LIVEआज की ताजा खबर, 11 अप्रैल 2024: बीजेपी ने काटा एक और सांसद का टिकट; BJP में शामिल हुए पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता रोहन गुप्ता

आज की ताजा खबर, 11 अप्रैल 2024: बीजेपी ने काटा एक और सांसद का टिकट; BJP में शामिल हुए पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता रोहन गुप्ता
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 11 अप्रैल 2024 और बड़ी खबरें: जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में छिपे आतंकवादियों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन में गुरुवार को एक आतंकवादी मारा गया। पुलिस ने बताया कि एक अज्ञात आतंकवादी का शव पुलवामा शहर से दो किमी दूर फ्रैसीपोरा गांव में मुठभेड़ स्थल पर पड़ा है। पुलिस ने कहा, ऑपरेशन अभी भी जारी है। गांव में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सेना और पुलिस ने गुरुवार तड़के घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा बल जैसे ही छिपे हुए आतंकवादियों के करीब पहुंचे, उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि इलाके में तलाशी जारी है। वहीं हरियाणा के महेंद्रगढ़ में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां, बच्चों से भरी एक स्कूल बस पलटने से 5 छात्रों की मौत की जानकारी सामने आ रही है। वहीं, 15 बच्चे गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। निजी स्कूल जीएल पब्लिक स्कूल की बस में लगभग 35 से 40 बच्चे सवार बताए जा रहे हैं। यह घटना जिले के कनीना उपमंडल के गांव उन्हांनी के पास हुई है। घायल बच्चों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया है। गंभीर घायल बच्चों को रेवाड़ी रेफर किया गया है। चश्मदीदों के मुताबिक, वाहन को ओवरटेक करते समय हादसा हुआ है। कहा जा रहा है कि बस चालक शराब के नशे में था। फिलहाल, पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल के लिए महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल पहुंचाया है। यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 11 अप्रैल 2024 की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार: जानिए आज की बड़ी खबरों पर हर अपडेट।
RCB Vs MI Live Score, IPL 2024 लाइव स्कोर: विराट और रोहित होंगे आमने-सामने, थोड़ी देर में टॉस
हीट वेव को लेकर पीएम मोदी ने की उच्च स्तरीय बैठक
देश में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अधिकारियों संग उच्च स्तरीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने की जा रही तैयारियों की जानकारी भी ली।
इंदौर: बीबीए छात्रा ने 16 मंजिला इमारत से लगाई छलांग, मौत
इंदौर में 16 मंजिला निर्माणाधीन इमारत की छत से कथित तौर पर छलांग लगाकर 22 वर्षीय बीबीए छात्रा ने बृहस्पतिवार को खुदकुशी कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि मुस्कान अग्रवाल (22) ने लसूड़िया थाना क्षेत्र में 16 मंजिला एक निर्माणाधीन इमारत की छत से कथित तौर पर छलांग लगाई और नीचे गिरते ही उसने दम तोड़ दिया।
दिल्ली की अदालत ने 2020 में हुए दंगे के 11 आरोपियों को बरी किया
ष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने वर्ष 2020 में उत्तरपूर्वी दिल्ली में हुए दंगों में शामिल 11 आरोपियों को बरी कर दिया। अदालत ने कहा कि आरोपी 'संदेह के लाभ' के हकदार हैं क्योंकि उनके खिलाफ आरोप ''उचित संदेह से परे'' साबित नहीं हुए।अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश पुलस्त्य प्रमाचला ने इन 11 आरोपियों के खिलाफ एक मुकदमे की सुनवाई की जिनपर दंगे के दौरान 24 फरवरी 2020 को गंगा विहार में एक संपत्ति को आग लगाने और चोरी करने वाले समूह में शामिल होने का आरोप था।
फुटबॉलर अभिनेता ओ जे सिम्पसन का निधन
अपनी पूर्व पत्नी और उसके दोस्त की हत्या करने के आरोपों से बरी होने के बाद गुनहगार साबित होने वाले फुटबॉल के सुपरस्टार और हॉलीवुड अभिनेता ओ जे सिम्पसन का 76 वर्ष की उम्र में निधन हो गया ।उनके अटार्नी ने इसकी पुष्टि की । सिम्पसन के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी लिखा था कि कैंसर से जूझते हुए उन्होंने दम तोड़ दिया ।
पप्पू यादव के कार्यालय में पुलिस की छापेमारी
पूर्णिया लोकसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी पप्पू यादव के कार्यालय में गुरुवार को पुलिस ने छापेमारी शुरू की। कार्यालय परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं।
