World Toilet Day: टॉयलेट जाना हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। लेकिन क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि आप टॉयलेट में कितना समय बिताते हैं? कुछ लोग पांच मिनट में फ्रेश होकर बाहर आ जाते हैं, तो कुछ को टॉयलेट में 15 से 20 मिनट या उससे भी ज्यादा समय लग जाता है। कई लोगों की आदत होती है कि वे टॉयलेट में बैठकर मोबाइल चलाते हैं, सोशल मीडिया देखते हैं या अखबार पढ़ते हैं। धीरे-धीरे यह आदत उनके रोज के रूटीन का हिस्सा बन जाती है।
टॉयलेट में कितनी देर बैठना सही, क्या 15 मिनट का टाइम ज्यादा माना जाता है (AI Image)
लेकिन टॉयलेट में जरूरत से ज्यादा देर तक बैठना सेहत के लिए ठीक नहीं है। खासकर तब, जब आप बिना जरूरत के वहां बैठे रहते हैं या फ्रेश होने के लिए लगातार जोर लगाते हैं। इससे गुदा और उसके आसपास की नसों पर दबाव पड़ सकता है। साथ ही बवासीर जैसी परेशानियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
विश्व शौचालय दिवस (World Toilet Day) के मौके पर जानिए कि टॉयलेट में बैठने का सही समय कितना होना चाहिए और ज्यादा देर तक बैठने से शरीर को क्या नुकसान हो सकते हैं।
टॉयलेट में कितनी देर बैठना चाहिए
आमतौर पर मल त्याग के लिए 5 से 10 मिनट पर्याप्त माने जाते हैं। हालांकि, हर व्यक्ति का पाचन और बाउल रूटीन अलग होता है। इसलिए जरूरी नहीं कि हर किसी को एक जैसा समय लगे। अच्छी बात यह है कि आपको टॉयलेट में बैठकर मल त्याग करने के लिए बहुत ज्यादा जोर न लगाना पड़े।
अगर पांच से दस मिनट में मल त्याग नहीं हो रहा है, तो जबरदस्ती बैठने या जोर लगाने के बजाय उठ जाना बेहतर है। कुछ समय बाद दोबारा प्राकृतिक इच्छा होने पर जा सकते हैं। ध्यान रखें कि टॉयलेट में बैठने का मतलब सिर्फ समय बिताना नहीं है। शरीर को अपनी प्राकृतिक प्रक्रिया पूरी करने का मौका देना है।
ज्यादा देर तक टॉयलेट में बैठने से क्या होता है
1. बवासीर यानी पाइल्स का खतरा
टॉयलेट में लंबे समय तक बैठे रहने से गुदा के आसपास की नसों पर दबाव पड़ सकता है। इस हिस्से में खून जमा होने और नसों में सूजन आने की आशंका बढ़ती है। इससे बवासीर की समस्या हो सकती है या पहले से मौजूद बवासीर बढ़ सकती है।
खास बात यह है कि इसके लिए हर बार जोर लगाना जरूरी नहीं है। लंबे समय तक टॉयलेट सीट पर बैठे रहना भी परेशानी बढ़ा सकता है।
2. गुदा में दर्द, खुजली और सूजन
अगर आप रोजाना लंबे समय तक टॉयलेट में बैठे रहते हैं, तो गुदा के आसपास की नसों पर दबाव बना रह सकता है। इससे वहां सूजन, दर्द और असहजता महसूस हो सकती है। कुछ लोगों को खुजली या बैठने के दौरान परेशानी भी होती है। खासकर जिन लोगों को पहले से पाइल्स की समस्या है, उन्हें ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए।
3. कब्ज की समस्या को समझना जरूरी
कई बार लोग सोचते हैं कि ज्यादा देर तक टॉयलेट में बैठने से पेट पूरी तरह साफ हो जाएगा। लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। अगर मल सख्त है या कब्ज की समस्या है, तो लंबे समय तक बैठे रहने और जोर लगाने से परेशानी बढ़ सकती है।
बार-बार ऐसा होना इस बात का संकेत भी हो सकता है कि आपके खानपान, पानी पीने की आदत या पाचन संबंधी समस्या पर ध्यान देने की जरूरत है।
4. मोबाइल चलाने की आदत बढ़ाती है परेशानी
आजकल टॉयलेट में मोबाइल ले जाना आम बात हो गई है। कई लोग रील्स देखते हुए या सोशल मीडिया स्क्रॉल करते हुए 15-20 मिनट बिता देते हैं। इस दौरान उन्हें पता भी नहीं चलता कि वे कितनी देर से टॉयलेट सीट पर बैठे हैं।
मोबाइल चलाने से मल त्याग की प्रक्रिया बेहतर नहीं होती। उल्टा, जरूरत खत्म होने के बाद भी बैठे रहने की आदत बन जाती है। इसलिए टॉयलेट में मोबाइल ले जाने से बचें।
टॉयलेट में बैठने का सही तरीका क्या है
- टॉयलेट की कुछ छोटी-छोटी आदतें आपकी सेहत के लिए फायदेमंद हो सकती हैं।
- मोबाइल बाहर रखें: टॉयलेट जाने का मकसद सिर्फ फ्रेश होना होना चाहिए, मनोरंजन नहीं।
- जोर लगाने से बचें: मल त्याग के दौरान सांस रोककर जोर न लगाएं। शरीर को सहज रहने दें।
- पैरों को थोड़ा ऊंचा रखें: कम ऊंचाई वाला फुटस्टूल इस्तेमाल करने से बैठने की मुद्रा बेहतर हो सकती है और मल त्याग आसान हो सकता है।
- फाइबर वाली चीजें खाएं: फल, सब्जियां, दालें और साबुत अनाज को डाइट में शामिल करें।
- पर्याप्त पानी पिएं: शरीर में पानी की कमी से मल सख्त हो सकता है।
- रोजाना टहलें: शारीरिक गतिविधि पाचन और मल त्याग की प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद करती है।
कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए
अगर आपको बार-बार कब्ज रहती है, मल त्याग के दौरान दर्द होता है या टॉयलेट के बाद खून दिखाई देता है, तो इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज न करें। मल में खून आने का कारण हमेशा बवासीर ही नहीं होता। इसके पीछे आंतों से जुड़ी दूसरी समस्याएं भी हो सकती हैं। इसलिए डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।
याद रखें: टॉयलेट में ज्यादा समय बिताना अच्छी बाउल हेल्थ की निशानी नहीं है। शरीर की प्राकृतिक प्रक्रिया को समय दें, लेकिन जरूरत खत्म होने के बाद वहां बैठे न रहें। एक छोटी सी आदत में बदलाव आपकी सेहत को लंबे समय तक बेहतर रखने में मदद कर सकता है।
