Worst Clothes To Wear In Heatwave: लगातार बढ़ती गर्मी इस बार लोगों की हालत खराब कर रही है। इन दिनों देश के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है। ऐसे मौसम में लोग धूप से बचने के लिए तरह-तरह के उपाय करते हैं, लेकिन एक गलती अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं और वो है कपड़ों का गलत चुनाव। कई लोग स्टाइल और फैशन के चक्कर में ऐसे कपड़े पहन लेते हैं जो शरीर की गर्मी को और बढ़ा देते हैं। नतीजा यह होता है कि थोड़ी देर बाहर निकलते ही पसीना, घबराहट और थकान महसूस होने लगती है। अगर आप भी हीटवेव के दौरान आराम से रहना चाहते हैं, तो यह जानना जरूरी है कि कौन से कपड़े आपको नुकसान पहुंचा सकते हैं।
सिंथेटिक कपड़े गर्मी को बढ़ा सकते हैं
आजकल बाजार में पॉलिएस्टर और दूसरे सिंथेटिक कपड़ों की भरमार है। ये कपड़े देखने में अच्छे लगते हैं, लेकिन तेज गर्मी में परेशानी बढ़ा सकते हैं। इनमें हवा आसानी से नहीं गुजरती और पसीना भी देर तक कपड़ों में चिपका रहता है। इससे शरीर ज्यादा गर्म महसूस करता है। साथ ही इसकी वजह से बेचैनी भी बढ़ सकती है।
बहुत टाइट कपड़े पहनना भी ठीक नहीं
कई लोग फिटेड कपड़ों को स्टाइलिश मानते हैं, लेकिन हीटवेव में ऐसे कपड़े दिक्कत बढ़ा सकते हैं। जब कपड़े बहुत ज्यादा टाइट होते हैं तो ऐसे में शरीर को खुली हवा नहीं मिल पाती है। इससे व्यक्ति को पसीना ज्यादा आता है और वह जल्दी थका हुआ महसूस कर सकता है।
गहरे रंग के कपड़े धूप ज्यादा खींचते हैं
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि काले, गहरे नीले या भूरे रंग के कपड़े धूप की गर्मी ज्यादा सोख लेते हैं। इसलिए इन्हें पहनने पर गर्मी और ज्यादा लग सकती है। वहीं गर्मियों में सफेद, क्रीम, हल्का नीला या हल्के रंग के कपड़े पहनना ज्यादा आरामदायक रहता है।
मोटे कपड़े गर्मी में बढ़ाते हैं परेशानी
बता दें कि डेनिम जैसे फैब्रिक की मोटी जींस या भारी कपड़े गर्मियों में शरीर को और गर्म कर सकते हैं। ऐसे कपड़ों में पसीना जल्दी सूख नहीं पाता और लंबे समय तक पहनने पर असहज महसूस हो सकता है। इसलिए गर्म मौसम में हल्के कपड़े बेहतर रहते हैं।
कॉटन और लिनन सबसे अच्छे साथी
गर्मी के मौसम में कॉटन और लिनन जैसे कपड़े सबसे ज्यादा आराम देते हैं। ये पसीना सोख लेते हैं और शरीर को ठंडक महसूस कराने में मदद करते हैं। अगर कपड़े थोड़े ढीले हों तो और भी अच्छा रहता है, क्योंकि इनमें से हवा आसानी से आती-जाती रहती है।
फैशन से ज्यादा जरूरी सेहत
हमें यह समझने की जरूरत है कि हर ट्रेंड हर मौसम के लिए सही नहीं होता। हीटवेव के दौरान सिर्फ अच्छा दिखने के बारे में नहीं, बल्कि अपने शरीर का ख्याल रखने के बारे में भी सोचना चाहिए। हल्के रंग, ढीले कपड़े और कॉटन जैसे कपड़े आपको गर्मी से काफी राहत दे सकते हैं। छोटी-सी समझदारी आपको पूरे दिन ज्यादा आराम और ताजगी महसूस करा सकती है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
