LIVE

आज की ताजा खबर 1 मार्च 2024, ब्रेकिंग न्यूज़ : बेंगलुरु कैफे में धमाका, 10 घायल, आज ही जारी हो सकती है BJP की पहली लिस्ट

LIVE आज की ताजा खबर, हिंदी समाचार, 1 मार्च 2024
आज की ताजा खबर 1 मार्च 2024, ब्रेकिंग न्यूज़ : बेंगलुरु कैफे में धमाका, 10 घायल, आज ही जारी हो सकती है BJP की पहली लिस्ट

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 1 मार्च 2024 और बड़ी खबरें: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक खत्म हो चुकी है। इस बैठक में अमित शाह और जेपी नड्डा समेत BJP के कई बड़े पदाधिकारी शामिल रहे। माना जा रहा है कि बैठक में लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए हैं। एक से दो दिन में पहली लिस्ट आ सकती है। वहीं, दूसरी तरफ जामनगर में मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की प्री-वेडिंग सेरेमनी आज से शुरू होगी। इस सेरेमनी में कई बड़े सितारों का जमावड़ा लगने वाला है। इसके अलावा किसान संगठनों की अगली बैठक 3 मार्च को होगी, जिसमें आगामी रणनीति को लेकर चर्चा की जाएगी। वहीं, बांग्लादेश की राजधानी ढाका में बड़ा हादसा हुआ है, यहांं आग लगने के कारण कम से कम 43 लोगों की मौत हो गई है। यहां पढ़ें 1 मार्च 2024 की प्रमुख खबरें :आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों के ताजा अपडेट्स...

MAR 01, 2024 23:54 IST

तमिलनाडु में 180 करोड़ रुपये की मेथामफेटामाइन जब्त, दो लोग हिरासत में

तमिलनाडु में राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मदुरै में एक रेल यात्री और चेन्नई में एक ‘डंपयार्ड’ से कुल 36 किलोग्राम मादक पदार्थ मेथामफेटामाइन बरामद किया। डीआरआई ने इस सिलसिले में एक व्यक्ति और उसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है।
MAR 01, 2024 22:05 IST

बेंगलुरु कैफे विस्फोट : यूएपीए, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज

बेंगलुरु पुलिस ने शहर के एक लोकप्रिय रेस्तरां रामेश्वरम कैफे में शुक्रवार को हुए विस्फोट के सिलसिले में गैर कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
MAR 01, 2024 21:10 IST

हिमाचल के कुछ हिस्सों में ताजा हिमपात

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय इलाकों और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों के अलावा पहाड़ी दर्रों पर ताजा हिमपात होने से 241 सड़कों के अलावा चार राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक ताजा हिमपात के कारण बिजली के 83 ट्रांसफार्मर और तीन जल आपूर्ति योजनाएं बाधित हो गईं। उन्होंने कहा कि लाहौल और स्पीति के हंसा में पांच सेंटीमीटर बर्फबारी हुई, जबकि कुकुमसेरी, केलोंग और कुफरी में भी मामूली बर्फबारी दर्ज की गयी और आसमान में घने बादल छाए हुए थे। इन इलाकों में और अधिक बारिश तथा हिमपात होने का अनुमान है।
MAR 01, 2024 19:37 IST

बेंगलुरु के लोकप्रिय रेस्तरां में आग लगने से नौ लोग घायल

बेंगलुरू के एक लोकप्रिय रेस्तरां में शुक्रवार को आग लग जाने से कम से कम नौ लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पहले संदेह प्रकट किया था कि एक सिलेंडर में विस्फोट होने के कारण आग लगी, लेकिन अब अग्निशन विभाग ने इस आशंका को खारिज कर दिया और कहा कि वहां एक बैग मिला है। उसके मुताबिक फॉरेंसिक दल विस्फोट की असली वजह का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
MAR 01, 2024 19:37 IST

