरान न केवल आपसी सम्मान के आधार पर अमेरिका के साथ बातचीत के लिए तैयार है, बल्कि युद्ध के लिए भी पूरी तरह से तैयार है। उधर, कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बताया कि ईरान में देशव्यापी प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या कम से कम 646 हो गई है और यह संख्या और बढ़ने की आशंका है। यह आंकड़ा अमेरिका स्थित मानवाधिकार कार्यकर्ता समाचार एजेंसी से आया है, जिसने कई वर्षों से चल रहे प्रदर्शनों के दौरान सटीक जानकारी दी है। इसके अलावा बात करें देश की तो पूरा उत्तर भारत ठंड की गिरफ्त में है। दिल्ली-एनसीआर में आज भी ठंड का असर दिख रहा है और तापमान न्यूनतम बना हुआ है। आज सुबह हल्के कोहरे के साथ भीषण शीतलहर जारी है। जानिए देश दुनिया की अहम खबरें-
- अमेरिका ने ईरान में अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की
- ईरीनी विदेश मंत्री बोले- हम बातचीत और युद्ध के लिए भी तैयार
- ईरान के साथ कारोबार करने वाले देशों पर 25 प्रतिशत टैरिफ
- ईरान में देशव्यापी प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या 646 पहुंची
- ठंड की गिरफ्त में दिल्ली-एनसीआर, उत्तर भारत में शीतलहर
JAN 13, 2026 18:36 IST
Kal Ka Mausam: उत्तर भारत में और बढ़ेगा ठंड का सितम, टेम्परेचर में भी आएगा बड़ा बदलाव
उत्तर भारत में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है और कई क्षेत्रों में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया है। धूप होने के बावजूद ठिठुरन का असर बना हुआ है और कई राज्यों में कोहरे और शीतलहर का असर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान में बदलाव और ठंडी हवाओं का दौर जारी रहेगा। वहीं, देश के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि या गिरावट के संकेत मिल रहे हैं।
JAN 13, 2026 17:49 IST
बिहार में सियासी दही-चूड़ा: विजय सिन्हा के न्योते पर पहुंचे तेज प्रताप यादव ने खाया तिलकुट
बिहार की राजनीति में लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। उनके एनडीए में शामिल होने की अटकलों ने फिर एक बार जो पकड़ लिया है। ऐसा इसलिए क्योंकि मंगलवार को तेज प्रताप यादव डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के न्योते पर आयोजित दही-चूड़ा के भोज में पहुंचे। जिसके बाद बिहार में फिर यह बात शुरू हो गई कि क्या तेज प्रताप जल्द ही एनडीए का हिस्सा बनेंगे।
JAN 13, 2026 16:34 IST
भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नितिन नबीन 19 जनवरी को भरेंगे नामांकन
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में एक अहम संगठनात्मक बदलाव होने वाला है, क्योंकि इसके राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन 19 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन फाइल करने वाले हैं। नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावक के तौर पर मौजूद रहने की उम्मीद है, जो पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच नबीन के नेतृत्व में मजबूत समर्थन और विश्वास को दिखाता है।
JAN 13, 2026 16:31 IST
JAN 13, 2026 16:27 IST
Bihar News: बिहार में बुजुर्गों को जमीन और फ्लैट की रजिस्ट्री के लिए नहीं जाना होगा कार्यालय
बिहार के बुजुर्गों, यानी 80 साल से अधिक उम्र के लोगों को अब फ्लैट या जमीन की रजिस्ट्री के लिए कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना होगा, बल्कि उनके घर पर ही सरकारी सेवाएं प्रदान की जाएंगी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इन व्यवस्थाओं को एक अप्रैल के प्रभाव से लागू करने का निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिया गया है।
JAN 13, 2026 16:26 IST
J&K Encounter: जम्मू-कश्मीर के कठुआ में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़
एक सर्च ऑपरेशन के दौरान जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों द्वारा सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू करने के बाद आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच नई मुठभेड़ शुरू हो गई। जम्मू और कश्मीर में सुरक्षा बलों ने कठुआ जिले के बिलावर इलाके में आतंकवादियों द्वारा पेट्रोलिंग टीम पर गोलीबारी करने के बाद एक आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया।
JAN 13, 2026 15:00 IST
विधायक ममकूटाथिल को तीन दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेजा गया
