LIVE

11 मई 2024 : जेल से बाहर आने के बाद अरविंद केजरीवाल ने किया प्रेस कांफ्रेंस; राहुल गांधी का दावा- चार जून के बाद प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे मोदी

Shashank Shekhar MishraUpdated May 11, 2024, 22:26 IST
Follow on Google News
LIVE आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 11 मई 2024

11 मई 2024 : जेल से बाहर आने के बाद अरविंद केजरीवाल ने किया प्रेस कांफ्रेंस; राहुल गांधी का दावा- चार जून के बाद प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे मोदी

हिंदी न्यूज़ 11 मई 2024 और बड़ी खबरें: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जेल से बाहर आते ही एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को तिहाड़ से रिहा होने के बाद शनिवार को उन्होंने पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। केजरीवाल ने भाजपा और मोदी सरकार पर जमकर प्रहार किया। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की आंधी हर जगह है और नरेन्द्र मोदी चार जून के बाद प्रधानमंत्री नहीं होंगे। उन्होंने बहन प्रियंका गांधी वाद्रा द्वारा महाराष्ट्र के नंदूरबार में एक रैली में उमड़ी भीड़ के सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो को साझा करते हुए यह बात कही। राहुल गांधी ने लिखा, “महाराष्ट्र हो या उत्तर प्रदेश, हरियाणा हो या बिहार, हर तरफ ‘इंडिया’ की आंधी चल रही है। मैं फिर कहता हूं - चार जून के बाद नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं रहने वाले।” प्रियंका गांधी की पोस्ट में कांग्रेस की रैली में जुटी भारी भीड़ नजर आ रही है। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों के अपडेट्स सबसे पहले...

KKR vs MILive Score Today Match

GSEB Gujarat Board SSC 10th Result 2024 | Gujarat Board 10th Result

MAY 11, 2024 22:08 IST

विपक्षियों के पाप गंगा मैया में भी नहीं धुल सकेंगे: सीएम धामी

उत्तराखंड के मुख्‍यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता पुष्‍कर सिंह धामी ने शनिवार को विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षियों के पाप गंगा मैया में भी नही धुल सकेंगे। पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जिले के बदलापुर में संसदीय क्षेत्र जौनपुर से भाजपा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह के पक्ष में आयोजित युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 'सपा, कांग्रेस और बसपा को यह पता है कि इनकी लोकसभा चुनाव में हार निश्चित है।' उन्‍होंने कहा 'ये लोग (विपक्ष) चुनाव अपने परिवार को बचाने, पापों, भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए लड़ रहे हैं, पर विपक्षियों के पाप गंगा मैया में भी नही धुल सकेंगे।' भाजपा राज्य मुख्यालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार अपने संबोधन में धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, 'हाल ही में आए एक जनसंख्या आकलन में 1950 से अब तक देश में बहुसंख्यक हिंदू आबादी की घटती संख्या को दर्शाया गया है। अब तक कुल 14 प्रतिशत आबादी घटी है।' धामी ने कहा 'पर इसके साथ ही एक आबादी बढ़ गई है। हर एक भारतवासी का ये प्रश्न है कि ऐसा क्यों हुआ।' उन्होंने कहा कि 'इसका कारण देश में सबसे अधिक 60 सालों तक सत्ता में रहने वाली कांग्रेस पार्टी के शासन के कारण हुआ है। एक ही पार्टी और परिवार के कारण देश में हिंदुओं की आबादी घटती रही क्योंकि इन्होंने हमेशा सनातन को नीचा दिखाया है।'
MAY 11, 2024 21:06 IST

