LIVEआज की ताजा खबर 12 जुलाई 2026 LIVE: गुरुग्राम में जुए के अड्डे का भंडाफोड़, 18 गिरफ्तार; हिमाचल के नूरपुर में बस के पलटने से 16 यात्री घाय
आज की ताजा खबर 12 जुलाई 2026 LIVE: अमेरिका ने शनिवार को ईरान के पर फिर से हवाई हमले किए। वियतनाम के मशहूर फू क्वोक द्वीप पर घूमने गए नाव से डूबने की वजह से 15 भारतीयों की मौत हो गई है। चीन में एक सप्ताह के भीतर दूसरा शक्तिशाली टाइफून दस्तक दे चुका है। टाइफून बावी (Typhoon Bavi) ने शनिवार शाम सबसे पहले झेजियांग प्रांत के तटीय शहर ताइझोउ (Taizhou) में लैंडफॉल किया। अमेरिकी हमलों के बीच ईरान के बुशहर में सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया गया। सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के अनुसार, प्रांत के विभिन्न हिस्सों में कम से कम 12 विस्फोटों की आवाज सुनी गई है। महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में समाज कल्याण विभाग के छात्रावास में खाना खाने के बाद 40 छात्र अचानक बीमार पड़ गए। बद्रीनाथ मंदिर दान चोरी मामले पर जानकारी देते हुए चमोली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुरजीत सिंह पंवार ने कहा "हम वर्तमान में बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रहे हैं।

आज की ताजा खबर 12 जुलाई 2026 LIVE: गुरुग्राम में जुए के अड्डे का भंडाफोड़, 18 गिरफ्तार; हिमाचल के नूरपुर में बस के पलटने से 16 यात्री घाय
आज की ताजा खबर 12 जुलाई 2026 LIVE: अमेरिका ने शनिवार को ईरान के पर फिर से हवाई हमले किए। अमेरिकी सेना के मुताबिक यह कार्रवाई स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज एम/वी जीएफएस गैलेक्सी पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के हमले के जवाब में की गई।
वियतनाम के मशहूर फू क्वोक द्वीप पर घूमने गए नाव से डूबने की वजह से 15 भारतीयों की मौत हो गई है। बता दें कि 32 भारतीय पर्यटकों समेत चालक दल के 4 सदस्यों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट समुद्र में अचानक पलट गई। नाव डूबने के बाद 21 लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
चीन में एक सप्ताह के भीतर दूसरा शक्तिशाली टाइफून दस्तक दे चुका है। टाइफून बावी (Typhoon Bavi) ने शनिवार शाम सबसे पहले झेजियांग प्रांत के तटीय शहर ताइझोउ (Taizhou) में लैंडफॉल किया। इसके बाद आधी रात के आसपास इसने वेंझोउ (Wenzhou) में दूसरी बार लैंडफॉल किया। तूफान की तीव्रता को देखते हुए प्रशासन ने इसके रास्ते में आने वाले इलाकों से करीब 20 लाख (2 मिलियन) लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
अमेरिकी हमलों के बीच ईरान के बुशहर में सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया गया। सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के अनुसार, प्रांत के विभिन्न हिस्सों में कम से कम 12 विस्फोटों की आवाज सुनी गई है। इनमें बंदरगाह शहर बंदर-ए-देर में पांच, असलूयेह में चार और बुशहर शहर में तीन विस्फोट शामिल हैं। इस बीच, ईरानी समाचार एजेंसी स्टूडेंट न्यूज नेटवर्क टीवी ने आईआरआईबी के एक रिपोर्टर के हवाले से बताया कि बुशहर के रिशेह इलाके में स्थित सैन्य बैरक पर हमला हुआ है और कंगन शहर में भी विस्फोटों की सूचना मिली है। रिपोर्टर ने बताया कि बंदर-ए-देर में भी एक सैन्य चौकी पर हमला हुआ है।
महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में समाज कल्याण विभाग के छात्रावास में खाना खाने के बाद 40 छात्र अचानक बीमार पड़ गए। सभी छात्रों को उल्टी, पेट दर्द और गैस्ट्राइटिस जैसी शिकायतें होने लगीं, जिसके बाद उन्हें तुरंत शाहदा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जिला प्रशासन के अनुसार, 25 छात्रों का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जबकि बाकी छात्रों की हालत सामान्य है।
बद्रीनाथ मंदिर दान चोरी मामले पर जानकारी देते हुए चमोली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुरजीत सिंह पंवार ने कहा "हम वर्तमान में बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रहे हैं। उपलब्ध प्रमुख गवाहों में से कुछ के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और हम बीकेटीसी की आधिकारिक आंतरिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। शेष गवाहों के बयान भी जल्द दर्ज किए जाएंगे। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया जारी है। सभी साक्ष्यों का गहन परीक्षण और संग्रहण पूरा होने के बाद, आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