केरल के पथनमथिट्टा की एक अदालत ने कांग्रेस से निष्कासित विधायक राहुल ममकूटाथिल को यौन उत्पीड़न के एक मामले में मंगलवार को तीन दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया। तिरुवल्ला की न्यायिक प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट अदालत ने यौन उत्पीड़न मामलों की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) को विधायक की हिरासत सौंपी। ममकूटाथिल को अदालत से बाहर लाकर पुलिस वाहन में ले जाए जाने के समय मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारतीय जनता पार्टी की युवा इकाई के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए ममकूटाथिल पर अंडे फेंके। इससे पहले विधायक को अदालत लाए जाते समय जेल के बाहर और थिरुवल्ला के तालुक अस्पताल के बाहर माकपा और भाजपा की युवा इकाइयों ने उनके खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। थिरुवल्ला के तालुक अस्पताल में उनकी मेडिकल जांच की गई थी। ममकूटाथिल को रविवार को पलक्कड़ में यौन उत्पीड़न के तीसरे मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले उनके खिलाफ दर्ज पहले दो मामलों में केरल उच्च न्यायालय ने उन्हें गिरफ्तारी से संरक्षण दिया था।
JAN 13, 2026 14:56 IST
कुत्ते के काटने की घटनाओं के लिए राज्यों को भारी मुआवजा देने का निर्देश देंगे : SC
उच्चतम न्यायालय ने पिछले पांच वर्षों में आवारा पशुओं से संबंधित नियमों के क्रियान्वयन के लिए कोई कदम नहीं उठाए जाने पर चिंता व्यक्त की और मंगलवार को कहा कि वह कुत्ते के काटने की घटनाओं के लिए राज्यों को भारी मुआवजा देने का आदेश देगा। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति संदीप मेहता और न्यायमूर्ति एनवी अंजारिया की पीठ ने कहा कि कुत्ते के काटने की घटनाओं के लिए कुत्ता प्रेमियों और उन्हें खाना खिलाने वालों को भी जिम्मेदार और जवाबदेह ठहराया जाएगा। न्यायमूर्ति नाथ ने कहा, कुत्तों के काटने से बच्चों या बुजुर्गों की मृत्यु या चोट के हर मामले के लिए हम राज्य सरकारों से भारी मुआवजा देने की मांग करेंगे क्योंकि उन्होंने पिछले पांच वर्षों में नियमों के कार्यान्वयन के संबंध में कुछ नहीं किया है। साथ ही, इन आवारा कुत्तों को खाना खिलाने वालों की भी जिम्मेदारी और जवाबदेही तय की जाएगी। अगर आपको इन जानवरों से इतना प्यार है तो आप उन्हें अपने घर क्यों नहीं ले जाते? ये कुत्ते इधर-उधर क्यों घूमते हैं, लोगों को काटते हैं और डराते हैं?
JAN 13, 2026 14:42 IST
JAN 13, 2026 14:02 IST
नागपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा-शिवसेना की जीत पर कोई संदेह नहीं, विपक्ष के पास देने के लिए कुछ नहीं, बोले फडणवीस
Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा-शिवसेना गठबंधन नागपुर नगर निगम में सत्ता में आएगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन के पास शहर को देने के लिए कुछ नहीं है। नगर निगम चुनाव प्रचार के अंतिम दिन फडणवीस ने महल क्षेत्र में भारत माता चौक से छत्रपति शिवाजी महाराज चौक तक मोटरसाइकिल पर रोड शो का नेतृत्व किया।
जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, जनता की जबरदस्त प्रतिक्रिया को देखते हुए, मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में भाजपा-शिवसेना गठबंधन अपने पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नागपुर नगर निगम और मुंबई तथा महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों के नगर निकायों में भगवा झंडा फहराएगा।"
जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, जनता की जबरदस्त प्रतिक्रिया को देखते हुए, मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में भाजपा-शिवसेना गठबंधन अपने पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नागपुर नगर निगम और मुंबई तथा महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों के नगर निकायों में भगवा झंडा फहराएगा।"
JAN 13, 2026 13:42 IST
ईरान ने कुछ प्रतिबंधों में ढील दी
ईरान ने मंगलवार को अपने नागरिकों पर लगे कुछ प्रतिबंधों में ढील दी और कई दिनों बाद पहली बार उन्हें अपने मोबाइल फोन से विदेश में फोन करने की अनुमति दी। हालांकि, इंटरनेट पर लगे प्रतिबंधों में ढील नहीं दी गई और न ही मैसेजिंग सेवाओं को बहाल किया गया, क्योंकि सरकार के खिलाफ हिंसक प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या बढ़कर कम से कम 646 हो गई है। राजधानी में कई लोगों ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि हालांकि ईरानी नागरिक विदेश में फोन कर पा रहे थे, लेकिन देश के बाहर के लोग उन्हें फोन नहीं कर पा रहे थे। प्रतिशोध के डर से नाम न छापने की शर्त पर बात करने वाले गवाहों ने बताया कि एसएमएस मैसेजिंग अभी भी बंद है और ईरान के अंदर इंटरनेट उपयोगकर्ता विदेश में किसी भी चीज तक पहुंच नहीं पा रहे हैं, हालांकि सरकार द्वारा स्वीकृत वेबसाइटों से स्थानीय कनेक्शन उपलब्ध हैं।
