Hyderabad commercial complex fire: हैदराबाद के कॉमर्शियल कांप्लेक्स में दम घुटने से 6 लोगों की मौत हो गई है। स्वप्नलोक परिसर की पांचवीं मंजिल पर शाम साढ़े सात बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई थी। आग की वजह से करीब 13 लोग अंदर फंस गए थे। जिनमें से 7 को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि अन्य 6 ने घने धुएं के कारण दम तोड़ दिया।अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें चार लड़कियां और दो लड़के शामिल हैं। डीसीपी चंदना दीप्ति ने बताया कि आग लगने के समय ये लोग अंदर थे। जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक वे गंभीर थे और अस्पताल में मृत घोषित कर दिए गए थे। हमने 7 को भी बचा लिया है। इस बीच दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। डीआरएफ और पुलिस अधिकारियों ने भी बचाव अभियान चलाया।केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है।
हैदराबाद के कॉमर्सियल कांप्लेक्स में लगी थी आग
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के पीछे क्या वजह थी उसकी जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि शार्ट सक्रिट की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है। हादसा होने के तुरंत बाद प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंच गया था। लेकिन राहत और बचाव कार्य में दिक्कत आई। तेलंगाना सरकार का कहना है कि इमारतों की फायर ऑडिटिंग के संबंध में एक बार फिर समीक्षा बैठक की जाएगी। इस तरह की घटना को रोकने के लिए एसओपी भी जारी की जाएगी। इन सबके बीच स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अमला देरी से पहुंचा। अगर अधिकारी और कर्मचारी समय पर आए होते तो राहत और बचाव कार्य पहले शुरू हो गया होता। अब इस मामले में सियासत भी शुरू हो चुकी है। बीजेपी के नेताओं ने कहा कि जब भ्रष्टाचार चरम पर हो तो आप बेहतरी की उम्मीद कैसे कर सकते हैं।
