LIVE

2 अप्रैल को संसद में पेश होगा वक्फ बिल...2018 जीरकपुर रेप केस में मोहाली के पादरी बजिंदर सिंह को उम्रकैद की सजा

अमित कुमार मंडलUpdated Apr 1, 2025, 18:11 IST

2 अप्रैल को संसद में पेश होगा वक्फ बिल...2018 जीरकपुर रेप केस में मोहाली के पादरी बजिंदर सिंह को उम्रकैद की सजा
2 अप्रैल को संसद में पेश होगा वक्फ बिल...2018 जीरकपुर रेप केस में मोहाली के पादरी बजिंदर सिंह को उम्रकैद की सजा

  • कठुआ में आतंकियों की तलाश के दौरान गोलीबारी, रात में घेराबंदी की गई
  • बंगाल में गैस सिलेंडर विस्फोट में चार बच्चों समेत सात लोगों की मौत
  • भारत और अमेरिका के बीच 13 दिवसीय सैन्य अभ्यास आज से शुरू होगा
  • 2 अप्रैल को संसद में पेश होगा वक्फ बिल

APR 01, 2025 17:59 IST

रणवीर इलाहाबादिया को सुप्रीम कोर्ट से झटका, जांच पूरी होने के बाद ही मिलेगा पासपोर्ट

समय रैना के शो में विवादित टिप्पणी कर आलोचनाओं में घिरे यूट्यूबर-पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया को झटका देते हुए सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को पासपोर्ट जारी करने की मांग वाली उनकी याचिका खारिज कर दी। सुनवाई के दौरान महाराष्ट्र सरकार की ओर से पेश वकील ने कहा कि मामले में दो सप्ताह में जांच पूरी हो जाएगी। लिहाजा, पासपोर्ट जारी करने का आदेश नहीं दिया जाना चाहिए। जांच पूरी होने के बाद पासपोर्ट रिलीज करने पर विचार किया जाए। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने रणवीर की विदेश जाने के लिए पासपोर्ट जारी करने की मांग ठुकरा दी। मामले में अगली सुनवाई 21 अप्रैल को होगी। तब तक इलाहाबादिया की गिरफ्तारी पर शीर्ष अदालत द्वारा लगाई गई रोक जारी रहेगी।
APR 01, 2025 14:19 IST

हैदराबाद में जर्मन महिला ने कार चालक पर बलात्कार का आरोप लगाया

तेलंगाना के हैदराबाद में 22 वर्षीय एक जर्मन महिला ने कार चालक पर आरोप लगाया है कि उसने कार में बैठाने के बाद उससे दुष्कर्म किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा कि चालक ने सोमवार देर शाम कार की पिछली सीट पर उससे दुष्कर्म किया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया गया है और पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि कार चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई है।
APR 01, 2025 13:50 IST

सुप्रीम कोर्ट ने बुलडोजर एक्शन पर यूपी सरकार और प्रयागराज विकास निकाय को फटकार लगाई

सुप्रीम कोर्ट ने घरों को अमानवीय और अवैध रूप से गिराने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार और प्रयागराज विकास निकाय को फटकार लगाई। प्रयागराज में बुलडोजर से घरों को गिराने पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा, यह हमारी अंतरात्मा को झकझोरता है। आश्रय का अधिकार और कानून की उचित प्रक्रिया नाम की भी कोई चीज होती है। देश में कानून का शासन है, नागरिकों के आवासीय ढांचों को इस तरह से नहीं गिराया जा सकता।
APR 01, 2025 13:21 IST

2 अप्रैल को संसद में पेश होगा वक्फ बिल

संसद में बुधवार 2 अप्रैल को वक्फ संशोधन बिल पेश किया जाएगा। मंगलवार को बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में इस बिल को सदन में पेश करने का फैसला किया गया। बताया जा रहा है कि बिल पर 6 से 8 घंटे चर्चा होगी। बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में विपक्षी दलों के सदस्यों ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान विपक्षी दलों के सदस्यों ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं है। वक्फ बिल को लेकर लगातार विवाद बना हुआ है और इस मामले पर सरकार-विपक्ष आमने-सामने हैं।
APR 01, 2025 12:50 IST

