LIVEआज की ताजा खबर 11 जुलाई 2026 LIVE: रेवाड़ी गैस ब्लास्ट: बेटी के बाद पिता की भी मौत, मसूरी में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली महिलाl; वियतनाम नाव हादसे में 15 भारतीयों की मौत
आज की ताजा खबर 11 जुलाई 2026 LIVE:मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा को लेकर बीजेपी में घमासान मच गई है। पूर्व संभागीय संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाए जाने के विरोध में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थक उग्र हो गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को न्यूजीलैंड के अपने समकक्ष क्रिस्टोफर लक्सन के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की।

आज की ताजा खबर 11 जुलाई 2026 LIVE: रेवाड़ी गैस ब्लास्ट: बेटी के बाद पिता की भी मौत, मसूरी में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली महिलाl; वियतनाम नाव हादसे में 15 भारतीयों की मौत
आज की ताजा खबर 11 जुलाई 2026 LIVE: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा के साथ ही बीजेपी के भीतर असंतोष का ऐसा ज्वालामुखी फटा है, जिसने भोपाल से लेकर दिल्ली तक के नेतृत्व को हिलाकर रख दिया है। पूर्व संभागीय संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाए जाने के विरोध में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थक उग्र हो गए हैं। दतिया शहर में कई जगह दुकानें बंद कर दी गई हैं, वहीं आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मुख्य हाईवे को पूरी तरह जाम कर टायर फूंकते हुए जमकर नारेबाजी की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को न्यूजीलैंड के अपने समकक्ष क्रिस्टोफर लक्सन के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। इस मौके पर पीएम ने कहा कि 'मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि 40 वर्षों के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने न्यूजीलैंड की यात्रा की है। आपने अपने आर्थिक केंद्र ऑकलैंड में इस कार्यक्रम का आयोजन करके भारत और न्यूजीलैंड के संबंधों को नई ऊर्जा देने का अवसर प्रदान किया है।
महाराष्ट्र की राजनीति में शिवसेना (UBT) से जुड़े घटनाक्रम को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है। हाल ही में शिवसेना (UBT) छोड़कर एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हुए छह सांसदों ने बगावत से पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से दिल्ली में मुलाकात की थी। इस बैठक की तस्वीर अब सामने आई है, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।
जानकारी के मुताबिक, यह मुलाकात 17 जून को दिल्ली में हुई थी। इस दौरान शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री प्रताप सरनाईक भी मौजूद थे। हालांकि, इस बैठक के एजेंडे को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
इसके बाद घटनाक्रम तेजी से बदला। 19 जून, यानी शिवसेना के स्थापना दिवस पर, उद्धव ठाकरे गुट के ये छह सांसद आधिकारिक तौर पर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए। ऐसे में 17 जून की यह मुलाकात अब राजनीतिक रूप से काफी अहम मानी जा रही है।
ओडिशा में सेप्टिक टैंक में काम करते समय दम घुटने से दो मजदूरों की मौत
ओडिशा के भुवनेश्वर में शनिवार को एक सेप्टिक टैंक में काम करते समय दो मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना आज दोपहर बाद बादागड़ा पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बीजेबी नगर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन इमारत में हुई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मृतकों की पहचान ओडिशा के मयूरभंज जिले के धुमा टुडू (40) और पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के प्रबीर दास (56) के रूप में हुई है। सहायक अग्निशमन अधिकारी मनोरंजन राउत ने बताया कि सेप्टिक टैंक में ऑक्सीजन की कमी के कारण दोनों व्यक्ति बेहोश हो गए थे। उन्होंने कहा, ’’उन्हें तुरंत कैपिटल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।’’
रेवाड़ी गैस ब्लास्ट: बेटी के बाद पिता की भी मौत, पूरे इलाके में मातम