प्रधानमंत्री मोदी से मिलने राजभवन पहुंचीं ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुक्रवार शाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करने राजभवन पहुंचीं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। राज्य की दो दिवसीय यात्रा के दौरान मोदी शुक्रवार रात को राजभवन में ठहरेंगे। अधिकारी ने कहा, “प्रोटोकॉल के तहत यह मुलाकात होनी है। यह कुछ मिनट में शुरू होने वाली है।”
MAR 01, 2024 18:03 IST

अनंत अंबानी-राधिका के ‘प्री-वेडिंग' समारोह के लिए जामनगर में मशहूर हस्तियों की लगी भीड़

अरबपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत और उनकी मंगेतर राधिका मर्चेंट के ‘प्री वेडिंग’ समारोह में शामिल होने के लिए मेटा के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग सहित भारत और विदेश से विभिन्न क्षेत्रों की दिग्गज हस्तियां गुजरात के जामनगर शहर में पहुंचनी शुरू हो गई हैं। तीन दिवसीय भव्य ‘प्री-वेडिंग’ कार्यक्रम में पहुंच रहीं इन हस्तियों में मशहूर बॉलीवुड कलाकर, क्रिकेटर, खेल एवं कारोबर जगत के दिग्गज तथा राष्ट्राध्यक्ष भी शामिल हैं।
MAR 01, 2024 17:36 IST

झारखंड विधानसभा : कांग्रेस विधायकों ने स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर सरकार को घेरा

झारखंड की झामुमो-नीत सरकार में शामिल कांग्रेस पार्टी के विधायकों ने शुक्रवार को विधानसभा में स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न मुद्दे उठाए।कांग्रेस के विधायक उमा शंकर अकेला ने सहायक नर्स एवं मिडवाइफ (एएनएम), लैब सहायक, एक्स-रे तकनीशियन, पोषण दीदी और फार्मासिस्ट समेत 2,000 से अधिक अनुबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को नियमित नहीं करने पर चिंता जताई।
MAR 01, 2024 16:56 IST

फोरेंसिक रिपोर्ट आने पर होगी कार्रवाई: परमेश्वर

) कर्नाटक के गृहमंत्री जी परमेश्वर ने शुक्रवार को कहा कि राज्यसभा के लिए निर्वाचित कांग्रेस नेता सैयद नासिर हुसैन के समर्थकों द्वारा कथित रूप से पाकिस्तान समर्थित नारेबाजी करने के सिलसिले में पुलिस अपराध विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा कि एक संदिग्ध को पकड़ लिया गया है तथा पुलिसकर्मियों ने उसकी आवाज की रिकार्डिंग ले ली है।
MAR 01, 2024 16:49 IST

रक्षा मंत्रालय ने 39,125 करोड़ रुपये के खरीद सौदे पर हस्ताक्षर किये

रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को 39,125 करोड़ रुपये के पांच सैन्य खरीद सौदों पर हस्ताक्षर किये। मंत्रालय के मुताबिक, इनमें से एक समझौता हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के साथ किया गया है, जिसके तहत मिग-29 विमान के लिए हवाई इंजन की खरीद की जाएगी। मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में बताया कि दो समझौते लार्सन एंड टूब्रो लिमिटेड के साथ किये गये हैं, जिसके तहत ‘क्लोज-इन वेपन सिस्टम’ (सीआईडब्ल्यूएस) और उच्च क्षमता वाले रडार की खरीद की जाएगी।
MAR 01, 2024 16:32 IST

×बांग्लादेश में सात मंजिला इमारत में लगी आग

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सात मंजिला इमारत में बृहस्पतिवार रात आग लगने से कम से कम 46 लोगों की मौत हो गई और 22 अन्य लोग घायल हो गए। आग लगने की यह घटना ढाका के बेली रोड इलाके में ‘ग्रीन कोजी कॉटेज’ इमारत में हुई। यह घटना बांग्लादेश में हालिया वर्षों में आग लगने की सबसे भीषण घटनाओं में एक है।
MAR 01, 2024 16:08 IST