JAN 13, 2026 13:17 IST
दिल्ली सरकार ने आतिशी से विधानसभा में की गईं टिप्पणियों पर जवाब मांगा, पोस्टर जारी किए
दिल्ली सरकार ने इस महीने की शुरुआत में कथित तौर पर विधानसभा की कार्यवाही के दौरान की गईं टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया मांगते हुए नेता प्रतिपक्ष आतिशी के खिलाफ मंगलवार को पोस्टर दिखाए, जिन पर लिखा है, आतिशी मर्लेना कहां हैं? दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह मुद्दा छह जनवरी को विधानसभा की कार्यवाही से संबंधित है, जब गुरु तेग बहादुर जी, भाई सति दास जी, भाई मति दास जी और भाई दयाला जी की शहादत के 350 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सदन में चर्चा की जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि चर्चा के दौरान आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और सदन की गरिमा को ठेस पहुंची। मिश्रा ने कहा कि आतिशी घटना के बाद से विधानसभा, मीडिया और सार्वजनिक रूप से अनुपस्थित रहीं जबकि विधानसभा अध्यक्ष ने उनसे बार बार सदन में आकर उनके रुख पर स्पष्टीकरण देने को कहा है।
JAN 13, 2026 12:49 IST
ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है- बोले सेना प्रमुख
सेना प्रमुख ने संवाददाता सम्मेलन में कहा- ऑपरेशन सिंदूर ने सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में भारत की तत्परता, रणनीतिक स्पष्टता को दर्शाया। उत्तरी सीमा पर हालात स्थिर बने हुए हैं, लेकिन सतत निगरानी जरूरी। सेना प्रमुख ने उत्तरी सीमा के संदर्भ में कहा कि विश्वास बहाली के उपाय हालात के क्रमिक सुधार में लगातार योगदान दे रहे हैं। सेना प्रमुख ने चीन से लगी सीमा पर हालात को लेकर कहा कि हमारी तैनाती संतुलित और सुदृढ़ है। ऑपरेशन सिंदूर को सटीक तरीके से अंजाम दिया गया, ये अभी जारी है।
JAN 13, 2026 12:43 IST
JAN 13, 2026 11:57 IST
Akasa Air की पुणे-बेंगलुरु उड़ान में आई तकनीकी खराबी
तकनीकी खराबी के चलते मंगलवार सुबह पुणे हवाई अड्डे पर अकासा एयर की बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट से यात्रियों को उतारा गया। फ्लाइट में सवार एक यात्री ने पीटीआई को बताया कि यात्री करीब डेढ़ घंटे तक बोइंग 737 मैक्स विमान में बैठे रहे, जिसके बाद उन्हें विमान से उतारा गया। फ्लाइट को पुणे से सुबह 8:50 बजे रवाना होना था और बोर्डिंग लगभग 8:10 बजे शुरू हो गई थी। यात्री ने बताया कि 13 जनवरी को पुणे से बेंगलुरु जाने वाली अकासा एयर की फ्लाइट (QP1312) पुणे हवाई अड्डे पर रुकी हुई है। यात्री विमान में सवार हो चुके थे और फ्लाइट उड़ान भरने के लिए तैयार हो रही थी, तभी आखिरी समय में विमान में कुछ तकनीकी खराबी की सूचना मिली। बाद में सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया।
JAN 13, 2026 11:19 IST
डिजिटल गिरफ्तारी मामले में केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की स्थिति रिपोर्ट
Digital Arrest Scam Case: डिजिटल गिरफ्तारी घोटाले का मामले में केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में एक स्थिति रिपोर्ट दाखिल की है। केंद्र ने अदालत को सूचित किया है कि गृह मंत्रालय ने देश भर में डिजिटल गिरफ्तारी के मुद्दे के सभी पहलुओं की व्यापक जांच के लिए एक उच्च स्तरीय अंतर-विभागीय समिति का गठन किया है। समिति की अध्यक्षता गृह मंत्रालय के विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा) कर रहे हैं, जो इसके अध्यक्ष भी हैं। समिति के सदस्य MeitY, DoT, MEA, वित्तीय सेवा विभाग, विधि एवं न्याय मंत्रालय, उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय, RBI के संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी, CBI, NIA, दिल्ली पुलिस के आईजी रैंक के अधिकारी और भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के सदस्य सचिव हैं।
JAN 13, 2026 10:39 IST
जर्मनी के चांसलर बेंगलुरु की यात्रा करेंगे
जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज भारत की अपनी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा के दूसरे दिन मंगलवार को बेंगलुरु में होंगे। आईटी शहर बेंगलुरु की अपनी यात्रा के दौरान मर्ज अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ अदुगोडी में जर्मन प्रौद्योगिकी कंपनी बॉश के भारतीय मुख्यालय का दौरा करने वाले हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इसके बाद वह प्रतिष्ठित भारतीय विज्ञान संस्थान के नैनो विज्ञान और इंजीनियरिंग केंद्र (सीईएनएसई) जाएंगे और फिर वापसी के लिए बेंगलुरु से विमान में सवार होंगे। जर्मनी के चांसलर के तौर पर मर्ज की यह एशिया की पहली यात्रा है। सोमवार को अहमदाबाद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मर्ज की बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने 19 समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें रक्षा औद्योगिक सहयोग के लिए एक रोडमैप और उच्च शिक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने से संबंधित एक अन्य समझौता शामिल है। दूरसंचार क्षेत्र में सहयोग को लेकर एक अलग समझौता भी किया गया।