रायपुर छत्तीसगढ़ में आज से पेट्रोल 1 रुपया लीटर सस्ता

रायपुर छत्तीसगढ़ में आज से पेट्रोल 1 रुपया लीटर सस्ता होगा। पेट्रोल के रेट में 1 रुपए की कटौती की गई है। सीएम विष्णुदेव साय सरकार ने आम जनता को बड़ी राहत दी है। नए वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में पेट्रोल प्रति लीटर 1 रुपए सस्ता करने की घोषणा की गई थी। फैसला 31 मार्च को आधी रात से लागू हुआ है। रायपुर में अब पेट्रोल की कीमत करीब 100.42 रुपए प्रति लीटर होगी।
APR 01, 2025 12:41 IST

मलेशिया में गैस पाइप फटने से भीषण आग लगी

कुआलालंपुर, एक अप्रैल (एपी) मलेशिया में कुआलालंपुर के बाहरी इलाके में एक उपनगर में गैस पाइपलाइन फटने से मंगलवार को भीषण आग लग गई जिसके कारण आसपास के मकानों को तुरंत खाली कराया गया। मध्य सेलंगोर राज्य के ‘पुत्रा हाइट्स’ में एक गैस स्टेशन के पास लगी आग की लपटें कई किलोमीटर ऊपर तक उठती दिखाई दे रही थीं। राष्ट्रीय तेल कंपनी पेट्रोनास ने एक बयान में कहा कि उसकी एक गैस पाइपलाइन में सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर आग लग गई। उसने एक संक्षिप्त बयान में बताया कि प्रभावित पाइपलाइन को अलग कर दिया गया है। पेट्रोनास ने कहा कि जिस जगह आग लगी है उसके पास के तीन गैस स्टेशन प्रभावित नहीं हुए हैं लेकिन उन्हें अस्थायी रूप से एहतियातन बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच अभी जारी है।
APR 01, 2025 12:23 IST

हूती विद्रोहियों का अमेरिकी ड्रोन गिराने का दावा

यमन के हूती विद्रोहियों ने अमेरिकी का एक और 'एमक्यू-9 रीपर ड्रोन' गिराने का मंगलवार को दावा किया। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हूतियों और उनके मुख्य संरक्षक ईरान का चेतावनी जारी करने के बीच हूती विद्रोहियों ने अमेरिकी ड्रोन गिराने का दावा किया है। हूती विद्रोहियों ने मारिब प्रांत में एक ड्रोन गिराने का दावा किया है। मारिब प्रांत एक महत्वपूर्ण इलाका है, क्योंकि यहां तेल व गैस के बड़े अड्डे हैं जो अब भी यमन की निर्वासित केंद्रीय सरकार के सहयोगियों के नियंत्रण में है। सोशल मीडिया पर जारी तस्वीरों में आग की लपटें भी निकलती नजर आ रही हैं। हूती विद्रोहियों के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सारी ने अलग से एक पूर्व-रिकॉर्ड वीडियो संदेश में 'एमक्यू-9 ड्रोन' को गिराने का दावा किया। सारी ने बताया कि विद्रोहियों ने ड्रोन को स्थानीय रूप से निर्मित मिसाइल से निशाना बनाया।
APR 01, 2025 12:05 IST