चार जून के बाद प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे मोदी: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की आंधी हर जगह है और नरेन्द्र मोदी चार जून के बाद प्रधानमंत्री नहीं होंगे। उन्होंने बहन प्रियंका गांधी वाद्रा द्वारा महाराष्ट्र के नंदूरबार में एक रैली में उमड़ी भीड़ के सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो को साझा करते हुए यह बात कही। राहुल गांधी ने लिखा, “महाराष्ट्र हो या उत्तर प्रदेश, हरियाणा हो या बिहार, हर तरफ ‘इंडिया’ की आंधी चल रही है। मैं फिर कहता हूं - चार जून के बाद नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं रहने वाले।” प्रियंका गांधी की पोस्ट में कांग्रेस की रैली में जुटी भारी भीड़ नजर आ रही है। उन्होंने लिखा, “नंदूरबार, महाराष्ट्र की जनता के इस जोश से भरे स्वागत के लिए हृदय से आभार। महाराष्ट्र का संदेश स्पष्ट है- ‘इंडिया’ की सरकार बनने जा रही है।” नंदूरबार लंबे समय तक कांग्रेस का गढ़ रहा, लेकिन पहली बार पार्टी 2014 में यहां से हार गई। भाजपा की हीना गावित ने कांग्रेस के नौ बार के सांसद माणिकराव गावित को हराया, जो 1981 से इस सीट पर काबिज थे। इस बार हीना गावित के मुख्य प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार गोवाल पाडवी हैं। मार्च में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इसी इलाके से गुजरी थी।
MAY 11, 2024 19:19 IST

विधान परिषद का चुनाव भाजपा और जद(एस) मिलकर लड़ेंगे: येदियुरप्पा

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बी.एस. येदियुरप्पा ने शनिवार को कहा कि आगामी विधान परिषद का चुनाव उनकी पार्टी और जनता दल (सेक्युलर) मिलकर लड़ेंगे। विधान परिषद का चुनाव तीन जून को होना है। उन्होंने कहा कि कई महिलाओं का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने को लेकर हासन के सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ दर्ज मामले से भाजपा-जद(एस) गठबंधन पर असर नहीं पड़ेगा। प्रज्वल (33) हासन लोकसभा सीट से फिर से राजग उम्मीदवार हैं जहां मतदान 26 अप्रैल को हुआ था। कई वीडियो में उन्हें कथित तौर पर कई महिलाओं का यौन उत्पीड़न करते हुए दिखाया गया है। इन वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद से प्रज्वल फरार हैं। येदियुरप्पा ने कहा, 'जद(एस) के साथ हमारा (भाजपा) गठबंधन प्रभावित नहीं होगा। उसका (प्रज्वल मामले का) गठबंधन से कोई संबंध नहीं है। मुझे विश्वास है कि गठबंधन जारी रहेगा।' तीन स्नातक और तीन शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए तीन जून को होने वाले विधान परिषद चुनाव के बारे में येदियुरप्पा ने कहा कि भाजपा और जद (एस) इसे मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने कहा, 'हमारे बीच चर्चा हुई कि वे (जद(एस)) दो सीट पर और भाजपा चार सीट पर चुनाव लड़ेगी।' उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करेंगे। प्रज्वल मुद्दे पर येदियुरप्पा ने कहा कि भाजपा अपनी उस मांग पर कायम है कि यह मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपा जाना चाहिए। इस मामले की जांच फिलहाल कर्नाटक की कांग्रेस सरकार द्वारा गठित एक विशेष जांच दल द्वारा की जा रही है।
MAY 11, 2024 19:18 IST