हरियाणा के रेवाड़ी जिले के हंस नगर में हुए भीषण विस्फोट मामले में एक और दुखद खबर सामने आई है। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे पिता ने भी इलाज के दौरान दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। इससे पहले उनकी बेटी की भी मौत हो चुकी थी। यह हादसा 5 जुलाई को घर में हुए विस्फोट के कारण हुआ था। विस्फोट इतना तेज था कि परिवार के सदस्यों के अलावा एक पड़ोसी समेत कुल पांच लोग झुलस गए थे। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि मृतक की बेटी की शादी इसी वर्ष नवंबर में तय थी, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। परिजनों ने घटना के लिए IGL कंपनी की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पिता और बेटी की मौत की खबर के बाद मृतक के गांव और हंस नगर इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मसूरी में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली महिला का पति दिल्ली से गिरफ्तार
उत्तराखंड के देहरादून जिले में मसूरी-धनौल्टी मार्ग स्थित एक ’होमस्टे’ में पिछले महीने संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली महिला के पति को पुलिस ने नयी दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोमयाजुला चरण को मसूरी न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय से गैर-जमानती वारंट हासिल करने के बाद पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके से गिरफ्तार किया गया। घटना 15 जून को मसूरी क्षेत्र के ’कियाना होमस्टे’ में हुई थी। पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान पारुपुडी राधा गायत्री (27) के रूप में हुई थी और वह दिल्ली के किदवई नगर निवासी अपने पति के साथ ’होमस्टे’ में ठहरी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद मृतका के परिजनों ने उसके पति पर संदेह जताते हुए मसूरी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी की संलिप्तता सामने आने के बाद उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट प्राप्त किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मसूरी न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अकासा एयर ने फ्लाइट्स पर दिया अपडेट
अकासा एयर के प्रवक्ता ने कहा कि, "नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ने वाली उड़ानें 1 अक्टूबर, 2026 से फिर से शुरू होंगी।"
उत्तराखंड के नारायणबगड़ में अस्पताल की दीवार गिरी, मलबे में दबकर चिकित्सक की मौत
उत्तराखंड में चमोली जिले के थराली क्षेत्र में शनिवार को भारी बारिश के कारण एक सरकारी अस्पताल के परिसर की दीवार ढहने से उसके नीचे दबकर एक चिकित्सक की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, हादसा दोपहर को नारायणबगड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के परिसर में तब हुआ जब स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी के रूप में तैनात डॉ. नवीन डिमरी (45) इस साल 28 जून को भूस्खलन और बाढ़ से हुए नुकसान की मरम्मत के लिए किए जा रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण कर रहे थे और इसी दौरान अचानक दीवार क्षतिग्रस्त होकर ढह गयी । डॉ. डिमरी दीवार की चपेट में आकर उसके मलबे में दब गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें मलबे से बाहर निकाला और स्वास्थ्य केंद्र ले गए। बाद में बेहतर उपचार के लिए उन्हें कर्णप्रयाग के उपचिकित्सालय रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया । डॉ. डिमरी चमोली जिले में गोपेश्वर क्षेत्र के देवलधार गांव के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को उन्होंने ओपीडी में मरीजों का उपचार भी किया था, लेकिन दोपहर को वह निर्माण कार्य का निरीक्षण करने चले गए।
हिमाचल के युवक ने मां के साथ की बदसलूकी, बीच-बचाव करने पर बहन पर आरी से हमला कर किया घायल
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के दुलैहड़ गांव में एक युवक ने अपनी मां के साथ गाली-गलौज का विरोध करने पर अपनी बहन पर आरी से कथित तौर पर हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। जब शोर-शराबा सुनकर आरोपी के अन्य दो रिश्तेदार बीच-बचाव करने आए, तो उसने उनके साथ भी मारपीट की। पुलिस में दर्ज कराई गई अपनी शिकायत में 22 वर्षीय पीड़ित युवती ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब सात बजे जब वह घर में ब्रश कर रही थी, तभी उसका भाई किसी बात को लेकर अपनी मां के साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौज करने लगा। पुलिस के अनुसार, "जब बहन ने अपने भाई को समझाने और मां के साथ बदसलूकी न करने की बात कही, तो आरोपी आगबबूला हो गया। इस दौरान हुई बहस के बाद उसने अचानक वहां रखी आरी उठा ली और अपनी बहन पर हमला कर दिया।" अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में युवती के कान के पास गंभीर चोट आई है। उसकी चीख-पुकार सुनकर उनके परिवार की एक बुजुर्ग महिला मौके पर पहुंची और बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। इस बीच-बचाव के दौरान परिवार के एक अन्य सदस्य को भी चोटें आईं।