पास्टर बजिंदर सिंह को उम्रकैद की सजा

Pastor Bajinder Singh: 2018 जीरकपुर रेप केस में मोहाली के पास्टर बजिंदर सिंह को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। पास्टर बजिंदर धर्म परिवर्तन कराने को लेकर काफी विवादित रहे हैं। 2018 में एक महिला ने उन पर बलात्कार का आरोप लगाया था। 28 मार्च 2025 को ही बजिंदर को इस मामले में अदालत ने दोषी करार दिया था। आज सजा का ऐलान कर दिया गया। मोहाली के पॉक्सो कोर्ट ने 2018 के जीरकपुर यौन उत्पीड़न और बलात्कार मामले में विवादित पादरी बजिंदर सिंह को दोषी करार दिया था। पादरी बजिंदर अंतिम सुनवाई के लिए छह अन्य आरोपियों के साथ मोहाली की पॉक्सो अदालत में शुक्रवार 28 मार्च को पेश हुए थे। अन्य 5 आरोपियों को कोर्ट ने सबूतों के आभाव में बरी कर दिया।
APR 01, 2025 11:09 IST

महाराष्ट्र के एक गांव में मंदिर पर हरा झंडा लगाने को लेकर तनाव

महाराष्ट्र में बीड जिले के एक गांव में मंदिर पर हरा झंडे लगाए जाने से कुछ समय के लिए इलाके में तनाव उत्पन्न हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उसने सोमवार को दो अलग-अलग समुदायों के स्थानीय निवासियों से बात की जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई। गुड़ी पड़वा के अवसर पर रविवार को बीड के पचेगांव में एक उत्सव का आयोजन किया गया था और वहां के कानिफनाथ मंदिर से वार्षिक शोभा यात्रा निकाली गई। गेवराई पुलिस थाने के एक अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि सोमवार को ईद के मौके पर कुछ लोगों ने मंदिर पर भगवा झंडे के साथ हरा झंडा भी लगा दिया। इससे गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति पैदा हो गई। अधिकारी ने बताया कि बाद में पुलिस ने गांव के दो अलग-अलग समुदायों के सदस्यों से बात की और दोनों झंडों को मंदिर से हटा दिया गया। अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
APR 01, 2025 11:07 IST

नोएडा में पुलिस मुठभेड़ के बाद शातिर बदमाश गिरफ्तार

नोएडा में सोमवार देर रात को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन, नकदी, देसी तमंचा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। अपर पुलिस उपायुक्त जोन प्रथम सुमित कुमार शुक्ला ने बताया कि 31 मार्च की देर रात को सेक्टर 24 थाने की पुलिस सेक्टर 11 के टी-पॉइंट के पास अवरोधक लगाकर जांच कर रही थी, तभी उन्हें बाइक पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। अधिकारी ने बताया कि शक होने पर पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा और जब पुलिस ने उसका पीछा किया तो उसने बचने के लिए पुलिस पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। उन्होंने बताया कि पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया है।
APR 01, 2025 10:17 IST

रेलवे की नहीं, एनटीपीसी की है मालगाड़ी

झारखंड के साहेबगंज जिले में मंगलवार तड़के दो मालगाड़ियों के बीच हुई टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि बिजली कंपनी एनटीपीसी द्वारा संचालित दो ट्रेनों के बीच टक्कर बरहेट थाना क्षेत्र के भोगनाडीह के पास सुबह करीब 3 बजे हुई। जिस ट्रैक पर यह दुर्घटना हुई, वह भी एनटीपीसी के स्वामित्व में है और इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से इसके बिजली संयंत्रों में कोयला परिवहन के लिए किया जाता है। साहेबगंज के उप-मंडल पुलिस अधिकारी किशोर तिर्की ने बताया कि दोनों मालगाड़ियों के ड्राइवर आमने-सामने की टक्कर में मारे गए। पूर्वी रेलवे के प्रवक्ता कौशिक मित्रा ने कहा कि मालगाड़ी और ट्रैक दोनों एनटीपीसी के हैं। इसका भारतीय रेलवे से कोई लेना-देना नहीं है।
APR 01, 2025 10:01 IST