गुरुग्राम में जुए के अड्डे का भंडाफोड़, फार्महाउस पर छापेमारी के बाद 18 लोग गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस ने भोंडसी इलाके में एक फार्महाउस पर छापेमारी कर कथित रूप से संचालित हो रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है और इस सिलसिले में 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मौके से कसीनो के 1,295 सिक्के, 260 ताश के पत्ते और जुए की तीन मेजें बरामद की गई हैं। इस संबंध में भोंडसी थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा की एक टीम ने भोंडसी इलाके के महेंदवाड़ा स्थित ’गोल्डन लीफ फार्म’ पर छापेमारी की और जुए का खेल आयोजित करने तथा उसमें भाग लेने के आरोप में 18 लोगों को पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान महेश उर्फ मेस्सी, मयंक, सुरेश कुमार, सौरभ, दर्शन चौधरी, अंकित अदलखा, सुनील, नरेंद्र, मुकुल, दिनेश सिंह, विनीत तनेजा, कैलाश, सौरभ चुघ, वैभव तायल, विशाल गांधी, विकास, बाल गोपाल और कृष्ण तनेजा के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। गुरुग्राम पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, "आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच से पता चला है कि महेश के खिलाफ पहले से मारपीट और आपराधिक धमकी से जुड़े दो मामले दर्ज हैं। वहीं, नरेंद्र के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत दो मामले और कैलाश के खिलाफ फरीदाबाद जिले में जुए से जुड़े दो पुराने मामले दर्ज हैं।"
केरल में पीएम मोदी को कथित जान से मारने की धमकी वाले सोशल मीडिया पोस्ट पर मामला दर्ज
केरल के मलप्पुरम जिले में सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक वीडियो साझा किए जाने के मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, वीडियो में प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के साथ-साथ उन्हें जान से मारने की कथित धमकी भी दी गई थी। मलप्पुरम साइबर पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 192 (दंगा भड़काने के इरादे से उकसाना) और धारा 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों का कहना है कि नियमित साइबर पेट्रोलिंग के दौरान यह वीडियो उनके संज्ञान में आया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि यही वीडियो फेसबुक, यूट्यूब और इंस्टाग्राम के कई अकाउंट्स से भी साझा किया गया था। शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित पोस्ट को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान परप्पनंगडी क्षेत्र के एक व्यक्ति की पहचान की गई है, जिसका इस पोस्ट से कथित संबंध होने की आशंका है। उससे पूछताछ की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वीडियो किसने तैयार किया और इसे किन-किन माध्यमों से प्रसारित किया गया।
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर से मारपीट के मामले में चार आरपीएफ जवान निलंबित
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर रविवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों और स्टेशन मास्टर के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में आरपीएफ के दो एएसआई सहित चार कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। जानकारी के मुताबिक, हीराकुंड एक्सप्रेस पूर्वाह्न लगभग 11 बजे कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी और वहां से रवाना होने के बाद थोड़ी दूर जाकर रुक गई, तभी आरपीएफ जवानों ने ’चेन पुलिंग’ के आरोप में एक महिला को पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, स्टेशन पर मौजूद स्टेशन मास्टर नरेंद्र चाहर ने आरपीएफ जवानों से कहा कि महिला ने चेन पुल्लिंग नहीं की है, लिहाजा उसे छोड़ दिया जाए और इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद आरपीएफ जवानों ने स्टेशन मास्टर की कथित तौर पर पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद रेलवे कर्मचारी संगठनों ने कड़ा विरोध जताया। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में एएसआई मेघराज मीणा, एएसआई बालकिशन, कांस्टेबल जितेंद्र और कांस्टेबल बदन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) शिवम शर्मा ने बताया, "आगरा में आरपीएफ और स्टेशन मास्टर के बीच हुई मारपीट के मामले में तीन सदस्यीय जांच समिती गठित कर दी गई है।" उन्होंने कहा, "जांच निष्पक्ष हो, इसके लिए आरपीएफ के आरोपी जवानों को निलंबित कर दिया गया है। जांच समिति को जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद रेलवे अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।"
हिमाचल के नूरपुर में बस के पलटने से 16 यात्री घायल
