देश

आज का मौसम 31 December 2024: गलन-ठिठुरन में बीतेगा साल का आखिरी दिन, बर्फबारी-बारिश, शीतलहर के बीच एंट्री लेगा हैप्पी न्यू ईयर

Aaj ka Mausam 31 December 2024: उत्तर भारत में भीषण शीतलहर और कड़ाके की सर्दी के साथ साल 2024 का आखिरी दिन विदाई लेगा और न्यू ईयर इसी के साथ दस्तक देगा। दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, हरियाणा-पंजाब और राजस्थान समेत कई राज्यों में तेज हवाओं के झोंको के साथ शीतलहर की एंट्री हो चुकी है। नए साल के जश्न में डूबने वाले लोगों को दिनभर सर्दी के कहर से निपटना होगा।उत्तर भारत में 4 जनवरी तक नए पश्चिमी विक्षोभ के एंट्री लेने की संभावना है, जिससे एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलेगा।

Image

आज का मौसम भारत

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Aaj ka Mausam 31 December 2024: साल 2024 का आखिरी दिन सर्दी के सितम के बीच बीतेगा। खासकर, उत्तर भारत के दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश-बिहार, मध्य प्रदेश, हरियाणा-पंजाब और राजस्थान में पिछले दिनों हुई बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में तेजी के साथ गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं, तेज हवाओं के झोंको से शीतलहर की एंट्री हो चुकी है। नए साल के जश्न में डूबने वाले लोगों को दिनभर सर्दी के कहर से निपटना होगा। नए साल के स्वागत के लिए कड़ाके की सर्दी तैयार है। उधर, पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड और राजस्थान के माउंट आबू, शिलॉग में भारी बर्फबारी से माइनस में तापमान दर्ज किया जा रहा है। हालांकि, नए साल के जश्न में शरीक होने वाले लोगों को बर्फबारी काफी लुभा रही है। इधर, मैदानी इलाकों में मौसम विभाग वे कोहरे और शीतलहर का बड़ा अलर्ट जारी किया है। यूपी में आईएमडी ने कोल्ड डे जारी किया है। रात और सुबह भारी कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम देखी जा रही है, जिससे ट्रेन और सड़क परिवहन के संचालन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उत्तर भारत में 4 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ के एंट्री लेने की संभावना है। ऐसे में मौसम के खराब होने और बारिश होने की आशंका है। आइये जानते हैं साल का आखिरी दिन 31 दिसंबर कहां कितनी सर्दी पड़ने वाली है?

यूपी में आज का मौसम

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हुई बारिश के बाद उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर का कहर दिखाई दे रहा है। हवाओं के रुख के कारण प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान तेजी से गिर रहा है। इसके अलावा प्रदेश भर में कोहरे की चादर छाई है। मौसम विभाग का कहना है कि नए साल की एंट्री न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ होगी। यूपी में सबसे न्यूनतम तापमान बुलंदशहर में 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा और पंजाब में कड़ाके की ठंड

हरियाणा और पंजाब में मंगलवार को कड़ाके की ठंड रहेगी। दोनों राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहने का अनुमान है। साथ ही कोहरे की चादर छाई रहेगी। स्थानीय मौसम विभाग कार्यालय के अनुसार, सोमवार को चंडीगढ़ में दिन में कड़ाके की ठंड रही और शहर में अधिकतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सर्दी के मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन है, जो सामान्य से आठ डिग्री कम है। हालांकि, आज न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जाएगा।

दिल्ली में आज का मौसम

राजधानी दिल्ली में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। साल के आखिरी दिन अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, मौसम विभाग ने मंगलवार को आसमान साफ रहने और अलग-अलग स्थानों पर शीत दिवस की स्थिति का अनुमान जताया है। अधिकांश स्थानों पर धुंध या हल्का कोहरा और अलग-अलग क्षेत्रों में मध्यम कोहरा छा सकता है। दोपहर में हवा की रफ्तार बढ़कर 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है, लेकिन शाम और रात में इसकी रफ्तार फिर से घटकर आठ किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। मौसम विभाग ने कहा कि शाम और रात के समय धुंध तथा हल्का से मध्यम कोहरा (Fog) छाए रहने की संभावना है। अधिकतम 15 डिग्री और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

बर्फ की चादर में लिपटा माउंट आबू

राजस्थान के माउंट आबू ने सोमवार को फिर बर्फ (Snowfall) की चादर ओढ़ ली है। पोलो ग्राउंड पर फिर बर्फबारी हुई और पर्यटकों को कश्मीर जैसा अनुभव हो रहा है। राजस्थान के इस एकमात्र हिल स्टेशन में पिछले दो दिनों से तापमान में लगातार गिरावट आई है। माउंट आबू का तापमान -4 डिग्री सेल्सियस के करीब है। माउंट आबू के उद्यान, मैदान और सड़कें सभी जगह बर्फीला मौसम है। नया साल आने में सिर्फ एक दिन पहले पर्यटकों के लिए यह मौसम और भी रोमांचक हो गया है। कश्मीर और हिमाचल का एहसास उन्हें अब माउंट आबू में हो रहा है।

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड का मौसम

इधर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी सर्दी का सितम है। यहां न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच काफी अंतर है। एमपी में न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है। उधर, पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर में भीषण बर्फबारी देखी जा रही है, जिससे सामान्य जनजीवन अस्तव्यस्त है। सड़कों पर बर्फ की चादर लिपटी हुई है, जिससे सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित है। कमोबेश यही हाल हिमाचल और उत्तराखंड के तमाम हिस्सों का है, जहां बर्फबारी के कारण सड़क मार्ग और ट्रेन मार्ग अवरुद्ध हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ इसी प्रकार का मौसम अभी देखने को मिलता रहेगा।

हालांकि, दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में सर्दी का असर कम है, लेकिन सुबह और शाम गुलाबी सर्दी का एहसास हो रहा है। इधर, मुंबई में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज की जा रहा है।

क्या है कोल्ड डे और सीवियर कोल्ड डे

आईएमडी के मुताबिक, जब अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे भी नीचे चला जाता है और न्यूनतम तापमान 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है तो उसे कोल्ड डे (Cold Day) कहा जाता है। यदि अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री कम हो जाए तो सीवियर कोल्ड डे घोषित किया जाता है। यह काफी खतरनाक स्थिति होती है। इसमें बुजुर्गों और बच्चों को काफी सेफ रखने की जरूरत होती है। आने वाले नए साल की पहले सप्ताह तक ऐसी स्थिति बनने की संभावना नजर आ रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article