चीन ने ताइवान के पास के इलाकों में बड़ा सैन्य अभ्यास शुरू किया

चीन ने ताइवान पर अपनी संप्रभुता का दावा करने के लिए उसके आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू किया जिसमें उसके कई बलों ने हिस्सा लिया। इस अभ्यास का मकसद ताइवान की ‘उन ताकतों को कड़ी चेतावनी’ देना है जो स्वयं को स्वायत्त बताती हैं। चाइनीज पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ईस्टर्न थिएटर कमांड’ के एक प्रवक्ता ने बताया कि कमान ने मंगलवार को ताइवान द्वीप के आसपास संयुक्त अभ्यास शुरू किया। ‘थिएटर कमांड’ के प्रवक्ता सीनियर कर्नल शी यी ने सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के हवाले से कहा कि कमान ने अपनी थलसेना, नौसेना, वायुसेना और रॉकेट बलों को कई दिशाओं से ताइवान द्वीप के पास पहुंचने के लिए संगठित किया चीन ताइवान को अपनी मुख्य भूमि का हिस्सा मानता है। उसने हाल के दिनों में इसी तरह के सैन्य अभ्यास किए हैं, लेकिन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के लिए सत्ता संभालने के बाद से ताइवान के आसपास यह पहला बड़ा सैन्य अभ्यास है।
APR 01, 2025 09:30 IST

कठुआ में आतंकियों की तलाश में सर्च अभियान जारी

APR 01, 2025 09:08 IST

आईएमडी ने इन शहरों के लिए जारी किया ऑरेंज अलर्ट

आईएमडी ने जलगांव, पुणे, जालना, अहिल्या नगर और नासिक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें 2 अप्रैल तक मुंबई में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और धुले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
APR 01, 2025 09:01 IST

इजरायली सेना का बेरूत में हिजबुल्लाह ठिकाने पर हमला

Israel strikes southern Beirut- इजरायली सेना ने बेरूत में हिजबुल्लाह के ठिाकने पर फिर हवाई हमला किया है। सेना ने मंगलवार की सुबह बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में एक इमारत को निशाना बनाया। सेना ने कहा कि उसने हिजबुल्लाह आतंकवादी समूह के एक सदस्य को निशाना बनाया। यह हवाई हमला बिना किसी चेतावनी के किया गया। इजरायल ने शुक्रवार को लेबनान की राजधानी बेरूत पर हमला किया था, जो नवंबर में इजरायली सेना और हिजबुल्लाह आतंकवादी समूह के बीच युद्ध समाप्त होने के बाद पहली बार अंजाम दिया गया था। इजरायली सेना ने तब दक्षिणी लेबनान से दो प्रोजेक्टाइल लॉन्च किए जाने के बाद हमले से पहले भीड़भाड़ वाले उपनगरों में लोगों को चेतावनी दी थी।
APR 01, 2025 08:29 IST

झारखंड के साहिबगंज में दो मालगाड़ियां टकराईं

Two Goods Trains Collided in Sahibganj: साहिबगंज जिला के बरहेट स्थित एनटीपीसी फाटक के पास आज सुबह दो मालगाड़ियों के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। फायर ब्रिगेड के कर्मी रवि ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 3:30 बजे हुई। उस समय एक मालगाड़ी पटरी पर खड़ी थी, तभी दूसरी तरफ से आ रही दूसरी मालगाड़ी ने उससे जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर के कारण इंजन और कोयले से लदी बोगियों में आग लग गई, जिसे बुझाने का काम अभी भी जारी है। इसके अलावा, दो इंजन पटरी से उतर गए और एक इंजन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
APR 01, 2025 07:36 IST

यूनुस ने चीन से की बांग्लादेश में अपना आर्थिक प्रभाव बढ़ाने की अपील, पूर्वोत्तर भारत का किया जिक्र