हिमाचल प्रदेश के नूरपुर में रविवार को एक निजी वोल्वो बस के पलट जाने से कम से कम 16 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना जम्मू-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग पर डमटाल में हुई जब जम्मू से देहरादून 57 यात्रियों को लेकर जा रही यह निजी बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पास की सर्विस लेन पर पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बचाया। उन्हें इलाज के लिए इंदौरा के सिविल अस्पताल भेजा गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना का कारण पता लगाने के लिए जांच जारी है।
शिमला के कार्ट मार्ग पर मलबा आ जाने से भीषण जाम, सिरमौर में भूस्खलन का खतरा
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रविवार सुबह कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय के पास ’कार्ट मार्ग’ पर मलबा आ जाने और एक पेड़ गिरने से कई घंटों तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही। कार्ट मार्ग को इस शहर की जीवनरेखा माना जाता है। घटना की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंचीं और मशीनों की मदद से सड़क से मलबा हटाने का काम शुरू किया। इस महत्वपूर्ण मार्ग के दोनों ओर वाहन फंस गए, जिसके कारण कुछ समय के लिए वाहनों को शिमला बाईपास से वैकल्पिक रास्तों से गुजारा गया। हालांकि, बारिश के कारण सड़कों पर फिसलन और रविवार की भीड़ की वजह से उन रास्तों पर भी भारी जाम लग गया।
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार शाम तक पिछले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के शिमला केंद्र ने राज्य में 18 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान सुंदरनगर और मुरारी देवी में गरज के साथ बारिश हुई। मंडी जिले के जोगिंदरनगर में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 60 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, इसके बाद मनाली में 45 मिलीमीटर, सराहन में 38.5 मिलीमीटर, रोहड़ू में 25 मिलीमीटर और शिमला में 19 मिलीमीटर बारिश हुई। दूसरी ओर, सिरमौर जिले के शिलाइन-झुरवाड़ी गांव के ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में सड़क निर्माण के दौरान विभाग ने जरूरी सुरक्षा दीवारें नहीं बनाईं, जिससे भूस्खलन का खतरा और बढ़ गया है। उप-प्रधान दीप राम शर्मा ने बताया कि यह सड़क 2016 में बनाई गई थी और सुरक्षा दीवारें बनाने के लिए निविदा भी जारी की गयी थी। इसके बावजूद, ठेकेदार ने समय पर दीवारों का निर्माण नहीं किया, जिससे अब गांव के पांच घरों पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि दीप राम, प्रेम दत्त, बस्ती राम, तुलसी राम और लायक राम के घर कभी भी ढह सकते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने इस बारे में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बार-बार सूचित किया, लेकिन विभाग ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की।
दिल्ली में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में दो बच्चों के डूबने की आशंका, तलाश अभियान जारी
बाहरी उत्तरी दिल्ली के मुखमेलपुर इलाके में रविवार शाम खेत में बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे में कथित तौर पर गिरने से दो बच्चों के डूबने की आशंका है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। डीएफएस के अनुसार, इस घटना की सूचना शाम 5.55 बजे मिली। सूचना में बताया गया कि खेत में बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे में दो बच्चों के डूब जाने की आशंका है। डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही बचाव दल की दो टीम मौके पर भेजी गईं और तलाश एवं बचाव अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि बच्चों की पहचान और उनकी स्थिति सहित अन्य विवरण की प्रतीक्षा है।
सोनभद्र में गहरी खाई से पति-पत्नी के शव बरामद
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के चोपन क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर स्थित मारकुंडी घाटी की गहरी खाई से रविवार को एक दंपति के क्षत-विक्षत शव बरामद किए गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि चोपन थाना क्षेत्र में आज सुबह कुछ स्थानीय लोगों ने एक पुरुष और एक महिला के शव मारकुंडी घाटी की गहरी खाई में देखकर पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। सूत्रों के मुताबिक, शवों की पहचान बिच्छी इलाके के रहने वाले राहुल यादव (26) और उसकी पत्नी चंदा (24) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि दोनों की मौत कई दिन पहले हुई। सूत्रों के अनुसार, मौके पर एक मोटरसाइकिल भी पाई गई है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि दंपति की मोटरसाइकिल बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गई होगी, जिससे दोनों की मौत हो गई।