चांदनी चौक से अक्षय कुमार, गुरदासपुर से युवराज को मिल सकता है टिकट

भारतीय जनता पार्टी (BJP) अभिनेता अक्षय कुमार को चांदनी चौक सीट से अपना उम्मीदवार बना सकती है। सूत्रों का कहना है कि इस सीट पर जिन दावेदारों का नाम आगे चल रहा है उनमें अक्षय कुमार का भी नाम है। यही नहीं सूत्रों की मानें तो भगवा पार्टी पंजाब के गुरदासपुर से पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह को टिकट दे सकती है। हालांकि, उम्मीदवारी पर अभी ये नाम अंतिम नहीं हैं। फिर भी सूत्रों का कहना है कि इन दोनों का नाम टिकट के दावेदारों में है।
MAR 01, 2024 15:41 IST

परीक्षा माफिया को बचा रही है भाजपा: प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने उत्तर प्रदेश में पर्चा लीक की एक और घटना का हवाला देते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) परीक्षा माफिया और सरकार में बैठे भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए करोड़ों युवाओं की बुनियाद खोखली कर रही है।
MAR 01, 2024 15:20 IST

बेंगलुरु में ब्लास्ट

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के इंदिरानगर में रामेश्वरम कैफे में ब्लास्ट की सूचना मिली है। रामेश्वरम कैफे में हुए इस ब्लास्ट में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं। विस्फोट का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। पढ़ें पूरी खबर
MAR 01, 2024 13:43 IST

पीएम मोदी ने झारखंड को दी 36 हजार करोड़ की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को झारखंड के सिंदरी से करीब 36 हजार करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और शुभारंभ किया।
MAR 01, 2024 15:21 IST

आसाराम को फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं

यौनशोषण के मामले में 11 साल से जेल में बंद आसाराम को फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने आसाराम की ज़मानत याचिका पर सुनवाई से इंकार कर दिया। बता दें, आसाराम ने जेल में बेहद खराब सेहत का हवाला देकर ज़मानत की मांग की थी।
MAR 01, 2024 11:18 IST

Paytm ने अपने पेमेंट बैंक से तोड़ा नाता

पेटीएम ने ऐलान किया कि वह पेटीएम पेमेंट्स बैंक के खिलाफ रेगुलेटर कार्रवाई के बीच अपने आप को पेटीएम पेमेंट्स बैंक से अलग करने के लिए कदम उठाएगा।
MAR 01, 2024 10:44 IST

दो दिन में तीन राज्यों का दौरा करेंगे PM Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से दो दिवसीय तीन राज्यों के दौरे पर रहेंगे। इसकी जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट करके दी है। पीएम मोदी झारखंड, पश्चिम बंगाल और बिहार में कई विकास योजनाओं की सौगात देंगे।
MAR 01, 2024 10:36 IST

दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से दो डिग्री कम है।पिछले सप्ताह तक न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास चल रहा था और अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया था।आईएमडी के पूर्वानुमान से पता चला है कि अधिकतम तापमान 27 डिग्री के आसपास और न्यूनतम तापमान फिर से 11 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
MAR 01, 2024 12:25 IST

JNU में एबीवीपी व लेफ्ट समर्थकों के बीच मारपीट

जेएनयू में एबीवीपी और लेफ्ट समर्थक छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई है। इसमें कई छात्र घायल भी हुए हैं। घटना का वीडियो वायरल हुआ है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
MAR 01, 2024 10:15 IST

आज की ताजा खबर: CM योगी की कैबिनेट का होगा विस्तार

लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी कैबिनेट का विस्तार हो सकता है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि दो से तीन दिन में कैबिनेट विस्तार होगा और आरएलडी के दो मंत्रियों की कैबिनेट में एंट्री होगी।