पुलिस ने बताया कि शोर सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने घायल युवती को तुरंत दुलैहड़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत स्वेच्छा से चोट पहुंचाने, गलत तरीके से रोकने और शांति भंग करने का मामला दर्ज कर लिया गया है।
वियतनाम नाव हादसे पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने जताया शोक
वियतनाम में नाव हादसे में तेलुगु राज्यों के कुछ पर्यटकों की मौत की खबर सामने आने के बाद तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना पर शोक जताते हुए अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। तेलंगाना मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, फु क्वोक द्वीप (Phu Quoc Island) के पास हुए इस हादसे में भारतीय नागरिकों के मारे जाने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी जुटाने को कहा। साथ ही उन्होंने मुख्य सचिव को विदेश मंत्रालय और वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं सहायता कार्यों में तेजी लाने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने वियतनाम में नाव दुर्घटना पर जताया दुख
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने वियतनाम में नाव दुर्घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि राज्य के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे वियतनाम हादसे में प्रभावित तमिलों को हरसंभव मदद पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वय करें। मुख्यमंत्री विजय ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे वियतनाम में जान गंवाने वाले तमिलों के शवों को तमिलनाडु लाने के लिए दूतावास के साथ मिल कर काम करें।
प्रधानमंत्री मोदी ने वियतनाम में हुई नाव दुर्घटना पर दुख जताया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वियतनाम में हुई एक नाव दुर्घटना में भारतीय नागरिकों की मौत पर शनिवार को गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि भारतीय दूतावास तथा अन्य भारतीय मिशन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। वियतनाम मीडिया की खबरों के अनुसार शनिवार को हुए इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई। मोदी ने ’एक्स’ पर कहा, ’’वियतनाम में फू क्वोक के निकट भारतीय नागरिकों को ले जा रही नाव के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से बहुत दुख हुआ।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय दूतावास और भारतीय वाणिज्य दूतावास हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ’’हमारे अधिकारी भी वियतनाम के अधिकारियों के साथ करीबी संपर्क में हैं।’’ अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह दुर्घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।
वियतनाम में नाव पलटने की घटना: आंध्र प्रदेश के दो लोगों की मौत, तीन अन्य अस्पताल में भर्ती
वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास एक पर्यटक नाव पलटने से आंध्र प्रदेश के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि राज्य के तीन अन्य लोग घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आंध्र प्रदेश सरकार से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि 32 भारतीय पर्यटकों और चालक दल के चार सदस्यों को लेकर जा रही पर्यटक स्पीडबोट, एन थोई बंदरगाह लौटते समय फु क्वोक द्वीप के पास पलट गई।
इस दुर्घटना में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। बचाए गए लोगों में 17 यात्री और चालक दल के चार सदस्य शामिल हैं। घटना के बाद दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और नाव में सवार सभी 36 लोगों का पता लगा लिया गया है।
देहरादून शहर में भारी बारिश से जलभराव हुआ
पलामू में 14 लड़कियों समेत 27 नाबालिग बच्चों को बचाया गया