पुलवामा मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी ढेर
जम्मू एवं कश्मीर के पुलवामा में गुरुवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का एक आतंकवादी मारा गया। पुलिस ने यह जानकारी दी है।पुलवामा के फ्रैसीपोरा गांव में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ के दौरान मारे गए आतंकवादी की पहचान लश्कर-ए-तैयबा के दानिश ऐजाज शेख के रूप में हुई है, जो श्रीनगर के बुचपोरा इलाके के इलाहीबाग इलाके का रहने वाला था।पुलिस ने कहा कि शेख दो हफ्ते पहले लश्कर में शामिल हुआ था।
ओडिशा: विधानसभा व लोकसभा चुनावो के लिए प्रत्याशियों की घोषणा
छत्तीसगढ़ में एक लाख के इनामी समेत दो नक्सली गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने एक इनामी नक्सली समेत दो नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के तर्रेम थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुड़गीचेरू और गुंडम गांव के मध्य जंगल से सुरक्षाबलों ने दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संघ के अध्यक्ष हेमला हुंगा (41) और पूनेम बुधरू (40) को गिरफ्तार कर लिया है।
महाराष्ट्र: पालघर और ठाणे में डूबने से चार लोगों की मौत
महाराष्ट्र के पालघर और ठाणे जिले में बृहस्पतिवार को तीन अलग-अलग घटनाओं में डूबने से 18 महीने के एक बच्चे सहित चार लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पालघर के वसई इलाके के भिगांव में हुई पहली घटना में 80 वर्षीय बुजुर्ग नताल डाबरे और उनकी बेटी मीनल डाबरे (56) की सुबह के समय भोला नहर में डूबने से मौत हो गयी।
कर्नाटक में सड़क दुर्घटना में तीन की मौत
कर्नाटक के दावणगेरे जिले के चिन्नकट्टी गांव के पास चिन्नाकट्टे-शिवपुरा स्टेट हाईवे पर गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।मृतकों की पहचान 83 वर्षीय नंजुंदप्पा, 27 वर्षीय राकेश और 30 वर्षीय देवराज के रूप में हुई है, जो शिवमोग्गा ग्रामीण तालुक के हरमघट्टा गांव के निवासी थे।
ग्रेटर नोएडा सुपरटेक इको विलेज-2 सोसायटी में लगी भीषण आग
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गुरुवार को एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। यह घटना ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सुपरटेक इको विलेज-2 सोसायटी की है, जहां बी-2 टॉवर के सातवें फ्लोर पर आग लग गई। आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया।
जम्मू-कश्मीर: बांदीपोरा वन क्षेत्र में लगी भीषण आग
लिंडी कैमरून होंगी भारत में ब्रिटेन की नयी उच्चायुक्त
ब्रिटेन ने लिंडी कैमरून को भारत में अपना नया उच्चायुक्त नियुक्त किया है। कैमरून निवर्तमान एलेक्स एलिस का स्थान लेंगी।भारत में ब्रिटेन के दूतावास ने बृहस्पतिवार को जारी एक बयान में कहा, ‘‘ लिंडी कैमरून को एलेक्स एलिस के उत्तराधिकारी के रूप में भारत गणराज्य में ब्रिटेन का उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है। एलिस को कोई अन्य राजनयिक जिम्मेदारी दी जाएगी।’’नयी दिल्ली में ब्रिटिश उच्चायोग द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि कैमरून इस महीने अपना कार्यभार संभालेंगी।
बीजेपी: भदोही से विनोदी कुमार बिंद को टिकट
भारतीय जनता पार्टी ने भदोही से मौजूदा सांसद रमेश चंद बिंद का टिकट काट दिया है। उनकी जगह मिर्जापुर की मझवां विधानसभा से निषाद पार्टी के विधायक विनोद कुमार बिंद को टिकट दिया गया है।
हार्दिक पंड्या का सौतेला भाई ठगी के आरोप में गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने क्रिकेटर हार्दिक पंड्या के सौतेले भाई को 'पॉलिमर' कारोबार में उनके और उनके भाई क्रुणाल के साथ कथित तौर पर चार करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने सोमवार को 37 वर्षीय वैभव पंड्या को आपराधिक विश्वासघात, आपराधिक धमकी, आपराधिक साजिश, जालसाजी और अन्य संबंधित धाराओं के आरोप में गिरफ्तार किया।
भाजपा में शामिल हुए पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता रोहन गुप्ता
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता रोहन गुप्ता बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। उन्होंने कांग्रेस पर ‘अपमान’ और ‘चरित्र हनन’ का आरोप लगाते हुए पिछले महीने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और पार्टी महासचिव विनोद तावड़े की मौजूदगी में गुप्ता भाजपा में शामिल हुए।
अमेरिकी सांसद थानेदार ने अपने चुनाव प्रचार के लिए जुटाए 50 लाख डॉलर
