LIVE

11 सितंबर 2024: शिमला मस्जिद विवाद- प्रदर्शनकारियों ने अवरोधक तोड़े, पुलिस से हुई झड़प

अमित कुमार मंडलUpdated Sep 11, 2024, 21:54 IST

11 सितंबर  2024: शिमला मस्जिद विवाद- प्रदर्शनकारियों ने अवरोधक तोड़े, पुलिस से हुई झड़प
11 सितंबर 2024: शिमला मस्जिद विवाद- प्रदर्शनकारियों ने अवरोधक तोड़े, पुलिस से हुई झड़प

11 सितंबर 2024 हिंदी समाचार Updates:

  • हरियाणा चुनाव के लिए आप ने 11 उम्मीदवारों की अपनी तीसरी सूची जारी की
  • फारूक अब्दुल्ला के खिलाफ ईडी ने श्रीनगर की अदालत में याचिका दायर की
  • खरगे ने एआईसीसी पर्यवेक्षकों की बैठक में कांग्रेस की चुनाव तैयारियों की समीक्षा की
  • जैसलमेर के पोकरण में बाबा रामदेव मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी
  • पाकिस्तान ने जम्मू सीमा पर गोलीबारी करके संघर्ष विराम तोड़ा
  • शिमला मस्जिद विवाद : प्रदर्शनकारियों ने अवरोधक तोड़े, पुलिस से हुई झड़प

SEPT 11, 2024 18:04 IST

मनीष सिसोदिया ने कहा- हरियाणा की जनता चाहती है बदलाव

​दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री और AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, "...मुझे बहुत खुशी है कि यहां जनता ने जोर-शोर से उनका (अनुराग ढंडा) सम्मान करते हुए नामांकन कराया है। हरियाणा की जनता भाजपा से मुक्ति चाहती है। 10 साल के शासन से जनता दुखी है और लोग बस भाजपा को चुनाव में हटाने का इंतजार कर रहे हैं। हरियाणा के अगल-बगल जो AAP की सरकार चल रही है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली पर काम हो रहा है वही हरियाणा की जनता भी चाहती है कि यही बदलाव अब हरियाणा में भी हो।"
SEPT 11, 2024 18:02 IST

जूनियर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य भवन के पास किया विरोध प्रदर्शन

SEPT 11, 2024 18:02 IST

चंपई सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में क्या कुछ कहा?

SEPT 11, 2024 18:01 IST

'बांग्लादेशी नागरिक को भारत में अवैध रूप से घुसने से रोका गया'

असम पुलिस ने एक और बांग्लादेशी नागरिक को भारत में अवैध रूप से दाखिल होने से मंगलवार देर रात रोक दिया। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को यह जानकारी दी। इस महीने असम पुलिस अब तक कुल 18 बांग्लादेशी घुसपैठियों की देश की सीमा में अवैध रूप से दाखिल होने की कोशिश को नाकाम कर चुकी है। शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “असम पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए एक और कार्रवाई की। इसके तहत एक बांग्लादेशी नागरिक, टोयू शेख को देर रात 1.45 बजे भारत में घुसने से रोका गया और वापस बांग्लादेश की तरफ खदेड़ दिया गया।” उन्होंने लिखा, “सीमा पर हमारे बल हाई अलर्ट पर हैं और हम भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की किसी भी कोशिश को नाकाम करेंगे। टीम ने अच्छा काम किया!” शर्मा द्वारा ‘एक्स’ पर पहले साझा किए गए एक पोस्ट में कहा गया था कि चार सितंबर से भारत में अवैध घुसपैठ की कई कोशिशें की गई हैं, जिस दौरान असम में सुरक्षाबलों ने 17 बांग्लादेशी नागरिकों को सीमा पार करने से रोका और वापस बांग्लादेश की तरफ खदेड़ा। मुख्यमंत्री ने पहले दावा किया था कि पड़ोसी देश में राजनीतिक उथल-पुथल शुरू होने के बाद से अगस्त के अंत तक लगभग 50 बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान की गई और उन्हें वापस भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि अप्रवासी कपड़ा उद्योग में काम करने के लिए दक्षिणी शहरों तक पहुंचने के वास्ते असम का इस्तेमाल कर रहे थे। बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बाद सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने उत्तर-पूर्व में 1,885 किलोमीटर लंबी भारत-बांग्लादेश सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है।
SEPT 11, 2024 18:00 IST