धान की रोपाई के लिए कथित तौर पर बिहार के सासाराम ले जाए जा रहे 27 नाबालिग बच्चों को झारखंड के पलामू जिले में मुक्त कराया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मुक्त कराए गए 27 बच्चों की उम्र 12 से 16 वर्ष के बीच है। इनमें 14 लड़कियां भी शामिल हैं। विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) चिरंजीवी मंडल ने बताया कि पलामू की जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू) ने पुलिस को बच्चों के बारे में सूचना दी और उन्हें मुक्त कराने में सहयोग मांगा। मंडल ने कहा, ’’सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शुक्रवार देर शाम पड़वा थाना क्षेत्र से 14 बच्चों और नावाबाजार थाना क्षेत्र से 13 बच्चों को मुक्त कराया।’’ उन्होंने बताया कि लड़कियों को ’सखी वन स्टॉप सेंटर’ भेजा गया है, जबकि लड़कों को बाल गृह भेजा गया है। जिला बाल कल्याण समिति ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मुक्त कराए गए सभी बच्चे लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के निवासी हैं। एक अन्य अधिकारी ने बताया, ’’उन्हें धान की रोपाई के काम के लिए बिहार के सासाराम ले जाया जा रहा था। इस मामले में पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।’’ पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
बिहार के अरवल जिले में डंपर ट्रक और ऑटो-रिक्शा की टक्कर में चार लोगों की मौत
बिहार के अरवल जिले में शनिवार को एक डंपर ट्रक और ऑटोरिक्शा की भिड़त में चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर फतेहपुर संडा के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विपरीत दिशा से आ रहे ऑटोरिक्शा की डंपर ट्रक से भिड़त हो गई। हादसे में अलवर जिला निवासी राजगीर राम, उनकी पत्नी मनीषा देवी, अमरजीत कुमार और रामदयाल की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि डंपर ट्रक को जब्त कर लिया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुणे वेस्ट यूनिट हादसा: मृतकों की संख्या दो हुई
पुणे वेस्ट यूनिट हादसे में रेस्क्यू ऑपरेशन के चौथे दिन शव मिलने से मृतकों की संख्या दो हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि सात लोग अभी भी फंसे हुए हैं।
दिल्ली के लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी फर्जी निकली
राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने शनिवार को वहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। सूत्रों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि परिसर की व्यापक तलाशी के बाद यह धमकी फर्जी पाई गई। सूत्रों के अनुसार, मुंबई पुलिस के नियंत्रण कक्ष में एक फोन कॉल आया था, जिसमें कॉल करने वाले ने दावा किया कि दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित लाल किले को बम से उड़ा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुंबई पुलिस ने तत्काल यह सूचना दिल्ली पुलिस के नियंत्रण कक्ष को दी, जिसके बाद संबंधित जिले की पुलिस को सतर्क कर दिया गया। सूत्रों ने बताया कि चेतावनी मिलने के बाद लाल किले और उसके आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई तथा स्मारक और उसके आसपास के इलाके की तलाशी ली गई। उन्होंने बताया कि व्यापक तलाशी अभियान के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद धमकी को फर्जी घोषित कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार, फोन कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान करने और फर्जी धमकी देने के पीछे के मकसद का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
केरल सरकार ने वायनाड भूस्खलन के कारणों की जांच के लिए विशेषज्ञ समिति गठित की
केरल सरकार ने शनिवार को वायनाड सुरंग परियोजना स्थल पर हुए भूस्खलन के कारणों की जांच के लिए पांच सदस्यीय विशेष समिति गठित करने का आदेश दिया। समिति इस बात की जांच करेगी कि क्या ठेकेदार ने निविदा की शर्तों का उल्लंघन किया है, और साथ ही राज्य और केंद्र सरकार की ओर से परियोजना को दी गई पर्यावरण और वन संबंधी मंजूरियों की भी समीक्षा करेगी। आदेश के अनुसार, इस समिति में डॉ. सी.पी. राजेंद्रन (भू-वैज्ञानिक), डॉ. विष्णुदास (पारिस्थितिकी-विज्ञानी), डॉ. पी. पुगाझेंडी (मुख्य वन्यजीव वार्डन, केरल), लोक निर्माण विभाग के सचिव और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव शामिल होंगे। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव ही समिति के संयोजक भी होंगे। इसमें कहा गया है कि अगर जरूरी समझा जाए, तो संयोजक और विशेषज्ञों को सदस्य के तौर पर शामिल कर सकते हैं।
आदेश में कहा गया कि समिति एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। सरकार ने भूस्खलन में मारे गए लोगों के आश्रितों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों को उनकी चोट की गंभीरता के आधार पर इलाज के खर्च के लिए दो लाख रुपये तक की सहायता देने का आदेश भी जारी किया है।
अगले महीने राष्ट्रीय राजधानी में होगा हवाई मालवहन पर वैश्विक सम्मेलन