भारतीय-अमेरिकी सांसद श्री थानेदार ने 50 लाख अमेरिकी डॉलर जुटाए हैं और 15 से अधिक प्रभावशाली निर्वाचित अधिकारियों तथा संगठनों का समर्थन प्राप्त किया है जिससे आगामी चुनाव में एक प्रभावशाली उम्मीदवार के रूप में उनकी स्थिति मजबूत हो गई है। थानेदार मिशिगन का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह डेमोक्रेटिक पार्टी से हैं और 2022 के चुनाव में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए चुने गए थे। सांसद के प्रचार अभियान दल ने बुधवार को बताया कि थानेदार को 5,100,462 अमेरिकी डॉलर नकद मिले हैं। थानेदार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, ‘समुदाय और प्रतिष्ठित संगठनों से इस प्रकार का अभिभूत कर देने वाला समर्थन मिलने से सम्मानित महसूस कर रहा हूं।’ उन्होंने कहा, ‘साथ मिलकर हम प्रगति, समानता और मिशिगन के सभी नागरिकों के लिए अवसरों को हासिल करने की लड़ाई जारी रखेंगे।’ थानेदार को सांसद एमी बेरा, जूडी सी, रॉबर्ट गार्सिया, मार्सी कैप्टूर, रो खन्ना, राजा कृष्णमूर्ति, टेड लियू, सेठ मैगजीनर, ब्रैड शर्मन, दीना टाइटस का समर्थन हसिल हुआ है। इनके अलावा, ‘ह्यूमन राइट्स कैम्पेन’, ‘लेबरर्स इंटरनेशनल यूनियन ऑफ नॉर्थ अमेरिका’ (एलआईयूएनए), ‘नेशनल एजुकेशन एसोसिएशन’, ‘मिशिगन एजुकेशन एसोसिएशन’ और ‘न्यूटन एक्शन अलायंस’ वह संगठन हैं जिन्होंने थानेदार का समर्थन किया है।
दिल्ली में मनाई गई ईद, जामा मस्जिद में बड़ी संख्या में लोगों ने अदा की नमाज
राष्ट्रीय राजधानी में मुस्लिम समाज के लोगों ने बृहस्पतिवार को ईद-उल-फितर के अवसर पर मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की। ईद-उल-फितर पर्व रमज़ान महीना संपन्न होने पर मनाया जाता है। दिल्ली की 17वीं सदी की जामा मस्जिद में सुबह की नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और एक दूसरे के गले मिलकर बधाई दी। चांदनी चौक, मीना बाजार और दरीबा कलां सहित जामा मस्जिद के आसपास के बाजारों में उत्सव जैसा माहौल रहा और लोगों ने त्योहार के लिए जमकर खरीदारी की। जामा मस्जिद में नमाज अदा करने के बाद स्थानीय निवासी मोहम्मद गुफरान अफरीदी ने कहा, "इस्लाम का संदेश है कि सभी धर्मों के लोगों को प्रेम और स्नेह के साथ रहना चाहिए। यही 'गंगा-जमुनी तहजीब' है। इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं है।" केरल और लद्दाख में बुधवार को ईद मनाई गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में यह 11 अप्रैल को मनाई जा रही है।
सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने नीरज त्रिपाठी के घर जाकर उन्हें बधाई दी
भारतीय जनता पार्टी की ओर से इलाहाबाद लोकसभा क्षेत्र से नीरज त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाए जाने पर इस सीट से निवर्तमान सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने त्रिपाठी के घर जाकर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। रीता बहुगुणा जोशी के मीडिया प्रभारी मनु कक्कड़ ने बताया कि जोशी बुधवार की शाम नीरज त्रिपाठी के घर गईं और उन्हें भाजपा की ओर से प्रत्याशी घोषित किए जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। रीता बहुगुणा जोशी ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी का हर एक कार्यकर्ता, पार्टी ही नहीं बल्कि देश की पूंजी है और यह हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम सब एक नए भारत का निर्माण कर रहे हैं।” उन्होंने कहा, “एक अच्छे कार्यकर्ता के रूप में राजग 400 पार और भाजपा 370 पार के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए नीरज त्रिपाठी को इलाहाबाद से और प्रवीण पटेल को फूलपुर लोकसभा सीट से प्रचंड बहुमत से जीत दिलाने में मैं अपना संपूर्ण सहयोग प्रदान करूंगी।” उल्लेखनीय है कि इलाहाबाद लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी, भाजपा के कद्दावर नेता रहे पंडित केसरी नाथ त्रिपाठी के पुत्र हैं और वर्तमान में इलाहाबाद उच्च न्यायालय में अपर महाधिवक्ता हैं।
लालू यादव की बेटी मीसा भारती ने पीएम मोदी को जेल भेजने की दी धमकी
लालू यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती ने पीएम मोदी और भाजपा नेताओं को जेल भेजने की धमकी दी है। उन्होंने दावा किया है कि विपक्षी दलों के गठबंधन INDIA की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कई भाजपा नेता जेल के अंदर होंगे। जिसके बाद भाजपा ने राजद पर पलटवार किया है।
पढ़ें पूरी खबर