JAN 13, 2026 10:29 IST
केरल में दुर्घटनावश गोली चलने से वकील की मौत
केरल के कोट्टायम जिले में एक स्कूटर के फिसलकर पलट जाने पर दुर्घटनावश गोली चलने से 56 वर्षीय वकील की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। घटना सोमवार रात करीब नौ बजे उझावूर के पास नीरुट्टी में हुई। मृतक की पहचान उझावूर के निवासी ओक्कट्टू जोबी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, ढलान पर उतरते समय जोबी के स्कूटर का नियंत्रण बिगड़ गया और वह पलट गया। पुलिस ने बताया कि गिरने के दौरान उसके पास मौजूद पिस्तौल से गोली चल गई, जो सिर में लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुराविलंगड पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि जोबी शिकार पर जाया करता था और शिकार करने में पिस्तौल का इस्तेमाल करता था।
JAN 13, 2026 09:34 IST
कपिल मिश्रा के खिलाफ FIR मामला, पंजाब पुलिस ने नोटिस का जवाब देने के लिए मांगे 10 दिन
दिल्ली विधानसभा द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) नेता आतिशी का कथित तौर पर छेड़छाड़ किया हुआ वीडियो प्रसारित करने के आरोप में दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के खिलाफ दर्ज एफआईआर के संबंध में तीन पंजाब पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। इन अधिकारियों ने जवाब दाखिल करने के लिए 10 दिन का समय मांगा है। दिल्ली विधानसभा के विशेषाधिकारों के उल्लंघन के आरोप में पंजाब के डीजीपी, विशेष डीजीपी (साइबर अपराध) और जालंधर पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी किए गए हैं।
तीन पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी
दिल्ली के स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने शनिवार को कहा कि तीन पंजाब पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी कर विधानसभा के वीडियो क्लिप को लेकर दिल्ली के कानून मंत्री मिश्रा के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। विधानसभा सचिवालय के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि तीनों अधिकारियों ने अब जवाब दाखिल करने के लिए 10 दिन का समय मांगा है। गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा की संपत्ति माने जाने वाले इस वीडियो क्लिप के इस्तेमाल और पंजाब पुलिस द्वारा इसके आधार पर एफआईआर दर्ज करने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला बताया था।
तीन पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी
दिल्ली के स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने शनिवार को कहा कि तीन पंजाब पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी कर विधानसभा के वीडियो क्लिप को लेकर दिल्ली के कानून मंत्री मिश्रा के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। विधानसभा सचिवालय के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि तीनों अधिकारियों ने अब जवाब दाखिल करने के लिए 10 दिन का समय मांगा है। गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा की संपत्ति माने जाने वाले इस वीडियो क्लिप के इस्तेमाल और पंजाब पुलिस द्वारा इसके आधार पर एफआईआर दर्ज करने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला बताया था।
JAN 13, 2026 09:29 IST
अमेरिका ने रूस पर लगाया यूक्रेन में युद्ध को लंबा खींचने का आरोप
अमेरिका ने रूस पर यूक्रेन में लगभग चार साल से जारी युद्ध को ऐसे वक्त में खतरनाक और अविवेकपूर्ण तरीके से लंबा खींचने का आरोप लगाया जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन शांति की दिशा में बातचीत को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की उप राजदूत टैमी ब्रूस ने नाटो सहयोगी पोलैंड के साथ यूक्रेन की सीमा के करीब पिछले सप्ताह रूस द्वारा परमाणु क्षमता वाली ओरेश्निक बैलिस्टिक मिसाइल के प्रक्षेपण का सोमवार को विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने सुरक्षा परिषद की आपात बैठक में कहा कि अमेरिका इस संघर्ष में अनगिनत लोगों की मौत पर खेद व्यक्त करता है और ऊर्जा एवं अन्य बुनियादी ढांचे पर रूस के बढ़ते हमलों की निंदा करता है।