Yunus Meets Jinping: बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने चीन से बांग्लादेश में अपना आर्थिक प्रभाव बढ़ाने को कहा और उल्लेख किया कि इस संबंध में भारत के पूर्वोत्तर राज्यों का चारों ओर से जमीन से घिरा होना एक अवसर साबित हो सकता है। यह टिप्पणी जाहिर तौर पर यूनुस ने हाल में चार दिवसीय चीन यात्रा के दौरान की। इसका वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आया। यूनुस ने कहा, भारत के पूर्वी हिस्से के सात राज्य सात बहनें कहलाते हैं। वे चारों ओर से जमीन से घिरे क्षेत्र हैं। उनके पास समुद्र तक पहुंचने का कोई रास्ता नहीं है।
APR 01, 2025 07:28 IST

मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी ने उत्तराखंड यूसीसी का किया विरोध

मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी ने एक बार फिर उत्तराखंड में लागू हुए यूसीसी पर मुख्यमंत्री धामी को घेरने की कोशिश की और साफ लहजे में चेतावनी दी है कि शरीयत के खिलाफ कोई भी यूसीसी कानून मान्य नहीं है। रिजवी ने कहा कि मुसलमानों को साथ लेकर यूसीसी कानून नहीं बनाया गया है। रिजवी ने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी साहब हिंदुत्व के अलमदार बनने के लिए उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू किया है। बाबा भीमराव अंबेडकर साहब ने जिस मंशा के तहत संविधान में समान नागरिक संहिता को लिखा था और कहा था कि तमाम लोगों की राय ली जाएगी और जब सबकी राय होगी तब समान नागरिक संहिता लागू किया जाएगा। मगर इस कमेटी ने मुसलमान से कोई राय नहीं ली है।
APR 01, 2025 06:45 IST

आज से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम घटे

LPG Price From 1 April 2025 : एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए एक राहत भरी खबर आई। तेल मार्केटिंग कंपनियों ने नए फाइनेंशियल ईयर के पहले दिन एलपीजी सिलेंडर के नए दाम घोषित किए हैं। इन नए दामों के तहत 19 किलो के कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में करीब ₹41 की कमी की गई है। हालांकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर (14 किलो) के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में 1 अप्रैल से 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का मूल्य ₹1762 हो गया है, जो मार्च में ₹1803 था। पटना में यह ₹2031 का हो गया है। हालांकि, घरेलू सिलेंडर की कीमत 1 अगस्त 2024 के बाद से स्थिर है, और दिल्ली में इसका मूल्य ₹803 है।
APR 01, 2025 06:37 IST

भारत और अमेरिका के बीच 13 दिवसीय सैन्य अभ्यास आज से शुरू होगा

भारत और अमेरिका के बीच 13 दिवसीय सैन्य अभ्यास ‘टाइगर ट्रायम्फ’ का चौथा संस्करण मंगलवार से पूर्वी समुद्री क्षेत्र में शुरू होगा। इस अभ्यास में सेना के तीनों अंग शामिल होंगे। यह मानवीय सहायता और आपदा राहत संचालन पर केंद्रित होगा। भारतीय नौसेना के अनुसार, इस अभ्यास का उद्देश्य एचएडीआर अभियानों में अंतर-संचालन क्षमता विकसित करना और संकट या आपात स्थितियों के दौरान संयुक्त समन्वय केंद्र (सीसीसी) की स्थापना के लिए मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) तैयार करना है। इसने कहा कि आईएनएस जलाश्व, घड़ियाल, मुंबई और शक्ति, हेलीकॉप्टर और समुद्र में निगरानी रखने के लिए लंबी दूरी तक गश्त करने वाले 'पी8आई’ विमान के साथ नौसेना इस अभ्यास में भाग लेगी। भारतीय थलसेना से 91 इन्फैंट्री ब्रिगेड और 12 मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री बटालियन के सैनिक, जबकि वायुसेना से 'सी-130 विमान', 'एमआई-17' हेलीकॉप्टर और 'रैपिड एक्शन' मेडिकल टीम इसमें शामिल होंगे।