पालघर में महिला से बलात्कार के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पालघर जिले में 30 वर्षीय एक महिला को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके साथ कथित तौर पर बलात्कार करने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अचोले पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि आरोपियों में से एक ने महिला को नौकरी दिलाने के बहाने दो सितंबर को नाला सोपारा इलाके में अपने घर बुलाया और उसके साथ बलात्कार किया। उन्होंने बताया कि इसके बाद उसने महिला को इलाके के दो अन्य लोगों के घर भेज दिया, जहां उन्होंने भी महिला के साथ बलात्कार किया। तीनों आरोपियों की उम्र 26 से 35 वर्ष के बीच है। उन्होंने महिला को धमकी दी कि अगर उसने इस घटना के संबंध में किसी को बताया तो वे फिर से ऐसा ही करेंगे। अधिकारी ने बताया कि महिला ने रविवार को पुलिस से संपर्क किया जिसके बाद सोमवार को तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (बलात्कार), 70(1) (सामूहिक बलात्कार) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
SEPT 11, 2024 17:58 IST

केंद्रीय मंत्री बोले- राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अमेरिका में की गई टिप्पणियों की आलोचना करते हुए बुधवार को कहा कि यह ‘‘बेहद’’ शर्मनाक है कि विपक्ष के नेता विदेशी धरती पर भारत को बदनाम कर रहे हैं और उन्हें इसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के एक सोचे-समझे एजेंडे के तहत ये टिप्पणियां की जा रही हैं। गोयल ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘क्या कोई भी सही दिमाग वाला व्यक्ति (श्री गांधी के) निंदनीय बयानों को उचित ठहरा सकता है या उनका समर्थन कर सकता है? कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा विदेशी धरती पर जिस तरह से भारत को बदनाम किया जा रहा है, वह बेहद शर्मनाक है।’’ वह अमेरिका में गांधी की टिप्पणियों के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे। वाणिज्य मंत्री ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि राहुल गांधी जानबूझकर ऐसे बयान दे रहे हैं क्योंकि कांग्रेस राजग सरकार के तीसरे कार्यकाल को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशना साधना चाहती है...वे इतने हताश हैं कि अपनी हताशा में वे राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी और देश के बीच अंतर नहीं कर पाते।’’ उन्होंने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस नेता राष्ट्रविरोधी लोगों और आतंकवाद से जुड़े व्यक्तियों से मिलते हैं और पूरे समुदायों पर आरोप लगाते हैं, वह ‘‘शर्मनाक’’ है। गोयल ने कहा, ‘‘राहुल गांधी को भारत के हर उस नागरिक से माफी मांगनी चाहिए, जिसे ठेस पहुंची है।’’
SEPT 11, 2024 15:16 IST

यूपी में भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए ‘रेड’ और ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी करते हुए अगले 48 घंटों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। मथुरा और आगरा को ‘रेड अलर्ट’ के तहत रखा गया है, जिसके तहत संभावित प्राकृतिक आपदाओं के लिए उच्चतम स्तर की तैयारियां करने के लिए कहा जाता है। इसके अलावा, राज्य के एक दर्जन से अधिक अन्य जिलों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है। मथुरा और आगरा के लिए रेड अलर्ट बुधवार सुबह से बृहस्पतिवार सुबह तक वैध है। इसके अलावा, फर्रुखाबाद, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और शाहजहांपुर को भी बृहस्पतिवार और शुक्रवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त जी.एस. नवीन कुमार ने कहा, “प्रभावित जिलों में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने और यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।”
SEPT 11, 2024 15:14 IST

केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 25 सितंबर तक बढ़ी

दिल्ली की अदालत ने आबकारी घोटाला मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 25 सितंबर तक बढ़ाई। कोर्ट ने ‘आप’ नेता दुर्गेश पाठक को आबकारी घोटाले में जमानत दी।
SEPT 11, 2024 14:44 IST

हमारा सपना है, दुनिया के हर उपकरण में लगे भारत में बनी चिप : मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेमीकंडक्टर के घरेलू विनिर्माण में निवेश को बढ़ावा देने का बुधवार को आह्वान करते हुए कहा कि आपूर्ति श्रृंखलाओं की मजबूती अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है।
मोदी ने कहा कि सेमीकंडक्टर स्मार्टफोन से लेकर इलेक्ट्रिक वाहन और कृत्रिम मेधा (एआई) तक हर चीज का आधार है। राष्ट्रीय राजधानी के बाहरी इलाके में सेमीकॉन-2024 सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोविड-19 वैश्विव महामारी की वजह से आपूर्ति श्रृंखला का महत्व सबके सामने आया है। साथ ही उन्होंने ऐसे किसी भी व्यवधान को रोकने के लिए कदम उठाने की जरूरत को रेखांकित किया।
SEPT 11, 2024 14:30 IST

जलवायु परिवर्तन से निपटने का मुद्दा अहम : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए ऊर्जा के नए क्षेत्रों जैसे हरित हाइड्रोजन पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए बुधवार को कहा कि यह भविष्य का मामला नहीं है बल्कि अब इस दिशा में कार्रवाई की आवश्यकता है। ‘ग्रीन हाइड्रोजन इंडिया 2024’ पर दूसरे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को एक वीडियो संदेश के माध्यम से संबोधित करते हुए, मोदी ने कहा, दुनिया एक महत्वपूर्ण बदलाव से गुजर रही है। जलवायु परिवर्तन केवल भविष्य का मामला नहीं है बल्कि इसका प्रभाव अभी से महसूस किया जा सकता है। जलवायु परिवर्तन के प्रभाव से बचने के लिए प्रयास करने का समय यही और अभी है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा परिवर्तन और स्थिरता वैश्विक नीतिगत चर्चा का केंद्र बन गए हैं। प्रधानमंत्री ने स्वच्छ और हरित धरती बनाने की दिशा में राष्ट्र की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए कहा कि भारत हरित ऊर्जा पर अपने पेरिस संकल्पों को पूरा करने वाले पहले जी20 देशों में से एक है।
SEPT 11, 2024 14:15 IST

राजनाथ ने उठाए राहुल के बयानों पर सवाल, बताया शर्मनाक

Rajnath Singh on Rahul Gandhi: अमेरिका में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। वह सिलसिलेवार भारतीय जनता पार्टी, पीएम मोदी और आरएसएस पर हमला बोल रहे हैं। इधर, देश में उनके बयानों पर सियासी हलचल मची हुई है। सिखों को धार्मिक आजादी पर सवाल और भारत-चीन विवाद पर राहुल के बयानों को लेकर रक्षा मंत्री व भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी को निशाने पर लिया है। राजनाथ ने राहुल के बयानों को भ्रामक, निराधार और तथ्यहीन करार दिया है। राजनाथ ने एक्स पर पोस्ट में राहुल के रवैये पर सवाल उठाए। राजनाथ ने एक लंबा पोस्ट लिखकर राहुल के बयानों को सवालों में खड़ा किया है। राजनाथ ने लिखा- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी अपने विदेश दौरे के दौरान जिस तरह की भ्रामक, निराधार और तथ्यहीन बातें कर रहे हैं, वह बेहद शर्मनाक और भारत की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली हैं। उन्होंने कहा है कि भारत में सिख समाज को गुरद्वारों में पगड़ी पहनने की इजाजत नहीं है, उन्हें उनके पंथ के अनुरूप व्यवहार करने से रोका जा रहा है। यह बात एकदम बेबुनियाद और सच्चाई से कोसों दूर है।
SEPT 11, 2024 13:57 IST