पूर्वोत्तर दिल्ली की एक इमारत में लगी आग, कोई हताहत नहीं
पूर्वोत्तर दिल्ली के मजलिस पार्क इलाके में एक रिहायशी इमारत में आग लगने के बाद बड़े पैमाने पर आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान चलाया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, शनिवार रात हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने बताया कि शनिवार रात नौ बजकर 18 मिनट पर पीसीआर को आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद आदर्श नगर थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उसने बताया कि स्थिति पर काबू पाने और एहतियात के तौर पर आसपास के घरों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कम से कम 25 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान इमारत में रखा एक गैस सिलेंडर फट गया, जिसके बाद पुलिसकर्मियों को सुरक्षित दूरी पर हटना पड़ा। इसके बाद दमकल विभाग की टीमों ने आग बुझाने का अभियान संभाला। इस दौरान दो और धमाकों की आवाज सुनाई दी। पुलिस को संदेह है कि ये धमाके इमारत में लगे एयर कंडीशनरों की बाहरी इकाइयों के फटने से हुए। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की पांच गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।
मुंबई के ताज महल पैलेस होटल को बम से उड़ाने की धमकी
मुंबई के फेमस ताज महल पैलेस होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। रविवार दोपहर मिली इस सूचना के बाद होटल परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, देर रात करीब 12 बजे नवी मुंबई पुलिस को एक फोन कॉल प्राप्त हुआ, जिसमें ताज महल पैलेस होटल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही इसे तुरंत मुंबई पुलिस के साथ साझा किया गया। इसके बाद मुंबई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और होटल के पूरे परिसर की गहन जांच की। तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
फिलहाल पुलिस धमकी भरे कॉल की जांच में जुटी है। अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि कॉल किसने किया और इसके पीछे क्या मंशा थी। मामले में आगे की जांच जारी है। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले दिल्ली के लाल किला को भी इसी तरह की बम की धमकी मिली थी। उस मामले में मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल आने के बाद दिल्ली पुलिस को तुरंत सतर्क किया गया था। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे स्मारक की सघन जांच की, लेकिन जांच में धमकी झूठी साबित हुई। अब दोनों मामलों में पुलिस कॉल करने वालों की पहचान करने और धमकियों की वास्तविकता की जांच कर रही है।
बद्रीनाथ मंदिर दान चोरी मामले में SIT की जांच जारी
बद्रीनाथ मंदिर दान चोरी मामले पर जानकारी देते हुए चमोली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुरजीत सिंह पंवार ने कहा "हम वर्तमान में बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रहे हैं। उपलब्ध प्रमुख गवाहों में से कुछ के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और हम बीकेटीसी की आधिकारिक आंतरिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। शेष गवाहों के बयान भी जल्द दर्ज किए जाएंगे। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया जारी है। सभी साक्ष्यों का गहन परीक्षण और संग्रहण पूरा होने के बाद, आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
सोलापुर के सांगोला में FDA की बड़ी कार्रवाई
महाराष्ट्र में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चल रहे प्रदेशव्यापी अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सोलापुर जिले के सांगोला में एक बहुत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने एक दूध संग्रह केंद्र पर छापा मारकर करीब 15 लाख रुपये मूल्य का 37 हजार 532 लीटर मिलावटी दूध जब्त किया और उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया। यह घिनौना कारोबार एक नामी उद्योग समूह को दूध सप्लाई करने की आड़ में चलाया जा रहा था।
FDA को पिछले कुछ समय से सांगोला के बुरांगेवाड़ी इलाके में चल रहे 'अजिंक्यराना दूध संग्रह केंद्र' को लेकर संदिग्ध इनपुट मिल रहे थे। यह केंद्र 'सोनाई उद्योग समूह' को दूध की आपूर्ति करता था। शनिवार (11 जुलाई) की देर शाम एफडीए के अधिकारियों ने इस केंद्र पर अचानक छापेमारी की। टीम ने मौके से दूध के नमूने (Samples) लिए, जिनकी जांच में बड़े पैमाने पर मिलावट की पुष्टि हुई। इसके बाद अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हजारों लीटर दूषित दूध को बहाकर नष्ट कर दिया।
शिवसेना (UBT) के पूर्व सांसद विनायक राउत और उनके परिवार पर केस दर्ज