आईपीएस अधिकारी नोंगरांग मेघालय की पहली महिला पुलिस प्रमुख बनीं

भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की वरिष्ठ अधिकारी इदाशिशा नोंगरांग मेघालय की पहली महिला पुलिस प्रमुख होंगी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वह एल.आर. बिश्नोई की जगह लेंगी जो 19 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। गृह विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा की अध्यक्षता में मेघालय सुरक्षा आयोग ने पुलिस प्रमुख पद के लिए पिछले महीने यूपीएससी द्वारा अनुमोदित तीन अधिकारियों में से नोंगरांग का चयन किया। यूपीएससी ने जिन दो अन्य अधिकारियों के नाम की सिफारिश की थी, वे आरपी मीणा और दीपक कुमार थे। इससे पहले दो अधिकारी जीपी सिंह (1991 बैच) और हरमीत सिंह (1992 बैच) ने शीर्ष पद को अस्वीकार कर दिया था। संगमा ने कहा, “नयी पुलिस महानिदेशक के रूप में नियुक्ति पर आईपीएस श्रीमती इदाशिशा नोंगरांग को हार्दिक बधाई। बाधाओं को तोड़कर और इतिहास रचते हुए, वह इस पद पर आसीन होने वाली हमारे राज्य की पहली आदिवासी महिला बनी हैं। यह हम सभी के लिए बेहद गर्व का क्षण है। उन्हें शुभकामनाएं।”
MAY 11, 2024 19:17 IST

जम्मू-कश्मीर: रियासी में सेना के जवान की ससुर ने गोली मारकर हत्या की

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में शनिवार को एक सैनिक की उसके ससुर ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि केम्बल डांगा गांव में ‘विलेज डिफेंस गार्ड’ (वीडीजी) के सदस्य दौलत राम ने अपने दामाद एवं सेना के जवान अमित सिंह पर कथित तौर पर गोली चलाई, जिससे उनकी मौत हो गई। इसने कहा कि पनासा गांव निवासी दौलत राम छुट्टी पर आए अपने दामाद अमित से मिलने पहुंचा था। पुलिस ने बताया कि जब दौलत राम को पता चला कि सिंह ने लंबे समय से चले आ रहे वैवाहिक विवाद को लेकर अपनी पत्नी की पिटाई की है तो उसने गुस्से में आकर गोली चला दी, जिससे सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलीबारी की घटना की जानकारी मिलने पर एक पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और सिंह तथा उनकी पत्नी को अस्पताल पहुंचाया। सिंह की पत्नी भी पिटाई के कारण घायल हुई हैं। पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक उपचार के बाद सिंह को सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन जम्मू ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया। इसने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
MAY 11, 2024 19:17 IST

पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री डार अगले सप्ताह चीन की यात्रा करेंगे

पाकिस्तान के नवनियुक्त उपप्रधानमंत्री इशाक डार 13 मई को चीन की तीन-दिवसीय सरकारी यात्रा पर जायेंगे। इस यात्रा के दौरान वह शीर्ष चीनी नेताओं के साथ भेंटवार्ता करेंगे तथा अरबों डॉलर की चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) परियोजना के उन्नयन समेत द्विपक्षीय संबंधों की समग्र समीक्षा करेंगे। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा कि इस मंत्रालय के भी प्रभारी डार अपने चीनी समकक्ष वांग यी के साथ पांचवीं पाकिस्तान-चीन विदेश मंत्री रणनीतिक वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगे। बयान में कहा गया है, 'दोनों ही पक्ष आर्थिक एवं व्यापारिक सहयोग, उच्च-स्तरीय यात्राओं, चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा एवं भावी कनेक्टिविटी पहलों समेत पाकिस्तान-चीन द्विपक्षीय संबंधों की समग्र समीक्षा करेंगे।' पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के ग्वादर बंदरगाह को चीन के झिनजियांग प्रांत को जोड़ने वाले सीपीईसी का भारत विरोध करता है, क्योंकि यह पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से गुजरता है। डार की चीन यात्रा ऐसे समय हो रही है जब ऐसी खबरें हैं कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ आगामी सप्ताह में चीन की यात्रा कर सकते हैं।
MAY 11, 2024 19:16 IST

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 65.68 प्रतिशत मतदान: निर्वाचन आयोग