कालिंदी ट्रेन मामले में दो दर्जन से ज्यादा लोग हिरासत में

कानपुर पुलिस ने दो दिन पूर्व कालिंदी एक्सप्रेस को पटरी से उतारने की संदिग्ध कोशिश के सिलसिले में पूछताछ के लिए दो दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। सतर्क लोको पायलट की मदद से सोमवार को एक बड़ा ट्रेन हादसा टल गया, क्योंकि यहां भिवानी-प्रयागराज कालिंदी एक्सप्रेस को पटरी पर रखे एलपीजी सिलेंडर से टकराने के बाद रोक दिया गया। घटनास्थल पर पेट्रोल की एक बोतल और माचिस की डिब्बियां भी मिलीं, जो गड़बड़ की ओर इशारा कर रही थीं। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि सोमवार की रात दो स्थानीय हिस्ट्रीशीटर अपराधियों समेत लगभग आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया था। पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। मंगलवार को पुलिस ने एक परिवार के तीन सदस्यों समेत दो दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया। जिन लोगों से पूछताछ की जा रही है उनमें मुख्य रूप से आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोग शामिल हैं।
SEPT 11, 2024 13:49 IST

शिमला मस्जिद विवाद : प्रदर्शनकारियों ने अवरोधक तोड़े, पुलिस से हुई झड़प

शिमला के संजौली इलाके में एक मस्जिद में अवैध निर्माण ढहाने की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के अवरोधक तोड़ दिए जिसके बाद बुधवार को सुरक्षाबलों ने उन पर लाठीचार्ज किया। जय श्री राम और हिंदू एकता जिंदाबाद के नारे लगाते हुए सैकड़ों प्रदर्शनकारी सब्जी मंडी ढल्ली में एकत्र हुए और अपना विरोध दर्ज कराने के लिए संजौली की ओर कूच करने लगे और उन्होंने ढल्ली सुरंग के समीप लगाए अवरोधक तोड़ दिए। हिंदू समूहों के आह्वान पर एकत्रित हुए प्रदर्शनकारियों ने मस्जिद के समीप दूसरा अवरोधक भी तोड़ दिया जिसके बाद पुलिस को उन्हें खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज और पानी की बौछारों का इस्तेमाल करना पड़ा। संजौली इलाके की मस्जिद में अवैध निर्माण को लेकर बढ़ते तनाव और विवादित ढांचा गिराने की मांग को लेकर हिंदू संगठनों के बंद के आह्वान के बीच संजौली और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
SEPT 11, 2024 13:00 IST

झारखंड: रांची में बांध के पास चार शव बरामद

झारखंड की राजधानी रांची के बाहरी इलाके में एक बांध के निकट लगभग 25 से 30 वर्ष की आयु के चार लोगों के शव बरामद हुए हैं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। शव मंगलवार रात करीब 11 बजे रांची सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रुक्का बांध के पास बरामद हुए। पुलिस को आशंका है कि बांध पर मछली पकड़ने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चारों की मौत हुई होगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतकों के परिजन ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव बरामद किए। सदर पुलिस थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि मौत के असल कारण का पता लगाने के लिए शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। लेकिन, प्रथम दृष्टया, ऐसा प्रतीत होता है कि उनकी मौत आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हुई होगी।
SEPT 11, 2024 12:59 IST

भाजपा में दोबारा जाने का इच्छुक कभी नहीं था: एकनाथ खडसे

महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में वापसी की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि वह कभी भी पार्टी में वापस शामिल होने के इच्छुक नहीं थे। खडसे ने साथ ही दावा किया कि यदि वह इस बारे में सोचें भी तो राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडण्वीस इसमें बाधा डाल सकते हैं। शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के नेता खडसे के भाजपा में दोबारा शामिल होने की अटकलें तब तेज हो गईं थीं जब पार्टी ने उनकी बहू रक्षा खडसे को लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया और उनके जीतने के बाद उन्हें केंद्रीय राज्य मंत्री का पद भी दिया। एकनाथ खडसे द्वारा इस वर्ष की शुरुआत में भाजपा में दोबारा शामिल होने की इच्छा व्यक्त करने के बावजूद पार्टी की ओर से अभी तक उनकी पुनः वापसी की कोई घोषणा नहीं की गई है।
SEPT 11, 2024 12:02 IST