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद विनायक राउत की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। ठाणे के कपूरबावड़ी पुलिस स्टेशन में पूर्व सांसद विनायक राउत, उनके बेटे व कॉर्पोरेटर गीतेश राउत और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। यह शिकायत किसी और ने नहीं, बल्कि विनायक राउत की अपनी बहू गिरिजा राउत ने दर्ज कराई है।
पारिवारिक विवाद के इस मामले ने उस समय बेहद संवेदनशील मोड़ ले लिया जब इसमें जादू-टोना और तंत्र-मंत्र की बातें सामने आईं। बहू गिरिजा राउत की शिकायत के आधार पर पुलिस ने महाराष्ट्र के सख्त 'अंधश्रद्धा निर्मूलन अधिनियम' (Anti-Superstition and Black Magic Act) के तहत मामला दर्ज किया है।
महाराष्ट्र के नंदुरबार में हॉस्टल का खाना खाने से 40 छात्र बीमार, 25 अस्पताल में भर्ती
महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में समाज कल्याण विभाग के छात्रावास में खाना खाने के बाद 40 छात्र अचानक बीमार पड़ गए। सभी छात्रों को उल्टी, पेट दर्द और गैस्ट्राइटिस जैसी शिकायतें होने लगीं, जिसके बाद उन्हें तुरंत शाहदा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जिला प्रशासन के अनुसार, 25 छात्रों का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जबकि बाकी छात्रों की हालत सामान्य है।
नंदुरबार की जिला कलेक्टर मिथाली सेठी ने शाहदा अस्पताल पहुंचकर छात्रों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि 25 भर्ती छात्रों में से 20 शाहदा ग्रामीण अस्पताल में हैं, जबकि 5 बच्चों को ऑक्सीजन और ब्लड प्रेशर संबंधी समस्या के कारण आईसीयू (ICO) में भर्ती कराया गया है। हालांकि फिलहाल सभी 25 छात्रों की हालत स्थिर है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। अधिकांश बच्चों को 24 घंटे ऑब्जर्वेशन में रखने के बाद छुट्टी दे दी जाएगी।
बुशहर में सैन्य ठिकाने पर हमला
अमेरिकी हमलों के बीच ईरान के बुशहर में सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया गया। सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के अनुसार, प्रांत के विभिन्न हिस्सों में कम से कम 12 विस्फोटों की आवाज सुनी गई है। इनमें बंदरगाह शहर बंदर-ए-देर में पांच, असलूयेह में चार और बुशहर शहर में तीन विस्फोट शामिल हैं। इस बीच, ईरानी समाचार एजेंसी स्टूडेंट न्यूज नेटवर्क टीवी ने आईआरआईबी के एक रिपोर्टर के हवाले से बताया कि बुशहर के रिशेह इलाके में स्थित सैन्य बैरक पर हमला हुआ है और कंगन शहर में भी विस्फोटों की सूचना मिली है। रिपोर्टर ने बताया कि बंदर-ए-देर में भी एक सैन्य चौकी पर हमला हुआ है।
एक हफ्ते में दूसरी बड़ी तबाही, चीन में टाइफून 'बावी' ने मचाई तबाही; 20 लाख के करीब लोगों को सुरक्षित निकाला
चीन में एक सप्ताह के भीतर दूसरा शक्तिशाली टाइफून दस्तक दे चुका है। टाइफून बावी (Typhoon Bavi) ने शनिवार शाम सबसे पहले झेजियांग प्रांत के तटीय शहर ताइझोउ (Taizhou) में लैंडफॉल किया। इसके बाद आधी रात के आसपास इसने वेंझोउ (Wenzhou) में दूसरी बार लैंडफॉल किया। तूफान की तीव्रता को देखते हुए प्रशासन ने इसके रास्ते में आने वाले इलाकों से करीब 20 लाख (2 मिलियन) लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
करीब 1,000 किलोमीटर चौड़ा यह टाइफून आकार में लगभग फ्रांस जितना बड़ा बताया जा रहा है। चीन पहुंचने से पहले यह जापान के कई दूरदराज के द्वीपों को प्रभावित कर चुका था। इसके बाद ताइवान के उत्तरी हिस्से के पास से गुजरते हुए यहां भी भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने तेज हवाओं, मूसलाधार बारिश और बाढ़ का खतरा जताया है, जबकि कई इलाकों में परिवहन सेवाएं और जनजीवन प्रभावित हुआ है।
इस बीच, टाइफून बावी का असर फिलीपींस में भी देखने को मिला। तूफान के कारण हुए भूस्खलन (लैंडस्लाइड) में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। चीन में भी प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
अमेरिका ने ईरान पर फिर किया हमला
अमेरिका ने शनिवार को ईरान के पर फिर से हवाई हमले किए। अमेरिकी सेना के मुताबिक यह कार्रवाई स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज एम/वी जीएफएस गैलेक्सी पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के हमले के जवाब में की गई।
वियतनाम नाव हादसे में 15 भारतीयों की मौत
वियतनाम के मशहूर फू क्वोक द्वीप पर घूमने गए नाव से डूबने की वजह से 15 भारतीयों की मौत हो गई है। बता दें कि 32 भारतीय पर्यटकों समेत चालक दल के 4 सदस्यों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट समुद्र में अचानक पलट गई। नाव डूबने के बाद 21 लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।