एयर कार्गो फोरम इंडिया (एसीएफआई) अगले महीने राष्ट्रीय राजधानी में अपना सातवां वैश्विक सम्मेलन आयोजित करेगा, जिसमें हवाई मालवहन एवं लॉजिस्टिक क्षेत्र से जुड़े 700 से अधिक प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। एसीएफआई ने एक बयान में कहा कि 12-13 अगस्त को होने वाले सम्मेलन में वैश्विक व्यापार, आपूर्ति शृंखलाओं की मजबूती और बदलते लॉजिस्टिक्स परिदृश्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इस सम्मेलन में उद्योग के विशेषज्ञ, नीति निर्माता, प्रौद्योगिकी कंपनियां, निवेशक, विमानन कंपनियां, हवाईअड्डा संचालक, माल परिवहन एजेंसियां और आपूर्ति शृंखला से जुड़े अन्य पक्ष हिस्सा लेंगे। सम्मेलन का विषय ’वैश्विक व्यापार की नई परिकल्पना: मजबूत आपूर्ति श्रृंखला के विकास में भारत की अग्रणी भूमिका’ रखा गया है, जो भारत की उभरती भूमिका और सशक्त आपूर्ति शृंखलाओं के निर्माण में उसकी भागीदारी को रेखांकित करता है। एसीएफआई देश के हवाई मालवहन और लॉजिस्टिक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाला एक प्रमुख उद्योग संगठन है और इस सम्मेलन को क्षेत्र के हितधारकों के लिए महत्वपूर्ण मंच माना जाता है। एसीएफआई के अध्यक्ष और जीएमआर समूह के मालवहन एवं लॉजिस्टिक खंड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संजीव एडवर्ड ने कहा कि वैश्विक आपूर्ति शृंखलाएं अब केवल कम लागत और त्वरित आपूर्ति तक सीमित नहीं रह गई हैं। इनमें मजबूती, विश्वसनीयता और डिजिटल संपर्क भी महत्वपूर्ण हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत के पास तेजी से विकसित हो रहे हवाईअड्डा बुनियादी ढांचे, बढ़ते विनिर्माण क्षेत्र और सरकार की नीतिगत पहलों के कारण वैश्विक लॉजिस्टिक केंद्र के रूप में उभरने का बड़ा अवसर है।
लखीमपुर खीरी में पति की हत्या की दोषी महिला को आजीवन कारावास की सजा
लखीमपुर खीरी जिले की अदालत ने एक महिला को घरेलू झगड़े के बाद पति की हत्या के मामले में दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई और जुर्माना लगाया। एक सरकारी अधिवक्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी। अपर जिला शासकीय अधिवक्ता (एडीजीसी) कपिल कटियार ने बताया कि मोहम्मदी-लखीमपुर खीरी के अपर जिला न्यायाधीश (एडीजे) दिनेश कुमार गौतम की अदालत ने शुक्रवार को आरोपी सुनीता को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई और 15 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया। कटियार ने पत्रकारों को बताया कि 16 नवंबर 2013 की रात मोहम्मदी कोतवाली इलाके के राजापुर बेनी गांव में सुनीता ने अपने पति रीतराम पर धारदार हथियार से हमला किया था। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच झगड़े के बाद सुनीता ने रीतराम पर हमला किया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी। कटियार ने बताया कि हमले के समय रीतराम नशे की हालत में था। उन्होंने कहा कि इस मामले में रीतराम के भतीजे सर्वेश ने सुनीता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। कटियार ने बताया कि सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष के कई गवाह मुकर गए, लेकिन अभियोजन पक्ष के ठोस सबूतों और दलीलों के आधार पर अदालत ने आरोपी सुनीता को हत्या का दोषी माना और सजा सुनाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के विपक्ष के नेता क्रिस हिपकिंस से मुलाकात की
13 आरोपियों की न्यायिक हिरासत 24 जुलाई तक बढ़ी
NEET-UG पेपर लीक मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए गिरफ्तार किए गए 13 आरोपियों की न्यायिक हिरासत 24 जुलाई तक बढ़ा दी है। सभी आरोपियों को उनकी पिछली न्यायिक हिरासत समाप्त होने के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया गया।
जिन आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ाई गई है, उनमें शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर, तेजस हर्षद कुमार शाह, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल, मांगीलाल बिवाल, यश यादव, प्रह्लाद कुलकर्णी, डॉ. मनोज शिरुरे, धनंजय लोखंडे, शुभम खैरनार, मनीषा वाघमारे, मनीषा मंधारे और मनीषा संजय हवलदार शामिल हैं। सुनवाई के दौरान CBI ने अदालत को बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच के दौरान कुछ अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है। एजेंसी का कहना है कि पेपर लीक से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और सभी आरोपियों की भूमिका की पड़ताल जारी है।