आंध्र प्रदेश में ‘मिनी' ट्रक पलटने से सात लोगों की मौत

आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में बुधवार को एक ‘मिनी’ ट्रक के पलट जाने से उसमें सवार सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह हादसा पूर्वी गोदावरी जिले के देवरापल्ली मंडल के चिन्नईगुडेम के चिलका पकाला इलाके में हुआ। पूर्वी गोदावरी जिले के पुलिस अधीक्षक नरसिम्हा किशोर ने पत्रकारों को बताया, ‘‘सात लोगों की मौत हो गई, एक व्यक्ति बच गया और उसकी हालत ठीक है। वह बात करने की स्थिति में है।’’ काजू से लदा ‘मिनी’ ट्रक टी नरसापुरम मंडल के बोर्रामपलेम से निदादावोलु मंडल के ताडीमल्ला जा रहा था, तभी चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रक पलट गया।
SEPT 11, 2024 11:54 IST

राहुल गांधी आरक्षण के बारे में भ्रामक बयान दे रहे हैं : मायावती

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी आरक्षण के बारे में भ्रामक बयान दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राहुल की कांग्रेस पार्टी ने ही केंद्र में अपने 10 साल के शासन के दौरान पदोन्नति में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति आरक्षण विधेयक को पारित नहीं होने दिया। बसपा नेता ने 'एक्स' पर कहा, ‘‘कांग्रेस नेता श्री राहुल गांधी की अब यह सफाई कि वे आरक्षण के विरुद्ध नहीं हैं, स्पष्टतः गुमराह करने वाली गलतबयानी है। केंद्र में भाजपा से पहले इनकी 10 साल रही सरकार में उन्होंने समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर एससी/एसटी का पदोन्नति में आरक्षण विधेयक पारित नहीं होने दिया।’’
SEPT 11, 2024 11:53 IST

बेवफा प्रेमिका ने धोके से प्रेमी को घर बुलाया और फिर पति और देवर संग मिलकर की हत्या

प्रेमिका ने प्रेमी को घर बुलाया। वो पहुंचा तो उसने अपने पति और देवर के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी। साथ ही शव को बोरे में बांधकर रुड़की के पास गंग नहर में फेंक दिया। यहां पढ़ें पूरी खबर
SEPT 11, 2024 11:52 IST

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा श्रीजेश को पत्र

हॉकी को अलविदा कह चुके महान गोलकीपर पी आर श्रीजेश ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिला पत्र सोशल मीडिया पर साझा किया है जिसमें प्रधानमंत्री ने खेल में उनके योगदान की सराहना करते हुए विश्वास जताया है कि वह नये राष्ट्रीय जूनियर कोच के रूप में भी उतने ही प्रभावी होंगे ।
SEPT 11, 2024 11:36 IST

मणिपुर में छात्रों और पुलिस के बीच झड़प के बाद स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में

मणिपुर में एक दिन पहले राजभवन की ओर कूच करने का प्रयास कर रहे छात्रों और सुरक्षाबलों के बीच झड़प होने के बाद बुधवार को यहां स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में रही। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मणिपुर की राजधानी में मंगलवार दोपहर को लगाया गया कर्फ्यू आज सुबह भी जारी रहा, जबकि अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया गया है और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिसकर्मी इंफाल में लगातार गश्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा, स्थिति तनावपूर्ण, लेकिन नियंत्रण में है। राज्य में मंगलवार को राजभवन की ओर कूच करने के दौरान छात्रों और सुरक्षाबलों के बीच झड़प हो गई थी। मणिपुर सरकार ने मंगलवार शाम एक संशोधित आदेश जारी करके कहा कि छात्रों के उग्र आंदोलन के मद्देनजर इंटरनेट सेवा राज्य के केवल पांच जिलों में निलंबित रहेगी।