जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में आतंकियों के ठिकाने का भंडाफोड़ करते हुए सुरक्षाबलों ने हथियारों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने एक मशीन गन के साथ-साथ कई हथगोले और पाकिस्तान निर्मित दवाईयां बरामद की हैं।
कुपवाड़ा के जंगलों में मिला हथियार
जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के एक वनक्षेत्र से सुरक्षाबलों ने रविवार को हथियार और गोला-बारूद का एक बड़ा जखीरा बरामद किया। एक अधिकारी ने कहा- ‘‘ एक संयुक्त तलाशी अभियान में पुलिस और सेना ने कुपवाड़ा के कंडी वनक्षेत्र में हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया।’’
हथियारों में क्या-क्या शामिल
अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान के दौरान एक मशीन गन, सात हथगोले, 90 कारतूस, चीन निर्मित एक दूरबीन, सौर ऊर्जा चालित दो मोबाइल चार्जर, कपड़े और एक विदेशी स्लीपिंग बैग बरामद किया। उन्होंने बताया कि भारी मात्रा में पाकिस्तान निर्मित दवाइयां भी जब्त की गई हैं।
अमित शाह का दौरा
बता दें कि हथियारों का यह जखीरा तब पकड़ा गया है, जब गृहमंत्री अमित शाह राज्य के दौरे पर हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर के अपने तीन दिवसीय दौरे के तहत रविवार को शाम जम्मू पहुंचे।