लोकसभा चुनाव के अद्यतन आंकड़े के अनुसार, तीसरे चरण में 65.68 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग ने शनिवार को यह जानकारी दी। निर्वाचन आयोग ने तीसरे चरण के मतदान के एक दिन बाद आठ मई को भी मतदान प्रतिशत का यही आंकड़ा बताया था। आयोग ने शनिवार को जारी एक बयान में बताया कि 66.89 प्रतिशत पुरुषों, 64.4 प्रतिशत महिलाओं और 25.2 प्रतिशत पंजीकृत ट्रासजेंडर ने मतदान किया। तीसरे चरण में 8.85 करोड़ पुरुषों और 8.39 करोड़ महिलाओं सहित 17.24 करोड़ नागरिक मतदान करने के योग्य थे। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 93 निर्वाचन क्षेत्र में मंगलवार को मतदान हुआ था। इस दौरान हिंसा की छिटपुट घटनाएं हुई थीं। इससे पहले, 2019 के संसदीय चुनावों के तीसरे चरण में मतदान प्रतिशत 68.4 था।
MAY 11, 2024 19:16 IST

वाईएसआरसीपी, तेदेपा, जनसेना आंध्र प्रदेश में भाजपा की ‘बी' टीम : राहुल गांधी

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी और राज्य के अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि भाजपा का मतलब बाबू (तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू), जगन और पवन (जनसेना के संस्थापक पवन कल्याण) हैं। कडप्पा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि तीनों नेताओं का ‘रिमोट कंट्रोल’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पास है। पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस. राजशेखर रेड्डी का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पूरे आंध्र प्रदेश में राजशेखर रेड्डी की पदयात्रा उनकी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए प्रेरणा थी। गांधी ने तीनों दलों पर निशाना साधते हुए कहा, “आज आंध्र प्रदेश को भारतीय जनता पार्टी की ‘बी’ टीम चला रही है। भाजपा की ‘बी’ टीम का मतलब है-बी से बाबू, जे से जगन और पी से पवन। इन तीनों लोगों का ‘रिमोट कंट्रोल’ नरेन्द्र मोदी के पास है।” उन्होंने कहा कि ये नेता मोदी के नियंत्रण में हैं क्योंकि उनके पास ईडी, सीबीआई और अन्य एजेंसियां हैं। गांधी ने कहा कि राजशेखर रेड्डी उनके पिता राजीव गांधी के भाई की तरह थे और दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत संबंध भी थे।
MAY 11, 2024 13:52 IST

कांग्रेस 50 लोकसभा सीट भी नहीं जीत पाएगी: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को दावा किया कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 50 सीट भी नहीं जीत पाएगी और चुनाव के बाद उसे विपक्षी दल का दर्जा भी नहीं मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने ओडिशा में कंधमाल लोकसभा सीट के फुलबनी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में 'डबल इंजन' सरकार बनेगी और ओडिशा में भाजपा सरकार की मुख्यमंत्री वहीं बेटी या बेटा बनेगा जो उड़िया भाषा, संस्कृति को समझता हो।
MAY 11, 2024 13:51 IST

मंदिर दर्शन के बाद केजरीवाल ने की प्रेस कांफ्रेंस

दिल्ली आबाकारी मामले में शुक्रवार को तिहाड़ जेल से रिहा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को मीडिया को संबोधित किया। यहां पढ़ें पूरी खबर
MAY 11, 2024 13:49 IST

दाहोद लोकसभा सीट के पार्थमपुर बूथ पर पुनर्मतदान जारी, 11 बजे तक 26 प्रतिशत से अधिक मतदान

गुजरात में दाहोद लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के तहत पार्थमपुर बूथ पर शनिवार को पुनर्मतदान जारी है। निर्वाचन आयोग ने एक व्यक्ति द्वारा मतदान प्रक्रिया की ‘लाइव-स्ट्रीमिंग’ किए जाने पर सात मई को हुए मतदान को रद्द घोषित कर दिया था। निर्वाचन आयोग के एक बयान में कहा कि सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच बूथ पर मतदान शुरू हुआ और पूर्वाह्न 11 बजे तक 26.72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया तथा इस समय तक बूथ के कुल 1,224 मतदाताओं में से 327 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
MAY 11, 2024 13:48 IST

जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकवादियों के दो सहयोगी गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकवादियों के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि शोपियां के बाबा मोहल्ले के निवासी सुहैब इकबाल मलिक और तुफैल यूसुफ मलिक को मलिक चक क्रॉसिंग पर बनायी गई एक चौकी से गिरफ्तार किया गया।
MAY 11, 2024 12:39 IST

यूपी के दो बड़े क्षत्रीय नेता जल्द दिखेंगे भाजपा के मंच पर

उत्तर प्रदेश में तीन चरण के चुनाव के बाद भाजपा अब अपने सियासी रणनिति में कुछ बदलाव करने जा रही है। इनमें एक तरफ जहां चुनावी मुद्दों में कुछ बदलाव होगा तो वही दूसरी तरफ अलग-अलग इलाकों के बड़े चेहरों को भी या तो पार्टी में शामिल कराया जाएगा। इस लिस्ट में सबसे ऊपर राजा भैया और धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला रेड्डी का नाम शामिल है। यहां पढ़ें पूरी खबर
MAY 11, 2024 11:53 IST

पश्चिम बंगाल में ट्रक ने मारी कई वाहनों को टक्कर, पांच की मौत

पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में शनिवार को एक ट्रक ने स्टेट हाईवे पर कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।पुरुलिया के एसपी अविजीत बनर्जी के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए कंक्रीट ले जा रहे ट्रक ने पहले एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
MAY 11, 2024 11:51 IST

दिल्ली के प्राचीन हनुमान मंदिर में अरविंद केजरीवाल ने की पूजा

MAY 11, 2024 11:46 IST

‘इंडिया' गठबंधन के दल भ्रष्टाचार में लिप्त : नड्डा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने शुक्रवार को विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन पर निशाना साधते हुए उसे ‘‘धोखेबाजों का जमावड़ा’’ करार दिया और लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील की। हरियाणा के पंचकूला में एक रोड शो के दौरान नड्डा ने विपक्षी दलों पर वंशवाद की राजनीति को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया।
MAY 11, 2024 11:45 IST

सेनाध्यक्ष ने पूर्वी लद्दाख में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की

सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे ने शुक्रवार को पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर समग्र सुरक्षा स्थिति की व्यापक समीक्षा की। इस इलाके में भारतीय सेना और चीन की जनवादी मुक्ति सेना (पीएलए) के बीच गत चार साल से सैन्य गतिरोध की स्थिति है। सेनाध्यक्ष को लेह में ‘फायर एंड फ्यूरी कोर’ के मुख्यालय में बल की युद्ध तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
MAY 11, 2024 11:44 IST

प्रख्यात पंजाबी कवि, लेखक सुरजीत पातर का निधन

प्रख्यात पंजाबी कवि एवं लेखक सुरजीत सिंह पातर का शनिवार सुबह उनके आवास में निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे। पातर के परिजन ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पातर नींद से जागे ही नहीं। प्रख्यात कवि पातर को 2012 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। वह पंजाब कला परिषद के अध्यक्ष भी थे।
MAY 11, 2024 11:44 IST

सांबा में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ ने पाकिस्तानी ड्रोन पर की गोलीबारी

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक पाकिस्तानी ड्रोन पर शुक्रवार रात गोलीबारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि बीएसएफ के जवानों ने देर रात पाकिस्तान की ओर से ड्रोन की आवाजाही देखी और लगभग 24 गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि ड्रोन वापस पाकिस्तान की सीमा में चला गया।
MAY 11, 2024 11:43 IST

उड़ान में अभद्र बर्ताव को लेकर यात्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

एअर इंडिया एक्सप्रेस के चालक दल की शिकायत के बाद दुबई और मंगलुरु के बीच उड़ान के दौरान अभद्र व्यवहार करने को लेकर एक यात्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उड़ान के सुरक्षा समन्वयक सिद्धार्थदास ने बाजपे पुलिस थाने में मोहम्मद बी सी के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी।