Tamil Nadu Landslide News: तमिलनाडु के तिरुवन्नामलई में रविवार देर शाम लैंड स्लाइड हो गया, इसमें एक पहाड़ी की निचली ढलान पर बनी एक इमारत भूस्खलन की चपेट में आ गई, इस लैंड स्लाइड में 2 परिवारों के सात लोगों के फंसे होने की आशंका है, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।
तिरुवन्नामलई में लैंड स्लाइड (फाइल फोटो)
जिला कलेक्टर डी. भास्कर पांडियन ने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि दो दम्पति और उनके तीन बच्चे घर के अंदर फंसे हुए हैं, क्योंकि उनका पता नहीं चल पाया है। यह घटना रविवार शाम को हुई, जब तिरुवन्नामलई में अन्नामलईयार पहाड़ियों की तलहटी में स्थित वीओसी नगर में भूस्खलन हुआ, जिससे कई घर क्षतिग्रस्त हो गए।
माना जा रहा है कि भूस्खलन की वजह चक्रवात फेंगल के प्रभाव में रविवार को पूरे दिन जिले में हुई भारी बारिश है। घटनास्थल के पास कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं और जिला प्रशासन ने वहां रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। स्थानीय पुलिस के साथ SDRF और NDRF की टीम मलबे के अंदर दबे लोगों को रेस्क्यू करने के काम में जुटी हुई है।
इलाके में घरों के ठीक ऊपर एक चट्टान है, इसलिए जिला प्रशासन बचाव अभियान शुरू करने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ टीमों के आने का इंतजार कर रहा था। DM के मुताबिक घर के ऊपर एक बहुत बड़ी चट्टान है और अगर बचाव अभियान सही तरीके से नहीं चलाया गया तो चट्टान के घर पर गिरने की संभावना है।
