मणिपुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, 21 अवैध बंकर ध्वस्त; तेंगनौपाल में 13 IED बरामद

Manipur: मणिपुर के उखरुल जिले में सुरक्षा बलों ने 21 अवैध बंकर नष्ट कर दिए है। तेंगनौपाल में मैगजीन सहित 9 मिमी की दो पिस्तौल और 13 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किए गए।

Manipur: मणिपुर में सुरक्षा बलों ने उग्रवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उखरुल जिले में 21 अवैध बंकरों को नष्ट कर दिया है। पुलिस ने रविवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, ये बंकर सशस्त्र उपद्रवियों द्वारा अवैध रूप से बनाए गए थे और सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए थे।

manipur police

मणिपुर में सुरक्षाबलों ने कई बंकर किए नष्ट (फाइल फोटो- PTI)

पुलिस ने कहां-कहां चलाया अभियान?

पुलिस के मुताबिक, यह अभियान शनिवार को उखरुल जिले के लिटान थाना क्षेत्र के सिकिबंग गांव और मोंगकोट चेपु गांव में चलाया गया। इस दौरान सिकिबंग गांव में 14 और मोंगकोट चेपु गांव में सात बंकरों को ध्वस्त किया गया। सुरक्षा बलों ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाकर इन ठिकानों को चिन्हित किया और बाद में उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया। उखरुल जिले में हाल ही में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान की ड्यूटी के दौरान गोली लगने से मौत हो गई थी। बताया गया है कि पश्चिम बंगाल निवासी बीएसएफ के कांस्टेबल को मोंगकोट चेपु गांव के पास तैनाती के दौरान गोली लगी थी, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है।

End of Feed