Rameshwaram Cafe Bangalore Blast News Today: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के इंदिरानगर में रामेश्वरम कैफे में ब्लास्ट की सूचना मिली है। रामेश्वरम कैफे में हुए इस ब्लास्ट में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं। विस्फोट का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
तीन महिला और एक पुरुष घायल
ग्राउंड रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस को सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका थी, लेकिन शुरुआती जांच में इस बात से इनकार किया गया है। फिलहाल, चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन महिलाएं और एक पुरुष है। रामेश्वरम कैफे में विस्फोट की सूचना के बाद व्हाइटफील्ड क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और पुलिस जांच में जुटी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोपहर को हुआ धमाका
बताया जा रहा है कि धमाका दोपहर करीब 12:56 बजे हुआ। स्थिति का आकलन करने के लिए कैफे और एचएएल के पास के इलाके को पुलिस ने घेर लिया है। रामेश्वरम कैफे बेंगलुरु शहर की काफी प्रसिद्ध जगह है, रामेश्वरम कैफे बेंगलुरु के सबसे लोकप्रिय फूड जॉइंट्स में से एक है। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड की एक टीम रामेश्वरम कैफे पहुंच गई है।
बैग में था विस्फोटक
प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चला है कि बैग में रखी किसी वस्तु में दोपहर 1 बजे के आसपास विस्फोट हुआ, जिससे कैफे और उसके आसपास काला धुआं फैल गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि फोरेंसिक टीमें सामग्री एकत्र कर रही हैं और परीक्षण के बाद विस्फोट का सही कारण निर्धारित किया जाएगा।
